“200 वर्ष हिंदी पत्रकारिता: विरासत, संघर्ष और भविष्य” विषय पर होगा मंथन
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 30 और 31 मई 2026 को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के तृतीय तल स्थित वातानुकूलित सभागार में दो दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “200 वर्ष हिंदी पत्रकारिता: विरासत, संघर्ष और भविष्य” विषय पर विस्तार से चर्चा होगी।
30 मई को आयोजित संगोष्ठी में “आधुनिक युग में हिंदी पत्रकारिता” विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें बदलते मीडिया परिदृश्य, डिजिटल दौर की चुनौतियां और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की भूमिका पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे।
वहीं 31 मई को हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की यात्रा, उसके संघर्ष, उपलब्धियां और भविष्य की दिशा पर गहन चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।
संगोष्ठी 30 मई को दोपहर 1:00 बजे से तथा 31 मई को अपराह्न 12:30 बजे से प्रारंभ होगी। दोनों दिनों में पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों की सहभागिता रहेगी।
आयोजकों ने सभी पत्रकार साथियों, मीडिया कर्मियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संगोष्ठी में भाग लेने की अपील की है, ताकि हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और उसके भविष्य पर होने वाली चर्चा का हिस्सा बना जा सके।
