प्रशासन की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
थाना कांट क्षेत्र के भानपुर नगरिया गांव में अवैध खनन का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। आरोप है कि खनन माफिया प्रशासन और पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते बेखौफ होकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हालात यह हैं कि जिम्मेदार विभाग सब कुछ जानते हुए भी मूकदर्शक बने हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बिना किसी वैध अनुमति के मिट्टी व बालू का खनन लगातार किया जा रहा है। भारी-भरकम ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात गांव की सड़कों से गुजर रही हैं, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और आमजन की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है। रात करीब 10 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक खनन कार्य जारी रहता है, जो प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध खनन की कई बार शिकायत संबंधित अधिकारियों व पुलिस से की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई न होने से अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
अवैध खनन से पर्यावरण को भी भारी क्षति पहुंच रही है। उपजाऊ मिट्टी का नुकसान हो रहा है, जलस्तर गिरता जा रहा है और भविष्य में इसका दुष्परिणाम क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ सकता है। इसके बावजूद प्रशासन की चुप्पी लोगों में रोष पैदा कर रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। साथ ही जिलाधिकारी एवं उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक आंखें मूंदे बैठा रहता है या फिर अवैध खनन के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाता है।
