सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शिक्षा क्षेत्र रेहराबाजार के कंपोजिट विद्यालय बसावन बनकट में मेजर ध्यानचंद्र की स्मृति में कबड्डी चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन प्रधानाध्यापक वंशराम कनौजिया व सहायक अध्यापक अमित कुमार सिंह ने किया।
बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रगति टीम ने उन्नति टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग में तेजस टीम विजेता बनी जबकि सक्षम टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी रेहराबाजार रमेश कुमार वर्मा ने विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
इस अवसर पर बीईओ रेहराबाजार रमेश कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह, सतीश कुमार सिंह, वंशराज कनौजिया, पंकज चतुर्वेदी, पियूष दूबे, गौरव सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, सुरेंद्र कुमार, अमित सिंह, देवसागर दूबे, प्रीति सिंह, सरिता वर्मा, कविता तिवारी, राजेंद्र कुमार, मीरा वर्मा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्यजनों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी चैम्पियनशिप, प्रगति व तेजस टीम रही विजेता
अभिविन्यास कार्यक्रम में प्राचार्य और शिक्षकों ने दी प्रेरणादायी सीख

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षा शास्त्र विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का अभिविन्यास कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र ही नहीं, बल्कि मूल्य, संस्कार और जीवन-निर्माण का भी मंदिर है। आपने यहाँ प्रवेश लेकर एक सुनहरे भविष्य की नींव रखी है। महाविद्यालय का प्रत्येक कक्षा-कक्ष, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल का मैदान आपको कुछ नया सिखाने के लिए तत्पर है। यह वह स्थान है जहाँ आपके सपने पंख लेंगे, आपकी कल्पनाएँ मूर्त रूप लेंगी और आपकी प्रतिभा निखर कर सामने आएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अनुशासन, परिश्रम और सृजनशीलता को जीवन का मूलमंत्र बनाएं। विभागाध्यक्ष डॉ. निधि राय ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिक्षा शास्त्र के महत्व और विभाग की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। डॉ. श्याम सिंह ने आत्म-विकास, चिंतन और शोध को विद्यार्थियों के लिए आवश्यक बताया। डॉ. त्रिभुवन मिश्रा ने शिक्षा शास्त्र को समाज परिवर्तन का साधन बताते हुए विद्यार्थियों को शोध एवं मूल्यपरक शिक्षा की ओर प्रेरित किया। डॉ. अखंड प्रताप सिंह ने अनुशासन और सृजनशीलता पर बल दिया, जबकि डॉ. सुजीत कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को जिज्ञासा और समय के सदुपयोग को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। अभिविन्यास कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी अपनी उत्सुकता व्यक्त की। संचालन राधा गोड़ ने किया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ सोनी, मुस्कान, दीपाली, श्वेता, काजल और कुमकुम ने दीं। अंत में आभार ज्ञापन डॉ. जागृति विश्वकर्मा ने किया। उक्त जानकारी डा. जितेंद्र पाण्डेय ने दी है।
सहयोग संस्था ने शहवाजनगर में किया पौधारोपण

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद की चर्चित सहयोग संस्था के पदाधिकारियो ने ग्राम पंचायत शहवाजनगर स्थित रोमी आनंद के फार्म हाउस पर पहुंचकर रेलवे पटरी के किनारे किनारे 300 पौधे रोपित किये । फार्म हाउस पर पहुंचे सभी पदाधिकारियो का प्रीति आनंद ने स्वागत किया , और कहा कि इस समय जनपद में सबसे ज्यादा काम करने वाली संस्था सहयोग संस्था है । संस्था की अध्यक्ष रजनी गुप्ता एवं महासचिव विकास सक्सेना ने बताया कि हमारी संस्था ने इस सत्र में 6000 पौधे लगाने का संकल्प लिया हुआ था। जो कि अब पूरा होने वाला ही है। और पौधारोपण के साथ-साथ हमारी संस्था जनहित के सभी कार्यों को कर रही है और हमारी पूरी कोशिश है की ज्यादा से ज्यादा लोग हमारी संस्था से जुड़े। जिससे कि हम पूरे जनपद वासियों की सेवा कर पाए। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक अनिल गुप्ता प्रधान एवं शाहनवाज खा एडवोकेट, महेंद्र दुबे, सरदार हरजीत सिंह, अमर दीप सिंह, लुबना जिया, शिवम वर्मा, संगीता गुप्ता, प्रीती आनंद, राहुल आनंद, ममता यादव, राशू, मानस, अभिषेक गुप्ता, अतुल गुप्ता, सुधीर, शबाब आदि सभी शामिल हुए।
मेरा युवा भारत द्वारा हर्षोल्लास से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 120वी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन पूरे उत्साह व उमंग से किया गया। जिसके अंतर्गत जिला युवा कल्याण अधिकारी एनके सिंह, जिला युवा अधिकारी माय भारत मयंक भदौरिया, प्रधानाचार्य सौरभ वार्ष्णेय, डीपीओ डॉ. विनय सक्सेना द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। तत्पश्चात जिला युवा कल्याण अधिकारी एनके सिंह ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जीवन में कभी हार न मानने और निरन्तर प्रयासरत रहने की सीख दी। जिला युवा अधिकारी माय भारत मयंक भदौरिया ने खेलो भारत नीति 2025 पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए उसके विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और फिट इंडिया अभियान अंतर्गत सभी से अपनी दैनिक जीवनशैली में कोई न कोई शारिरिक गतिविधि शामिल करने व खेलों को समय देने की बात कही। प्रधानाचार्य सौरभ वार्ष्णेय ने भी खेलों से होने वाले स्वास्थ्य लाभ, मानसिक लाभ एवं व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में खेलों के विशेष महत्व पर चर्चा की। कार्यक्रम अंतर्गत लंबी कूद, 400 मीटर दौड़, बैडमिंटन व वालीबॉल की प्रतिस्पर्धा आयोजित की गयीं। वालीबॉल में मेजर ध्यानचंद टीम विजेता जबकि सुभाष चंद्र बोस टीम उपविजेता रही। 400 मीटर दौड़ में प्रथम विशाल, द्वितीय आदित्य वर्मा व तृतीय स्थान पर सुमित पाल रहे तो वहीं लंबी कूद में प्रथम अथर्व प्रताप सिंह, द्वितीय अभिषेक कश्यप व तृतीय स्थान अभिज्ञान ने प्राप्त किया तो वहीं बैडमिंटन में अटल विजेता और अनंत गुप्ता उपविजेता रहे। सभी विजेताओं को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र से पुरुस्कृत किया गया और अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ओम कश्यप, योगेंद्र सिंह, रेनू यादव, अदिति यादव को भी प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया गया। नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत डी पी ओ डॉ विनय सक्सेना द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें विजेताओं दिव्यांशु, अभय प्रताप सिंह, अभिज्ञान राठौर, कार्तिक शुक्ला और विनय यादव को जिला गंगा समिति द्वारा मेडल से पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम में व्यायाम प्रशिक्षक सत्येंद्र कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शुभम सिंह, शिक्षक महेंद्र सिंह, हिमांशु सक्सेना, मनोज, अजय समेत कॉलेज के अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
दोनों घरों में नहीं बना खाना आंसुओं की धारा रुकने का नाम नहीं ले रही

सचिन के घर व ससुराल में पसरा रहा सन्नाटा
पुलिस की आवाजाही से लोग घर आने से कतरा रहे है
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। घर का चूल्हा ठंडा पड़ा रहा, किसी को खाना खाने की इच्छा ही नहीं हुई। दादी सीमा ग्रोवर रात भर करवटें बदलती रहीं नींद उनकी आंखों से कोसों दूर रही। क्योंकि घर का चहकता पंछी, मासूम फतेह अब घर में नहीं था। फतेह जो पूरे घर का लाडला था, जिसकी किलकारियों से आंगन गूंज उठता था जिसकी नन्ही शरारतें थकान को भी भुला देती थीं। उसकी यादें ही अब रह गई हैं। दादी का दिल बार-बार पूछता है मेरा फतेह कहां है लेकिन जवाब में बस सन्नाटा मिलता है।
फतेह जो पूरे घर की धड़कन था। उसकी मासूम हंसी में घर की रौनक थी, उसके नन्हे कदमों की आहट सुनते ही दादी की थकान मिट जाती थी। मां की गोद उसका संसार था और पापा की ऊंगली थामकर वो मानो पूरी दुनिया जीत लेता था, आज वही आंगन सूना है वही घर अधूरा है। नानी संध्या मिश्रा का घर भी खाली-खाली है। जहां फतेह आते ही रंग भर देता था, हां अब उदासी पसरी हुई है। दीवारें भी जैसे गुमसुम हो गई हैं। वो खिलखिलाहट वो मासूम हंसी अब सिर्फ यादों में गूंजती है। फतेह के बिना घर अधूरा है। मानो आंगन से चांद गायब हो गया हो। उसके नाम से पुकारने पर कोई जवाब आता नहीं। बस आंखों से आंसुओं की बौछार बह निकलती है। फतेह की याद में हर कोई टूट चुका है पर उसकी मासूमियत और प्यारी छवि हमेशा दिलों में जिंदा रहेगी। फतेह तो छोटा था, लेकिन उसके जाने का खालीपन पहाड़ सा बड़ा हो गया है। उसकी याद में हर कोना रो रहा है बिस्तर जहां वो लोट-पोट करता था, खिलौने जो अब बेजान पड़े हैं और वो कपड़े जिनसे अभी भी उसकी मासूम खुशबू आती है।
नवचयनित मुख्य सेविकाओं की तैनाती हेतु पोर्टल पर भरनी होंगी जनपद वरीयताएं
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के अंतर्गत नवचयनित मुख्य सेविकाओं की तैनाती के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल https://icdspreference.upsdc.gov.in विकसित किया गया है। यह पोर्टल 01 से 07 सितम्बर तक रात्रि 12 बजे तक सक्रिय रहेगा। नवचयनित मुख्य सेविकाओं को मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर पोर्टल पर उपलब्ध सभी जनपदों की वरीयताएं भरनी होंगी। वरीयताएं भरने के बाद पुष्टिकरण संदेश एसएमएस के जरिए प्राप्त होगा। पोर्टल पर विकल्पों को लॉक करने से पूर्व संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। एक बार विकल्प लॉक हो जाने के बाद कोई परिवर्तन संभव नहीं होगा। वरीयताएं लॉक करने के उपरांत आवेदक पोर्टल से अपनी वरीयता फार्म की प्रिंट कॉपी भी निकाल सकेंगी। जनपद आवंटन प्रक्रिया परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट क्रम से होगी। ऑनलाइन वरीयता सबमिशन पोर्टल से संबंधित किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी में सुधार के लिए जिला कार्यक्रम कार्यालय बलिया, महबूब मंजिल, गड़वार रोड से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए ईमेल– dpoballia@gmail.com तथा मोबाइल नंबर 9415263657 और 9519657404 जारी किए गए हैं।
विद्युत करंट से बुजुर्ग की मौतरसुलपुर निवासी गोरख यादव हादसे का शिकार
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रसुलपुर निवासी 70 वर्षीय गोरख यादव की गुरुवार देर शाम विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वे अपने घर के पीछे लटके तार पर चढ़ी घास हटा रहे थे। इसी दौरान कटा हुआ तार उनके हाथ में आ गया और वे करंट की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पुत्र ललन यादव ने इसकी सूचना थाने पर दी थी।
मगहर मे हाईवे ओवरब्रिज स्वीकृत होने पर लोगों में खुशी की लहर, बांटी गई मिठाई

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पंचायत मगहर और आस पास क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। लंबे समय बाद नेशनल हाईवे-28 पर मगहर मे ओवरब्रिज की मांग को स्वीकृति मिल गई है। जैसे ही यह जानकारी स्थानीय नागरिकों तक पहुँची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और इस निर्णय के लिए सरकार व प्रशासन का आभार जताया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ओवरब्रिज बन जाने से न केवल जाम की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आएगी। समाजसेवी गौरव निषाद, जिन्होंने ब्रिज की मांग को लेकर अनेकों बार पत्राचार किया था, ने कहा कि “यह ओवरब्रिज मगहर सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। वर्षों से लोग जिस समस्या से जूझ रहे थे, अब उससे राहत मिलेगी। हमारी आवाज़ को सुनकर इसे स्वीकृति देना सरकार का सराहनीय कदम है।”
स्कूल प्रबंधक ई. अरुण गुप्ता ने इसे क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि “यह ब्रिज नेशनल हाईवे-28 पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा और व्यापार व रोजगार के नए अवसर खोलेगा।” स्थानीय निवासी क्लामुद्दीन ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “मगहर का यह ओवरब्रिज आम जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके निर्माण से विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा स्थानीय लोगों को बहुत सहूलियत मिलेगी।” स्थानीय व्यापारियों और आम जनता ने उम्मीद जताई कि परियोजना जल्द शुरू होगी और मगहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
स्थानीय बनकटा पुलिस द्वारा गौ तस्करों की गिरफ्तारी:गत दिनों पिकअप सहित कुछ लोग हुए थे फरार

बनकटा/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस अधीक्षक देवरिया विक्रांत वीर के द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी देवरिया व पुलिस क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी के कुशल निर्देशन एवं थानाध्यक्ष बनकटा नवीन कुमार चौधरी के कुशल पर्यवेक्षण में अभियान के तहत एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए रामपुर बुजुर्ग पुलिस चेकपोस्ट से एक अदद मय पिकअप वाहन सहित कुल 12 गौवंशीय पशु बरामद किए हैं। जिनमें से एक मृत सहित शेष 11 जीवित पशु बरामद हुए हैं। वहीं यह बड़ी कार्यवाही स्थानीय बनकटा पुलिस के तस्करों के विरुद्ध अभियान के तहत करते हुए सख्त कार्यवाही का संदेश भी अन्य पशु तस्करों को दे दिया है। जबकि थाना प्रभारी बनकटा के द्वारा तत्काल गिरफ्तार किए गए सभी पशु तस्करों के विरुद्ध नियम संगत एवं आवश्यक विधिक कार्यवाही किया गया है। जिनमें मु0 अ0 स0 – 105/2025 धारा 3/5 ए/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम व 61(2)(a) बीएनएस बनाम 1–महबूब आलम उर्फ समीर पुत्र साकिर अहमद निवासी मीरपुर मझौआ थाना रामपुर जनपद मऊ, 2–रेयाज खान उर्फ बिकाऊ पुत्र रजब अली निवासी बसारिख पुर थाना सिकंदरपुर जनपद बलिया, 3–सेराजखान उर्फ रियाज पुत्र रजब निवासी बसारिख पुर थाना सिकंद3रपुर जनपद बलिया, 4–सलमान पुत्र परवेज निवासी मीरपुर मझौआ थाना रामपुर जनपद मऊ, उक्त सभी के विरुद्ध उपरोक्त अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई है। उपरोक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में सीनियर सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश दुबे, हेड कांस्टेबल प्रमोद प्रजापति, का 0 विद्यासागर, का 0 संदीप निगम पी आरडी कुशवाहा शामिल रहे हैं।
खेल जीवन को अनुशासित और स्वस्थ बनाने का माध्यम हैं: डॉ. ऑरपी यादव


मेजर ध्यानचंद को याद कर खेलों में करियर पर चर्चा
बिछुआ/मध्य प्रदेश (राष्ट्र की परम्परा)। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं इनोवेशन एण्ड इन्क्यूबेशन सेन्टर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित शासकीय महाविद्यालय बरघाट की क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सायमा सरदेशमुख ने “खेलों में रोजगार” विषय पर सारगर्भित वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अवसर देना और खेलों के प्रति समाज में जागरूकता लाना बेहद ज़रूरी है।
