उनवल में बाईपास और नगर पंचायत भवन का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)l दीपावली से पहले ही उनवल वासियों को सीएम योगी ने प्रीगिफ्ट दिया। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। विकास की प्रक्रिया का लाभ समाज के हर सबके को बिना भेदभाव प्राप्त हो, इसका दायित्व जनप्रतिनिधियों व प्रशासन का है। आवश्यकता इस बात की भी है कि नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए जागरूक होकर विकास के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में सहभागी बनें।

बताते चलें कि सीएम योगी बुधवार को कस्बा संग्रामपुर उर्फ उनवल में 20.27 करोड़ रुपये की लागत से बने 3.50 किमी लंबे बाईपास एवं 2.12 करोड़ रुपये की लागत वाले नगर पंचायत कस्बा संग्रामपुर उर्फ उनवल के कार्यालय भवन का लोकार्पण करने के बाद यहां आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के जीवन में परिवर्तन लाने की दिशा में कार्य कर रही है। विकास में धन की कमी आड़े नहीं आएगी।
उपस्थित जनसमूह को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब नगर पंचायतों का गठन किया जा रहा था तो जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक कस्बा संग्रामपुर उनवल को उस समय प्रदेश की पहली नगर पंचायत के रूप में गठित किया गया। इस नगर पंचायत के अपने भवन के लिए 2.12 करोड़ तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 12.85 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए गए। किस नगर पंचायत में गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4168 आवास स्वीकृत किए गए जिनमें से 2692 आवास पूर्ण हो चुके हैं। यहां 329 लोगों को पीएम स्वनिधि योजना की सुविधा मिली है जबकि 750 लोगों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय योजना का लाभ मिला है। साथ ही सात सामुदायिक व एक पिंक शौचालय का निर्माण किया गया है। इस नगर पंचायत में 338 पात्रों को वृद्धावस्था पेंशन तथा 152 निराश्रित महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है। उनवल को नगर पंचायत का दर्जा देने के साथ ही लोगों की आवागमन की सुविधा हेतु 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बाईपास भी बनवाया गया।

स्वास्थ्य के साथ क्षेत्र की पहचान से जुड़ी होती है स्वच्छता

मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध करते हुए कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य के साथ ही क्षेत्र की पहचान से जुड़ी होती है। गांव, कस्बा गंदा रहेगा तो लोगों की धारणा ठीक नहीं रहेगी जबकि साफ-सफाई दिखने पर लोग तारीफ करेंगे। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 2014 को गांधी जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत कर घर-घर शौचालय की सुविधा दी। साफ सफाई के कार्यक्रम बड़े पैमाने पर चलने लगे। स्वच्छ भारत मिशन सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंदगी से बीमारियों को पनपने का मौका मिलेगा। गंदगी समाप्त होने पर बीमारी भी स्वतः समाप्त हो जाएगी। साफ सफाई पर दिए गए विशेष ध्यान के चलते ही इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों के आंकड़े समाप्ति की ओर हैँ। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली से पूर्व जनसहभागिता से हर मोहल्ले, वार्ड, नगर को साफ सुथरा बनाने का कार्य होना चाहिए।

नगरीय कूड़ा प्रबंधन का तैयार करें मॉडल

सीएम योगी ने कहा कि नगरीय कूड़ा प्रबंधन अभी भी चुनौती बना हुआ है। इसके लिए नगर पंचायतें कम खर्च में बेहतरीन मॉडल बना सकती हैं। नगरीय कूड़े को अभी से व्यवस्थित करने पर कार्य करना होगा अन्यथा कूड़े के ढेर बीमारियों के कारण बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि सफाई व कूड़ा प्रबंधन की कार्ययोजना बनाकर नगर पंचायतों में कस्बा संग्रामपुर नम्बर एक बन सकता है। अभी यह तीसरे पायदान पर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें। यह कार्य समाज पर उपकार के समान होगा।

