Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 754

सिलाई,ब्यूटीशियन प्रशिक्षण, महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सार्थक कदम- रामाश्रय मौर्य

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र धर्मागतपुर के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन गुरुवार के दिन भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य अभय कुमार द्विवेदी तथा संचालन बब्बन प्रसाद ने किया।
15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने सिलाई बुनाई,ब्यूटीशियन ट्रेड की प्रशिक्षणर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र द्वारा दो व्यावसायिक प्रशिक्षण सिलाई और ब्यूटीशियन का कोर्स महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी और सार्थक कदम है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगी ,वह घर बैठे सिलाई और ब्यूटीशियन का व्यवसाय करके जीविकोपार्जन कर सकती हैं, और अपना उद्योग धंधा भी क्रियान्वित कर सकती हैं। यही नहीं सरकार के तरफ से दिए जाने वाले लघु ऋण का भी लाभ उठा करके अपने व्यवसाय को प्रगति के पथ पर ले जा सकती हैं । इस तरह के इस प्रशिक्षण का बहुत बड़ा लाभ है। उन्होंने कहा कि सरकार भी चाहती है की महिलाएं आत्मनिर्भर होकर के अपना स्वयं का उद्गम स्थापित करें, और देश और समाज में अपना नाम रोशन करें। श्री मौर्य ने महिलाओं का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्कूटी देने पर भी विचार कर रही है।
उद्घाटन समारोह में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य अभय कुमार द्विवेदी ने प्रशिक्षण केंद्र के तरफ से दी जाने वाली विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षणों की के बारे में विस्तृत जानकारी दी। तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले ऋण के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वह अपने बैंक खातों को अपडेटेड (अद्धतन) करा लें, ताकि उनका मानदेय उनके खाते में सहज तरीके से अंतरित हो सके।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य अभय कुमार द्विवेदी द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य आगंतुकों का माल्यार्पण एवं अंग वस्त्र प्रदान कर उनका स्वागत किया गया। तथा जिलाध्यक्ष को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष फतेह बहादुर गुप्त, भाजपा के मंडल अध्यक्ष दयाशंकर श्रीवास्तव उर्फ दीपू, नीतीश गोड़ ,ओमप्रकाश मौर्य, धर्मेंद्र गोस्वामी, विजय शंकर मौर्य ,छात्र नेता नीरज कुमार गुप्ता, विनय कुमार गुप्त लीशु, वरिष्ठ सहायक मिथिलेश कुमार यादव , तकनीकी सहायक शैलेंद्र, नव प्रभात सिंह की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा मंडल अध्यक्ष दयाशंकर श्रीवास्तव दीपू ने भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया।

फ़िराक़ की जयंती पर शेरो-शायरी की सजी महफ़िल

ग़ज़लों की गूंज से फिराक को डी गयी श्रद्धांजलि

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उर्दू साहित्य के अमर कवि, ज्ञानपीठ पुरस्कार से अलंकृत और ग़ज़लों के सम्राट कहे जाने वाले रघुपत सहाय ‘फ़िराक़ गोरखपुरी’ की जयंती पर गुरुवार को गोरखपुर, साहित्य और शायरी की रूहानी फिज़ाओं में डूब गया। जब फ़िराक़ लिटरेरी फ़ाउंडेशन गोरखपुर द्वारा अध्यक्ष अरशद जमाल समानी के आवास पर एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर और काव्य संपादक डॉ. कलीम कैसर ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रहमत अली और इंजीनियर तनवीर सलीम मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहर और बाहर से आए साहित्य प्रेमियों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने अपनी शायरी और संवेदनाओं से फ़िराक़ साहब की याद को और गहरा बना दिया। मुख्य अतिथि डॉ. रहमत अली ने कहा कि उनका नाता अलीगढ़ से है और अलीगढ़ का माहौल हमेशा शायरी से सराबोर रहा है, जब भी फ़िराक़ साहब वहाँ मुशायरे में आते थे तो छात्रों का उत्साह देखने लायक होता था, उनकी आवाज़ और लहजा आज भी कानों में गूंजता है। वहीं विशिष्ट अतिथि इंजीनियर तनवीर सलीम ने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि युवावस्था में वे अपने पिता के साथ लखनऊ के मुशायरों में जाया करते थे और वहीं उन्होंने पहली बार फ़िराक़ साहब को मंच पर सुना और देखा था, वह अनुभव आज भी उनके ज़ेहन में ज़िंदा है और उन्हें गर्व है कि वे उसी गोरखपुर के वासी हैं जिसका नाम फ़िराक़ गोरखपुरी से विश्व में जाना जाता है। फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष अरशद जमाल समानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि फ़िराक़ साहब गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े रहे हैं और इसलिए यह गोरखपुर के लोगों का दायित्व है कि उनकी याद को जिंदा रखें और नई पीढ़ियों तक उनका साहित्य पहुँचाएँ, उनकी जयंती पर यह आयोजन उसी जिम्मेदारी का प्रतीक है। शेर-ओ-शायरी से सजी इस महफ़िल में जब ग़ज़लें, नज़्में और अशआर पेश हुए तो देर रात तक वाह-वाह और दाद की गूंज वातावरण में भरती रही और हर श्रोता साहित्यिक भावनाओं से सराबोर होता नज़र आया। यह आयोजन फ़िराक़ गोरखपुरी को श्रद्धांजलि देने के साथ यह भी साबित किया कि गोरखपुर की सांस्कृतिक विरासत में शायरी की वही चमक आज भी मौजूद है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

लिंटर डालने गए मजदूर की हुई मौत

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जैतीपुर बुधवार की देर शाम कस्बे में दुर्घटना हो गई। लिंटर डालने वाली मशीन पर चढ़ कर गार्डर उतर रहा मजदूर अचानक नीचे आ गिरा। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ठेकेदार व साथी मजदूर उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहाँ डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।थाना गढ़िया रंगीन के गांव पहाड़पुर निवासी नेत्रपाल का 22 वर्षीय बेटा मूलचंद्र मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहा था।बुधवार को जगदीशपुर का ठेकेदार मुकेश ट्रैक्टर ट्राली से लिंटर डालने वाली मशीन लेकर मजदूरों के साथ कस्बा निवासी रमाकांत मिश्रा का लिंटर डालने आया।लिंटर पड़ने के बाद सायं 7 बजे मजदूर मशीन खोलने में जुट गए।मूलचंद्र मशीन पर चढ़कर गार्डर उतरने लगा।अचानक संतुलन बिगड़ने पर वह गार्डर सहित जमीन पर आ गिरा।सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।वहीं चर्चा है कि गार्डर पास से गुजरी हाई टेंशन लाइन में छू गया।करंट लगने से मूलचंद्र गिर गया। ठेकेदार मुकेश व मजदूर उसे लेकर सीएचसी पहुंचे।डॉक्टर नें मृत घोषित कर दिया। मृतक अविवाहित व 6 भाई,दो बहनों में सबसे छोटा था।मां सोमवती की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है।हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
वहीं गुरुवार सुबह दर्जनों ग्रामीण भाजपा नेता जगवीर सिंह चौहान के साथ थाने पहुंचे और पुलिस से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने बताया एक मजदूर की लिंटर डालने वाली मशीन से गिरकर मौत की सूचना प्राप्त हुई हैं।जांच की जा रही है।शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।पीएम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा कैशियर के खिलाफ सभासदो ने की शिकायत

अल्हागंज/शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। बैंक ऑफ बड़ौदा अल्हागंज शाखा के कैशियर के खिलाफ सभासद लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। उनका आरोप है कि कैशियर का व्यवहार उपभोक्ताओं के साथ अभद्रतापूर्ण है और उनकी भाषा भी उपयुक्त नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैशियर पिछले कई वर्षों से अपने गृह निवास पर तैनात हैं और उनके खिलाफ कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कस्बे के सभासदगणों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि अल्हागंज शाखा में उपभोक्ताओं को सम्मानजनक और सुगम बैंकिंग सेवा मिल सके। सभासदगणो ने बताया कि वार्डवासी कई बार शिकायत कर चुके है बगैर पढे लिखे उपभोक्ताओ को, सबसे अधिक परेशानी होती है।

सलेमपुर ब्लॉक मुख्यालय हटाने के प्रस्ताव का जोरदार विरोध, मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्रक

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। सलेमपुर ब्लॉक मुख्यालय को हटाकर भागलपुर ब्लॉक की सीमा पर स्थापित करने के प्रस्ताव का तीखा विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को इस संबंध में एक पत्रक मुख्यमंत्री के नाम संबोधित कर खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया। पत्रक में कहा गया कि आज़ादी के बाद से ही सलेमपुर विकास खंड का मुख्यालय सलेमपुर कस्बे में स्थापित है। यह स्थान भौगोलिक रूप से केन्द्र में है और सभी क्षेत्रों से आने-जाने की सुविधाएँ उपलब्ध हैं। ऐसे में इसे दूर ले जाना स्थानीय जनता के साथ अन्याय होगा और लोगों की परेशानियाँ बढ़ेंगी। पूर्व चेयरमैन एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष सुधाकर गुप्ता ने कहा कि सलेमपुर ब्लॉक मुख्यालय इस तरह से स्थित है कि आस-पास की सभी पंचायतों के लिए सुविधाजनक है। तहसील, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन, बड़ा बाजार और हाल ही में खुला ग्राम न्यायालय — सब इसकी नजदीकी में हैं, जिसका सीधे जनता को लाभ मिलता है। पत्रक सौंपने वालों में सुधाकर गुप्ता, राजेश रावत, गीता देवी, रामचंद्र प्रसाद, राजेश और गोपाल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि ब्लॉक मुख्यालय को हटाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी।

जिलाधिकारी के आदेश पर एप्रोच रोड हेतु भूमि की पैमाइश

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। टौंस नदी पर साढ़े 17 करोड़ की लागत से बने पुल का एप्रोच मार्ग न बनने से क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को राजस्व टीम ने उप जिलाधिकारी सदर की उपस्थिति में भूमि का सीमांकन किया। बांस की सीढ़ियों के सहारे आवागमन से उत्पन्न खतरों को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर एवं सेतु निगम के अधिकारियों को मौके पर जाकर समाधान निकालने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए सीमांकन की कार्रवाई पूरी की।
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक आर.एस. राय ने बताया कि कुछ कास्तकारों ने जमीन के मुआवजे को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया है, जबकि आधे से अधिक कास्तकारों को मुआवजा देकर भूमि की रजिस्ट्री भी कराई जा चुकी है। न्यायालय में लंबित मामले के चलते एप्रोच मार्ग का कार्य शुरू नहीं हो सका था। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने कहा कि अधिग्रहित की जाने वाली भूमि की पैमाइश कर यह स्पष्ट किया जा रहा है कि किस किसान की कितनी भूमि अधिग्रहित होगी। इसके बाद सेतु निगम को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित किसानों को मुआवजा देकर भूमि की रजिस्ट्री कराई जाए ताकि एप्रोच मार्ग का कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने किया भटनी–छपरा रेल खण्ड का गहन निरीक्षण

यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और संरक्षा मानकों को परखा, अमृत भारत योजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक,वाराणसी आशीष जैन ने अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 28 अगस्त 2025 को वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों के साथ गाडियों के परिचालन में संरक्षा,सुरक्षा,सतर्कता एवं स्टेशनों की स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु भटनी-छपरा रेल खण्ड का विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक( इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम विकास कुमार सिंह,मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (गोरखपुर) अमित मणि त्रिपाठी , सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह,सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर(कर्षण) शिशिर श्रीवास्तव, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार समेत वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे ।
भटनी-छपरा रेल खण्ड का विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अपनी निरीक्षण स्पेशल से एकमा स्टेशन पहुँचे और उन्होंने एकमा स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। एकमा स्टेशन के निरीक्षण के दैरान स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं यथा प्लेटफॉर्म, पैदल उपरिगामी पुल,जल निकासी, प्रतीक्षालय, वाटर बूथ पर पानी की उपलब्धता,बॉथिंग ट्रैक व प्लेटफॉर्म के ड्रेनेज, फूड स्टॉल, पार्सल कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया आदि का निरीक्षण किया और साफ-सफाई एवं स्टेशन के समुचित प्रबंधन हेतु सम्बंधित को दिशा निर्देश दिया । इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अमृत भारत स्टेशन के अन्तर्गत एकमा स्टेशन पर चल रहे कार्यो में तेजी लाने के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ समय सीमा मे कार्य में पूर्ण करने का सम्बंधित को निर्देश दिया। इसके पश्चात अपने स्पेशल यान से विन्डो निरीक्षण करते हुए टेकनिवास स्टेशन पहुँचे । टेकनिवास स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का संज्ञान लिया । इस दौरान उन्होंने टेकनिवास स्टेशन के स्टेशन पैनल,स्टेशन मास्टर कक्ष एवं संरक्षा के दृष्टिकोण से स्टेशन यार्ड आदि का निरीक्षण किया और सम्बंधित को रख-रखाव एवं सफाई हेतु निर्देश दिया ।
इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने भटनी -छपरा रेल खण्ड पर परिचालन में संरक्षा,ट्रैक का वाटर क्लियरेंस,पुल-पुलियाओं का वाटर लेवल, मानसून प्रिकाशन्स,सिग्नलों की दृश्यता, यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति,परिचालनिक सुधार, रेलवे ट्रैक के रख रखाव,ट्रैक की समुचित बैलास्टिंग,ट्रैक स्क्रीनिंग,ओवर हेड ट्रैक्शन व एलाइनमेंट,काशन ऑर्डर एवं ट्रैक फिटिंग्स की संरक्षा परखी ।

अंधेरी में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। अंधेरी (पूर्व) पम्प हाउस स्थित शनि मंदिर प्रांगण में पीएस फाउंडेशन और जननी शक्ति महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पीएस फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा ने सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ की परंपराओं को आपने मुंबई जैसे महानगर में जीवित रखा है, यह आप सभी की बड़ी उपलब्धि और सराहनीय कार्य है।” इस अवसर पर स्वीकृति प्रदीप शर्मा ने स्वावलंबन समिति की अध्यक्षता करते हुए सभी बहनों के अखंड सौभाग्य की मंगलकामना भगवान शिव से की। आयोजिका पुष्पा त्रिपाठी के कार्यों की भी विशेष सराहना की गई। मंच संचालन रमेश चौबे ने किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता संदीप शुक्ला, प्रमोद श्यामाचरण पांडेय, ब्राह्मण स्वाभिमान संघ के अध्यक्ष विनोद तिवारी, भाजपा नेता जगत गौतम, इन्द्रसेन उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

शिक्षा पुरुष स्व. सुरेन्द्र नाथ तिवारी की पुण्यतिथि पर श्रद्धा और संकल्प का माहौल

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। सेंट जेवियर्स एजुकेशन सोसाइटी के संस्थापक सचिव तथा सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर व बलिया के संस्थापक प्रबंधक, शिक्षा पुरुष स्व. सुरेन्द्र नाथ तिवारी की 14वीं पुण्यतिथि गुरुवार को विद्यालय परिसर में भावुकता और गहन श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में आकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंध निदेशक अभिनव नाथ तिवारी और प्रधानाचार्य वी.के. शुक्ला ने स्व. तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में नगर क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए। सेंट पाल स्कूल के प्रबंधक विनोद मिश्रा और जीएम एकेडमी के प्राचार्य मोहन द्विवेदी समेत कई शिक्षाविदों ने पुष्प अर्पित कर स्व. तिवारी को याद किया। विद्यालय परिवार और शिक्षकों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य वी.के. शुक्ला ने कहा कि “स्व. तिवारी जी का योगदान केवल शिक्षा के क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि उनका व्यक्तित्व आज भी संस्थान की प्रेरणाशक्ति है। उनकी विचारधारा ही हमारी असली पूंजी है।” प्रबंध निदेशक अभिनव नाथ तिवारी ने भावुक होते हुए कहा, “संस्थापक जी का सपना था कि यह विद्यालय पूरे क्षेत्र में शिक्षा का दीपक बनकर हर घर को रोशन करे। उनकी यही धरोहर हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसे नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना हमारा संकल्प है।” छात्र-छात्राओं ने कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्थापक प्रबंधक को अपनी श्रद्धांजलि दी। पूरे वातावरण में भावनाओं और कृतज्ञता का माहौल रहा। लोगों ने कहा कि स्व. सुरेन्द्र नाथ तिवारी शिक्षा के सच्चे जननायक थे। उनका चिंतन शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित न रखकर संस्कारों और जीवन मूल्यों से जोड़ता था। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि उनकी छोड़ी धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाया जाएगा। स्व. तिवारी का जन्म 30 नवंबर 1959 को हुआ था। 28 अगस्त 2011 को उन्होंने इस संसार को अलविदा कहा, लेकिन उनकी सोच और शिक्षा का प्रकाश आज भी समाज को आलोकित कर रहा है।

अमेठी में हादसा: पंखा लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत

अमेठी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जिले के गौरीगंज थाना क्षेत्र के ठिकरिया गांव में बृहस्पतिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में पंखा लगाते समय करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुल्तानपुर जिले के विजय गौड़ के रूप में हुई है, जो लंबे समय से ढाबे पर काम करता था। काम के दौरान अचानक बिजली का करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।

ढाबे पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गौरीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सलेमपुर नगर पंचायत में ई-रिक्शा चालकों का हंगामा, अवैध स्टैंड शुल्क वसूली पर रोक की मांग

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पंचायत सलेमपुर में ई-रिक्शा चालकों ने जोरदार प्रदर्शन कर अवैध स्टैंड वसूली पर रोक लगाने की मांग की। ई-रिक्शा चालकों ने पहले डाक बंगले पर बैठक की और उसके बाद नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दिशा श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। चालकों ने आरोप लगाया कि पूरे जिले में कहीं भी स्टैंड शुल्क वसूला नहीं जा रहा है, लेकिन सलेमपुर में जबरन वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई आधिकारिक आदेश है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा इस वसूली को तत्काल बंद किया जाए। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि वसूली अवैध पाई गई तो तुरंत रोक लगा दी जाएगी। सभा को संबोधित करते हुए माकपा राज्य कमेटी के सदस्य सतीश कुमार ने कहा कि इस मुद्दे पर पूर्व में भी ज्ञापन दिया गया था और दो दिन का समय मिलने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस बार भी कार्यवाही नहीं हुई तो आगामी 5 तारीख को तहसील दिवस पर जिलाधिकारी के आने पर पूरे सलेमपुर, लार और भाटपार क्षेत्र के ई-रिक्शा चालक मिलकर घेराव करेंगे। बैठक को खेत मजदूर यूनियन के जिला मंत्री रामनिवास यादव, प्रेमचंद यादव और बलिंदर मौर्य ने भी संबोधित किया। इस प्रदर्शन में ई-रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष संतोष कुमार, अजय कुमार गुप्ता समेत सैकड़ों चालक शामिल रहे।

मतदाता पुनरीक्षण व पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की हुई बैठक

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व मतदाता पुनरीक्षण कार्य को लेकर गुरुवार को पालिटेक्निक स्थित सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी के आवास पर सम्पन्न जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सदर विधायक डा. त्रिपाठी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता हर अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं और इस अभियान में भी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से लगकर वैध मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य करेंगे। बूथ से लेकर शक्ति केंद्र और मंडल स्तर तक के मतदाताओं को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र में हर मतदाता को उनका अधिकार मिलना चाहिए, किसी भी कीमत पर कोई भी मतदाता छूटने नहीं चाहिए। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि 1 सितंबर से विधानसभा की पुनरीक्षण सूची के लिए विशेष अभियान चलाकर हर मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर पर 18 वर्ष से अधिक की उम्र के मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का कार्य हम सभी को करना है। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिला पंचायत के सभी 51 वार्डों के प्रभारी बनाए जाएंगे। जहां भी बूथ पर कोई समस्या आती है तो उसके लिए संबंधित जिम्मेदारों से संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। अभियान के जिला संयोजक व जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी ने कहा कि इस बार पंचायत चुनाव में हमे कठिन परिश्रम और पूरी निष्ठा के साथ अधिक से अधिक सीटें जीतकर रिकॉर्ड कायम करना है। संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिषेक राय अंकुर ने किया। बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रिंस चतुर्वेदी, पूर्व महामंत्री कृष्ण नाथ राय, पूर्व नगर अध्यक्ष संजय पांडे, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, जिला मंत्री अरविंद पांडे बबुना, जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बैतालपुर प्रभाकर राय, पवन जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजन यादव, जितेंद्र सिंह सैंथवार, बृजेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजेश निषाद, अरविंद चौहान, आदित्य सिंह, सुधीर मद्धेशिया, विपिन यादव, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजन सोनकर, पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गोविंद चौरसिया मनीष मल्ल उपस्थित रहे।

कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक का निधन, स्वास्थ्य केंद्र पर हंगामा

