Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर में सपा नेता अमरेंद्र निषाद पर पटीदार ने किया जानलेवा हमला,...

गोरखपुर में सपा नेता अमरेंद्र निषाद पर पटीदार ने किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन खास गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े समाजवादी पार्टी के नेता अमरेंद्र निषाद पर गोली चला दी गई। आरोप है कि उनके ही पटीदार ने घर के विवाद में रिवाल्वर से फायर किया। गोली सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे अमरेंद्र निषाद बाल-बाल बच गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अमरेंद्र निषाद अपने घर के दरवाजे पर खड़े थे। इसी दौरान बड़े पिता का बेटा वहां पहुंचा और विवाद के चलते उन पर गोली चला दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना के बाद शाम करीब छह बजे अमरेंद्र निषाद गुलरिहा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक और जमीनी विवाद चल रहा था, जो मंगलवार को हिंसक रूप में सामने आया। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अमरेंद्र निषाद पिपराइच विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रह चुके हैं। उनके पिता जमुना निषाद बसपा सरकार में मंत्री थे और निषाद समाज के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments