Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 752

खेल, संस्कृति और स्वास्थ्य: पारंपरिक खेलों की त्रिवेणी

राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद जयंती पर विशेष

नवनीत मिश्र

“खेल जीवन का दर्पण हैं।” यह पंक्ति भारत की खेल परंपरा और सांस्कृतिक आत्मा को सटीक रूप से अभिव्यक्त करती है। भारत में खेल कभी केवल शारीरिक व्यायाम भर नहीं रहे, बल्कि वे संस्कृति, अनुशासन, स्वास्थ्य और समाजिक मेल-जोल के वाहक रहे हैं। 29 अगस्त है, वह दिन जब पूरा देश हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस मनाता है। ध्यानचंद का नाम आते ही आँखों के सामने वह दौर ताज़ा हो उठता है जब बॉल उनकी स्टिक से ऐसे चिपकी रहती थी मानो जादू हो। 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक स्वर्ण पदक भारत को गौरवशाली पहचान दिलाते हैं। यही कारण है कि खेल दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेरणा का प्रतीक है। यदि हम थोड़ी देर के लिए इतिहास की गलियों में जाएँ तो पाएँगे कि कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, कुश्ती, पिट्ठू और रस्साकशी जैसे खेल बच्चों और युवाओं की दिनचर्या का हिस्सा हुआ करते थे। इन खेलों ने केवल शरीर को तंदरुस्त नहीं बनाया, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और रणनीति की समझ भी विकसित की। गाँव के चौपालों से लेकर अखाड़ों तक, इन खेलों ने समाज को एक सूत्र में पिरोए रखा। आज चिकित्सा विज्ञान भी मान चुका है कि खेल मानसिक तनाव को घटाते हैं, हृदय को स्वस्थ रखते हैं और जीवन में उत्साह भरते हैं। यह वही सच्चाई है जिसे हमारे पूर्वजों ने बिना किसी शोधपत्र के अनुभव कर लिया था। उनका मानना था—“जिस घर के बच्चे खेलते हैं, वहाँ रोग टिकते नहीं।” दुर्भाग्य से शहरीकरण और तकनीक ने बच्चों को मैदानों से दूर कर दिया है। मोबाइल गेम्स और टीवी शो ने उनके जीवन से गिल्ली-डंडा और कबड्डी छीन ली है। क्रिकेट और फुटबॉल जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों ने लोकप्रियता तो पाई है, लेकिन हमारी अपनी सांस्कृतिक जड़ें कहीं धुंधली होती जा रही हैं। समय की पुकार है कि पारंपरिक खेलों को नए सिरे से जीवन मिले। स्कूल-कॉलेजों के खेलकूद कार्यक्रमों में इन्हें शामिल किया जाए, ग्राम्य मेलों में ‘खेल महोत्सव’ हों और शहरी पार्कों में इनके लिए जगह सुनिश्चित हो। यदि मेजर ध्यानचंद जैसे खिलाड़ियों को हम अपनी प्रेरणा मानें, तो निश्चय ही नई पीढ़ी मैदान की ओर लौटेगी। खेल दिवस हमें याद दिलाता है कि खेल केवल मेडल या रिकॉर्ड का नाम नहीं है। यह जीवन जीने की कला है—जहाँ शरीर स्वस्थ होता है, मन प्रसन्न होता है और समाज एकजुट होता है। खेल, संस्कृति और स्वास्थ्य—इनकी त्रिवेणी ही भारत की असली ताकत है। आज जब हम मेजर ध्यानचंद को नमन करते हैं, तो साथ ही यह संकल्प भी लें कि मैदानों की रौनक लौटाएँगे और अपने पारंपरिक खेलों को फिर से जीवन देंगे। यही राष्ट्रीय खेल दिवस की सच्ची सार्थकता होगी।

गोरखपुर संजय फेक्चर क्लिनिक में लगी आग से मचा हड़कंप, दमकल ने समय रहते पाया काबू

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर चौक स्थित संजय फेक्चर क्लिनिक में गुरुवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तत्परता से अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर दमकल की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे के समय अस्पताल में करीब 30 मरीज भर्ती थे, जबकि डॉक्टर का आवास भी अस्पताल के पिछले हिस्से में स्थित है।
बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। लपटों की वजह से अस्पताल परिसर के लान में लगे स्टील और एल्युमिनियम शीट्स पिघलकर गिरने लगे। धुआँ उठते ही स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुट गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया।

PET-2025: 6-7 सितंबर को होगी परीक्षा

लखनऊ/आगरा(राष्ट्र की परम्परा)l उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) आगामी 6 व 7 सितंबर को प्रदेश के 48 जिलों में आयोजित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन/नोडल अधिकारी परीक्षा जैनेन्द्र सिंह ने बताया कि परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में होगी – पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक।
निर्देश दिए गए हैं कि इन तिथियों पर विश्वविद्यालयों व विद्यालयों में अन्य कोई परीक्षा न कराई जाए। साथ ही 6 सितंबर को जिन केंद्रों पर PET-2025 होगी, वहाँ छात्रों के लिए शैक्षणिक अवकाश रहेगा।

चाय दुकान पर महिलाओं से बदसलूकी का विरोध करने पर पिता-पुत्र पर चाकू से हमला, दोनों गंभीर

सांकेतिक फोटो

मुजफ्फरपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) के इमलीचट्टी इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, एक नशेड़ी युवक ने चाय दुकान पर महिलाओं से बदसलूकी शुरू कर दी। इस पर दुकान संचालक नंद किशोर सिंह और उनके पुत्र सुजीत कुमार ने विरोध किया। विरोध से बौखलाए युवक ने अचानक चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। तलाशी में पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू बरामद किया। फिलहाल युवक की पहचान की जा रही है। वह अपना स्थायी पता हाजीपुर और वर्तमान निवास स्थान सिकंदरपुर बता रहा है।

घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 31 अगस्त को निकलेगी साइकिल रैली, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी होंगे मुख्य अतिथि

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न खेल संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 31 अगस्त 2025 को साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।
क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि यह रैली रविवार शाम 4 बजे रविन्द्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम, देवरिया से प्रारंभ होगी। रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी शामिल होंगे। रैली में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में भागीदारी की संभावना है।

मनेर में लापता बच्ची का शव मिला, पुलिस ने जांच शुरू की

सांकेतिक फोटो

पटना,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले के मनेर थाना क्षेत्र में गुरुवार को 10 वर्षीय बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक आम के पेड़ पर लटका हुआ मिला। मृतका स्थानीय निवासी थी।

पुलिस के अनुसार, बच्ची 26 अगस्त को रतनटोला स्थित महिनावां बगीचे में लकड़ी लेने गई थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों ने मनेर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

गुरुवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और बच्ची का शव बगीचे में बरामद किया। प्रारंभिक जांच में शव घुटने तक भरे पानी में पड़ा मिला। घटना स्थल से मिले हालात को देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ अनहोनी की गई हो सकती है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि “मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी। हर पहलू से जांच की जा रही है।”

पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

स्कूल वैन संचालन पर डीएम सख्त

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने विद्यालय प्रबंधकों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानक के विरुद्ध पाए जाने वाले वाहनों और लापरवाही बरतने वाले विद्यालय प्रबंधकों व वाहन संचालकों पर कठोर कार्रवाई होगी तथा प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
डीएम ने कहा कि सभी वाहनों की फिटनेस मान्य होनी चाहिए, ओवरलोडिंग न हो और चालक-कंडक्टर निर्धारित ड्रेस कोड में रहें। प्रत्येक विद्यालय में रोड सेफ्टी नोडल टीचर नामित करने और प्रार्थना सभा में बच्चों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों की अवहेलना करने वालों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।

धूमधाम से किया गया गणपति बप्पा का विसर्जन

गाज़ियाबाद(राष्ट्र की परम्परा)l इंदिरापुरम स्थित सनराइज ग्रीन सोसाइटी में गणेश उत्सव सेवा समिति द्वारा इस वर्ष गणेशोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। गणेश चतुर्थी को, गणपति बप्पा की स्थापना विधिवत मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर सोसाइटी के सभी निवासीगण, महिलाएँ और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जबकि
गुरुवार, 28 अगस्त की शाम लगभग 6:30 बजे गणपति विसर्जन शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जो सोसाइटी प्रांगण से आरम्भ होकर ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के साथ सम्पन्न हुई। शोभायात्रा के उपरांत प्रतिमा का इको-फ्रेंडली तरीके से सोसाइटी के स्विमिंग पूल में विधिवत विसर्जन किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
गणेश उत्सव सेवा समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

ॐ गं गणपतये नमः

युवती ने फांसी लगाकर दी जान

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l नगर के एक वार्ड निवासी युवती ने गुरुवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि युवती को एक युवक ने प्रेम संबंध में धोखा दिया तथा उसकी अश्लील फोटो वायरल कर दी, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार पटेल ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और सच्चाई की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

समस्तीपुर में रूबी प्रकरण से जुड़ा एक संदिग्ध उपचार के दौरान निधन, पुलिस जांच में ई-रिक्शा चालक की गवाही से खुलासे

सांकेतिक फोटो

समस्तीपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) नेपाल पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर बिहार पुलिस ने समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर जांच और पूछताछ के लिए कार्यवाही की। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति लक्ष्मण पासवान, पूछताछ की प्रक्रिया के दौरान मानसिक रूप से असंतुलित हो गया और स्वयं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसका निधन हो गया।

पुलिस ने बताया कि यह मामला नेपाल में दर्ज एक प्रकरण से जुड़ा हुआ है, जिसमें एक युवती के लापता होने और बाद में उसका शव एक सूटकेस में मिलने की बात सामने आई थी।

इस मामले में ई-रिक्शा चालक राजकुमार महरा एक महत्वपूर्ण गवाह के रूप में सामने आया है। पुलिस को दिए गए बयान में राजकुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने उसे भारी सूटकेस को ले जाने के लिए 500 रुपये दिए थे। रास्ते में सूटकेस का वजन अधिक होने के कारण उसका रिक्शा खराब हो गया, और उसे मजबूरी में सूटकेस को सड़क किनारे छोड़ना पड़ा। बाद में उसी स्थान से पुलिस ने एक संदिग्ध सूटकेस बरामद किया, जिसमें नेपाल की युवती रूबी का शव मिला।

पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट किया गया है कि पूरे मामले की जांच प्रक्रियागत और तथ्यों के आधार पर की जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचने की अपील की गई है

पुलिस की अपील:
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से बिना पुष्टि के किसी भी तरह की जानकारी को साझा न करें। मामले की गहनता से जांच जारी है और आगे की कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है। यह एक संवेदनशील मामला है और संबंधित अधिकारियों द्वारा सभी पक्षों से जानकारी लेकर निष्पक्ष जांच की जा रही है। कृपया भ्रामक खबरों से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करें।

आरएसएस और भाजपा के बीच कोई मतभेद नहीं: मोहन भागवत

नागपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि संघ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच किसी प्रकार का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि संघ एक वैचारिक संगठन है, जो समय-समय पर विभिन्न मुद्दों पर सलाह और सुझाव देता है, लेकिन किसी भी निर्णय पर अंतिम मुहर भाजपा ही लगाती है।

भागवत ने कहा कि वर्तमान में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के साथ आरएसएस का अच्छा समन्वय है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि संघ का परंपरागत तौर पर हर सरकार के साथ बेहतर तालमेल रहा है। चाहे राज्य सरकारें हों या केंद्र की सरकार, संघ हमेशा सहयोग और संवाद की भूमिका निभाता है।

आरएसएस प्रमुख ने हालांकि यह भी स्वीकार किया कि शासन व्यवस्था के स्तर पर कुछ आंतरिक विरोधाभास बने रहते हैं, जिन्हें समय और संवाद के माध्यम से सुलझाया जाता है।

उन्होंने कहा, “हमारा हर सरकार के साथ अच्छा समन्वय रहा है। वर्तमान में भी केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के साथ हमारा सहयोगात्मक रिश्ता है। संघ सुझाव देता है, लेकिन निर्णय लेने का अधिकार सरकार का ही है।”

राजनीतिक हलकों में अक्सर उठने वाले सवालों और अटकलों पर विराम लगाते हुए मोहन भागवत ने यह संदेश दिया कि संघ और भाजपा के बीच रिश्ते परस्पर सहयोग और संवाद पर आधारित हैं, न कि किसी टकराव पर।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्घटनाओं में मृत सरकारी कर्मचारियों के परिजनों को सौंपा 1-1 करोड़ का मुआवजा

रांची (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को राज्य के तीन सरकारी कर्मचारियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। यह आर्थिक सहायता राज्य सरकार की विशेष बीमा योजना के तहत प्रदान की गई है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जिन कर्मचारियों के परिवारों को यह सहायता दी गई, उनमें गुमला के कांस्टेबल अजीत कुमार, सरायकेला के कांस्टेबल अनिल कुमार और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुशील कुमार मरांडी शामिल हैं। ये तीनों अलग-अलग दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा बैठे थे।

राज्य विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मृतक कर्मचारियों के परिवारों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। इस दौरान उन्होंने कहा,

“हमारी सरकार राज्य में कार्यरत उन कर्मचारियों के परिवारों के साथ हमेशा खड़ी है, जिनकी सेवा के दौरान किसी दुर्घटना में मृत्यु हो गई। मृतक कर्मचारियों के परिवारों को उनके अधिकार और हक सम्मान के साथ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।”

मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी लिखा कि यह कदम सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत सेवा काल में हादसे का शिकार होने वाले कर्मियों के परिजनों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दी जा रही है।

इस योजना के तहत अब तक कई शहीद और दुर्घटनाग्रस्त कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहयोग दिया जा चुका है। सरकार का दावा है कि आने वाले समय में इस तरह की योजनाओं को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा।

बच्चों द्वारा भीख मांगना-(एक सामाजिक बुराई)

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

यदि कोई भी व्यक्ति किसी किशोर अथवा बच्चे से भीख मंगवाता है अथवा इस उद्देश्य से रोजगार पर रखता है तो उसे 3 वर्ष तक कैद की सजा दी जा सकती है और उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है आईपीसी की धारा 363A के तहत बच्चों के द्वारा भीख मंगवाने पर 10 साल की कारावास का प्रावधान है लेकिन फिर भी स्थिति में सुधार नहीं है आज भी बच्चे भीख मांगते नजर आते हैं अक्सर छोटे बच्चों को भीख मांगते या हाथ फैलाए रास्ते में चौराहे मंदिर बस स्टेशन रेलवे स्टेशन तथा होटलों के सामने आपने अवश्य देखा होगा भीख मंगवाना या बच्चों से काम करवाना घोर अपराध है क्योंकि लेकिन हम सभी इस विषय पर विचार करने के बजाय आगे बढ़ जाते हैं इस तरह से हम सभी अपने नैतिक तथा सामाजिक दायित्व की अवहेलना करते हैं हमारे द्वारा इस समस्या पर गंभीरता से विचार अथवा कार्यवाही ना करना ही इस अपराध को बढ़ाने में मददगार साबित होता है और अपराधी निर्भीक होकर बच्चों का शोषण करता है यूनिसेफ की माने तो दुनिया भर में तकरीबन 10 मिलियन बच्चे बाल श्रम में लिप्त हैं गरीबी भूखमरी तथा आय की असमानताओं के चलते देश में एक वर्ग ऐसा भी है जिसे भोजन कपड़ा और आवास जैसी आधारभूत सुविधाएं भी प्राप्त नहीं हो पाती हैं यह वर्ग कई बार मजबूर होकर भीख मांगने का विकल्प अपना लेता है कई बार गरीबी से पीड़ित व्यक्ति की मजबूरी का फायदा कुछ विरोधी उठाते हैं ऐसे गिरोह संगठित रूप से भिक्षावृत्ति के रैकेट चलाते हैं यह गरीब व्यक्तियों को लालच देकर या डरा धमकाकर नशीले ड्रग्स देकर भीख मांगने को मजबूर करते हैं भीख मांगना एक सामाजिक बुराई है जिसे जड़ से मिटाने के लिए निम्नलिखित प्रयास किया जाना चाहिए—
1-भिक्षावृत्ति पर कड़ाई से प्रतिबंध लगाना चाहिए
2-किसी को भी भिक्षा वृत्ति को बढ़ावा नहीं देना चाहिए
3-भूखे व जरूरतमंदों को खाना
कपड़ा देना चाहिए
4-भिक्षावृत्ति करने वालों का पहचान पत्र होना चाहिए

सीमा त्रिपाठी
शिक्षिका साहित्यकार लेखिका

सीडीओ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न

औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में स्थापित होगा विद्युत सब स्टेशन,सीडीओ

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)l मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने पिछले माह की बैठक में लिए गए निर्णय के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों से अवगत कराया। साथ ही बैठक में विभिन्न एजेंडा बिन्दुओं के संबंध में विस्तृत रूप से बताया। जनपद में निवेश प्रस्ताव हेतु इंटेंट तथा इनके धरातल पर लाने के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि जनपद में निवेश हेतु कुल 122 इंटेंट के एमओयू साइन हुए हैं जिसमें रुपया 27163.94 करोड़ पूंजी निवेश तथा 26290 का रोजगार सृजन प्रस्तावित है। उक्त एमओयू प्रस्तावों में से 38 प्रस्ताव जिसमें लगभग रुपया 906 करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर आ चुके हैं। जिसमें से 26 प्रस्तावों का कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। उद्यमी मित्र ने समिति को बताया कि अगले एक महीने में एक और प्रस्ताव का कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की संभावना है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जनपद को भौतिक 123 तथा वित्तीय 238 लाख रुपए का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, इसमें 69 आवेदन पत्र बैंकों में प्रेषित हैं, 31 आवेदन पत्र स्वीकृत तथा 25 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्रवाई विभिन्न बैंकों द्वारा कर दी गई है। एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण मार्जिन मनी योजना के अंतर्गत जनपद को भौतिक 33 तथा वित्तीय 99 लाख रुपए का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना के अंतर्गत 21 आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों में प्रेषित किया जा चुका है, जिसमें 14 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति तथा 07 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत जनपद को भौतिक लक्ष्य 1850 का प्राप्त हुआ, इस योजना के अंतर्गत 1850 के सापेक्ष 2113 आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों को प्रेषित किया जा चुका है, जिसमें 743 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति एवं 688 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्रवाई विभिन्न बैंकों द्वारा कर दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए गए कि योजना परक विभिन्न योजनाओं से प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाएं।
बी 9 औद्योगिक क्षेत्र के ऊपर से बिजली विभाग का 33000 वोल्ट का पोस्ट शिफ्ट किए जाने के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि जल्द ही पोल शिफ्टिंग का कार्य कर लिया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर के नालों की सफाई के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि नालों की साफ सफाई का कार्य समय-समय पर कराते रहें। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब स्टेशन बनाने के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की स्वीकृति दी गई।
उद्यमी द्वारा बताया गया कि जनपद में सीमेंट से निर्मित प्रोडक्ट चौखट, ब्रेंच सहित विभिन्न सामग्री बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहे हैं, जो लोगों को कम कीमत पर आसानी से उपलब्ध हो जा रहा है, उद्यमियों द्वारा मांग की गई कि सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजना एक जनपद एक उत्पाद योजना में सम्मिलित कराया जाय।
इसके अलावा उद्यमियों द्वारा मांग की गई कि जनपद के उद्योग का बड़े स्तर पर आयात निर्यात हो सके इसके लिए मंडल स्तर पर बृहद उद्यमी मेला लगवाए जाएं जिसमें जनपद के उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए अपने प्रोडक्ट का नमूना पेश कर सके, जिससे उद्यमियों के प्रोडक्ट का प्रचार प्रसार भी हो जाएगा और उनके आयात निर्यात में भी वृद्धि होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उद्यमियों द्वारा उठाए गए समस्याओं का निराकरण एवं की गई मांग को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेने का आश्वासन दिया गया।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत भुवन राज सिंह, लीड बैंक मैनेजर अनिल कुमार सिन्हा, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र सहित सभी उद्यमी उपस्थित रहे।

राहुल गांधी की यात्रा में पीएम मोदी व उनकी दिवंगत मां पर टिप्पणी की निंदा, योगी आदित्यनाथ बोले – यह राजनीतिक पतन का संकेत

लखनऊ/पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने की कड़ी निंदा की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि,
“कांग्रेस और राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के मंच से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लिए प्रयुक्त अभद्र भाषा अत्यंत निंदनीय एवं राजनीतिक मर्यादा का पतन है।”

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को जनहित के मुद्दों पर स्वस्थ बहस करनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत आक्षेप लगाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को आहत करना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने इसे भारतीय राजनीति में गिरते स्तर का प्रतीक बताया।

गौरतलब है कि राहुल गांधी इन दिनों बिहार में अपनी मतदाता अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा में कांग्रेस और आरजेडी दोनों दल मिलकर मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसी दौरान एक सभा में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां को लेकर विवादित टिप्पणी सामने आई, जिस पर सियासी तूफ़ान खड़ा हो गया है।

इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने भी विपक्ष पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस और राजद खेमे से अब तक कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है।