Thursday, April 23, 2026
HomeNewsbeat30 लाख के 101 मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे—महराजगंज पुलिस की बड़ी...

30 लाख के 101 मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे—महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल नेतृत्व में जनपद पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का शानदार उदाहरण पेश किया है। सर्विलांस सेल और पोर्टल की मदद से 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया गया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
इस विशेष अभियान में सर्विलांस टीम ने आईएमईआई नंबर के आधार पर ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन खोज निकाले। 23 अप्रैल को सभी मोबाइल स्वामियों को बुलाकर विधिक प्रक्रिया पूरी की गई और उनके मोबाइल फोन सुपुर्द कर दिए गए। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इस उपलब्धि पर सर्विलांस टीम को बधाई देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोर्टल जैसे तकनीकी प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग कर नागरिकों की संपत्ति को सुरक्षित रखने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में सूचना दें।
जांच में सामने आया कि अधिकांश मोबाइल भीड़-भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में गिरने या छूटने से खो गए थे। इसके अलावा कई मोबाइल यात्रा के दौरान ऑटो, बस या अन्य वाहनों में छूट गए, जबकि कुछ बाइक चलाते समय जेब से गिर गए। वहीं पार्कों, शादियों, बड़े आयोजनों और बच्चों द्वारा खेलते समय भी मोबाइल गुम होने की घटनाएं सामने आईं।
इस सफलता में सर्विलांस सेल की टीम—शिवानंद पासवान, चंद्रशेखर यादव, राजकुमार राजभर, आलोक पांडेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड—की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments