पहली शादी छिपाने से लेकर खेत-जेवर बेचने तक के आरोप, परेशान महिला ने थाने के बाहर उठाया बड़ा कदम

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। शाहजहांपुर जिले के बंडा थाने के मुख्य गेट पर बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। महिला की चीख-पुकार सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
महिला ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने तथा तीन बच्चों के भरण-पोषण के लिए खर्च नहीं देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि लंबे समय से परेशान रहने के बाद उसने यह कदम उठाया।
महिला के अनुसार, उसने 17 जून को अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ बंडा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि पति ने शादी से पहले अपनी पहली शादी की जानकारी उससे छिपाई थी। महिला का दावा है कि बाद में पति ने उसके करीब 35 हजार रुपये कीमत के पेड़ और जेवर बेच दिए। उसने मकान बनवाने के नाम पर उसके निजी खेत को भी बिकवाने का आरोप लगाया है।
महिला के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और तीन बच्चों समेत उसे घर से निकाल दिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले की जांच पूरी की जा चुकी है और आरोपों के संबंध में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
फिलहाल महिला अपने तीन बच्चों के साथ अपनी मां के घर रह रही है। महिला का कहना है कि अकेले बच्चों की परवरिश और उनके खर्च का इंतजाम करना उसके लिए मुश्किल हो रहा है। उसने पति से बच्चों के भरण-पोषण के लिए गुजारा भत्ता देने की मांग की थी, लेकिन उसके अनुसार पति खर्च देने को तैयार नहीं हुआ। इसी परेशानी के बीच उसने थाने के मुख्य गेट पर जहरीला पदार्थ खा लिया।
वहीं, पुलिस जांच में इस मामले का एक अलग पक्ष भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला संबंधित व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और इसी दौरान दोनों के तीन बच्चे हुए। पुलिस का दावा है कि संबंधित व्यक्ति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी उसके साथ रहती है। पुलिस के मुताबिक, महिला खुद को उसकी पत्नी बताते हुए भरण-पोषण की मांग कर रही है, लेकिन जांच के दौरान विवाह से संबंधित कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है।
पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। बंडा प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के मुताबिक, महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि महिला की ओर से पहले दर्ज कराई गई एफआईआर में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।

Editor CP pandey

Recent Posts

अध्ययनरत छात्र-छात्राओं कों गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने का प्रयास करूँगा: शिवम गुप्ता

नवनियुक्त बीईओ नवाबगंज नें किया कार्यभार ग्रहण बहराइच( राष्ट्र की परम्परा) । ब्लाक नवाबगंज खण्ड…

2 hours ago

बाढ़ में राहत की मिसाल बनीं एसडीएम मोनालिसा जौहरी

सुजौली और जंगल गुलरिहा में कम्युनिटी किचन के माध्यम से पका भोजन उपलब्ध कराया बहराइच…

2 hours ago

पौधारोपण के बाद पौधों की निगरानी में ढिलाई नहीं चलेगी : सीडीओ

शत-प्रतिशत जियो टैगिंग के निर्देश, गांवों में गठित होंगी आर्द्र भूमि समितियां; 33 लाख पौधे…

2 hours ago

हिंदी को साहित्य के साथ विज्ञान, तकनीक और रोजगार से जोड़ने पर जोर

बीबीएयू में राजभाषा हिंदी उत्सव-2026 का भव्य समापन, विजेताओं को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार से किया…

2 hours ago

नहर में गिरा 17 वर्षीय युवक, 18 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

शौच के लिए निकला था घर से, पैर फिसलने से हादसे की आशंका; एसडीआरएफ और…

2 hours ago