Monday, February 16, 2026
HomeNewsbeatमतदाता सूची पुनरीक्षण की डीएम ने की समीक्षा, 47.10 प्रतिशत सुनवाई पूरी

मतदाता सूची पुनरीक्षण की डीएम ने की समीक्षा, 47.10 प्रतिशत सुनवाई पूरी

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में नो-मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से जुड़े नोटिसों की सुनवाई और डाटा अपलोडिंग की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
समीक्षा में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नो-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित नोटिसों की सुनवाई का कार्य 21 जनवरी 2026 से सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। अब तक जनपद में कुल 47.10 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्देश दिए कि वे कार्य का नियमित पर्यवेक्षण करें और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह समयबद्ध अभियान है, इसलिए सभी अधिकारी आवंटित बूथों पर जाकर शत-प्रतिशत सुनवाई करते हुए डाटा अपलोड कराएं।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी बीएलओ को संबंधित भागों की नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़ी मतदाताओं की सूची उपलब्ध करा दी जाए। साथ ही यह स्पष्ट किया जाए कि 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली में शामिल मतदाताओं को किसी प्रकार का नोटिस जारी नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि एसआईआर अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत नोटिस वितरण, सुनवाई और डाटा अपलोडिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments