Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 780

देवरिया पुलिस का मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान, 531 व्यक्तियों व 349 वाहनों की हुई चेकिंग

देवरिया,(राष्ट्र की परम्परा)पुलिस अधीक्षक देवरिया विक्रान्त वीर के निर्देशन में शनिवार की सुबह 5 बजे से 8 बजे तक जनपदभर में “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। इस दौरान सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई।एसपी विक्रान्त वीर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्यजनमानस में विश्वास व सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, छोटे-मोटे विवादों का सामुदायिक स्तर पर समाधान करना तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा देना रहा। इसके साथ ही पुलिस ने चोरी की गाड़ियां, तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर, नाबालिग वाहन चालक, महिलाओं-बच्चियों से छेड़खानी, अवैध असलहा व मादक पदार्थ जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी।
थानावार चेकिंग परिणाम:अभियान के तहत जनपद में कुल 28 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 531 व्यक्तियों व 349 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 04 वाहनों का चालान भी किया गया।अभियान के दौरान आमजन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और मॉर्निंग वॉक के समय सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। देवरिया पुलिस ने आश्वस्त किया है कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जनता की सुरक्षा, शांति और विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता पर कायम रहे।

भीषण सड़क हादसा: हाइवा-ऑटो की टक्कर में 8 की मौत, कई घायल

पटना(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे 4 पर सिगरियावा स्टेशन के पास हाइवा और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों में सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल हादसे में सात महिलाओं और एक पुरुष की जान चली गई। दनियावां थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक सभी नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के रेडी मालामा गांव के रहने वाले थे। शनिवार को अमावस्या स्नान के अवसर पर सभी लोग गंगा स्नान करने फतुहा जा रहे थे।

मौके पर ही 7 की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान पीएमसीएच में आखिरी सांस ली। अन्य गंभीर घायलों का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

परिजनों का विलाप और स्थानीयों का गुस्सा हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। परिजन सड़क पर पड़ी लाशों से लिपटकर रोते-बिलखते नजर आए। स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है और उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर और दनियावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। हाइवा चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

भारत की नीली अर्थव्यवस्था- मानसून सत्र में बने पांच नए समुद्री कानून समुद्री क्रांति है,जो विज़न 2047 आत्मनिर्भर भारत में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होंगे

पांच नए समुद्री कानून भारत के विज़न आत्मनिर्भर भारत 2047 में विकसित राष्ट्र और वैश्विक समुद्री महाशक्ति बनाने में अहम रोल अदा करेंगे 

गोंदिया – भारत को प्राचीन काल से ही समुद्री सभ्यता और व्यापारिक शक्ति के रूप में जाना जाता रहा है। सिंधु घाटी सभ्यता के लोथल बंदरगाह से लेकर चोल साम्राज्य की दक्षिण-पूर्व एशिया तक विस्तृत समुद्री कूटनीति, भारत ने हमेशा सागर को अपनी समृद्धि और शक्ति का आधार बनाया है।लेकिन औपनिवेशिक शासन और स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक समुद्री क्षेत्र में व्यापक सुधार नहीं हो पाए।वर्तमान में वैश्विक व्यापार का लगभग 80 पेर्सेंट वॉल्यूम और 70 पेर्सेंट वैल्यू समुद्री मार्ग से होती है। भारत की तटीय लंबाई 7,517 किमी है,200 से अधिक बंदरगाह और विशाल एक्सक्लुसिव इकोनॉमिक्स झोन है।मैं एडवोकेट किशन सनमुखदास भावनानीं गोंदिया महाराष्ट्र मानता हूं कि फिर भी भारत का योगदान वैश्विक शिपिंग में सीमित रहा।इसी पृष्ठभूमि में भारत सरकार ने 2025 में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए एक साथ पांच बड़े समुद्री विधेयक लाकर संसद के दोनोंसदनों में पारित कर कानून बनाकर एक समग्र समुद्री सुधार पैकेज प्रस्तुत किए जो, सिर्फ विधायी सुधार नहीं, बल्कि भारत की समुद्री क्रांति हैं। ये कानून न केवल व्यापार दक्षता बढ़ाएंगे,बल्कि भारत को वैश्विक समुद्री शक्ति बनाएंगे। इससे न केवल अर्थव्यवस्था को बूस्ट डोज मिलेगा,बल्कि नीली अर्थव्यवस्था के सतत विकास औरआत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह कदम एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। इसलिए आज हम मीडिया में उपलब्ध जानकारी के सहयोग से इस आर्टिकल के माध्यम से चर्चा करेंगे,भारत में पांच नए समुद्री कानून भारतीय अर्थव्यवस्था को बूस्ट डोज देने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ब्लू इकोनामी पावर हाउस के रूप में स्थापित करेंगे। 

साथियों बात अगर हम संसद के मानसून सत्र 2025 के दोनों सदनों में पारित होकर कानून बनें  इन पांचो समुद्री कानूनों को जानने की करें तो,(1) बिल्स ऑफ लैडिंग विधेयक, 2025- बिल्स ऑफ लैडिंग समुद्री व्यापारका सबसे अहम दस्तावेज होता है,जो माल ढुलाई का प्रमाण, स्वामित्व का सबूत और व्यापारिक अनुबंध का हिस्सा होता है। नए विधेयक का उद्देश्य इसे डिजिटल और ब्लॉकचेन- आधारित प्रणाली से जोड़ना है ताकि नकली दस्तावेज़, धोखाधड़ी और पारदर्शिता की कमी को दूर किया जा सके। इसका प्रभाव यह होगा कि निर्यातक और आयातक दोनों को सुरक्षित और तेज़ लेन-देन की सुविधा मिलेगी। (2) समुद्री माल ढुलाई विधेयक,2025-यह विधेयक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार भारत में माल ढुलाई अनुबंधों को विनियमित करेगा। अब जहाज़ कंपनियों, निर्यातकों और आयातकों के बीच विवाद समाधान तेज़ होगा। बीमा, देरी और हर्जाने के मामलों में स्पष्ट प्रावधान दिए गएहैं।इससे भारत का इज़ीऑफ़ डूइंग बिज़नेस रैंकिंग बेहतर होगी।(3) व्यापारिक पोत परिवहन विधेयक,2025-यह कानून भारतीय जहाज़ी बेड़े के आधुनिकीकरण और नए पोतों में निवेश को बढ़ावा देगा। विदेशी जहाज़ कंपनियों के मुकाबले भारतीय कंपनियों को प्रतिस्पर्धा का लाभ मिलेगा।साथ ही, घरेलूशिपबिल्डिंग इंडस्ट्री और रोजगार में उछाल आएगा।(4) तटीय नौवहन विधेयक,2025- तटीय नौवहन कानून घरेलू व्यापार और यात्री सेवाओं को नई दिशा देगा।यह “एक देश-एक परमिट” की अवधारणा लाता है, जिसके तहत जहाज़ आसानी से भारत के विभिन्न बंदरगाहों पर बिना जटिल प्रक्रियाओं के संचालन कर सकेंगे।इससे लॉजिस्टिक कॉस्ट घटेगी और माल परिवहन तेज़ होगा।(5) भारतीय बंदरगाह विधेयक, 2025 -यह कानूनभारतीय बंदरगाहों को स्वायत्त, तकनीकी रूप से उन्नत और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने पर केंद्रित है। इसमें ग्रीन पोर्ट्स, स्मार्ट पोर्ट्स और लॉजिस्टिक्स हब बनाने की योजना है। इसका सीधा प्रभाव भारत की वैश्विक कनेक्टिविटी और निर्यात प्रतिस्पर्धा पर पड़ेगा। 

साथियों बात अगर हम इन पांचो कानून के फायदे को प्वाइंटों में समराइस करनें व एक साथ ही पेश पारितकरने को समझने की करें तो,(1)भारतीय अर्थव्यवस्था को बूस्ट डोज-जीडीपी योगदान: 2030 तक भारत की ब्लू इकॉनमी जीडीपी का 12पेर्सेंट तक योगदान कर सकती है,जो वर्तमान में 4 पेर्सेंट हैँ।(2) लॉजिस्टिक कॉस्ट में कमी: 13-14 पेर्सेंट से घटकर 8-9 पेर्सेंट तक। (3) रोज़गार सृजन: शिपबिल्डिंग और पोर्ट लॉजिस्टिक्स में 20 लाख से अधिक नए अवसर। (4)निर्यात प्रतिस्पर्धा: तेज़ डिलीवरी और कम लागत से भारत डब्लूटीओ सदस्य देशों के बीच प्रतिस्पर्धा में मज़बूत होगा। (5) नीली अर्थव्यवस्था के विकास में तेज़ भूमिका-नीली अर्थव्यवस्था सिर्फ शिपिंग तक सीमित नहीं है। इसमें मत्स्य पालन, पर्यटन, समुद्री खनिज, ऑफशोर ऊर्जा, और बायोटेक्नोलॉजी भी शामिल हैं।यूएनसीटीएडी की 2023 रिपोर्ट बताती है कि ब्लू इकॉनमी से विश्व स्तरपर 3 डॉलर ट्रिलियन जीडीपी जुड़ी हुई है।भारत की,ईईजेड (2.4 मिलियन वर्ग किमी) दुनियाँ में सबसे बड़ी में से एक है।(6) नए कानून समुद्री ऊर्जा (ऑफशोरे विंडो,वेव एनर्जी), खनिज संसाधन (पॉलिमटेलिक नोडल्स), और समुद्री बायोटेक्नोलॉजी को कानूनी ढांचा देंगे। (7) व्यापार दक्षता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा- डब्लूटीओ की ट्रेड फेसिलिटेशन एग्रीमेंट (टीएफए) में डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन और तेज़ क्लियरेंस की अनिवार्यता है,जो भारत के नए कानून इससे मेल खाते हैं। (8)आईएमओ के ग्रीन शिपिंग टारगेटस (2050) के तहत जहाज़ों से कार्बन उत्सर्जन 50 पेर्सेंट घटाने का लक्ष्य है। भारत का व्यापारिक पोत कानून इसी दिशा में “ग्रीन शिपिंग”को बढ़ावा देगा। (9) चीन का बेल्ट एंड रोड इनिशेटिव (बीआरआई) समुद्री बंदरगाह नेटवर्क तैयार कर रहा है। भारत इन सुधारों से एशियाई सप्लाई चेन में एक मज़बूत विकल्प बनेगा। (10) पांच विधेयक एक साथ क्यों-(i)उद्योग को स्पष्ट संदेश कि भारत सिर्फ टुकड़ों में नहीं, बल्कि समग्र सुधार चाहता है।(ii)डब्लूटीओ और आईएमओ की अंतरराष्ट्रीयबाध्यताओं को एक साथ पूरा करना। (iii)औपनिवेशिक कानूनों को समाप्त करने का राजनीतिक और आर्थिक संकल्प।(iv)“मारिटाइम इंडिया विज़न 2047” का रोडमैप तैयार करना। (11) औपनिवेशिक कानून का अंत और नई शुरुआत-(i)अंग्रेजों के जमाने के कानून व्यापार को नियंत्रित करने के लिए थे, भारत के हितों के लिए नहीं।(ii) अब नए कानून भारतीय समुद्री स्वायत्तता का प्रतीक हैं। (iii) इससे तटीय समुदायों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा-(i) मछुआरों को आधुनिक कोल्ड-चेन और तेज़ निर्यात सुविधा।(ii)तटीय पर्यटन उद्योग को स्मार्ट पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर। (iii) स्थानीय युवाओं को लॉजिस्टिक्स, शिपिंग और मैन्युफैक्चरिंग में रोजगार। 

अतः अगर हम उपरोक्त पूरे विवरण का अध्ययन कर इसका विश्लेषण करें तो हम पाएंगे कि भारत की नीली अर्थव्यवस्था- मानसून सत्र में बने पांच नए समुद्री कानून,समुद्री क्रांति है जो विज़न 2047 आत्मनिर्भर भारत में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होंगेपांच नए समुद्री कानून भारत के विज़न आत्मनिर्भर भारत 2047 में विकसित राष्ट्र और वैश्विक समुद्री महाशक्ति बनाने में अहम रोल अदा करेंगे भारत में पांच नए समुद्री कानून भारतीय अर्थव्यवस्था को बूस्ट डोज देने के साथ, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ब्लू इकोनामी पावर हाउस के रूप में स्थापित करेंगे।

-संकलनकर्ता लेखक – कर विशेषज्ञ स्तंभकार साहित्यकार अंतरराष्ट्रीय लेखक चिंतक कवि संगीत माध्यमा सीए(एटीसी) एडवोकेट किशन सनमुखदास भावनानी गोंदिया महाराष्ट्र 9226229318

चतुर्थ श्रेणी कर्मी की बेटी ने नीट में सफलता अर्जित कर बढ़ाया परिवार व क्षेत्र का मान

भाटपाररानी, देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंज़िल कठिन नहीं। बनकटा विकास खण्ड के ग्राम सभा सोहनपुर की बेटी मुस्कान कुमारी ने इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। चतुर्थ श्रेणी संविदा कर्मी रामप्रसाद गौड़ की बड़ी बेटी मुस्कान ने NEET 2025 परीक्षा में 432 अंक (720 में से) अर्जित कर कैटेगरी रैंक 1740 प्राप्त किया है। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज, कानपुर में एमबीबीएस कोर्स हेतु हुआ है।

मुस्कान तीन बहनों में सबसे बड़ी हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उन्होंने सीबीएसई बोर्ड दिल्ली में टॉप किया था और शासन स्तर से सम्मानित भी हुईं। शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने निरंतर नीट की तैयारी जारी रखी और अब एमबीबीएस डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने की ओर कदम बढ़ाया है।

पिता रामप्रसाद ने बेटी की इस सफलता पर कहा— “बेटियां बेटों से किसी मायने में कम नहीं हैं। वे भी कुल का नाम रोशन करने का जुनून रखती हैं।”
वहीं मुस्कान ने मीडिया से कहा— “मेरा सपना आमजन की नि:शुल्क सेवा कर मानवता को सर्वोपरि स्थान देना है।”

इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद पांडे, पत्रकार बृजेश मिश्र, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अभिजीत यादव, जगन्नाथ यादव सहित अनेक लोगों ने मुस्कान को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कोसी की धार बनी काल: महिला व बच्ची समेत चार की डूबने से मौत, कसबा नगर में छाया मातम

पूर्णिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)1 कसबा नगर परिषद क्षेत्र के महाबीर चौक स्थित कोसी धार में शुक्रवार की शाम एक भयावह हादसा घटित हुआ। एक ही मोहल्ले के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे कसबा नगर को शोकाकुल कर दिया है।

हादसा ऐसे हुआ जानकारी के अनुसार, कसबा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-24, हांडी टोला के कुछ बच्चे, युवक और महिलाएं शुक्रवार की शाम कोसी धार में स्नान करने गए थे। इसी दौरान मोहल्ले की 9 वर्षीय गौरी कुमारी गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में 36 वर्षीय सुलोचना देवी पानी में उतरीं, लेकिन वे भी गहरे पानी की लहरों में समा गईं।

सुलोचना देवी को डूबता देख मोहल्ले के ही शेखर कुमार (20 वर्ष) और सचिन कुमार (15 वर्ष) भी पानी में उतरे, लेकिन वे भी गहरे पानी की तेज धारा से बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते चारों की जिंदगी कोसी धार की लहरों में थम गई।

चारों को खींचकर बाहर निकाला गया हल्ला मचने पर पास ही मौजूद सन्नी कुमार ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह चारों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पूर्णिया रेफर कर दिया, लेकिन देर शाम तक सभी को मृत घोषित कर दिया गया।

शोक की लहर एक ही मोहल्ले के चार लोगों की असमय मौत से कसबा नगर परिषद क्षेत्र में कोहराम मच गया। हर कोई गमगीन और स्तब्ध है। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

  1. ↩︎

खेलने गए मासूम भाई-बहन की गड्ढे में डूबकर मौत, गांव में छाया मातम

वैशाली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)जिले के चेहराकलां प्रखंड क्षेत्र के सराय अफजल गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घट गई। घर के पास गाछी में खेलने गए दो मासूम भाई-बहन की गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

मृत बच्चों की पहचान सराय अफजल निवासी संजय साह की 12 वर्षीय पुत्री सलोनी कुमारी और 10 वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे रोज की तरह घर के नजदीक गाछी में खेलने गए थे। इसी दौरान वे एक गहरे गड्ढे में जा गिरे और बाहर नहीं निकल सके। जब तक ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला, उनकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सलोनी और सुधांशु की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे, लेकिन माहौल गमगीन बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के खतरनाक गड्ढों को तत्काल पाटने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।

मोहबा और आगरा को मिले नए SDM

लखनऊ(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के कई अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इन तबादलों के तहत महोबा, आगरा और बाँदा समेत विभिन्न ज़िलों को नए उप जिलाधिकारी (SDM) मिले हैं, वहीं सूचना विभाग में भी नई तैनातियाँ की गई हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, PCS अनुराग प्रसाद, जो अब तक SDM महोबा के पद पर कार्यरत थे, को सहायक निदेशक सूचना बनाया गया है। इसी तरह PCS आत्रेय मिश्रा, जो सहायक निदेशक राज्य संपत्ति के रूप में कार्यरत थे, को भी स्थानांतरित कर सहायक निदेशक सूचना नियुक्त किया गया है।

वहीं, PCS रजत वर्मा, जो अब तक SDM बाँदा की जिम्मेदारी निभा रहे थे, को SDM आगरा के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा PCS आदेश सिंह सागर, जिन्हें अब तक राजस्व परिषद में तैनाती दी गई थी, को स्थानांतरित कर SDM महोबा बनाया गया है।

राज्य सरकार द्वारा किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाने और जिलों में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

भागलपुर पहुंचे राहुल गांधी, बोले- भाजपा और चुनाव आयोग वोट चोरी कर लोकतंत्र खत्म करना चाहते हैं

भागलपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तहत शुक्रवार शाम भागलपुर पहुंचे। इस दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा वोट चोरी कर लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की साजिश कर रही है।

राहुल गांधी ने युवाओं की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उनके लिए सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। “जब परीक्षा होती है तो प्रश्नपत्र लीक हो जाता है और अगर पास भी कर लो तो नौकरी ही नहीं मिलती,” उन्होंने कहा। नोटबंदी, अग्निवीर योजना और किसानों के खिलाफ लाए गए कानूनों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, किसानों और युवाओं को मिटाने का काम कर रही है।

सभा में राहुल गांधी ने अयोध्या के रहने वाले एक अग्निवीर जवान अमरनाथ को मंच पर बुलाया और कहा कि ड्यूटी के दौरान उनका एक हाथ जख्मी हो गया, लेकिन सरकार उनकी कोई मदद नहीं कर रही।

राहुल गांधी ने दावा किया कि उनकी यात्रा में उमड़ रही भीड़ इस बात का संकेत है कि बिहार के लोग वोट चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक के बाद भाजपा की मंशा अब बिहार में वोट चोरी करने की है।

राहुल गांधी के साथ बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी सभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

आज यात्रा का छठा दिन था, जिसकी शुरुआत मुंगेर से हुई और रात का विश्राम नवगछिया (भागलपुर) में होगा। यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और 16 दिनों में लगभग 20 जिलों से गुजरते हुए करीब 1,300 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ होगा।

स्कूली वाहनों के संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में विद्यालय वाहनों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों की बैठक कैम्प कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने एआरटीओ को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि विद्यालय वाहन अपनी पार्किंग एवं विश्राम स्थल की व्यवस्था स्कूल परिसर में ही सुनिश्चित करें। जिन चालकों एवं परिचालकों की वर्दी नहीं बनी है, उसे शीघ्र तैयार कराया जाए। सभी चालकों का लाइसेंस और चरित्र सत्यापन अनिवार्य है। जिनके पास लाइसेंस नहीं है, वे तुरंत बनवा लें।
उन्होंने निर्देशित किया कि फिटनेस फेल और बिना परमिट के स्कूली वाहनों को नोटिस भेजा जाए और ऐसे वाहन पकड़े जाने पर प्रवर्तन कार्रवाई कर बंद कर दिए जाएं। 15 वर्ष से अधिक पुराने विद्यालय वाहनों का संचालन सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 18 वर्ष से कम आयु वाले छात्र-छात्राओं द्वारा निजी वाहन के प्रयोग पर रोक लगाई जाए। ऐसे छात्रों को वाहन से स्कूल आने न दिया जाए तथा अभिभावकों को सूचना व नोटिस जारी किया जाए। साथ ही, बच्चों को लाने-ले जाने में विद्यालय वाहनों के अलावा टैक्सी वाहनों के उपयोग पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर एआरटीओ प्रियांवदा सिंह, प्रभारी डीआईओएस एच.एन. यादव, राजेश पांडेय, सतीश कुशवाहा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, अमेरिकी कंपनी बनी निशाना – ट्रंप का पुतिन पर वार

अलास्का (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के तुरंत बाद वाशिंगटन में ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की से भी भेंट की थी। इन बैठकों से दुनिया भर में उम्मीद जगी थी कि रूस-यूक्रेन युद्ध शायद थमने की ओर बढ़ेगा। लेकिन 21 अगस्त की रात रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला कर सारी उम्मीदों को तोड़ दिया।

यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने पश्चिमी यूक्रेन को निशाना बनाते हुए 574 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं। इस हमले में एक अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक कंपनी को भी निशाना बनाया गया, जिसमें करीब 600 कर्मचारी काम कर रहे थे। इसे इस साल का सबसे बड़ा हवाई हमला बताया जा रहा है।

हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रूथ सोशल पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बाइडेन प्रशासन की यूक्रेन नीति पर हमला बोलते हुए कहा कि केवल बचाव की रणनीति युद्ध जीतने का तरीका नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अगर वे राष्ट्रपति होते तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता।

ट्रंप ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे रूसी राष्ट्रपति पुतिन को ऊंगली दिखाते नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर 1950 के दशक में अमेरिकी उपराष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और सोवियत नेता निकिता ख्रुश्चेव की ऐतिहासिक बहस की याद दिलाती है। माना जा रहा है कि इस प्रतीकात्मक इशारे से ट्रंप यह संदेश देना चाहते हैं कि अमेरिका रूस से अधिक शक्तिशाली है।

हज यात्रियों के लिए राहत, तिथि बढ़ी

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ को हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई से प्राप्त सर्कुलर के अनुसार प्रोवीज़नली चयनित हज यात्रियों को अग्रिम धनराशि ₹1,52,300/- जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त से बढ़ाकर अब 25 अगस्त 2025 कर दी गई है। चयनित यात्री यह राशि ऑनलाइन या एसबीआई एवं यूनियन बैंक शाखाओं में जमा कर सकते हैं। धनराशि जमा करने के बाद संबंधित दस्तावेज़ एवं मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट 30 अगस्त 2025 तक पोर्टल पर अपलोड करना या हज समिति कार्यालय लखनऊ में जमा करना अनिवार्य है।

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने ठुकराया एनडीए उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को समर्थन

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी)-एससीपी के प्रमुख शरद पवार ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन का समर्थन नहीं करेगी।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पवार ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनसे मुलाकात कर राधाकृष्णन के पक्ष में समर्थन देने का अनुरोध किया था। लेकिन, पवार ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

पवार ने कहा, “मुख्यमंत्री फडणवीस ने हमसे एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन का समर्थन करने का आग्रह किया था, क्योंकि वह वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। लेकिन यह संभव नहीं है क्योंकि यह उम्मीदवार हमारी विचारधारा से मेल नहीं खाते।”

एनसीपी-एससीपी प्रमुख ने दो टूक कहा कि उनकी पार्टी हमेशा अपनी विचारधारा और सिद्धांतों के साथ समझौता न करने के लिए जानी जाती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ समन्वय कर आगे की रणनीति तय करेगी।

राजनीतिक हलकों में पवार के इस बयान को भाजपा और एनडीए के लिए एक झटका माना जा रहा है। वहीं, विपक्षी खेमे में इसे एकजुटता की दिशा में अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि सी.पी. राधाकृष्णन इस समय महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और उन्हें एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।

20 घंटे बाद बहाल हुई विद्युत आपूर्ति

भाटपार रानी/ देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बनकटिया दुबे विद्युत उपकेंद्र से गुरुवार की शाम लगभग 7 बजे अचानक आपूर्ति बाधित हो गई। इससे क्षेत्र के इंगुरी, बनकटा, रामपुर बुजुर्ग, सोहनपुर सहित कई गांवों में अंधेरा छा गया। करीब 20 घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार देर शाम सप्लाई बहाल हो सकी।
जानकारी के अनुसार विद्युत उपकरणों में आए मास्चर और तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। इसे दुरुस्त करने के लिए विभागीय टीम ने पूरी रात व दिनभर लगातार प्रयास किए। पहले इंगुरी, बनकटा व रामपुर बुजुर्ग फीडरों को चालू किया गया, लेकिन जैसे ही सोहनपुर फीडर ऑन किया गया, पूरी सप्लाई प्रणाली बैठ गई। दोबारा प्रयास करने पर भी सोहनपुर फीडर सुचारू रूप से नहीं चल सका। अंततः रामकोला चट्टी से आगे की सप्लाई खोलकर अन्य फीडरों की आपूर्ति बहाल की गई।
अवर अभियंता अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में कर्मचारियों की टीम ने अथक प्रयास कर देर शाम तक अधिकांश क्षेत्रों की बिजली सप्लाई चालू कर दी। वहीं सोहनपुर फीडर की तकनीकी दिक्कत अब भी बनी हुई है, जिसे सुधारने के लिए विद्युत विभाग की टीम लगातार प्रयासरत है।
लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से स्थानीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

आनलाइन गेमिंग पर बड़ा फैसला: राष्ट्रपति ने विधेयक को दी मंज़ूरी, ई-स्पोर्ट्स को मिलेगा कानूनी दर्जा

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन विधेयक, 2025 को मंज़ूरी दे दी। इस विधेयक को इसी सप्ताह संसद के दोनों सदनों से पारित किया गया था।

इस नए कानून का मुख्य उद्देश्य ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेम्स को प्रोत्साहित करना है, वहीं दूसरी ओर हानिकारक ऑनलाइन मनी गेमिंग सेवाओं, विज्ञापनों और वित्तीय लेनदेन पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।

विधेयक के प्रावधानों के अनुसार –ऑनलाइन मनी गेम्स (चाहे वे कौशल, संयोग या दोनों पर आधारित हों) की पेशकश, संचालन या सुविधा गैरकानूनी होगी।

इन खेलों को खेलने वाले व्यक्तियों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन सेवा प्रदाताओं, विज्ञापनदाताओं, प्रमोटरों और वित्तीय सहयोगियों पर सख्त प्रतिबंध और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

युवा मामले और खेल मंत्रालय ई-स्पोर्ट्स के लिए समर्पित ढाँचा तैयार करेगा, जिससे इन्हें कानूनी मान्यता और बढ़ावा मिलेगा।सरकार ऑनलाइन सोशल गेम्स को भी प्रोत्साहित करेगी।

सरकार का मानना है कि इस कदम से ऑनलाइन मनी गेमिंग से जुड़ी लत, वित्तीय नुकसान, पारिवारिक संकट और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं पर रोक लगेगी। साथ ही, मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के वित्तपोषण जैसी गतिविधियों को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह कानून भारत में तेजी से बढ़ रहे ई-स्पोर्ट्स सेक्टर को बड़ा बढ़ावा देगा और इसे प्रतिस्पर्धी खेल के वैध रूप में स्थापित करेगा।

पीएम मोदी ने कोलकाता को दी मेट्रो परियोजनाओं की सौगात, कहा – “TMC जाएगी, भाजपा आएगी”

कोलकाता(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कई महत्वपूर्ण मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से नोआपाड़ा–जय हिंद विमानबंदर मेट्रो सेवा, सियालदह–एस्प्लेनेड मेट्रो सेवा और बेलेघाटा–हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने मेट्रो की सवारी भी की और मेट्रो परियोजनाओं में शामिल स्कूली छात्रों और निर्माण श्रमिकों से बातचीत की। उन्होंने कहा,
“आज एक बार फिर मुझे पश्चिम बंगाल में विकास को गति देने का अवसर मिला है। कोलकाता के सार्वजनिक परिवहन में नई प्रगति हुई है, जिसके लिए मैं कोलकाता की जनता को बधाई देता हूं।”

दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच विकास का उत्सव

पीएम मोदी ने इसके बाद कोलकाता में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच विकास की सौगात का जुड़ना “खुशी को दोगुना” करने वाला है।
मोदी ने कहा,
“पश्चिम बंगाल देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक है। जब तक बंगाल का सामर्थ्य नहीं बढ़ेगा, तब तक विकसित भारत की यात्रा सफल नहीं हो पाएगी। भाजपा की श्रद्धा है – जब बंगाल का उदय होगा, तभी विकसित भारत बनेगा।”

भाजपा सरकार बनने की अपील

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने असम और त्रिपुरा का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में भाजपा सरकार बनने के बाद गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुँचा है। उन्होंने कहा कि हर घर जल, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी सुविधाओं से वहां के लोगों का जीवन बदल रहा है।

मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी जनता तक केंद्र की योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने के लिए भाजपा सरकार जरूरी है।
“ये अब तय है – TMC जाएगी, भाजपा आएगी।” – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी