Saturday, May 16, 2026
HomeNewsbeatकटहल के पेड़ से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संग्राम

कटहल के पेड़ से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संग्राम

घर में घुसकर महिलाओं समेत पूरे परिवार पर टूटा कहर: लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला, युवक आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल दुधई उर्फ चेंहरी गांव शुक्रवार को उस समय दहल उठा, जब कटहल तोड़ने और जमीन के विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक संघर्ष में बदल गई और दबंगों ने कथित तौर पर एक परिवार के घर में घुसकर महिलाओं समेत सभी सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और लात-घूसों से की गई इस बेरहमी पिटाई में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित अमेरिका पुत्र राजेन्द्र निवासी जंगल दुधई उर्फ चेंहरी टोला हरैया के अनुसार शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह अपनी निजी जमीन से कटहल तोड़कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के छब्बू लाल, हीरालाल, संजय, भोला, सोनू, मनोज और वीरेन्द्र समेत कई लोग भड़क गए। कुछ ही देर बाद सभी गोलबंद होकर उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला अचानक हिंसक हो गया।
परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसते ही हमला बोल दिया। हमलावर इतने उग्र थे कि उन्होंने महिलाओं को भी नहीं बख्शा। महिलाओं के बाल पकड़कर घसीटा गया और उन्हें लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन हमलावरों का कहर लगातार जारी रहा।
हमले में मुन्ना पुत्र राजेन्द्र के सिर में गंभीर चोट आई और उनका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं सोहन, त्रिभुवन, श्रीभागवत, रामसूरत, संध्या, अनुराधा, विद्यावती और सुभावती समेत कई अन्य लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि मार-पीट के दौरान दबंग लगातार धमकी दे रहे थे कि यदि कटहल वाली जमीन नहीं छोड़ी गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछ-ताछ कर वापस लौट गई। इसके बाद पीड़ितों ने आईटीएम चौकी चेंहरी पर लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।सभी घायलों को सरकारी एम्बुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। परिजनों के मुताबिक देर रात मुन्ना की हालत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें लगातार उल्टी और चक्कर आने लगे, जिसके बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। बाद में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई और मेडिकल परीक्षण में भी लापरवाही बरती गई। पीड़ितों का कहना है कि चौकी प्रभारी ने उन्हें गंभीरता से लेने के बजाय फटकार लगाते हुए यह कहकर भगा दिया कि तुम लोग शराब पीकर झगड़ा करते हो।
इस आरोप के बाद पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए ग्रामीण किसी बड़ी घटना की आशंका जता रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments