Friday, May 22, 2026
HomeNewsbeatबरहज की टूटी सड़क और अधूरा मोहन सेतु बना सियासी मुद्दा, सपा...

बरहज की टूटी सड़क और अधूरा मोहन सेतु बना सियासी मुद्दा, सपा ने सरकार को घेरा

देवरिया में गरजा सपा का विरोध: बरहज की बदहाल सड़क, अधूरा मोहन सेतु और महंगाई पर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन


देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के 22 मई के देवरिया दौरे के दौरान जिले का सियासी पारा उस समय गर्म हो गया, जब समाजवादी पार्टी के बरहज विधानसभा-342 इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। विधानसभा अध्यक्ष रामबहादुर यादव की अगुवाई में सपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
सपा नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बरहज विधानसभा क्षेत्र की जनता वर्षों से टूटी सड़कों, अधूरे पुल निर्माण और महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी जनआंदोलन को और तेज करेगी।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा बरहज-सोनूघाट मार्ग की बदहाली को बनाया गया। नेताओं ने कहा कि यह सड़क कई वर्षों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। खराब सड़क के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सपा ने इस सड़क के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग उठाई।
इसके साथ ही सरयू नदी पर निर्माणाधीन मोहन सेतु का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि पुल निर्माण कार्य वर्षों से अधर में लटका हुआ है, जिससे क्षेत्रीय विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल निर्माण कार्य शुरू कर पुल को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
किसानों की समस्याओं को उठाते हुए प्रतिनिधिमंडल ने डीजल, पेट्रोल, खाद और बिजली की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई। ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों को राहत देने के लिए इन आवश्यक संसाधनों के दाम कम किए जाएं तथा क्षेत्र में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अम्बिका यादव, तेजप्रकाश जायसवाल, विनोद यादव, रामप्रकाश चौधरी, रामनरेश यादव, राजित यादव, हृदया शंकर यादव, दुर्गेश यादव, राजेंद्र यादव, सीमा यादव, हरेंद्र यादव, संतोष यादव, राजन मिश्रा, वीर बहादुर सिंह सैंथवार, उमेश नारायण शाही, योगेंद्र भारती, बेचूलाल चौधरी और श्रीकिशुन यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि बरहज की उपेक्षित सड़कों, अधूरे मोहन सेतु और किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments