बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। थाना रसड़ा क्षेत्र में मिले अज्ञात शव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। Omvir Singh (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना रसड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
10 फरवरी को मिला था शव
10 फरवरी 2026 को चिलकहर-नत्थोपुर लोहटा मार्ग के किनारे कुश ग्राम लोहटा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान पंकज गुप्ता पुत्र जगन्नाथ गुप्ता निवासी लाहीडीह, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।
आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के पास रेखा सिंह से जुड़े कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे, जिनके आधार पर वह दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर रेखा सिंह ने अपने पति अरुण कुमार सोनी, भाई विजय पाल सिंह और भाभी अंजनी सिंह को जानकारी दी।
चिलकहर में एक शादी समारोह के दौरान पांचों ने मिलकर पंकज की हत्या की साजिश रची। 7 फरवरी को उसे बहाने से बुलाकर हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के लिए बैग व कपड़े जला दिए गए और मोबाइल दूर फेंक दिया गया।
ये भी पढ़े – भारत सेमीफाइनल में: वेस्टइंडीज पर 5 विकेट से ऐतिहासिक जीत
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मनीष सिंह (30), विजय पाल सिंह (40) और अंजनी सिंह (38) को गिरफ्तार किया है।
अरुण कुमार सोनी और रेखा सिंह फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
अहम बरामदगी
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने:
• ओप्पो मोबाइल फोन
• दो खाली तेजाब की बोतलें
• घटना में प्रयुक्त यूनिकार्न होंडा मोटरसाइकिल
• खूनालुदा चाकू
• नायलॉन रस्सी
बरामद की है।
मामले में थाना रसड़ा पर मु0अ0सं0 45/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े – होली पर महराजगंज में अभूतपूर्व सुरक्षा: 4 जोन, 19 सेक्टर में कड़ी निगरानी
