बलिया(राष्ट्र की परम्परा )

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेश पर शुक्रवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवकली में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुआ। अध्यक्षता सिविल जज (सीडी)/एफटीसी पंकज कुमार पाण्डेय ने की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम, 2012 (पाक्सो एक्ट) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। सिविल जज ने बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम, ऐसी घटनाओं की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में विस्तार से बताया।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या लैंगिक अपराध की स्थिति में बच्चों को चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में तत्काल अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित सक्षम प्राधिकारी को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के विधिक अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा हुई।विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या में उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पैरालीगल वॉलंटियर्स रीता शर्मा एवं पार्वती वर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।