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

मनियर ब्लॉक कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अभिषेक पाठक (35 वर्ष) का गुरुवार को निधन हो गया। उनकी अचानक बिगड़ी तबीयत और इलाज के दौरान मौत से परिजनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक और आक्रोश दोनों देखने को मिला। सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिकन्दरपुर लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया। दोपहर लगभग 1:30 बजे उनकी स्थिति फिर गंभीर हो गई। परिजन उन्हें तत्काल दोबारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे। इलाज के दौरान सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। अभिषेक पाठक की मौत की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ अस्पताल पहुँच गई। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में हंगामा भी हुआ। स्थिति को संभालने के लिए क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक और चौकी प्रभारी सिकन्दरपुर अश्वनी मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और परिजनों व कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष उमाशंकर भी अस्पताल पहुँचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और पार्थिव शरीर को घर ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने पुलिस को लिखित रूप से दिया कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। इसके बाद शव को परिजन घर लेकर चले गए। अचानक हुई इस मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। युवा कांग्रेस नेता अभिषेक पाठक अपने सक्रिय राजनीतिक कार्यों और संगठन में योगदान के लिए जाने जाते थे।

3 सितबंर को भांडुप में 37वां सालाना जश्न-ए-ज़ियारत मूए मुबारक

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा )भांडुप पश्चिम खानकाह महफिल हसनी आश्रम स्थित दरगाह कुतुब-उल-औलिया में 37वां सालाना एक दिवसीय जश्न-ए-ज़ियारत मूए मुबारक स०अ० वसल्लम 10 रबीउल अव्वल, बुधवार 3 सितंबर को बड़े ही अकीदत व एहतराम के साथ मनाया जाएगा।
इस मौके पर सज्जादा नशीन हज़रत ख़्वाजा सूफ़ी सैय्यद वसीम-उर-रहमान शाह सरकार ताज-उल-अस्फ़िया उर्फ़ जुगनू मियां की सरपरस्ती में सरकार अहमद मुजतबा मोहम्मद मुस्तफ़ा स०अ० वसल्लम के मूए मुबारक शरीफ़ की ज़ियारत कराई जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत बाद नमाज़ ज़ुहर महफ़िल-ए-मीलाद शरीफ़ से होगी। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक ज़ाइरीन को मूए मुबारक की ज़ियारत कराई जाएगी। बाद नमाज़ असर दुरूद शरीफ़ का वज़ीफ़ा, चराग़ां, गुलपोशी और वज़ीफ़ा ख़्वानी होगी। वहीं बाद नमाज़ ईशा हल्का-ए-ज़िक्र, शजरा ख़्वानी, महफ़िल-ए-समा और लंगर शरीफ़ तक़सीम किया जाएगा।
खानकाह महफ़िल हसनी आश्रम, भांडुप की ओर से सभी ज़ाइरीन से अपील की गई है कि इस मुबारक महफ़िल में ज़्यादा से ज़्यादा तादाद में शिरकत कर सवाब हासिल करें।

डॉ . रामप्रवेश आर.यादव राष्ट्रीय भारत भूषण और महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार से सम्मानित

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा )पूर्वी उपनगर के चेंबूर इलाके के जाने माने विज्ञान शिक्षक डॉ रामप्रवेश आर यादव को महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार ( आनंदी यूनिवर्स) फाउंडेशन पुणे की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा डॉ .यादव को राष्ट्रीय भारत भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। उक्त पुरस्कार समारोह साऊ ज्योति फाऊंडेशन द्वारा पुणे के सदाशिव पेठ में स्थित भारत इतिहास संशोधन मंडल के सभागृह मे आयोजित किया गया था ।खास बात यह है कि डॉ रामप्रवेश यादव मुंबई विद्यापीठ से पीएच.डी, एम.फील , भौतिक विज्ञान से एम.एससी, एम.एड, पी.जी. डी. एच. ई, डी.एस.एम. के साथ एल.एल.बी. की डिग्री हासिल कर चुके हैं। वह चेंबूर के एक जाने माने संस्थान में विज्ञान के शिक्षक व प्राध्यापक है। डॉ .यादव ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रो में १५ से अधिक शोध पत्र प्रकाशन कर चुके है और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने शोध मार्ग दर्शक के रूप मे कार्यरत है ।
पिछले डेढ़ दशक से महाराष्ट्र सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली विज्ञान प्रदर्शनी में तालुका स्तर से लेकर जिला स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में अनेक पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। महाराष्ट्र रत्न और राष्ट्रीय भारत भूषण पुरस्कार मिलने पर बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों ने डॉ रामप्रवेश यादव को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।