देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। ‘रक्तदान महादान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को देवरिया पुलिस लाइन परिसर में वृहद रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का संचालन सावित्री हॉस्पिटल, देवरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर किया।
शिविर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया।

चिकित्सकों ने स्वयं रक्तदान कर दिया प्रेरक संदेश
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सावित्री हॉस्पिटल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मीनाक्षी सिंह और डॉ. प्रियम भास्कर राय ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।

स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में हुई निःशुल्क जांच
रक्तदान शिविर के साथ पुलिसकर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। साथ ही व्यस्त जीवनशैली के बीच स्वस्थ रहने के उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द पाण्डेय सहित जनपद के कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सावित्री हॉस्पिटल की ओर से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. के. अग्रवाल, डॉ. चंदन विश्वकर्मा, डॉ. आदित्य शर्मा और डॉ. मीरा चौरसिया सहित चिकित्सा टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सहयोगी स्टाफ में अंगिरा मौर्या, दीपक तिवारी और देवेन्द्र वर्मा सहित अन्य कर्मियों ने भी सक्रिय योगदान दिया।
शिविर के दौरान पुलिस अधिकारियों और चिकित्सकों ने आमजन से रक्तदान के प्रति जागरूक होने तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम ने सामाजिक सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
