Wednesday, June 17, 2026
Homeबिहार प्रदेशपटना के मसौढ़ी में पुलिस टीम पर फायरिंग, SHO और ASI घायल;...

पटना के मसौढ़ी में पुलिस टीम पर फायरिंग, SHO और ASI घायल; इलाके में हाई अलर्ट

अपहरण की सूचना पर पहुंची पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के घायल होने की भी खबर

पटना (राष्ट्र की परम्परा) बिहार के पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में प्रभारी थानाध्यक्ष (SHO) राहुल कुमार और एएसआई संजय सिंह गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र को सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मणिचक तालाब के पास एक युवक के अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि कार सवार करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश एक युवक को अगवा कर उसके साथ मारपीट कर रहे थे और उसे जबरन दूसरी जगह ले जाने का प्रयास कर रहे थे।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच कई राउंड गोलियां चलीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मुठभेड़ के दौरान प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि एएसआई संजय सिंह के हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस कार्रवाई में एक अपराधी के भी घायल होने की सूचना है।

गोलीबारी के दौरान अपहृत युवक किसी तरह अपराधियों के चंगुल से निकलकर पुलिस वाहन तक पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया। युवक मसौढ़ी के संगतपर मोहल्ले का निवासी बताया जा रहा है।

घटना के बाद आरोपी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध बाइक बरामद की है और दो से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद मणिचक तालाब घाट और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments