Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 748

मोदी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर सियासत गरमाई, प्रशांत किशोर ने कांग्रेस से कहा माफी मांगे

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के एक कार्यकर्ता द्वारा मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के बाद राजनीति गरमा गई है। इस मामले में भाजपा को जन सुराज पार्टी का साथ मिला है। जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस को इस घटना पर देश से माफी मांगनी चाहिए।

इसी मुद्दे को लेकर पटना में भाजपा का प्रदर्शन हुआ और अब पार्टी ने दिल्ली में भी आंदोलन तेज कर दिया है। वहीं, राहुल गांधी के खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इधर समस्तीपुर में आयोजित “बिहार बदलाव सभा” में प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी की मां को गाली देना पूरी तरह निंदनीय है। नरेंद्र मोदी सिर्फ भाजपा के नेता नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं और उन्हें पूरे देश का प्रतिनिधि माना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मोदी की नीतियों और कामकाज का विरोध करना गलत नहीं है। मैं भी कहता हूं कि वे बिहार से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्रियां लगाते हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि गाली-गलौज की जाए। किसी की मां-बहन को गाली देना कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी के लिए बिल्कुल शोभनीय नहीं है।”

इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि बिहार की सियासत में यह विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा।

बलिया में फर्जी OLA कस्टमर सर्विस प्रोवाइडर बनकर ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलिया जिले से एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को OLA कम्पनी का कस्टमर सर्विस प्रोवाइडर बताकर विभिन्न प्रदेशों में ऑनलाइन ठगी करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्पित दुबे पुत्र स्व. विपुल दुबे निवासी मिश्र नेवरी थाना कोतवाली के रूप में हुई अभियुक्त का बचपन का मित्र मौसम कुमार शर्मा ने पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। इसमें उसने आरोप लगाया कि अर्पित दुबे ने उसके मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और बैंक खाते का इस्तेमाल कर ठगी की। यहां तक कि उसने 1XBET पर उसके नाम से यूजर आईडी भी बनाई और खाते में कई बार रकम मंगाई। तहरीर में यह भी कहा गया कि आरोपी ने दोस्ती का विश्वास जीतकर उससे मोबाइल नंबर, ईमेल और बैंक खाता इस्तेमाल करवाया, जिससे उसके खाते पर होल्ड लगा और मध्य प्रदेश से उसके नाम पर शिकायत दर्ज हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अर्पित दुबे के खिलाफ धारा 66C, 66D IT Act के तहत मुकदमा दर्ज किया और मुखबिर की सूचना पर उसे बस स्टैंड चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल और 10 सिम कार्ड बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह वर्ष 2022 से OLA इलेक्ट्रिक (स्कूटी) कस्टमर सर्विस प्रोवाइडर बनकर वर्क फ्रॉम होम के नाम पर लोगों को कॉल करता था और उनसे रकम ऐंठता था। इस दौरान मिले धन को वह अपने दोस्त के खाते में भेजवाता था। बरामद मोबाइल और सिम की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ NCRP पोर्टल पर करीब 41 वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 10 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस का मानना है कि आरोपी के पास अन्य मोबाइल और डिवाइस भी हो सकते हैं। उसकी संलिप्तता और सहयोगियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस अपराध में जो भी शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह गिरफ्तारी साइबर अपराधों पर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का 14वां दिन, भोजपुर में दिखा विपक्षी एकजुटता का नजारा

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा शनिवार को 14वें दिन भोजपुर जिले में पहुंची। यात्रा की शुरुआत सारण जिले से हुई और भोजपुर में दाखिल होने से पहले कई विधानसभा क्षेत्रों से गुज़री। इस दौरान विपक्षी एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला, जब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राजद नेता तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य भी यात्रा में शामिल हुए।

भोजपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में से चार पर महागठबंधन का कब्ज़ा है, लेकिन आरा, बढ़हरा और संदेश सीटों पर संगठन की पकड़ कमजोर मानी जाती है। इन्हीं क्षेत्रों को कवर करने के लिए राहुल गांधी और विपक्षी नेता एक साथ सड़कों पर उतरे।

विपक्षी नेताओं की मौजूदगी

इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, भाकपा-माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। यात्रा को मजबूती देने के लिए युवा चेहरों और खिलाड़ियों को भी जोड़ा गया। वॉलीबॉल खिलाड़ी सोनू कुमार के नेतृत्व में 750 खिलाड़ियों का दल 14 किलोमीटर तक यात्रा के साथ चला।

यात्रा का मार्ग

शनिवार को यात्रा की शुरुआत सारण जिले के छपरा के दरौंधा स्थित उमाशंकर सिंह कॉलेज से हुई। इसके बाद यह एकमा चौक होते हुए एकमा विधानसभा क्षेत्र से गुजरी। छपरा पहुंचने पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।
इसके बाद यात्रा दाउदपुर और माझी विधानसभा की ओर बढ़ी। छपरा शहर में यात्रा राजेंद्र कॉलेज, भगवान बाजार, दरोगा राय चौक, राजेंद्र स्टेडियम और जंगा चौक से गुजरते हुए भोजपुर जिले में दाखिल हुई।

राजनीतिक महत्व

विशेषज्ञ मानते हैं कि भोजपुर की इस यात्रा का मकसद महागठबंधन की पकड़ को मजबूत करना और कमजोर क्षेत्रों में संगठन को धार देना है। राहुल गांधी की इस यात्रा के बहाने विपक्ष ने एकजुटता का संदेश भी दिया है।

ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता नागेंद्र कुमार के ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति के कागजात बरामद

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर निगरानी ब्यूरो लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को ग्रामीण कार्य विभाग में पदस्थापित सहायक अभियंता नागेंद्र कुमार के पटना, गया और मोकामा स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। देर रात तक चली इस कार्रवाई में टीम ने भारी मात्रा में निवेश से जुड़े दस्तावेज और संपत्ति के कागजात बरामद किए।

नागेंद्र कुमार, जो मूल रूप से गया जिले के निवासी हैं, पटना के बोरिंग रोड स्थित स्नेह प्लाजा अपार्टमेंट (सरदार पटेल पथ, उत्तरी श्रीकृष्णापुरी) में किराये के मकान में रहते हैं। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान आय से अधिक संपत्ति के कई ठोस सबूत मिले हैं।

इससे पहले भी ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार राय पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया था। उस मामले में लाखों के नोट जलाए जाने का खुलासा हुआ था। जांच में अभियंता की बिहार और अन्य राज्यों में अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले थे। उनके और उनके नजदीकी लोगों के नाम पर करीब 24 डीड पेपर भी बरामद हुए थे।

इतना ही नहीं, ओडिशा और रोसड़ा में अभियंता की कंस्ट्रक्शन से जुड़ी फैक्ट्री भी सामने आई थी। अब नागेंद्र कुमार के मामले में भी अवैध कमाई और संपत्ति के कई स्रोत सामने आने की संभावना जताई जा रही है। निगरानी ब्यूरो द्वारा आगे की जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत अलग से DA केस दर्ज किया जा सकता है।

बिहार में बीते कुछ महीनों से भ्रष्ट अधिकारियों पर निगरानी ब्यूरो की लगातार कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।

रामबन में बादल फटा, तीन की मौत, पांच लापता

सांकेतिक फोटो

जम्मू-कश्मीर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) के रामबन जिले की राजगढ़ तहसील में शनिवार सुबह बादल फटने से तबाही मच गई। इस आपदा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत व बचाव दल ने लापता लोगों की खोज के लिए अभियान तेज कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित पर्वतीय क्षेत्र राजगढ़ में बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। मलबे और तेज बहाव में कई लोग फंस गए। अब तक दो महिलाओं समेत तीन शव बरामद किए जा चुके हैं।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते कई इलाकों में बादल फटने और फ्लैश फ्लड की घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार को बंदीपोर जिले के गुरेज सेक्टर में भी बादल फटा था, हालांकि वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।

सलेमपुर में युवती ने लोकलाज के भय से की आत्महत्या, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सलेमपुर/देवरिया ( राष्ट्र की परम्परा)।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के टीचर्स कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका के परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि युवती कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। घटना के पीछे सोशल मीडिया पर वायरल हुई उसकी फोटो को अनहोनी का कारण बताया जा रहा है।

परिजन बताते हैं कि बीते महीने उसकी शादी तय हुई थी, जो कि नवंबर महीने में होनी थी मगर इसी दौरान स्थानीय युवक ने उसके साथ का फोटो इंटरनेट पर वायरल कर दिया। लोकलाज और अपमान के डर से युवती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आगे की जांच शुरू कर दी गई। हुई

मृतका की मां सरोज देवी की शिकायती पत्र पर एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 351(3), तथा एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि समाज में किसी भी प्रकार की सामाजिक बदनामी या साइबर अपराध से पीड़ित लोगों को तत्काल सहायता और परामर्श लेना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाएं न हों।

12 वर्षीय हिमांशु का शव नहर से बरामद, हत्या की आशंका परिजनों ने किया हाइवे जाम

पुलिस पर लापरवाही का आरोप, आरोपियों की गिरफ्तारी व बुलडोजर कार्रवाई की मांग

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। महराजगंज शहर के चिउरहां वार्ड निवासी गणेश चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र हिमांशु चौधरी, जो 24 अगस्त की शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था, गुरुवार को देर रात दुबौली नहर से मृत अवस्था में बरामद हुआ। मासूम का शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।शुक्रवार सुबह परिजन और आक्रोशित ग्रामीणों ने फरेंदा रोड स्थित जिला उद्योग चौराहा पर हाइवे जाम कर दिया। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने और पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भीड़ ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कई बार पुलिस से तीखी नोक झोंक भी हुई।परिजनों का आरोप है कि हिमांशु की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और केवल कोरम पूरा किया। उनका कहना है कि यदि पुलिस पहले दिन से ही संदिग्धों से पूछताछ करती तो घटना का खुलासा हो जाता और मासूम की जान बच सकती थी। ग्रामीणों का भी आरोप है कि पुलिस लगातार हत्यारोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
गुरुवार देर रात जैसे ही शव नहर से बरामद हुआ, परिवारजन बेसुध हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महराजगंज कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि बालक का शव नहर से बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, पुलिस ने जाम समाप्त कराने के लिए लोगों को समझाने का प्रयास किया।

फिर लौट आया लोगों के अन्दर खूंखार जानवर की दहशत

बहराइच‌ (राष्ट्र की परम्परा)। बीते वर्ष जिस इलाके में खूंखार भेड़िये का आतंक था उसी इलाके में एक जंगली जानवर ने हमला कर चार ग्रामीणों को घायल कर दिया और पुरे इलाके में दहशत का माहौल फैला है । ग्रामीणों के द्वारा सूचना पाकर मौके पर विधायक सुरेश्वर सिंह भी पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है । बहराइच के महसी तहसील में एक बार फिर जंगली जानवर की दस्तक से लोगों के अन्दर डर का माहौल कायम हो गया है।हरदी थाना क्षेत्र के बदन पुरवा, मोतीपुरवा और सिसैय्या गांवों में देर रात तब अफरातफरी मच गई जब एक जंगली जानवर ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया जहां इस हमले में राजकुमार सिंह, त्रिलोकी, खैरुन्निशा और रंजना गंभीर रूप से घायल हो गए और घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह आधी रात को ही गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और हमलावर जानवर की तलाश में जुट गई हैं। फिलहाल ग्रामीण दहशत में हैं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।चूंकि पिछले वर्ष भी इसी इलाके में खूंखार भेड़िया का आतंक था इस वजह से लोगों के अन्दर एक बार फिर डर का माहौल बन गया है।

जनता के लिये मैं जी जान से हमेशा उनके न्याय के लिये लड़ता रहूंगा : बृजभूषण सिंह

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का संदीप सिंह बिसेन ब्लॉक प्रमुख की अगुवाई में कई हजारों की संख्या में लोगों ने खैर मक़दम किया। बृजभूषण ने लोगों से कहा कि कैसरगंज जनता के लिये जी जान से हमेशा न्याय के लिये लड़ता रहूंगा सरकारी योजनाओं को धरातल पर लाने की पूरी कोशिश करता रहूंगा शुक्रवार के दिन बृजभूषण शरण सिंह का काफिला कैसरगंज से गुजरते वक्त कई हजारों की संख्या में उनके समर्थकों ने जोरदार तरीके से स्वागत खैर मक़दम किया इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि कैसरगंज सुनील सिंह अखंड प्रताप शाही संदीप सिंह बिसेन ब्लॉक प्रमुख कैसरगंज मोहम्मद अनस रईस मलिक डॉक्टर अरविंद कुमार सिंह डायरेक्टर जीबी हॉस्पिटल कैसरगंज राघवेंद्र प्रताप सिंह बृजेश सिंह राठौड़ डॉक्टर कासिम खान उमेश सिंह जैन मंडल अध्यक्ष भाजपा कैसरगंज शिवानंद सिंह एवं हजारों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जन्म से कटे होंठ व कटे तालू का नि:शुल्क पंजीकरण शिविर आयोजित

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा) । सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी जनपद बहराइच में 28 अगस्त से एक सितम्बर तक जन्मजात कटे होंठ व कटे तालू से संबन्धित समस्या वाले मरीजों के इलाज हेतु निशुल्क पंजीकरण शिविर किया जा रहा है।सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पयागपुर के अधीक्षक डॉ धीरेन्द्र तिवारी ने बताया कि इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पयागपुर में निशुल्क पंजीकरण शिविर लगाया गया और शिविर में आठ मरीजों को ऑपरेशन के लिये चिन्हित किया गया। पूर्ण रूप से स्वस्थ बच्चे की मुस्कान ही उसका आत्म विश्वास जगाती है। इसी आत्माविश्वास को वापस लाने में अमेरिका की स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के निदेशक डॉ वैभव खन्ना एवं डॉ आदर्श कुमार हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल सार्थक भूमिका निभा रहें है। पंजीकृत मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन एवं सम्पूर्ण इलाज लखनऊ हेल्थ सिटी अस्पताल में किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए डी ई आई सी प्रबन्धक गोविन्द रावत के मोबाइल 9598769545 एवं स्माइल ट्रेन सस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल 9454159999, 9565437056 पर संपर्क किया जा सकता है।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय कुमार ने बताया कि इसी क्रम में कल दिनांक तीस अगस्त को ब्लॉक कैसरगंज,जरवल एवं फखरपुर के मरीजों के लिए निशुल्क पंजीकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कैसरगंज बहराइच में किया जायेगा और एक सितम्बर को ब्लॉक चित्तौरा, रिसिया, तेजवापुर, महसी, बहराइच अर्बन एवं समस्त ब्लॉक के छूटे हुए मरीज का मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय बहराइच में आयोजन किया जायेगा।
उन्होंने जनता से अपील किया की आप सभी लोग अपने क्षेत्र में, आस पडोस में कहीं पर भी कटे होंठ व कटे तालू के बच्चे को देखेँ तो उनको शिविर में पंजीकरण कराने के लिये भेजें बीपीएम पयागपुर अनुपम शुक्ल ने बताया की निशुल्क परीक्षण एवं पंजीकरण शिविर को सफल बनाने में डीईआईसी प्रबन्धक गोविन्द रावत ,स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट अवेयरनेस असिस्टेंट नीरज कुमार शर्मा,समस्त राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमें, कार्यरत मोबाइल हेल्थ टीमें, आशा/आगनबाड़ी कार्यकत्री , एच बी एन सी, ग्राम प्रधान,शिक्षा विभाग के समस्त कर्मचारी आदि सकारात्मक भूमिका निभा रहें है।

14 वर्षीय बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता सम्पन्न

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रविन्द्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक दिवसीय 14 वर्षीय बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि जिला ओलम्पिक संघ एवं जिला हॉकी संघ देवरिया के अध्यक्ष संजय केडिया ने किया। अतिथियों का स्वागत क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला ओलम्पिक संघ के सचिव अजय जायसवाल तथा हॉकी संघ के सचिव मोहम्मद अकरम सिद्दीकी ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि देवरिया के खिलाड़ी प्रतिभा और लगन के बल पर भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।

प्रतियोगिता से पूर्व प्रातः 10 बजे बहुद्देशीय हाल में प्रदेश स्तर पर आयोजित “फिट इंडिया शपथ ग्रहण समारोह” का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसमें जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रत्युष पाण्डेय ने खिलाड़ियों के साथ भाग लिया तथा शपथ ग्रहण किया। इसी दौरान जयपुरिया स्कूल देवरिया के बच्चों द्वारा हॉकी एवं अन्य खेलों के समान महत्व पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

