संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें –
पुलिस के अनुसार बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनी उर्फ देउरवा निवासी जितेंद्र यादव अपने छोटे भाई राजन को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से खलीलाबाद स्थित सीबी मिश्रा इंटर कॉलेज, पटखौली जा रहे थे। बनकटिया बड़गो के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। राजन के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों ने बताया कि जितेंद्र चार भाइयों में सबसे बड़ा था और वह अपने छोटे भाई को परीक्षा केंद्र तक छोड़ने जा रहा था। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
