Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 766

न्यायाधीशगणों ने किया राजकीय बाल गृह का औचक निरीक्षण

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)जनपद न्यायाधीश राम मिलन सिंह के मार्गदर्शन में न्यायाधीशगणों ने आज राजकीय बाल गृह, देवरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओमवीर सिंह ने बच्चों को पौष्टिक भोजन व उचित खानपान की व्यवस्था के निर्देश दिए।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी ने भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई पर जोर दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू कुमारी ने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण व नियमित व्यायाम कराने के निर्देश दिए। सिविल जज (जू0डी0) कुमारी मृणालिनी श्रीवास्तव ने परिसर व अध्ययन कक्ष की सफाई तथा पठन-पाठन को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
निरीक्षण में प्रभारी अधीक्षक व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

ट्रेन से गिर कर अधेड़ घायल

बलिया(राष्ट्र की परम्परा) रसड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को शाम 8 बजे बड़ा हादसा हो गया। सूरत–छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन पर उल्टी दिशा से चढ़ने का प्रयास कर रहे मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के इटौरा बिसुनपुरा गांव निवासी सुभाष यादव (34 वर्ष) असंतुलित होकर पटरी पर गिर पड़े। गिरते ही उनका बांया पैर रेल पटरी के भीतर चला गया और ट्रेन की चपेट में आने से कटकर अलग हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ के जवान तुरंत हरकत में आए और घायल युवक को उठाकर रसड़ा सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि तुरंत मदद न मिलती तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। इस घटना ने यात्रियों को संदेश दिया है कि जल्दबाजी में उल्टी दिशा से ट्रेन पकड़ना कितना खतरनाक साबित हो सकता है

खेत में मिला लापता महिला का क्षतविक्षत शव, चेहरे पर तेजाब, हाथ काटा गया

सारण (राष्ट्र की परम्परा)। सारण जिले में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब तीन दिन से लापता महिला का शव दयालपुर गांव स्थित पइन किनारे पानी से भरे धान के खेत से क्षतविक्षत हालत में बरामद किया गया। मृतका की पहचान दयालपुर गांव निवासी राजाराम राम की पत्नी लायची देवी (62) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, महिला 22 अगस्त की शाम गांव में आयोजित महावीरी झंडा मेला देखने नहर पुल पर गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पूरी रात खोजबीन की और अगले दिन थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। सोमवार को उसका शव खेत से बरामद हुआ।स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की हालत बेहद वीभत्स थी। महिला के चेहरे पर तेजाब फेंककर जला दिया गया था, जबकि उसका एक हाथ भी काटा गया है। शव मिलने की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ भी की गई है।एक माह में दूसरी हत्या से दहशत दयालपुर गांव में महज एक महीने के अंदर दूसरी हत्या की वारदात से क्षेत्र में दहशत है। इससे पहले कुछ दिन पूर्व नहर के बांध पर नेहाल नामक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। अब महिला की वीभत्स हत्या से लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट होगी।

प्रेम-प्रसंग में सनकी ने युवती को मारी गोली, खुद की भी जान ली

सासाराम(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइको स्थित अर्नव रेस्टोरेंट में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।घायल युवती की मां ने बताया कि बौलिया मोहल्ले का रहने वाला युवक उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। वह लगातार शादी का दबाव बना रहा था, जबकि परिवार ने बेटी की शादी कहीं और तय कर दी थी। इस पर युवक अक्सर धमकी देता था कि “अगर यह मेरी नहीं होगी, तो किसी की भी नहीं होने दूंगा।” नाराज होकर आज उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना की सूचना पाकर डीएसपी दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रेस्टोरेंट कर्मियों और परिजनों से पूछताछ की है। फिलहाल, आधिकारिक बयान का इंतजार है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बीएलओ प्रशिक्षण सम्पन्न

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांति एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बी.एल.ओ. (बूथ लेवल अधिकारियों) का प्रशिक्षण बैठक कार्यक्रम तहसील सभागार में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर तहसीलदार अलका सिंह, खंड विकास अधिकारी तथा एडीओ पंचायत सहित समस्त बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को विस्तार से बताया और मतदाता सूची, मतदान केंद्र प्रबंधन, चुनावी आचार संहिता एवं निष्पक्ष मतदान से जुड़े दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने बी.एल.ओ. को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की जड़ है, इसे निष्पक्ष एवं शांति से सम्पन्न कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी बी.एल.ओ. अपने-अपने बूथ क्षेत्र में मतदाता सूची का शुद्धिकरण, त्रुटि सुधार और नए मतदाताओं के नामांकन की प्रक्रिया समय से पूर्ण करें।

तहसीलदार अलका सिंह ने बूथ स्तर पर सतर्क रहने और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेजों को सही समय पर जमा करने पर जोर दिया। वहीं, खंड विकास अधिकारी ने चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की चेतावनी दी।

कार्यक्रम में बी.एल.ओ. से संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं को भी सुना गया और मौके पर समाधान के निर्देश दिए गए।

विद्यार्थियों की रचनात्मकता और शोध का संगम बनी विज्ञान प्रदर्शनी

हाइपरलूप ट्रेन मॉडल बना प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 44वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर आज गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में विज्ञान संकाय द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का विषय “एक्सप्लोरिंग बियोंड बाउंड्रीज – साइंस फॉर सोसाइटी, साइंस फॉर ह्यूमैनिटीज” रखा गया।
इस प्रदर्शनी में विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने कार्यशील मॉडल और परियोजनाएँ प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल एवं कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सभी मॉडलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

प्रमुख मॉडलों में भौतिकी विभाग का “आयनिक थ्रस्टर” तथा “हाइपरलूप ट्रेन : भविष्य की परिवहन तकनीक”, वनस्पति विज्ञान विभाग का “जलवायु परिवर्तन का खाद्य सुरक्षा पर प्रभाव” और “फॉस्फोरस चक्र में शैवाल की भूमिका”, सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग का “क्रिस्पर-कैस 9 तकनीक”, फार्मेसी विभाग का “हाइड्रोपोनिक तकनीक” एवं “ताली आधारित लाइट स्विच ऑन-ऑफ”, मत्स्य विज्ञान विभाग का “सतत एकीकृत मछली पालन” तथा रक्षा अध्ययन विभाग का “आई.एन.एस. विक्रमादित्य” शामिल रहे।
इनमें “हाइपरलूप ट्रेन : भविष्य की परिवहन तकनीक” मॉडल को विद्यार्थियों रंजना, मीनाक्षी और प्रियेश द्वारा प्रस्तुत किया गया, जो प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहा। इस मॉडल को विशेष सराहना प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अपरा त्रिपाठी ने किया। आयोजन में डॉ. सिंटू कुमार, डॉ. राकेश पांडेय, डॉ. साहिल महफूज़, डॉ. प्रियंका भारती, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. सरिता सिंह, अशीरवाद जायसवाल, डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. जितेन्द्र कुमार का सहयोग रहा।

युवा देश के कर्णधार : कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

161 मेधावी सम्मानित, 301 शोधार्थियों को मिली पीएचडी

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह सोमवार को बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की।
कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश के कर्णधार हैं और उनकी जिम्मेदारी राष्ट्र को प्रगति की ओर ले जाने की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालयों में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी, अन्यथा विद्यार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोध के निष्कर्ष केवल प्रकाशन तक सीमित न रहकर सरकार और समाज तक पहुँचने चाहिए, ताकि उनका व्यावहारिक उपयोग संभव हो सके। साथ ही पेटेंट के व्यावसायीकरण, उद्योगों से सहयोग तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर 73,887 विद्यार्थियों को उपाधियाँ, 161 मेधावियों को पदक तथा 301 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियाँ प्रदान की गईं। यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है। समारोह में आईआईटी कानपुर के पद्मश्री प्रो. आशुतोष शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जिन्हें मानद डी.एससी. उपाधि से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से करुणा और जुनून के साथ सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मेडल प्राप्त करने वाले छात्र समाज और देश के लिए आदर्श बनें। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि संस्कार देना भी शिक्षक का धर्म है। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डिग्री केवल प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और समाज सेवा का संकल्प है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि इस वर्ष उपाधिधारियों में 68.53 प्रतिशत छात्राएँ शामिल रहीं और पदक विजेताओं में भी उनका अनुपात सर्वाधिक रहा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने इस बार 301 पीएचडी उपाधियाँ प्रदान कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। साथ ही आठ अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से सहयोग और 34 विदेशी छात्रों का नामांकन संस्थान की वैश्विक पहचान का प्रमाण है।
समारोह के अंतर्गत नवनिर्मित एवं नवीनीकृत भवनों का लोकार्पण, न्यूजलेटर व पुस्तकों का विमोचन तथा विद्यार्थियों और आंगनवाड़ी केन्द्रों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान भी किया गया।

प्रेम-प्रसंग में दो माह पूर्व भगाई युवती की हत्या, प्रेमी बजरंगी गिरफ्तार

रोहतास(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के महेशडीह गांव में सोमवार की सुबह प्रेम-प्रसंग को लेकर बड़ा हत्याकांड सामने आया। गांव की 20 वर्षीय युवती रूबी कुमारी का शव उसके प्रेमी बजरंगी रजवार (निवासी- कोईडीह) ने अचानक गांव लाकर परिजनों के हवाले कर दिया। युवती के परिजनों ने हत्या का आरोप सीधे बजरंगी पर लगाया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

दो माह पूर्व भगाकर ले गया था प्रेमी
मृतका की मां मनोरमा देवी ने बताया कि उनकी बेटी रूबी को लगभग दो माह पूर्व बजरंगी रजवार बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। इस संबंध में परिवार की ओर से तिलौथू थाना में सूचना भी दी गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, बजरंगी रूबी को नासरीगंज थाना क्षेत्र के अपने किसी रिश्तेदार के यहां छुपाकर रखे हुए था।

रविवार की रात हुई आखिरी बातचीत
मृतका की मां के मुताबिक, रविवार की देर रात करीब 11 बजे रूबी ने उनसे मोबाइल पर बातचीत की थी। फोन पर रूबी ने अपनी मां से कहा था- “मां, हमसे मिलने क्यों नहीं आ रही हो?” इसके कुछ ही घंटे बाद सोमवार की सुबह परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली।

पहले से शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है आरोपी
गांव वालों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बजरंगी रजवार पहले से शादीशुदा है और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। इसके बावजूद वह रूबी कुमारी को प्रेमजाल में फंसा कर अपने साथ ले गया था।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। तिलौथू थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला ने बताया कि मृतका की मां के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से ही होगा।

अपराध समीक्षा बैठक में बोले एसपी – कानून व्यवस्था से कोई समझौता नही

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने 25 अगस्त को अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी थाना प्रभारियों व शाखा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान हत्या, लूट, चोरी, डकैती, शराब व पशु तस्करी, भूमि विवाद से जुड़े अपराध तथा साइबर ठगी जैसे मामलों की गहन समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया।
महिला संबंधी अपराधों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी से संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।
एसपी ने क्षेत्र में गश्त, बैरियर चेकिंग और संदिग्धों की निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध पर नियंत्रण और जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए हर थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में अपराधियों पर सख्त निगरानी रखे और किसी भी स्थिति में अपराधियों को हावी न होने दे।

किसान का बेटा रितिक शर्मा नीट परीक्षा में सफल, बढ़ाया क्षेत्र का मान

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड घुघली अंतर्गत ग्राम पंचायत बासपार मिश्र
निवासी किसान का पुत्र रितिक शर्मा, पुत्र राजेश शर्मा ने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 3131 प्राप्त कर परिवार एवं क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले रितिक ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगातार कड़ी मेहनत व लगन से पढ़ाई जारी रखी। संसाधनों की कमी और आर्थिक तंगी के बावजूद उसने हार नहीं मानी और नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। रितिक अपने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को बताते हैं। बातचीत के दौरान रितिक ने बताया कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। यदि हम परिश्रम व लगन से किसी कार्य को करेंगे तो निश्चित ही हमें सफलता मिलेगी।
रितिक की इस सफलता से पूरे परिवार व गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रितिक ने यह उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र के युवाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणा दी है।

आतंकवाद पर मोदी का सख्त संदेश, अहमदाबाद से राष्ट्र को समर्पित कीं 1,400 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं

अहमदाबाद(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अब भारत आतंक और उसके आकाओं को किसी भी हाल में बख्शने वाला नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आतंकवादी चाहे कहीं भी छिपे हों, भारत उन्हें ढूंढ़कर समाप्त करेगा।

अहमदाबाद में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा, “दुनिया ने देखा है कि भारत ने पहलगाम हमले का बदला कैसे लिया। हमारी सेना ने 22 मिनट के भीतर आतंकवादियों का सफाया कर दिया। हम सैकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर आतंकवाद के ठिकानों को ध्वस्त करते हैं। आज भारत आतंकवादियों और उनके आकाओं को छोड़ता नहीं है।”

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब आतंकी देश में खून बहाते थे, तब दिल्ली की सरकार चुपचाप बैठी रहती थी, लेकिन आज का भारत आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करता है। मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को सेना के शौर्य और भारत की अटूट इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया।

1,400 करोड़ से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का लोकार्पण

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने गुजरात सहित देश को 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई रेल परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इनमें प्रमुख रूप से —महेसाणा–पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण (लागत: 530 करोड़ रुपये, लंबाई: 65 किमी)कलोल–कदी–कटोसन रोड रेल लाइन का आमान परिवर्तन (लागत: 860 करोड़ रुपये, लंबाई: 37 किमी)बेचराजी–रानुज रेल लाइन का आमान परिवर्तन (लंबाई: 40 किमी) प्रधानमंत्री ने कहा कि गणेशोत्सव के पावन अवसर पर गुजरात की विकास यात्रा से जुड़े इन कार्यों का लोकार्पण करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रधानमंत्री ने देशभर में हाल में आई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि यह प्रकृति का प्रकोप न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए चुनौती बन गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई है।

समय से नहीं पहुंचे विद्यालय में अध्यापक कैसे हो पढ़ाई

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा) । एक तरफ सरकार शिक्षा व्यवस्था पर काफी पैसा खर्च कर रही है और दवा करतीं हैं कि हमारे देश का हर नागरिक शिक्षित और पढ़ा लिखा हो और शिक्षा जागरूकता पर अनेक अभियान चला रही है। दूसरी तरफ कुछ लापरवाह अध्यापक इस शिक्षा पर ग्रहण लग रहे हैं। विद्यालय में शिक्षकों का समय से न पहुंचने पर बच्चों की पढ़ाई पूरी कैसे होगी यहां शिक्षा व्यवस्था पर शिक्षा विभाग पर एक प्रश्न चिन्ह बन रहा है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे अपने समय से विद्यालय तो पहुंच जाते हैं लेकिन विद्यालय पहुंचकर गुरु जी का इन्तजार करते रहते हैं। तुराब गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि समय से विलंब हो रहा है और अभी गुरु जी नहीं आयें है। विकास खण्ड नवाबगंज अन्तर्गत ग्राम पंचायत सती जोर के मजरा तूराब गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में सुबह पढ़ने वाले बच्चे तो पहुंच गये लेकिन विद्यालय के गेट में ताला लगा था। विद्यालय में पढ़ाई के लिये आए इरशाद कक्षा चार हसन अली कक्षा 2 रिहान कक्षा तीन गुलशाना कक्षा चार अनस रजा कक्षा चार गुलबसा कक्षा पांच अनीस रजा कक्षा एक तौफीक कक्षा चार सहित बच्चे विद्यालय में खुलने का इंतजार गेट पर खड़े कर रहे थे और पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि प्रधानाध्यापक सहायक अध्यापक शिक्षामित्र समय से विद्यालय में नहीं पहुंचे हैं अभी और हम लोगों के पढ़ाई-लिखाई में समय का अभाव हो रहा। वहीं ब्लाक नवाबगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मनसुख गांव में भी समय से कोई अध्यापक मौजूद नहीं रहा लेकिन जब इस सम्बन्ध में इंचार्ज प्रधानाध्यापक पुष्पेन्द्र कुमार यादव से बात कि गई तो उन्होंने बताया कि हमारी ट्रेनिंग बाबागंज बीआरसी पर लगीं हैं और संकुल प्रभारी तीरथ राम ने दूसरे प्रधानाध्यापक को हमारे जगह पर विद्यालय में पढ़ाने के लिये बोला होगा लेकिन विद्याल में पढ़ाई करने वाले बच्चे शैलेष कक्षा पांच, हासीना बानों कक्षा पांच, निसा कक्षा एक, नंदलाल गौतम कक्षा पांच,सबनम बानों कक्षा दो , मोहम्मद आसिफ कक्षा तीन, अशोक कुमार गौतम कक्षा पांच ने बताया कि मास्टर साहब नहीं आयें है। इस सम्बन्ध में खण्ड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

डीएम ने की मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के प्रगति की समीक्षा

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलास्तरीय समिति की बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना में प्राप्त हुए आवेदनों की जानकारी ली और कहा कि जनपद में मत्स्य पालन का कार्य परम्परागत तरीके से किया जा रहा है। इन तालाबों की वार्षिक मत्स्य उत्पादकता मात्र 25-30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। इन तालाबों की गुणवत्ता व मत्स्य पालन के तरीके में सुधार कर मत्स्य उत्पादकता को 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर प्रति वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। इससे ग्राम सभा के तालाबों के प‌ट्टाधारको व मछुआरों की आय में वृद्धि व उनका आर्थिक व सामाजिक उत्थान भी किया जा सकता है। यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने समिति की ओर से योजना के तहत आवेदन की तिथि में वृद्धि हेतु निदेशक मत्स्य विभाग को पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार–प्रसार हेतु भी निर्देशित किया।
इससे पूर्व सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना ग्राम सभा के तालाब के पट्टा धारकों के लिए निषाद राज बोट सब्सिडी योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना केवल महिला मत्स्य पालकों के लिए
व उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष अंतर्गत मछली विक्रय के लिए मोपेड विद आइबाक्स परियोजना एवं अंतर्राज्यीय भ्रमण, दक्षता विकास, प्रदर्शनी और सेमिनारों के लिए मत्स्य पालकों, मछुआरों का प्रशिक्षण व भ्रमण कार्यक्रम आदि संचालित किया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना को ग्राम सभा के तालाबों के प‌ट्टाधारकों व मछुआरों के लिए परिकल्पित किया गया है। मनरेगा कनवर्जेन्स अथवा प‌ट्टाधारक द्वारा स्वयं तथा अन्य विभागों के माध्यम से सुधारे गये ग्राम सभा व अन्य पट्टे के तालाबों में प्रथम वर्ष निवेश पर अनुदान हेतु इकाई लागत धनराशि रू0 4.00 लाख प्रति हेक्टेयर पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जायेगा।
ग्राम सभा अथवा अन्य पट्टे के तालाबों के प‌ट्टाधारक एवं प‌ट्टाधारी मत्स्य जीवी सहकारी समितियों को अधिकतम 2.0 हे० क्षेत्रफल के तालाब की सीमा तक योजना का लाभ दिया जाएगा। जनपद में पट्टे पर आवंटित ग्राम सभा अथवा अन्य प‌ट्टे के तालाबों के इच्छुक ऐसे आवेदक चयन हेतु पात्र होंगे, जिनके तालाब के प‌ट्टे की अवधि न्यूनतम 04 वर्ष शेष हो और चयनित लाभार्थी कम से कम 4 वर्ष तक आवेदित तालाब पर मत्स्य पालन करेगा।
इस दौरान बैठक में जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार, उपनिदेशक कृषि संजीव कुमार, एलडीएम बी.एन. मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और प्रगतिशील मत्स्य पालक उपस्थित रहें।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान रिफाइनरी के काम में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

बाड़मेर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पचपदरा-बालोतरा में प्रस्तावित राजस्थान रिफाइनरी के कार्य की धीमी प्रगति को लेकर सोमवार को राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

गहलोत ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार होने के बावजूद रिफाइनरी का काम तय समयसीमा के अनुसार पूरा नहीं हो रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य सरकार ने 2025-26 की बजट घोषणा (संख्या 158) में वादा किया था कि अगस्त 2025 से रिफाइनरी का उत्पादन शुरू हो जाएगा, लेकिन अब इस बारे में स्पष्ट जानकारी देने से बचा जा रहा है।

उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर सवाल उठाया, “कल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रिफाइनरी का दौरा किया, परंतु दोनों के बयानों और सरकारी प्रेस नोट में उत्पादन शुरू होने की तारीख का कोई उल्लेख नहीं था। यह आश्चर्यजनक चुप्पी जनमानस में संदेह पैदा कर रही है।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल के दौरान कोरोना महामारी जैसी चुनौती के बावजूद रिफाइनरी का 80% से अधिक काम पूरा कर लिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण इस परियोजना की लागत 37,000 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

गहलोत ने कहा, “2013 में जब इस परियोजना का शिलान्यास हुआ था, तब अगर सरकार बदलने के बाद इसका काम रोका नहीं गया होता तो लागत इतनी नहीं बढ़ती। आज राजस्थान की जनता पूछ रही है कि आखिर ‘डबल इंजन’ की सरकार के बावजूद रिफाइनरी का काम धीमा क्यों चल रहा है?”

महिलाओं को किया गया जागरूक, बताए गए हेल्पलाइन नंबर

सिकन्दरपुर/बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना सिकन्दरपुर क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने हेतु अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला आरक्षी प्रीति यादव एवं गरिमा शुक्ला ने उपस्थित महिलाओं को उनके सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न प्राविधानों और अधिकारों की जानकारी दी। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या के समय वे निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 112, 102, 108 तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क कर सकती हैं। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं जागरूक बनाना है ताकि वे किसी भी परिस्थिति में तुरंत मदद प्राप्त कर सकें।