बाढ़ व अतिवृष्टि से हुए हर नुकसान की होगी भरपाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाढ़ व अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। हर पीड़ित को राहत सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। जनहानि पर सरकार की पूरी संवेदना है और प्रभावित परिवार को शीघ्र ही मुआवजा उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके अलावा फसलों व अन्य क्षति के मुआवजे के लिए भी आकलन कराया जा रहा है।

योगी के चलते गोरखपुरिया बताने में होती है गर्व की अनुभूति : रविकिशन

लोकार्पण समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि जो लोग पहले खुद को गोरखपुर की बजाय ‘नार्थ’ का बताते थे, सीएम योगी के नेतृत्व में आए अद्भुत बदलाव से अब गोरखपुरिया कहने में गर्व की अनुभूति करते हैं। पहले अपराध के कारण गोरखपुर की पहचान ईस्ट शिकागो की थी। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इसकी पहचान कानून व्यवस्था, विकास, निवेश के पसन्दीदा स्थल के रूप में है। स्वागत संबोधन सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ल तथा नगर पंचायत उनवल के चेयरमैन उमाशंकर निषाद ने किया। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी, पूर्व विधायक देव नारायण उर्फ जीएम सिंह, भाजपा के जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, अश्विनी त्रिपाठी, मार्कण्डेय राय, रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

पूजनोपरांत किया कार्यालय भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कस्बा संग्रामपुर उर्फ उनवल के नगर पंचायत भवन का फीता काटकर लोकार्पण करने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से पूजन किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने भवन में बने अध्यक्ष कक्ष, मीटिंग हाल व अन्य कमरों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

स्टालों का अवलोकन कर बच्चों को कराया अन्नप्राशन

समारोह के दौरान सीएम योगी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण, कन्या सुमंगला, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि के स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने दो बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी, सफाईकर्मियों का सम्मान

लोकार्पण समारोह के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों श्रीमती साधना, सलिमुन, पानमती देवी को आवास की प्रतीकात्मक चाबी व प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही सीएम के हाथों पीएम स्वनिधि योजना के तहत शुभम गुप्त, धीरज गौड़ व हेमंत कुमार को ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र तथा ज्ञानेंद्र व रामू मौर्य को आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए सफाईकर्मी प्रभुनाथ को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया।

ईओ समेत निकाय प्रभारी ने व्यवस्था को बनाया चाक चौबंद

उनवल के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निकाय प्रभारी और अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुरुषोत्तम दास गुप्ता, अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव, चेयरमैन उमाशंकर निषाद के अलावा सुनील कुमार मनोनीत सभासद शिव कुमार शाह ने व्यवस्था को चाक चौबंद बनाये रखने के साथ ही अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम समाप्ति तक जुटे रहे।

rkpNavneet Mishra

Recent Posts

CNG से हाइड्रोजन तक हर ईंधन पर सरकार की नजर, नया नियम लागू

कानूनी मापन व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव: अब CNG, LPG और हाइड्रोजन पंपों पर नहीं होगी…

6 hours ago

मोहन सिंह सेतु का निर्माण पूर्ण कराये सरकार-कनकलता

बरहज(राष्ट्र की परम्परा)प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने22 मई को देवरिया आगमन के दौरान जनपद…

23 hours ago

यूपी एस सी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न 25 केंद्रों पर 11,112 अभ्यर्थी शामिल

सीडीओ ,वीसी जीडीए व एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार रहे सक्रिय गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)संघ लोक सेवा…

23 hours ago

डीजल-पेट्रोल को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, शिकायतों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों…

23 hours ago

सौरभ तिवारी बने मान्यता प्राप्त पत्रकार

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)बरहज निवासी वरिष्ठ पत्रकार सौरभ तिवारी को भारत सरकार के प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो…

23 hours ago

हम सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए – ज्यूडिशियल काउंसिल

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा)ज्यूडिशियल काउंसिल ने पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण पर गंभीर चिंता व्यक्त…

23 hours ago