प्रतियोगिता में जनपद की कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। पहले सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड ने कम्पोजिट विद्यालय बैतालपुर को 3–1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से अरिंदम, अक्ष एवं आदित्य सैनी ने एक-एक गोल दागे। दूसरे सेमीफाइनल में ज्ञान प्रकाश इंटर कॉलेज ने राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया को 2–0 से मात दी, जिसमें मजेश एवं राकेश दूबे ने शानदार गोल किए।

रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड ने ज्ञान प्रकाश इंटर कॉलेज को कड़े संघर्ष के बाद 2–1 से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता टीम की ओर से अरिंदम और अक्ष ने एक-एक गोल कर टीम को खिताबी जीत दिलाई।

प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण 31 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के समापन अवसर पर सायं 4 बजे सांसद शशांक मणि त्रिपाठी द्वारा किया जाएगा।

विशेष किशोर पुलिस इकाई की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की अगस्त माह की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के डिप्टी लीगल डिफेन्स प्रतिनिधि ओम प्रकाश तिवारी ने की, जबकि संचालन संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया।

बैठक में “बाल तस्करी से आजादी 3.0” अभियान के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, विधिक सेवा प्राधिकरण, चाइल्डलाइन, वन स्टॉप सेंटर व स्वैच्छिक संस्थाओं के आपसी समन्वय पर बल दिया गया। साथ ही पाक्सो प्रकरणों में सपोर्ट पर्सन की भूमिका, बाल तस्करी व बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, बाल श्रमिकों के पुनर्वास तथा पीड़ित बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग, श्रम प्रवर्तन, एएचटीयू, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन, जिला परिवीक्षा अधिकारी समेत सभी थानों के नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, बच्चों की सुरक्षा पर कड़े निर्देश

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद की अध्यक्षता में विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

बैठक में विद्यालय वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक जय प्रकाश निषाद ने निर्देश दिया कि किसी भी बस में ओवरलोडिंग न हो तथा चालक-परिचालक निर्धारित वर्दी में रहें। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन बसों की सूची सार्वजनिक करें, पार्ट टाइम ड्राइवरों की नियुक्ति न करें और वैन में अतिरिक्त सीटें लगाने की प्रथा पर रोक लगाई जाए।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने आदेश दिए कि सभी विद्यालय वाहनों का फिटनेस परीक्षण कराया जाए और प्रत्येक बस में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर व जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए। साथ ही ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन और बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाना जरूरी होगा। उन्होंने विद्यालयों को उचित पार्किंग व्यवस्था और नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग की जाएगी और हेल्पलाइन नंबर जारी कर अभिभावकों से सहयोग की अपील की जाएगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि अभिभावकों से समय-समय पर फीडबैक लिया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया मासिक निरीक्षण

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के तहत जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत वीर ने शुक्रवार को ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन यंत्रों तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए तैनात पुलिस बल को सतर्कता और जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

माटीकला टूल-किट वितरण योजना में 4 सितंबर तक करें आवेदन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद संत कबीर नगर में माटीकला टूल-किट वितरण योजना संचालित की जा रही है।
इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में माटीकला और माटी शिल्पकला से जुड़े उद्यमियों और शिल्पियों का समन्वित विकास करना है। योजना के अंतर्गत परंपरागत कारीगर, स्वरोजगार में रुचि रखने वाले तथा परिवार की महिलाएँ (18 से 50 वर्ष आयु वर्ग) जो जनपद की मूल निवासी हों और जिन्हें माटीकला का अनुभव, तकनीकी ज्ञान व विपणन की जानकारी हो,उनका चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 4 सितंबर 2025 तक विभाग की वेबसाइट upkvib.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही कार्य दिवसों में कार्यालय में उपस्थित होकर फोटो, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड एवं शैक्षिक प्रमाण पत्र जमा करके भी आवेदन किया जा सकता है।
निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, संत कबीर नगर से मोबाइल नंबर 7239005969, 9580503132 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय बैंक चौराहा, पुरानी तहसील, नजारत भवन, खलीलाबाद, संत कबीर नगर से संपर्क कर सकते हैंl