सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास खंड नवानगर परिसर में चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के कुल 41 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया, ताकि उन्हें विभागीय योजनाओं के तहत निशुल्क सहायक उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार बिंद्रा ने बताया कि शिविर में ट्राई साइकिल, बैटरी चालित ट्राई साइकिल, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए पात्र व्यक्तियों का चयन किया गया। चिन्हांकन के दौरान कई दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ट्राई साइकिल, बैसाखी तथा बैटरी चालित ट्राई साइकिल हेतु चयनित किया गया। इसके अतिरिक्त एक मूक-बधिर व्यक्ति एवं एक मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति का भी चिन्हांकन किया गया, जबकि दो अन्य मानसिक रूप से विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों को भी सूची में शामिल किया गया।शिविर का आयोजन खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार बिंद्रा की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान जिले से आए रितेश कुमार मिश्रा एवं डॉ. सतीश कुमार सिंह ने दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनका चिन्हांकन किया।खंड विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जो पात्र व्यक्ति किसी कारणवश इस शिविर में शामिल नहीं हो सके हैं, वे अपना दिव्यांग प्रमाण पत्र लेकर विकास खंड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उन्हें भी विभागीय योजनाओं के अंतर्गत निशुल्क लाभ प्रदान किया जाएगा। साथ ही एक व्यक्ति को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी चिन्हित किया गया।शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र के दिव्यांगजनों में खुशी देखी गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सरकार की जनहितकारी योजना बताते हुए सराहना की।
