Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 757

दिल्ली प्रीमियर लीग में छाया सहवाग जूनियर, बल्लेबाजी ने दिलाई पिता की याद

दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) के मुकाबले में दर्शकों को वीरेंद्र सहवाग की झलक देखने को मिली, जब उनके बेटे आर्यवीर सहवाग ने बल्ले से आक्रामक अंदाज में रन बरसाए। महज़ 18 साल के आर्यवीर ने अपनी छोटी पारी से ही सभी का ध्यान खींच लिया और यह संकेत दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य में एक नया सितारा मिल सकता है।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आर्यवीर को आठ लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था। उम्मीदों पर खरे उतरते हुए उन्होंने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। खास बात यह रही कि भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके तेज़ गेंदबाज नवदीप सैनी के खिलाफ भी आर्यवीर बिना दबाव के खेले और बेखौफ चौके जड़े।

पांचवें ओवर में जब रौनक वघेला गेंदबाजी करने आए, तो आर्यवीर ने लगातार दो चौके जड़कर स्टेडियम में तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। हालांकि, वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए और 16 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए। स्कोर बड़ा न रहा, लेकिन उनके आत्मविश्वास भरे शॉट्स ने दर्शकों को एक बार फिर सहवाग युग की याद दिला दी।

मैदान के बाहर भी आर्यवीर का अंदाज उतना ही बेबाक है। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में शुभमन गिल को मौजूदा दौर का सर्वश्रेष्ठ कप्तान बताते हुए उन्हें धोनी और रोहित शर्मा से बेहतर ठहराया था। वहीं, बल्लेबाजी के मामले में उन्होंने साफ कहा कि विराट कोहली गिल से आगे हैं।

स्पष्ट है कि आर्यवीर न सिर्फ खेल में बल्कि अपने विचारों में भी पिता वीरेंद्र सहवाग से प्रेरित हैं। सहवाग जहां बल्ले से विरोधियों के होश उड़ाते थे, वहीं बयानबाजी में भी उनकी बेबाकी मशहूर थी। अब वही झलक उनके बेटे में देखने को मिल रही है।

आज मनाई जाएगी ऋषि पंचमी, सप्त ऋषियों की पूजा से मिलेगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

गोरखपुर (राष्ट्र कि परम्परा डेस्क)। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को हर वर्ष मनाया जाने वाला ऋषि पंचमी पर्व इस बार गुरुवार, 28 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी के अगले दिन पड़ने वाला यह पर्व सप्त ऋषियों—कश्यप, अत्रि, भारद्वाज, वशिष्ठ, गौतम, जमदग्नि और विश्वामित्र—की आराधना के लिए समर्पित है।

पंडित जय प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि इस दिन व्रत एवं पूजा-अर्चना करने से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। मान्यता है कि ऋषि पंचमी व्रत से पापों का क्षय होता है और जीवन में शुभ फल प्राप्त होते हैं।

पंडित पाण्डेय ने पूजा-विधि बताते हुए कहा कि प्रातःकाल स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करना चाहिए। इसके पश्चात घर में सप्त ऋषियों की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें और दीप प्रज्वलित कर पूजा आरंभ करें। पूजन सामग्री में पंचामृत, पुष्प, चंदन, धूप-दीप और फल-फूल अर्पित करना अत्यंत शुभ माना गया है। पूजा के समय सप्त ऋषियों की आरती करें, मंत्रजाप करें और व्रत कथा का श्रवण करें।

उन्होंने बताया कि कई श्रद्धालु इस दिन निर्जला व्रत या फलाहार का पालन करते हैं तथा पूरे दिन भगवान और सप्त ऋषियों का ध्यान करते हैं।

प्रधानमंत्री के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेंगी ग्रामीण महिलाओं समूह – केशव प्रसाद मौर्य

ग्रामीण ऊर्जा क्रांति की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए ग्रामीण महिलाओं को संगठित, सशक्त और स्वावलंबी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। होटल ताज, लखनऊ में विकेंद्रीकृत नवीकरणीय ऊर्जा (DRE) अंतर्गत आयोजित देवी(DEWEE) कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “डीआरई संवाद कोई साधारण सम्मेलन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। हम चाहते हैं कि ग्रामीण महिलाएं ऊर्जा की उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनें।” उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों में आमदनी और जीवनस्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सरकार का लक्ष्य है कि 57,000 ग्राम पंचायतों में सूर्य सखी तैनात की जाएं, प्रत्येक विकासखंड में चार सोलर शॉप स्थापित हों और अगले पांच वर्षों में 1,00,000 महिला उद्यमी DRE आधारित सौर समाधान अपनाएं। श्री मौर्य ने कहा कि सरकार महिलाओं के लिए बैंकिंग, अनुदान और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करा रही है। फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने के साथ यदि महिलाएं सौर ऊर्जा का उपयोग करती हैं, तो 90% तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए सौर ऊर्जा को अनिवार्य बताते हुए सभी टेक-होम राशन (THR) प्लांट को सौर ऊर्जा से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की 33% भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे निर्णय-निर्माण में महिला शक्ति की भूमिका और बढ़ेगी। श्रीमती दीपा रंजन, मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने कहा कि “यूपी में स्वयं सहायता समूहों का विशाल नेटवर्क है, जो बड़े स्तर पर DRE आधारित उद्यम लागू करने के लिए उपयुक्त आधार प्रदान करता है। जागरूकता बढ़ाना, सहयोग को मजबूत करना और SHG-नेतृत्व वाले उद्यमों में DRE के उपयोग को प्रोत्साहित करना हमारा उद्देश्य है।” आयुक्त एवं निदेशक उद्योग एवं MSME के.वी. पांडियन ने कहा कि अक्षय ऊर्जा भविष्य है और SHG इस परिवर्तन के सबसे मजबूत वाहक हैं। जैव ईंधन से कार्बन क्रेडिट तक भविष्य सामुदायिक नेतृत्व वाली स्वच्छ ऊर्जा का होगा।कार्यक्रम में PCI इंडिया, HSBC, GEAPP, गेट्स फाउंडेशन, प्रेरणा ओजस, MNRE, यूपीनेडा, MSME आदि के प्रतिनिधियों ने महिला उद्यमिता और स्वच्छ ऊर्जा तंत्र को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की न्यूनतम 75% उपस्थिति अनिवार्य

उपस्थिति हेतु बायोमैट्रिक प्रणाली का प्रयोग करने पर विशेष बल

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने निर्देश जारी किया है कि सभी विश्वविद्यालयों, संस्थानों तथा उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी।
निर्देशानुसार जिन छात्रों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी, वे परीक्षा फार्म भरने अथवा परीक्षा में सम्मिलित होने के पात्र नहीं होंगे। इस संबंध में जानकारी नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने, विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित करने और कक्षाओं में व्यक्तिगत रूप से विद्यार्थियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमैट्रिक प्रणाली का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने पर बल दिया गया है, ताकि उपस्थिति की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, परिसर की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सभी कक्षाओं व प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि कुलाधिपति के निर्देश उच्च शिक्षा संस्थानों में अनुशासन, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।

ऑपरेशन महादेव में सफलता, पहलगाम हमले के दोषियों का खात्मा – अमित शाह ने सुरक्षाकर्मियों को किया सम्मानित

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को सुरक्षाबलों को उनकी वीरता और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। शाह ने बताया कि सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत पहलगाम आतंकी हमले के तीनों दोषियों को मार गिराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमारे वीर जवानों के साहस और समर्पण को सलाम करता है।

गृह मंत्री ने सामाजिक मंच X पर लिखा – “हमें अपने वीर सुरक्षाकर्मियों को सम्मानित करते हुए गर्व हो रहा है, जिन्होंने ‘ऑपरेशन महादेव’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों का खात्मा किया।”

22 अप्रैल का खूनी हमला

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में एक भीषण आतंकी हमला हुआ था, जिसमें निर्दोष 26 नागरिकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। आतंकियों ने लोगों से उनके धर्म की पहचान पूछकर गोलियों से भून दिया था। इस जघन्य घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

तीनों आतंकी मारे गए

इसके बाद 28 जुलाई को भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन महादेव चलाया। आठ घंटे तक चले इस अभियान में पहलगाम हमले में शामिल तीनों आतंकवादियों को मार गिराया गया। 29 जुलाई को गृह मंत्री ने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि निर्दोष नागरिकों की हत्या में शामिल सभी दोषियों का अंत कर दिया गया है।

संसद में शाह का बयान

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान अमित शाह ने कहा – “एक संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन महादेव’ में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम हमले के तीनों दोषियों को मार गिराया। यह हमला अत्यंत बर्बर था, जिसमें निर्दोष नागरिकों को उनके परिवारों के सामने उनका धर्म पूछकर मौत के घाट उतार दिया गया। मैं इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करता हूँ और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।”

वीर जवानों को श्रद्धांजलि

गृह मंत्री ने ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की वीरता की सराहना की और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को पूरी ताकत से जारी रखेगी और निर्दोषों के खिलाफ हथियार उठाने वाले किसी भी आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा।

सीमा पर 8 घंटे की मुठभेड़, चार नक्सली ढेर

गढ़चिरौली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ लगभग आठ घंटे तक कोपर्शी वन क्षेत्र में चली। इसमें मारे गए नक्सलियों में एक पुरुष और तीन महिलाएँ शामिल हैं।

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से चार शव बरामद किए। इसके अलावा पुलिस ने नक्सलियों से चार हथियार भी जब्त किए हैं, जिनमें एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल शामिल है।

एसपी ने बताया कि इस अभियान के दौरान नक्सलियों की ओर से सुरक्षा बलों पर कई बार फायरिंग की गई, जिसका जवाब जवानों ने बखूबी दिया। मुठभेड़ खत्म होने के बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि शेष नक्सलियों का भी पता लगाया जा सके।

गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर से सटे यह इलाका लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहा है। पुलिस और अर्धसैनिक बल यहां लगातार अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियानों में यह कार्रवाई सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता है।

एसएसबी मार्ग पर आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग घायल

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के एसएसबी सड़क मार्ग पर बुधवार को दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भरवलिया गांव पुल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए सीएचसी निचलौल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नेपाल के बुची थाना धकधई निवासी दिनेश पासवान बाइक से ठूठीबारी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी मजरूद्दीन पुत्र कलामुद्दीन, मसौवर पुत्र दलदल और रियाज पुत्र टेनी दूसरी बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। भरवलिया पुल के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इनमें मजरूद्दीन को पैर में गंभीर चोट आई है।
दिनेश पासवान को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अन्य तीन घायलों को एंबुलेंस द्वारा सीएचसी निचलौल भेजा गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और कुछ देर तक सड़क पर अफ़रा-तफ़री का माहौल बना रहा।
इस संबंध में प्रभारी कोतवाल महेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों बाइक कोतवाली लाया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह में सभी उपाधियाँ डिजिलॉकर पर उपलब्ध

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पी-एच.डी. की उपाधियाँ प्रदान की गईं। समारोह के दौरान कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने औपचारिक रूप से सभी उपाधियों को डिजिलॉकर पर अपलोड किए जाने की घोषणा की।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि इस वर्ष सभी उपाधियाँ डिजिलॉकर पर उपलब्ध करा दी गई हैं। इससे विद्यार्थियों को कहीं से भी अपनी डिग्री डिजिटल रूप में प्राप्त करने की सुविधा होगी और यह विश्वविद्यालय के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में एक अहम कदम है।
सत्र 2024-25 में कुल 73,887 उपाधियाँ प्रदान की गईं। इनमें विश्वविद्यालय स्तर पर 7,711 तथा संबद्ध महाविद्यालयों में 66,176 उपाधियाँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने शोध क्षेत्र में भी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कुल 301 शोधार्थियों को पी-एच.डी. की उपाधि प्रदान की गई, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें कला संकाय के 117, विज्ञान संकाय के 99, वाणिज्य संकाय के 35, शिक्षा संकाय के 31, विधि संकाय के 11 और कृषि संकाय के 8 शोधार्थी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह उपलब्धि नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और अनुसंधान को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक मील का पत्थर है।

उत्तर प्रदेश का पतन भ्रष्ट राजनीति और वंशवाद से हुआ, न कि ‘बीमारू’ होने से : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ।(राष्ट्र की परम्परा)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश मूलतः कभी भी ‘बीमारू’ राज्य नहीं था, बल्कि इसे भ्रष्ट राजनीतिक दलों, वंशवाद की राजनीति और नियुक्तियों में पक्षपात ने पिछड़ेपन की ओर धकेला। मुख्यमंत्री लोक भवन सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश की प्रतिभा को पहचानने के बजाय उसे हतोत्साहित करने का काम किया। परंतु वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया है ताकि योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल सके।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 2,425 महिला पर्यवेक्षकों और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्तियां प्रदेश की स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगी।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि आज प्रदेश नई कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ रहा है। रोजगार के अवसर बढ़े हैं, निवेश आ रहा है और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देने वाला अग्रणी राज्य बन रहा है।

डीडीयू के डॉ. सर्वेश पाण्डेय की शोध परियोजना को मिला 12 लाख का अनुदान

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रसायन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सर्वेश कुमार पाण्डेय की शोध परियोजना को उत्तर प्रदेश राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद से 12.26 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।
डॉ. पाण्डेय की परियोजना “ग्रीन सिंथेसिस, ऐंटिट्यूबरकुलर सक्रियता एवं ट्रायाजोल व्युत्पन्नों के मायकोबैक्टीरियल InhA एंजाइम को लक्षित करने वाले आणविक डॉकिंग अध्ययन” पर आधारित है। इस शोध का मुख्य उद्देश्य हरित रसायन के माध्यम से ट्रायाजोल यौगिकों का निर्माण कर क्षयरोग (टीबी) के विरुद्ध उनकी प्रभावशीलता का परीक्षण करना है। साथ ही, इन यौगिकों की मायकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस के InhA एंजाइम से बंधन क्षमता का मॉलिक्यूलर डॉकिंग तकनीक से अध्ययन किया जाएगा। यह प्रयास टीबी की नई दवाओं के विकास में सहायक साबित हो सकता है।
परियोजना में शोध सहायक का पद भी सृजित किया गया है, जिससे अनुसंधान कार्य को और गति मिलेगी। डॉ. पाण्डेय को इससे पहले यूजीसी से स्टार्टअप ग्रांट भी मिल चुका है, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन, विभागाध्यक्ष प्रो. उमेश नाथ त्रिपाठी तथा विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. पाण्डेय और उनकी शोध टीम को शुभकामनाएँ दी है।

कार के ईंधन टैंक में छिपाई गई 27 किलो चाँदी, बीएसएफ ने तस्करी की कोशिश नाकाम की

उत्तर 24 परगना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)प. बंगाल। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक बड़ी तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए 27 किलो चाँदी बरामद की है। यह बरामदगी उत्तर 24 परगना जिले के हकीमपुर चेकपोस्ट पर 26 अगस्त की देर रात की गई। बीएसएफ ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बीएसएफ की 143वीं बटालियन के तराली-1 सीमा चौकी क्षेत्र में खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। रात करीब साढ़े दस बजे हकीमपुर चेकपोस्ट पर एक संदिग्ध कार को रोका गया। पूछताछ के दौरान चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे जवानों का शक और गहरा गया।

सीमा चौकी के कंपनी कमांडर को तुरंत सूचना दी गई और अतिरिक्त बल मौके पर पहुँच गया। इसके बाद कार की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान गाड़ी के ईंधन टैंक से 27 किलोग्राम चाँदी बरामद की गई, जिसकी तस्करी बांग्लादेश भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है।

बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए तस्कर से पूछताछ जारी है और इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद चाँदी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।

बीएसएफ ने स्पष्ट किया कि सीमा पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

नगरा पुलिस ने पकड़े 6 शातिर वाहन चोर, 6 बाइक बरामद

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

नगरा थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, रजनीश कुमार ने थाना नगरा में अपनी हीरो स्पलेण्डर प्लस बाइक चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू हुई। जांच के दौरान उ0नि0 गिरीशचन्द्र ने टीम संग मुखबिर की सूचना पर पुरानी दुर्गा माता मंदिर तिराहा के पास छापेमारी कर 6 युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजा राजभर (18), सोनू उर्फ भोला (19), रितेश उर्फ रिशु तिवारी (22), विवेक उर्फ प्रिन्स सिंह (33), विश्वजीत उर्फ कलुआ (23) व रोहित राजभर (19) के रूप में हुई। तलाशी में नकदी व मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पिछले कई महीनों से बाइक चोरी कर नम्बर प्लेट बदलकर इस्तेमाल कर रहे थे। मौके से बरामद 6 मोटरसाइकिलों की जांच ई-चालान एप से की गई, जिसमें उनकी चोरी की पुष्टि हुई। इनमें स्पलेण्डर, सुपर स्पलेण्डर, हीरो ग्लैमर व होंडा मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तगण बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों पर बेचने की फिराक में रहते थे। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

जवाबी कीर्तन के कलाकारो को श्री गणेश जी का प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा) । हरितालिका तीज पर पांडव कालीन पौराणिक मंगली नाथ शिव मन्दिर परिसर में जलाभिषेक एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही रात में भव्य भंडारा व जवाबी कीर्तन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया।नवाबगंज के पांडव कॉलिन पौराणिक मंगलीनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिये भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा जहां महिलाओं बच्चों ने राप्ती नदी से जल लाकर जलाभिषेक किया। और तिज पर श्रद्धालुओं ने निर्जला व्रत रखकर अपनी मनौतियों के लिये मनोकामना की तथा विधि विधान से पूजा अर्चना कर भगवान शिव व मां पार्वती की पूजा की  । इस मौके पर मगंलीनाथ शिव मन्दिर में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया वहीं मंगली नाथ हरितालिका कजरी तीज समिति के तत्वावधान मे जवाबी कीर्तन का भब्य आयोजन किया गया, जिसमें दिन में दो बजे से सम्पूर्ण रात्रि तक जवाबी कीर्तन समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही रात में भव्य भंडारा व जवाबी कीर्तन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया।नवाबगंज के पौराणिक मंगलीनाथ शिव मन्दिर में जलाभिषेक के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और इस मौके पर तिज के दिन में दो बजे से सम्पूर्ण रात्रि तक जवाबी कीर्तन कार्यक्रम चलता रहा तथा  कलाकारों को पुरुस्कृत किया गया। इस मौके पर जवाबी के कलाकार कलाकार सचदेव शरारती कानपुर एवं नीलम विश्वकर्मा छतर पुर बुंदेल खण्ड मध्यप्रदेश  के मध्य जबरदस्त मुकाबला हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जवाबी कीर्तन का आनंद लिया, तथा पौराणिक मंगली नाथ हरितालिका तीज समिति के अध्यक्ष पतीराम चौधरी के संचालन में कार्यक्रम के अतिथि ब्लॉक प्रमुख जय प्रकाश सिंह नवाबगंज के स्वागत में जवाबी कीर्तन कारों द्वारा स्वागत वंदना प्रस्तुति की गई और कार्यक्रम के अध्यक्ष व समित के संरक्षक रिंकू सिंह के द्वारा ब्लाक प्रमुख को माल्यार्पण कर स्वागत किया गया  । जवाबी कार्यक्रम समाप्ति पर दोनों कलाकारो को गणेश की तस्वीर देकर पुरस्कृत किया गया कार्यक्रम के सहयोगी मुंशी लाल वर्मा विनोद कुमार अंबिका प्रसाद वर्मा श्याम बिहारी आदि मौजूद रहे तथा शांति प्रावस्था को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक नवाब गंज रमाशंकर यादव पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे ।

छुट्टा पशुओं से बेहाल जिला मुख्यालय, जाम और हमलों से लोग परेशान

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला मुख्यालय खलीलाबाद में छुट्टा पशुओं का आतंक दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर कालेज से लेकर गोला बाजार और यहां संत कबीर पार्क तक छुट्टा पशुओं के झुंड का आतंक ने नगरवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है। इन पशुओं के कारण आए दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है, वहीं लोगों के घायल होने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के जिम्मेदारों की लापरवाही से स्थिति और बिगड़ती जा रही है। नगर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और गलियों में घूमते छुट्टा पशु आए दिन राहगीरों को मार कर उन्हें लहुलूहान कर दे रहे हैं। कई बार महिलाएं, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग इन पशुओं के हमले का शिकार हो चुके हैं। बावजूद इसके पालिका प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई अब तक नहीं दिख रही।
व्यापारियों और आम लोगों का कहना है कि छुट्टा पशुओं के कारण न केवल यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो रही है, बल्कि बाजारों में खरीदारी करने आने वालों को भी खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। शाम होते-होते गोला बाजार और कॉलेज रोड पर इन पशुओं का आतंक और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, अन्यथा वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

ओबीसी मोर्चा 31 अगस्त को मनाएगा ‘मुक्ति दिवस’, देशभर में होंगे कार्यक्रम : के लक्ष्मण

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. के लक्ष्मण ने बुधवार को घोषणा की कि मोर्चा आगामी 31 अगस्त को ‘मुक्ति दिवस’ के उपलक्ष्य में देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस संबंध में उन्होंने एक वर्चुअल बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि वर्ष 1952 में तत्कालीन सरकार ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों को अंग्रेजों द्वारा थोपे गए दमनकारी आपराधिक जनजाति अधिनियम (Criminal Tribes Act) से मुक्त कराया था। इसी ऐतिहासिक क्षण की स्मृति और सम्मान में हर वर्ष 31 अगस्त को ‘मुक्ति दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इन समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास और उनके सम्मानजनक जीवन हेतु निरंतर प्रयास कर रही है। ‘मुक्ति दिवस’ के कार्यक्रमों के जरिए न केवल समाज को उनके संघर्ष और योगदान से अवगत कराया जाएगा बल्कि समुदायों के कल्याण के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

ओबीसी मोर्चा की ओर से जारी कार्यक्रम रूपरेखा के मुताबिक, इस दिन देश के सभी राज्यों और जिलों में विभिन्न जनजागरण अभियान, संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विमुक्त और घुमंतू समाज के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।

डॉ. लक्ष्मण ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में विमुक्त एवं घुमंतू समुदाय के लोगों को जोड़ें और ‘मुक्ति दिवस’ को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।