Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 759

भारत ने पाकिस्तान को दिया बाढ़ का अलर्ट, रावी-चिनाब-सतलुज में बढ़ सकता है जलस्तर

इस्लामाबाद/नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को पाकिस्तान सरकार को आधिकारिक रूप से सूचित किया है कि भारत ने कई नदियों में अतिरिक्त पानी छोड़ा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में पाकिस्तान के विभिन्न इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है।

भारतीय उच्चायोग ने चेतावनी दी है कि 27 अगस्त को रावी, चिनाब और सतलुज नदियों में भारी बाढ़ का खतरा है। इसके अलावा, तवी नदी में भी जलस्तर बढ़ने और बाढ़ की उच्च संभावना जताई गई है। अलर्ट में कहा गया है कि उत्तर भारत में लगातार भारी वर्षा के चलते प्रमुख बांधों के गेट खोलने पड़े हैं, जिससे अतिरिक्त जल छोड़ा गया है।

गौरतलब है कि सिंधु जल संधि के तहत दोनों देशों के बीच नियमित रूप से जलविज्ञान संबंधी डेटा का आदान-प्रदान किया जाता रहा है। हालांकि, मौजूदा हालात में यह प्रक्रिया स्थगित है। इसके बावजूद भारत ने मानवीय आधार पर पाकिस्तान को समय-समय पर बाढ़ अलर्ट जारी किए हैं।

विदेश मंत्रालय के माध्यम से भेजे गए इन अलर्ट्स में कहा गया है कि पाकिस्तान को संभावित आपदा से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए। पहला अलर्ट सोमवार को, उसके बाद मंगलवार और बुधवार को भी चेतावनियाँ पाकिस्तान को दी गईं।

अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश और नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। भारत की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह जानकारी मानवीय सहयोग के दृष्टिकोण से साझा की जा रही है ताकि पड़ोसी देश समय रहते राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी कर सके। संभावित प्रभाव: पाकिस्तान के पंजाब और सिंध प्रांत के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और अधिक बढ़ गया है। वहां की प्रशासनिक इकाइयों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त कराने की मांग, बीएसए को सौंपा गया ज्ञापन

सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)। आल इंडिया एनपीएस इम्प्लाइज फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मग‌ं‌लवार को शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त कराने की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष कामता प्रसाद और प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षकों पर शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ बीएलओ ड्यूटी का अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है। संगठन ने मांग की कि शिक्षकों को केवल शैक्षणिक कार्यों तक ही सीमित रखा जाए, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार हो सके।
इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रीना यादव, संगठन मंत्री मैथिली शरण सिंह, कोषाध्यक्ष राम करन यादव, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार, राकेश कुमार, मोहम्मद अफजल, देशरत्न, धर्मेंद्र, सतेन्द्र आर्या समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

खड़सरा गांव में वित्तीय साक्षरता जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। अग्रणी बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं भारतीय स्टेट बैंक खड़सरा के सहयोग से पंदह विकास खंड के खड़सरा गांव में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत वित्तीय साक्षरता एवं जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को बैंकों की विभिन्न सामाजिक योजनाओं — प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं मुद्रा लोन — के साथ-साथ ऑनलाइन ठगी एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। भारतीय रिजर्व बैंक के विशाल यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बचतें भविष्य को सुरक्षित व समृद्ध बनाती हैं। उन्होंने कहा कि “जन जागरूकता ही बचाव का सशक्त माध्यम है। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक सुशील कुमार ने कहा कि अपने वित्तीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बजट बनाना और बचत से नियमित निवेश करना अत्यंत आवश्यक है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एफएलसीसी अनिल शुक्ला ने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपाय विस्तार से समझाए। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक बलिया के जिला समन्वयक राकेश कुमार पाठक, ग्राम प्रधान पीयूष कुमार गुप्ता, बच्चा सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितेश पाठक ने किया तथा आभार शाखा प्रबंधक राजकुमार यादव ने व्यक्त किया।

दिल्ली-रायपुर एयर इंडिया विमान को खराब मौसम के कारण भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया

रायपुर,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-2793 के यात्रियों को मंगलवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब विमान को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खराब मौसम के चलते भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर विमान की निर्धारित लैंडिंग के समय अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में बादल छा गए और दृश्यता इतनी कम हो गई कि विमान का सुरक्षित उतरना संभव नहीं रहा। रायपुर एटीसी (वायु यातायात नियंत्रण) ने सुरक्षा कारणों से पायलट को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी और विमान को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर भेज दिया।

एटीसी अधिकारियों ने बताया कि दृश्यता में गिरावट इतनी तेज़ थी कि रनवे पर विमान को उतारने का जोखिम नहीं लिया जा सकता था। इस स्थिति में मानक संचालन प्रक्रियाओं (Standard Operating Procedures) के तहत विमान को निकटतम उपयुक्त हवाई अड्डे की ओर मोड़ना अनिवार्य हो गया। भुवनेश्वर में मौसम की स्थिति अपेक्षाकृत अनुकूल थी, जिसके चलते विमान वहां सुरक्षित रूप से उतारा गया।

एयर इंडिया अधिकारियों ने यात्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी कारण विमान को डायवर्ट किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि मौसम सुधरने के बाद विमान को रायपुर भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

यात्रियों को अचानक बदलाव से असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी ने राहत की सांस ली कि विमान सुरक्षित उतारा गया और किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव हो गया।

कंबाइन हार्वेस्टर मैकेनिकों के तकनीकी प्रशिक्षण हेतु 30 अगस्त तक आवेदन करें

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। स्वीकृत कंबाइन हार्वेस्टर मैकेनिकों का तकनीकी प्रशिक्षण योजना अंतर्गत जनपद के प्रत्येक विकास खंड से एक-एक अभ्यर्थी का चयन किया जाना है। इसके लिए अभ्यर्थी की योग्यता आईटीआई (मैकेनिक/फिटर ट्रेड) अथवा कृषि अभियंत्रण में डिप्लोमा होना आवश्यक है। राज्य स्तरीय फार्म मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान पर 35 दिवसीय प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को टूलकिट प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य मैकेनिकों को कंबाइन हार्वेस्टर के परिचालन एवं मरम्मत में दक्ष बनाना, किसानों को समय से कटाई-मड़ाई एवं बुवाई की सुविधा उपलब्ध कराना तथा पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाना है। प्रशिक्षण हेतु अभ्यर्थियों की आयु 20 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। प्रत्येक विकास खंड से एक ही अभ्यर्थी का चयन होगा। इच्छुक उम्मीदवार 30 अगस्त तक अपना आवेदन नजदीकी उप संभाग कार्यालय (सदर, बैरिया, बांसडीह एवं रसड़ा) पर जमा करें। यह जानकारी उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने दी।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम हेतु करें ऑनलाइन आवेदन

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) को अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए पुनः प्रारंभ किया गया है। इस योजना के तहत योग्य लाभार्थियों को नए उद्योग स्थापना हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण एवं परियोजना लागत पर 25 से 35 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल www.kviconline.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की हार्ड कॉपी किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, रामपुर उदयभान, बलिया में जमा करनी होगी

मुख्य सेविकाओं को मिला नियुक्ति पत्र

वर्तमान सरकार में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो रही हैं नियुक्तिया- ज्ञानेंद्र सिंह

युवाओं को प्रतिभा और परिश्रम का मिल रहा है वास्तविक मूल्य- जयमंगल कन्नौजिया

मुख्य सेविकाओं को निभानी है यशोदा की भूमिका -डीएम

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में मुख्य सेविकाओं का नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सदर जय मंगल कन्नौजिया , विधायक फरेंदा वीरेंद्र चौधरी एवं जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से चयनित नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ने पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का सपना पूरा किया है। पहले की सरकारों में नौकरी पाना युवाओं के लिए कठिन था, क्योंकि बिचौलिए और भ्रष्टाचार का बोल बाला रहता था। परंतु अब मेहनत और योग्यता ही सफलता का आधार है। अब युवाओं को नियुक्ति के लिए दर–बदर भटकना नहीं पड़ता और न ही किसी को पैसे देने पड़ते हैं। उन्होंने मुख्य सेविकाओं को चयन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आप लोगों के ऊपर देश के नौनिहालों की जिम्मेदारी है। इसलिए आप लोगों से आशा है कि आपलोग पूरी सत्यनिष्ठा से अपना उत्तरदायित्व निभाएंगी।
विधायक सदर जय मंगल कन्नौजिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश का वातावरण पूरी तरह बदल चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को अब उनकी प्रतिभा और परिश्रम का वास्तविक मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिल पाता था, लेकिन अब पहचान का संकट समाप्त हो गया है। उन्होंने वर्तमान सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया को अत्यंत सहज, सरल, स्पष्ट एवं पक्षपात विहीन बताते हुए उक्त नियुक्ति प्रक्रिया में सफल हुए सभी मुख्य सेविकाओं को अपनी शुभकामनाएं दीं।
विधायक फरेंदा वीरेंद्र चौधरी ने सभी नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आपकी नियुक्ति से संबंधित विभाग निश्चित रूप सुदृढ़ होगा।
जिलाधिकारी ने नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आप लोग अपने भावी कार्यकाल में नन्हे–नन्हे बच्चों के लिए यशोदा की भूमिका में होंगी। इसलिए आपको अपने दायित्वों के प्रति ईमानदार और सचेत रहना होगा। आशा है कि आप लोग विभाग की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगी। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला और सभी ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना की।
उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रीतम विश्वकर्मा, शिल्पी सिंह, ममता सिंह, अंकित गुप्ता, प्रतिभा सिंह सहित सभी नवनियुक्त 21 मुख्य सेविकाओं का नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी गईं।
इससे पूर्व उपस्थित अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंटकर किया गया। उपस्थित लोगों ने लखनऊ से मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए रामदरश चौधरी द्वारा किया गया।
इस दौरान जिला विकासअधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, समस्त सीडीपीओ सहित नवनियुक्त मुख्य सेविकाएं और उनके परिजन उपस्थित रहें।

मानसिक दिव्यांगजनों हेतु अनुदान प्रस्ताव आमंत्रित

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने बताया कि मानसिक मंदिता के क्षेत्र में कार्यरत व पंजीकृत स्वैच्छिक संस्थाओं से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केन्द्र अथवा हॉफ-वे होम/लॉन्ग-स्टे होम संचालन हेतु अपने प्रस्ताव शीघ्र ही जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, देवरिया में उपलब्ध कराएं।

मोदी ने ट्रंप के दबाव में रोकी थी कार्रवाई, अमेरिका ने दी थी ‘ट्रेड वार्निंग’-राहुल गांधी

मुजफ्फरपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में पाकिस्तान स्थित आतंकी शिविरों के खिलाफ भारत की कार्रवाई रोक दी थी। राहुल गांधी ने यह बयान बुधवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में चल रही अपनी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के दौरान आयोजित एक जनसभा में दिया।

राहुल गांधी का यह आरोप ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर यह दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए सैन्य तनाव को खत्म कराने में उनकी सीधी भूमिका रही। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत कर भारत को कार्रवाई से पीछे हटने के लिए मनाया और पाकिस्तान को भी सख्त चेतावनी दी।

ट्रंप का दावा: ‘मोदी को कहा- व्यापार समझौता नहीं होगा’

व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा,“मैंने पीएम मोदी से कहा कि मैं एक शानदार इंसान से बात कर रहा हूं। इसके बाद मैंने पाकिस्तान से भी बातचीत की और उन्हें स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर तनाव जारी रहा तो अमेरिका किसी भी तरह का व्यापार समझौता नहीं करेगा। बल्कि इतना ऊंचा टैरिफ लगाया जाएगा कि उनका सिर घूम जाएगा।”

ट्रंप ने यहां तक दावा किया कि उनके हस्तक्षेप से ही भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम समझौता संभव हो पाया और संभावित परमाणु टकराव टल गया।

राहुल गांधी का पलटवार राहुल गांधी ने ट्रंप के इसी बयान का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा और सेना के मनोबल के साथ समझौता किया।

“प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति के आदेश पर पाकिस्तान में चल रहे आतंकी ठिकानों पर हमारी कार्रवाई रोक दी। यह देश की सुरक्षा से खिलवाड़ और शहीदों का अपमान है,” राहुल गांधी ने कहा।

राजनीतिक हलचल तेज राहुल गांधी के इस बयान से चुनावी राज्य बिहार में राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है। कांग्रेस नेता लगातार मोदी सरकार पर विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप के दावे ने भी भारत में एक नई बहस को जन्म दे दिया है कि क्या अमेरिका ने वास्तव में भारत की सैन्य रणनीति में हस्तक्षेप किया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुद्दा आने वाले दिनों में चुनावी बहस का अहम हिस्सा बन सकता है, क्योंकि इसमें राष्ट्रवाद, विदेश नीति और प्रधानमंत्री की छवि तीनों जुड़े हुए हैं।

सीएम ने 2425 मुख्य सेविकाओं को दिया नियुक्ति पत्र, देवरिया की 42 सेविकाएं सम्मानित

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की 2425 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों में हुआ।
देवरिया में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पाण्डेय की उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने जनपद की 42 नवचयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम व विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने सेविकाओं को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने सेविकाओं को बच्चों की देखभाल बिना भेदभाव करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन मत्स्य अधिकारी विजय कुमार मिश्र ने किया तथा अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी आदीश मिश्रा ने आभार जताया।

किसानों की जेब पर यूरिया का डाका

सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)। किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर खाद दुकानदार उनकी जेब पर सीधा डाका डाल रहे हैं। क्षेत्र के भुजैनिकभार स्थित कादिरी खाद भंडार पर यूरिया की बोरी सरकारी रेट से अधिक रुपये में बेचे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीण किसानों कनिक राम, राम पडित, सुभाष, मुस्ताक और उमेश ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसकी शिकायत एडीओ (कृषि) रणधीर सिंह से की। तो तत्काल खाद वितरण पर रोक लगा दी गई। लेकिन किसानों का कहना है कि उसी रात गोदाम का पूरा स्टॉक गायब कर दिया गया। उनका आरोप है कि इस खेल में दुकानदार के साथ विभागीय मिलीभगत भी शामिल है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकारी समितियों और गोदामों पर खाद के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगती हैं, कई बार पूरा दिन खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं मिल पाती, वहीं दूसरी तरफ प्राइवेट दुकानों पर खुलेआम कालाबाजारी कर मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। इससे किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
प्रशासन से किसानों ने मांग की है कि ऐसे खाद माफियाओं पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसानों के साथ इस तरह की लूट न हो सके।
इस संबंध में जब उपजिलाधिकारी उतरौला अभय सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित दुकानदार के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दुकानदार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।।

सिकन्दरपुर में डिप्थीरिया संदिग्ध मामला, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर के मोहल्ला मिल्की निवासी 3 वर्षीय अरहान पुत्र शमशाद में डिप्थीरिया जैसे लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने क्षेत्र में सघन जांच की। टीम का नेतृत्व डॉ. रामकिशुन ने किया टीम ने संदिग्ध मरीज के घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही परिजनों को सतर्क रहने व बच्चे की विशेष देखभाल संबंधी परामर्श भी दिया। डॉ. रामकिशुन ने बताया कि डिप्थीरिया एक संक्रामक रोग है, जिसके लक्षणों में गले में खराश, सूजन, बुखार, त्वचा पर घाव और लिम्फ नोड्स का बढ़ना शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज और बच्चों का पूरा टीकाकरण इस बीमारी से बचाव के लिए अनिवार्य है। स्वास्थ्य टीम ने मोहल्ले में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया और अपील की कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। साथ ही अभिभावकों को बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने की सलाह दी

चिलकहर रेलवे स्टेशन के पास मिला शव, क्षेत्र में मची सनसनी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक से लगभग 30 मीटर दूर बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामाश्रय यादव पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामाश्रय यादव चिलकहर स्थित अपने ससुराल में रहते थे। उनकी संतान नहीं थी, लेकिन उन्होंने अपने भाई के बच्चों को गोद ले रखा था। बुधवार को राहगीरों ने पानी में शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर गड़वार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

कुँवर सिंह पीजी कॉलेज में महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्यशाला

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना, कुँवर सिंह पीजी कॉलेज के सहयोग से भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शिवशंकर सिंह सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. अशोक कुमार सिंह व अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। जिला चिकित्सालय के अनुपम सिंह ने आयुष्मान भारत योजना पर जानकारी दी, वहीं महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अंजली सिंह ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर प्रकाश डाला। श्रीवर्धन पाठक ने वित्तीय साक्षरता व डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के महत्व को समझाया। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक गोपाल राय ने बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और युवाओं को जागरूक किया।
मेरा युवा भारत के प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया। जिला गंगा समिति के परियोजना अधिकारी सलभ उपाध्याय ने प्रोजेक्टर के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनुज कुमार पांडेय ने दिया। इस अवसर पर शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं मेरा युवा भारत के सहयोगी उपस्थित रहे।

13 सितम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु हुई बैठक

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। 13 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय बलिया में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश हरीश कुमार ने की। बैठक में समस्त बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे एनपीए खातों से संबंधित नोटिस शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं, ताकि समय से उनकी तामील कराई जा सके। साथ ही यह भी कहा गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में पम्पलेट, पोस्टर व बैनर के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक साहिल खान, पंजाब नेशनल बैंक की वरिष्ठ प्रबंधक रजनी कुमारी झा, इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक विजेन्द्र कुमार, यूनियन बैंक के प्रबंधक प्रशांत कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक रंजन सिंह, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक आशीष व विकास कुमार तथा एलडीएम ऑफिस के असिस्टेंट अखिलेश कुमार सिंह मौजूद रहे।