Saturday, April 11, 2026
HomeNewsbeatमहिला सशक्तिकरण को बढ़ावा: कुशीनगर में नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव और योजनाओं...

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा: कुशीनगर में नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव और योजनाओं की जमीनी समीक्षा

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने शनिवार को कुशीनगर जनपद का दौरा कर महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण योजनाओं और महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कप्तानगंज से हुई, जहां सात दिन पूर्व जन्मी कन्याओं के सम्मान में जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केक काटकर नवजात बेटियों का जन्मदिन मनाया गया और उनके परिजनों को बेबी किट, शॉल, मिष्ठान व डॉल वितरित कर बेटी जन्म के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में कन्या जन्म के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना रहा।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र के दवा वितरण कक्ष, एक्स-रे रूम, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसव वार्ड और शौचालय का जायजा लिया गया। शौचालय में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई गई और तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए। साथ ही चिकित्सकों को ओपीडी से बाहर की दवाएं न लिखने की सख्त हिदायत दी गई। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके बाद नगर पंचायत कप्तानगंज में महिला चौपाल का आयोजन हुआ, जहां बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। चौपाल में महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और मनरेगा, पेंशन सहित अन्य योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही अधिकारियों से संपर्क कर समाधान कराया गया।
दौरे के अंतिम चरण में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जगदीशपुर में छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गईं और उनके साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला थाना प्रभारी, वन स्टॉप सेंटर की टीम, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा विद्यालय स्टाफ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments