Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 734

बगीचे में युवक का शव मिलने से सनसनी

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

नगरा थाना के वीरचन्द्रहा गांव में मंगलवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के पश्चिमी छोर पर नहर के समीप बगीचे में आम के पेड़ से 25 वर्षीय युवक का शव लटकता हुआ मिला। खेतों में काम कर रही महिलाओं ने सबसे पहले शव को देखा और शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। मृतक की शिनाख्त वीरचन्द्रहा गांव निवासी अंकुर सिंह उर्फ गोलू (25) के रूप में हुई। थानाध्यक्ष अजय त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

श्री अन्न उत्पादन से नई पीढ़ी को मिलेगा गुणवत्ता युक्त अनाज: अनिल कुमार त्रिपाठी

मेहदावल में जनपद स्तरीय मिलेट्स श्री अन्न मेला सह प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के मेहदावल विधानसभा के जगतगुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज प्रांगण में मंगलवार को कृषि विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा उत्तर प्रदेश मिलेट्स श्रीअन्न पुनरुद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय मिलेट्स श्री अन्न मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि श्री अन्न का उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को पौष्टिक व गुणवत्ता युक्त अनाज उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हुई है, ऐसे में जैविक खेती और श्री अन्न उत्पादन समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक श्री अन्न की खेती और पशुपालन को अपनाने का आह्वान किया। विधायक ने घोषणा की कि मेहदावल स्थित राजकीय कृषि बीज गोदाम का पुनरुद्धार कराया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. तरुण कुमार और डॉ. देवेश कुमार ने श्री अन्न की उपयोगिता, मृदा परीक्षण तथा फसल अवशेष प्रबंधन पर प्रकाश डाला। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चौधरी ने पशुपालन को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए जैविक खाद की महत्ता पर बल दिया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा ‘अंतरराष्ट्रीय श्री अन्न वर्ष’ घोषित किया गया था और भारत विश्व का सबसे बड़ा मिलेट्स उत्पादक देश है।
विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। एग्री जंक्शन वन शॉप स्टाप के चयनित अभ्यर्थियों को विधायक ने प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा विश्वकर्मा आजीविका मिशन स्वयं सहायता समूह को सम्मानित किया गया।
अंत में उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने विधायक, कृषकों, अधिकारियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, अधिकारी, किसान, महिलाएं और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

काजीपुर में बंद सामुदायिक शौचालय का औचक निरीक्षण, ग्रामीणों में आक्रोश

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। काजीपुर गांव में बने सामुदायिक शौचालय का मंगलवार को पंचायती राज विभाग के मंडलीय अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय की दयनीय स्थिति देख अधिकारी हैरान रह गए।ग्रामीणों ने शिकायत की कि शौचालय निर्माण के बाद से अब तक चालू ही नहीं हुआ है। न तो टुल्लू पंप और पानी की व्यवस्था है, न ही हैंडपंप चल रहा है। चारों ओर झाड़-झंखाड़ फैला है और सीट व दरवाजे टूटे पड़े हैं।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। इधर, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि देखरेख करने वाले केयरटेकर केवल नाम मात्र के लिए तैनात हैं और सरकारी धनराशि का दुरुपयोग हुआ है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा सरकार में खुशहाल हुए किसान- पवन मिश्र

सलेमपुर (राष्ट्र की परम्परा)। भाजपा किसान मोर्चा देवरिया द्वारा चलाये जा रहे चार साल बेमिसाल उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत सलेमपुर विधानसभा के परसिया भगवती गांव में किसान मोर्चा कार्यकताओ ने किसान परिवारों में जाकर भाजपा की केंद्र सरकार की 11 वर्ष और उत्तरप्रदेश सरकार के 8 वर्ष की उपलब्धियों की पुस्तिका वितरित किया। इस अवसर पर उपस्थित किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान खुशहाल हुए है, सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जन-धन योजना, सौभाग्य योजना, निःशुल्क खाद्यान्न योजना, हर-घर शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, पी०एम०स्वनिधि योजना, आयुष्मान योजना से गांव-गरीब किसान समृद्ध हुए है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तरप्रदेश के अंदर कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है,जिससे उत्तरप्रदेश की जीडीपी में 28 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है, उत्तरप्रदेश की भाजपा सरकार ने 2017-18 में किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी भी किया है। मण्डल अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा अशोक तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना भेदभाव सभी वर्ग को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्य रूप से सुशील सिंह, चन्दन पाण्डेय, ओम प्रकाश शाह, सुमन्त चतूर्वेदी, रामु दुबे, रामबदन यादव, श्रावण पाण्डेय, दयाशंकर दुबे, राकेश कुमार उपस्थित रहे।

ग्राम प्रधान पति के रवैये से सहमा परिवार

सुलझ गया रास्ते का विवाद, लेकिन हार्ट पीड़िता निधि की बिगड़ी तबीयत बनी चर्चा का विषय

महाराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड सिसवां अंतर्गत ग्राम पंचायत परसा गिदही गांव में रास्ते के अतिक्रमण का विवाद थाने की पहल पर सुलझ तो गया, लेकिन ग्राम प्रधान पति की एकतरफा दबंगई और विरोध करने पर हार्ट पीड़िता निधि को धक्का देकर तबीयत बिगाड़ने की घटना ने गांव में चर्चा का विषय बना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोगों का कहना है कि अगर ग्राम प्रधान पति पहले ही पहल कर रास्ता खाली करा देते तो मामला इतना तूल नहीं पकड़ता, और हार्ट पेशेंट निधि को यह सदमा नहीं सहना पड़ता। शिकायतकर्ता उत्तरी ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर जबरन नाली-खड़ंजा निर्माण का विरोध किया था। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह की सक्रियता से दोनों पक्षों में सुलह हुई और रास्ता खाली कराया गया।लेकिन उसी बीच प्रधान पति के उकसावे से विरोधी पक्ष ने रास्ता फिर रोक दिया। गौ माता की मौत से गमगीन परिवार जब अंतिम संस्कार में व्यस्त था, तभी महिलाओं ने रास्ता जाम कर दिया। विरोध करने पर हृदय रोगी निधि को धक्का दिया गया, जिससे वह बेहोश होकर अस्पताल पहुंची। तत्काल डायल 112 पर कॉल किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ता खाली कराया। ग्रामीणों का मानना है कि इस पूरे प्रकरण में प्रधान पति की राजनीति साफ झलक रही है। वोट की रंजिश और पत्रकारिता से उपजे विरोध की वजह से दुबे परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। शोक में डूबे परिवार के बीच रास्ता रोकने की क्या जरूरत थी,
हृदय रोगी महिला को धक्का देकर किस बात का शक्ति प्रदर्शन, क्या यह सब चुनावी रंजिश और पुरानी खबरों के चलते हुआ। थानाध्यक्ष की सक्रियता से रास्ता खाली हो गया। थाना अध्यक्ष की लोगों में सराहना हो रही है। निधि अभी भी सहमी हुई है और उनका इलाज जारी है। गांव में लोग कह रहे हैं विवाद सुलझ गया, पर इंसानियत हार गई।

निरंतरता और अनुशासन ही शैक्षिक उन्नयन का मूल आधार- प्रो. अनुभूति दुबे

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग में दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे रहीं। छात्रों को संबोधित करते हुए प्रो. दुबे ने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षार्थी जीवन के आरंभ से लेकर दीक्षांत तक मार्गदर्शन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की नियमावली, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी रखना विद्यार्थियों का भी दायित्व है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. सुनीता दुबे ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को भावी शिक्षक एवं प्रशिक्षक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पूरे प्रशिक्षण काल में अनुशासित रहने और शिक्षा की पवित्रता एवं गोपनीयता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. सुषमा पांडेय ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को उच्च शैक्षणिक मानकों, भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की गहन समझ प्रदान करने का माध्यम है। इस अवसर पर प्रो. उदय सिंह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. ममता चौधरी, डॉ. मीतू सिंह, डॉ. दुर्गेश पाल, ज्योति बाला, डॉ. मुकेश कुमार सिंह और डॉ. अर्जुन सोनकर सहित विभाग के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण अवधि में समर्पण और उत्साह के साथ सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एम.एड., बी.एड. एवं शोध छात्र-छात्राओं सहित 200 से अधिक विद्यार्थी मौजूद रहे।

“निषाद की ताकत को मत आज़माओ, भरोसे को यूं मत गवाओ!”

निषाद पार्टी के बैनर से बढ़ा सियासी तापमान, सहयोगी दलों की नाराज़गी पर बढ़ी चर्चा

गोरखपुर/लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद लगातर सुर्खियों में हैं। उनके घर के बाहर लगे बैनर ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल मचा दी है। इस बैनर पर लिखा है “निषाद की ताकत को मत आज़माओ, भरोसे को यूं मत गवाओ।” बैनर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है। यह संदेश सत्ता पक्ष भाजपा के लिए सीधी चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। बैनर में डॉ. संजय निषाद के साथ उनके बेटों पूर्व सांसद ई. प्रवीण कुमार निषाद, विधायक सरवन कुमार निषाद और बृजेंद्र कुमार त्रिपाठी की तस्वीरें भी लगी हैं। डॉ. निषाद लंबे समय से अपनी पार्टी और समाज के हितों को लेकर आवाज़ उठाते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सरकार में उपेक्षा का मुद्दा उठाकर नाराज़गी जताई थी। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद यह माना जा रहा था कि मामला शांत हो जाएगा, लेकिन नए पोस्टरों ने संकेत दिया है कि असंतोष अभी भी बरकरार है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम केवल विरोध जताने के लिए नहीं है, बल्कि सत्ता पक्ष को यह याद दिलाने की कोशिश है कि निषाद समाज का चुनावी गणित में अहम योगदान है। पिछली विधानसभा में इस समाज का समर्थन भाजपा को निर्णायक बढ़त दिलाने में सहायक रहा था। ऐसे में यदि यह समुदाय नाराज़ होता है, तो इसके असर गंभीर हो सकते हैं।
विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को हवा देना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इसे भाजपा के सहयोगियों की नाराज़गी के तौर पर प्रचारित कर रही हैं। अब भाजपा के सामने चुनौती है कि वह सहयोगी दलों की नाराज़गी दूर कर सामंजस्य स्थापित करे, क्योंकि ऐसे विवाद सामाजिक और राजनीतिक दोनों समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों की सूची ग्राम पंचायत बैठक में होगी तय

भागलपुर/ देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर पांडे ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के चयन को लेकर अब ग्राम पंचायत स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान, ग्राम सभा की खुली बैठक में ही सूची तैयार करेंगे। ग्राम पंचायतों में अक्सर अपात्र लोगों को लाभ मिलने तथा वास्तविक पात्रों के वंचित रह जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। इस पर रोक लगाने के लिए विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना से जुड़े सभी निर्णय ग्राम सभा की उपस्थिति में ही होंगे। बैठक में मौजूद ग्रामीण लाभार्थियों का नामांकन देख सकेंगे और किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तुरंत आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा।

ग्राम प्रधानों ने सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश के ग्राम प्रधानों ने अपने और उनके पारिवारिक जनों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री से तत्काल ठोस कदम उठाने की अपील की है। ग्राम प्रधान संगठन की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि चुनाव के बाद से ही प्रधानों व उनके परिवारों पर आए दिन रंजिशन हमले, जानलेवा घटनाएँ और धमकियाँ बढ़ गई हैं। इस कारण प्रधान समुदाय में भय का माहौल व्याप्त है। प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर पांडेय ने ज्ञापन के जरिए मांग की है कि प्रदेश सरकार तत्काल सभी जिलाधिकारियों, पुलिस कप्तानों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करे कि वे अपने-अपने जनपदों में ग्राम प्रधानों की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रधान संगठन ने यह भी कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो किसी भी अप्रिय घटना के लिए शासन-प्रशासन सीधे तौर पर जिम्मेदार होगा।

मनरेगा भुगतान में देरी से ग्राम पंचायतें परेशान

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 का बकाया भुगतान अब तक लंबित है, जिसके कारण ग्राम पंचायतों में गहरी चिंता व्याप्त है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि मजदूरों को समय पर भुगतान न मिलने से योजनाओं की गति रुक गई है और ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है। ग्राम प्रधानों ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के चलते कई माह बीत चुके हैं, परंतु मजदूरी का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो ग्रामीण कार्यों में बाधा आएगी और लोगों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि वर्ष 2025-26 का संपूर्ण मनरेगा भुगतान तत्काल जारी किया जाए, ताकि मजदूरों और ग्राम पंचायतों की समस्याओं का समाधान हो सके।

बाढ़ से बचाव के लिए माँकड्रिल कर एनडीआरएफ ने लोगो को दीं जानकारी

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बाढ़ आपदा से बचाव के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं 11वीं बटालियन एनडीआरएफ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को तहसील बरहज क्षेत्र के घाघरा नदी के गौरा घाट पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के दिशानिर्देश एवं उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में, एनडीआरएफ गोरखपुर के उपकमांडेंट कुलदीप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर ने की। मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने पांच अलग-अलग परिस्थितियों का जीवंत प्रदर्शन किया। इसमें सबसे पहले घाघरा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने पर ग्रामीणों के फंस जाने की स्थिति दिखाई गई। जवानों ने दो बोटों की मदद से 10 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दूसरे दृश्य में एक नाव से यात्रियों के नदी में गिर जाने पर बचाव कार्य कर उन्हें प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही जवानों ने डूबते व्यक्ति को बचाने तथा वैज्ञानिक पद्धति से सीपीआर देने का तरीका भी बताया। तीसरे दृश्य में नदी में लापता व्यक्ति की खोज एनडीआरएफ के गोताखोरों द्वारा की गई, जबकि चौथे दृश्य में क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही नाव के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की स्थिति में, त्वरित बचाव कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को घरेलू सामान का उपयोग कर अस्थायी लाइफ जैकेट बनाने और उनका इस्तेमाल कर जान बचाने के उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राम शंकर ने कहा कि—“जनपद देवरिया, विशेषकर बरहज क्षेत्र, बाढ़ आपदा से प्रभावित रहता है, ऐसे में समय-समय पर आयोजित मॉक ड्रिल से ग्रामीणों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आपदा की स्थिति में अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा कर पाते हैं।” मॉक ड्रिल के दौरान उप जिलाधिकारी बरहज विपिन द्विवेदी, तहसीलदार अरुण कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गौरा बरहज, नायब तहसीलदार रविंद्र कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। एनडीआरएफ निरीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में 30 जवानों ने सक्रिय भागीदारी की। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने भी अभ्यास देखा और बचाव संबंधी जानकारी प्राप्त की।

शहीद जगदेव प्रसाद कुशवाहा का मनाया जाएगा शहादत दिवस

बरहज /देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मंगलवार को भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा ने बताया क़ी शुक्रवार 5 सितंबर को तहसील रोड स्तिथ काशी नाथ हॉस्पिटल पर, अमर शहीद भारत लेनिन बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा को श्रद्धांजलि अर्पित कर शहादत दिवस मनाया जायेगा। जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा ने कहा क़ी,इस अवसर पर अनेक बड़े नेताओं व कार्यकर्ताओ द्वारा उनके जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला जायेगा।

सीआरपीएफ जवान जवाहर लाल गुप्ता का हुआ अंतिम संस्कार, गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम सलामी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। चंदौली में ड्यूटी के दौरान ब्रेन हैमरेज से शहीद हुए सीआरपीएफ जवान जवाहर लाल गुप्ता (50 वर्ष) का मंगलवार को उनके पैतृक गांव भुवालछपरा (थाना दोकटी क्षेत्र) में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पत्नी, बेटे-बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव और आसपास के इलाकों से उमड़े भारी जनसैलाब ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। सतीघाट भूसौला पर सीआरपीएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी, वहीं बड़े बेटे अमित गुप्ता ने पिता को मुखाग्नि दी। भुवालछपरा निवासी जवाहर लाल गुप्ता चंदौली में सीआरपीएफ में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक ब्रेन हैमरेज हुआ। 10 दिन तक उनका इलाज चला, लेकिन सोमवार की रात उनका निधन हो गया। शहीद जवान अपने पीछे पत्नी शारदा देवी और चार बच्चों—अमित गुप्ता (21), स्नेहा (18), आशीष (16) और यूशी (14) को छोड़ गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शव यात्रा और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को तत्काल 75,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। विभागीय नियमों के अनुसार अन्य सभी लाभ और सुविधाएं भी परिवार को दी जाएंगी। शव गांव पहुंचने से पहले सूर्यभानपुर गांव में कुछ लोगों ने रास्ते में जेसीबी से गड्ढा खोदकर रुकावट डालने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ अधिकारियों और ग्रामीणों के हस्तक्षेप से स्थिति शांत करा दी गई और शव यात्रा आगे बढ़ाई गई।

जिलाधिकारी ने किया राजस्व अभिलेखागार का औचक निरीक्षण

अभिलेखों की सुरक्षा व साफ-सफाई पर दिए सख्त निर्देश

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को राजस्व अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में अव्यवस्था, गंदगी, कंप्यूटरों पर जमी धूल और स्टोर में प्रकाश व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखा जाए तथा अभिलेखों का सुरक्षित ढंग से रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं उनके निस्तारण की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने का आदेश दिया। परगना खरीद स्टोर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुराने अभिलेखों की स्थिति देखी और जरूरी अभिलेखों को सुरक्षित रखते हुए अनुपयोगी अभिलेखों को रीडिंग के बाद निरस्त करने के निर्देश दिए, ताकि अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अभिलेखों को नमी व सीलन से बचाने के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए और कमरों में पर्याप्त प्रकाश सुनिश्चित हो। बिजली के मीटर को कार्यालय के बाहर शिफ्ट करने तथा अग्नि सुरक्षा उपकरण तत्काल लगाने और उनकी नियमित जांच कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा, अभिलेखागार के प्रमुख बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हर समय क्रियाशील रखने का आदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि अभिलेखागार जैसे महत्वपूर्ण विभाग में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधारात्मक कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किए जाएं।

प्रेम-प्रसंग विवाद में युवक की मौत, पिता ने लगाए गंभीर आरोप

भागलपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले के नवगछिया टाउन थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला युवक की मौत तक पहुँच गया। मृतक की पहचान आनंद के रूप में हुई है, जो एक होमगार्ड जवान का बेटा था।

परिजनों का आरोप है कि आनंद की मौत उसके प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद के कारण हुई। पिता का कहना है कि बेटे ने अपनी प्रेमिका को घर बनाने के लिए पाँच लाख रुपये दिए थे। इसी को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। तीन महीने पहले थाना परिसर में भी इस मामले को लेकर बातचीत हुई थी।

सोमवार को आनंद अपनी प्रेमिका के घर गया था, जहाँ उसे ज़हर पिलाए जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।