सुबह 6 बजे से शुरू हुआ फॉर्मर रजिस्ट्री महाअभियान, दोपहर तक बनीं 900 नई आईडी — प्रशासन ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा )। जनपद में किसानों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से फॉर्मर रजिस्ट्री महाअभियान की शुरुआत सुबह 6 बजे से ही जोर-शोर के साथ की गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में चल रहे इस विशेष अभियान में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय नजर आई। गांव-गांव जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसानों की फॉर्मर आईडी बनाने का कार्य तेज गति से शुरू किया, जिसका असर भी तुरंत देखने को मिला।
अभियान के तहत जिले के सभी तहसीलों और विकास खंडों में प्रशासनिक अमले को फील्ड में उतारा गया। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, लेखपाल, ग्राम सचिव समेत ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारी घर-घर जाकर किसानों की जानकारी जुटाने और मौके पर ही उनकी फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने में लगे रहे। इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रजिस्ट्री से जोड़ना है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस महाअभियान की खुद निगरानी की। उन्होंने कैंप कार्यालय से ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग करते हुए विभिन्न गांवों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने किसानों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया और उन्हें जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
ये भी पढ़ें – जनगणना 2027 के लिए औरैया में प्रशिक्षण का दूसरा चरण शुरू, सैकड़ों प्रगणक हुए शाम
नौतनवा तहसील के कोल्हुई गांव में जिलाधिकारी ने किसान उमेश राय से बातचीत कर उन्हें अन्य किसानों को भी रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करने को कहा। वहीं परतावल ब्लॉक के पिपरिया गांव में अनीशुर्रहमान, कमाल और प्रधान प्रतिनिधि वसीम से चर्चा कर 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत फॉर्मर रजिस्ट्री पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 30 अप्रैल के बाद किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही मिलेगा। ऐसे में सभी पात्र किसानों के लिए समय रहते रजिस्ट्री कराना अत्यंत आवश्यक है।
भीषण गर्मी और लू को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सुबह और शाम के समय अभियान को अधिक सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा हर ग्राम पंचायत में टीम बनाकर घर-घर जाकर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम भी सामने आया। विशेष अभियान के पहले ही दिन दोपहर तक 900 नई फॉर्मर आईडी बनाई गईं। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 3,81,940 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जो इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में जिलाधिकारी ने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और जल्द से जल्द अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और आसान तरीके से मिल सके।