सेमिनार की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. आर.पी. यादव ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व पर प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित और स्वस्थ बनाने का माध्यम हैं। खेल हमें हार-जीत से ऊपर उठकर परिश्रम, टीम भावना और धैर्य सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहें, क्योंकि खेल आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मानसिक संतुलन बढ़ाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में खेलों को करियर के रूप में अपनाने की संभावनाएँ बढ़ी हैं और विद्यार्थियों को इस दिशा में अवसर तलाशने चाहिए।
स्वागत भाषण आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. अजीत डेहरिया ने तथा आभार प्रदर्शन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नीरज खंडागले ने किया। मंच संचालन नोडल अधिकारी डॉ. फरहत मंसूरी ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की गतिविधियों में और एनएएसी टीम के समक्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही फ्यूजन अकादमी दिल्ली की संस्थापक शाजिया सरदेशमुख द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र दिए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पूजा तिवारी, डॉ. नसरीन अंजुम खान, अजीत गौतम, डॉ. नोखेलाल साहू सहित समस्त प्राध्यापकगण तथा लगभग 136 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
01 सितम्बर को सभी विद्यालयों में चलाया जाएगा “हमारा विद्यालय–हमारा स्वाभिमान” संकल्प अभियान
बलिया(राष्ट्र की परम्पर)
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर आगामी 01 सितम्बर को जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह की प्रार्थना सभा में शिक्षक और छात्र-छात्राएं विद्यालय की स्वच्छता, अनुशासन, समानता, शिक्षा और संस्कारों को लेकर पाँच संकल्पों की शपथ लेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर कहा है कि इस अभियान को हर हाल में सफल बनाना होगा और प्रत्येक विद्यालय को प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित करना होगा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने लक्ष्य रखा है कि पूरे देश के पाँच लाख से अधिक विद्यालय इस अभियान में शामिल हों। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को यह संकल्प दिलाया जाएगा कि विद्यालय को स्वच्छ, हरित, अनुशासित एवं प्रेरणास्पद बनाए रखा जाएगा, विद्यालय की संपत्ति को राष्ट्रधन मानकर उसकी रक्षा की जाएगी तथा शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम न मानकर चरित्र निर्माण और समाज सेवा का साधन बनाया जाएगा। डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि 01 सितम्बर को प्रत्येक विद्यालय में यह अभियान अनिवार्य रूप से आयोजित होगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नीरज शेखर व डीएम ने खिलाड़ियों को दिलाई फिटनेस की शपथ

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि सांसद नीरज शेखर व जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर व मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद ने कहा कि खेल जीवन को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाते हैं। हर साल सांसद खेल महोत्सव का आयोजन होगा। जल्द ही विभागीय पोर्टल खुलेगा, जिसमें खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदर्शित फिल्म का लाइव प्रसारण दिखाया गया। सांसद व डीएम ने हॉकी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और नवनिर्मित जिम हॉल का निरीक्षण भी किया।
खिलाड़ियों को शपथ दिलाई गई कि वे फिट, मानसिक रूप से मजबूत व संतुलित रहेंगे तथा परिवार व मित्रों को भी खेल व फिटनेस गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में सीडीओ ओजस्वी राज, एसपी ओमवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा, क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाल यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी व अधिकारी मौजूद रहे।
11 साल से कब्जे में है गर्ल्स हॉस्टल, छात्राओं को अब तक नहीं मिला आवंटन





देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) द्वारा सत्र 2013-14 में संत विनोबा पी.जी. कॉलेज, देवरिया में 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित गर्ल्स हॉस्टल आज तक छात्राओं को आवंटित नहीं किया जा सका है। गरीब, किसान और मजदूर परिवार की बेटियाँ किराए के कमरों में रहने को मजबूर हैं, जबकि हॉस्टल पर कॉलेज के ही कुछ प्राध्यापकों ने कार्यालय बनाकर कब्जा जमा लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, तत्कालीन प्राचार्य श्री सचिदानंद शुक्ल के कार्यकाल में हॉस्टल का निर्माण पूरा हुआ था। इसके बाद लगातार प्राचार्य और जिलाधिकारी देवरिया को पत्राचार कर छात्राओं को आवंटन कराने की मांग की गई। लेकिन 11 वर्ष बीत जाने के बाद भी छात्राओं को हॉस्टल नहीं मिल पाया।
शिकायत और जाँच
15 सितम्बर 2014 को इस मामले पर यूजीसी को पत्र भेजा गया।
16 सितम्बर 2017 को अनुस्मारक पत्रक भेजा गया।
20 अगस्त 2018 को जिलाधिकारी देवरिया को पत्र दिया गया।
तत्कालीन जिलाधिकारी श्रीमती अनिता श्रीवास्तव ने भ्रष्टाचार और कब्जे की शिकायत पर 08 फरवरी 2015 को उपजिलाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार मिश्रा की संयुक्त टीम से जांच कराई। टीम ने कब्जे की पुष्टि की।
जांच रिपोर्ट में साफ लिखा गया कि गर्ल्स हॉस्टल छात्राओं के लिए बना है, लेकिन उसमें प्रोफेसर शैलेन्द्र राव, अशोक सिंह समेत कई शिक्षक और प्रबंधक मंडल से जुड़े लोग कार्यालय खोलकर बैठे हैं।
छात्राओं की मजबूरी और हादसा
पूर्वांचल जैसे पिछड़े इलाके की छात्राएँ, जो विधि विभाग, स्नातक और परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश लेकर पढ़ाई करने आती हैं, उन्हें किराए के मकानों में रहना पड़ रहा है।
22 अगस्त 2024 को कॉलेज की दो छात्राओं की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद प्राचार्य श्री अर्जुन मिश्र ने कब्जाधारियों को हटाने और हॉस्टल छात्राओं को आवंटित कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
छात्राओं की माँग
छात्राओं और अभिभावकों का कहना है कि जब सरकार ने छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए करोड़ों की राशि खर्च कर हॉस्टल बनवाया, तो उसे तत्काल कब्जे से मुक्त कराकर विधिवत छात्राओं को आवंटित किया जाना चाहिए।
अब सवाल उठता है कि आखिर कब कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन गंभीरता दिखाकर 11 साल से कब्जे में पड़े गर्ल्स हॉस्टल को छात्राओं को सौंपेगा?
अनाज से बनाए गए गणपति बप्पा

इन्दौर/मध्यप्रदेश(राष्ट्र की परम्परा )l अन्नदाता गणपति “भारत के किसानों को समर्पित श्रद्धा, सेवा और संकल्प का प्रतीक” यह गणपति जी का रूप उन हाथों को नमन है, जो धरती से अन्न उपजाकर पूरे विश्व का पेट भरते हैं। प्राकृतिक और कृषि-आधारित सामग्री से निर्मित “सरसों, मसूर, उड़द, जूट, रागी, मक्का, तिल, बाजरा, चावल, बीज और अनाज। मध्यप्रदेश अन्न और तिलहन का भंडार, हमारे बप्पा किसानों की समृद्धि और हरियाली के वरदाता है। किशोर,गहलोत २० वर्षों से गणपति जी का रूप अनाज से प्रदर्शित कर रहे हैं। भक्ति और नवाचार का संगम हर वर्ष एक नया रूप, एक नई श्रद्धा के साथ किशोर गहलोत दुनिया के सामने प्रदर्शित कर रहे हैं। किशोर ” 353 अशोक नगर एयरपोर्ट रोड इंदौर सेंट गिरी स्कूल के पीछे हनुमान मंदिर वाली गली के रहवासी हैं। किशोर ने अपनी कला को दुनिया के सामने एक अद्भुत रूप में प्रदर्शित किया हैं।
