बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। पकड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर-नगरा मार्ग पर स्थित डंकिनगंज पेट्रोल पंप के पास रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हाजिया रामपुर गांव के ढोढवा निवासी जीतेन्द्र कुमार पुत्र स्व. हंसनाथ राम के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने निजी कार्यों से सिकंदरपुर गए थे और कार्य समाप्ति के बाद बुलेट मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे डंकिनगंज पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीतेंद्र बाइक समेत सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गए। सौभाग्यवश उसी मार्ग से बीएड प्रवेश परीक्षा की ड्यूटी समाप्त कर पकड़ी थाना पर तैनात एक उपनिरीक्षक (एसआई) लौट रहे थे। उनकी नजर सड़क किनारे पड़े घायल व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए आसपास के लोगों की मदद से घायल जीतेंद्र को लखनापार चट्टी स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी तत्काल क्लिनिक पहुंचे। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल मऊ लेकर रवाना हो गए, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
More Stories
योग बंधन से वैश्विक सद्भाव और समग्र स्वास्थ्य का संदेश
होमियोपैथी मेडिकल कॉलेज में शहीद राजा हरिप्रसाद मल्ल की मूर्ति का हुआ अनावरण
डीएम ने की गो-संरक्षण अनुश्रवण समिति व बर्ड फ्लू के नियंत्रण एवं रोकथाम की समीक्षा