
दरभंगा(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) लहेरियासराय स्थित बाल सुधार गृह में रविवार को एक 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान दिलखुश के रूप में हुई है, जो अपहरण के आरोप में यहां बंद था।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे बाल सुधार गृह में रह रहे अन्य बच्चों ने हाउस फादर मदन प्रसाद को सूचना दी कि दिलखुश बाथरूम में गिर गया है। सूचना मिलते ही सुधार गृह के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि मौत संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
