कार टक्कर के बाद मारी गई गोली
शाहजहांपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
दिल्ली और शाहजहांपुर में फैली करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद, रविवार को जानलेवा हिंसा में बदल गया। थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के खमरिया गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले थार और टियागो कार के बीच टक्कर हुई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो भी दोनों वाहनों से जा टकराई। टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और स्कॉर्पियो सवारों ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपितों के बीच दिल्ली व शाहजहांपुर में संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
