पांच वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा कॉक्लियर इम्प्लांट योजना का लाभ, विकास भवन में करा सकते हैं पंजीकरण
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जन्मजात मूक-बधिर बच्चों को सुनने और बोलने में सक्षम बनाने के लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग कॉक्लियर इम्प्लांट योजना संचालित कर रहा है। इसके तहत पात्र बच्चों की सर्जरी के लिए प्रति लाभार्थी छह लाख रुपये अस्पताल को दिए जाने का प्रावधान है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभा यादव ने बताया कि योजना का लाभ पांच वर्ष तक की आयु के जन्मजात मूक-बधिर बच्चों को दिलाया जाता है। सर्जरी के माध्यम से बच्चों को सुनने और बोलने में सक्षम बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ दिलाने के लिए पात्र बच्चों के अभिभावक आवश्यक अभिलेखों के साथ विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। योजना के माध्यम से पात्र बच्चों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
