Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 719

धर्मस्थलों और महापुरुषों का अपमान देश का माहौल बिगाड़ने की साज़िश, सरकारें छोड़ें साम्प्रदायिक राजनीति-मायावती

लखनऊ(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने देश में विभिन्न धर्मों के पूजास्थलों और महापुरुषों के अपमान को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने रविवार को कहा कि यह राजनीतिक षड्यंत्र समाज में वैमनस्य फैलाने और देश का माहौल खराब करने के उद्देश्य से रचा जा रहा है।

राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में बसपा प्रमुख ने पार्टी के संगठन विस्तार की समीक्षा की। बैठक में जिले से लेकर बूथ स्तर तक समितियों के गठन की प्रगति पर चर्चा हुई। इस अवसर पर मायावती ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी धर्मस्थल, संत, गुरु या महापुरुष का निरादर समाज में तनाव और अविश्वास पैदा करता है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, “सभी सरकारों को संकीर्ण, जातिवादी, साम्प्रदायिक और द्वेषपूर्ण राजनीति का त्याग करना होगा। ऐसे आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए कानून का राज स्थापित करना चाहिए, ताकि आम जनता अमन-चैन से रहकर रोजी-रोटी कमा सके, अपने परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था कर सके।”

बसपा प्रमुख ने इस मौके पर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि समाज के सभी वर्गों को जोड़कर बसपा के जनाधार को मजबूत किया जाए और बूथ स्तर पर संगठन को चुस्त-दुरुस्त किया जाए।

स्मृति

0

संत स्वरूप जीवनदृष्टा: परम पूज्य स्वर्गीय रुद्र नारायन सिंह जी

  • राम शंकर सिंह
    गृहस्थ जीवन जीते हुए भी संत स्वरूप आचरण करने वाले, शिक्षा और समाज सेवा को जीवन का साधन बनाने वाले, परोपकार में निरंतर रमे रहने वाले थे स्वर्गीय रुद्र नारायन सिंह जी।
    उनका जन्म सन् 1898 में खलीलाबाद तहसील के देवरिया गंगा गाँव में हुआ। मात्र 14 वर्ष की आयु में उनका विवाह जनपद देवरिया के बरडीहा ग्राम में हुआ, किंतु वैवाहिक सुख उन्हें अल्पकाल ही मिला। उनकी धर्मपत्नी विवाह के चार वर्ष पश्चात गोलोकवासी हो गईं। जीवन की इस पीड़ा को सहते हुए भी उन्होंने पुनः विवाह न कर शिक्षा, अध्यापन और समाज सेवा को ही जीवन का लक्ष्य बना लिया।
    लालगंज के विद्यालय में हेड मास्टर पद पर रहते हुए उन्होंने बच्चों को केवल पाठ्यज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का गुरुमंत्र भी सिखाया। उनकी निष्ठा और कार्यकुशलता को देखकर प्रशासन ने उन्हें पोस्ट मास्टर का दायित्व भी सौंपा। दोनों पदों का निर्वहन उन्होंने सत्यनिष्ठा, परिश्रम और समर्पण से किया। उनके जीवन में रामचरितमानस ही श्वास-प्रश्वास बन चुका था। वे हर समय “राम नाम” का जप करते और दूसरों को भी भक्ति और सेवा की राह दिखाते थे।
    उस काल में जब अन्न का संकट गहराता था और घरों के चूल्हे अक्सर ठंडे रहते थे, तब वे जरूरतमंदों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्नदान करते। असहाय, ईमानदार और पीड़ित व्यक्ति की हर संभव सहायता करना उनके जीवन का नियम था। छोटे भाई मुकुंद नारायन सिंह के असमय निधन के बाद उन्होंने उनके पुत्रों राम किंकर सिंह और राम शंकर सिंह की परवरिश, शिक्षा-दीक्षा और गृहस्थ जीवन की हर आवश्यकता को आपने पुत्रवत पूरा किया।
    उनकी प्रेरणा से उनके भतीजे राम किंकर सिंह ने 1975 में कृषक वैस पूर्व माध्यमिक विद्यालय, देवरिया गंगा की स्थापना की, जिसने ग्रामीण बच्चों में शिक्षा की ज्योति प्रज्वलित की। आज उसी परंपरा को उनके पौत्र संतोष सिंह (एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष) और अन्य परिजन समाज सेवा और शिक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ा रहे हैं।
    रुद्र नारायन सिंह जी की पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके पौत्र राम कुमार सिंह ने 2014 में संत कबीर नगर के महदेवा नानकार गांव में रुद्र नारायन सिंह स्मृति शिक्षण संस्थान द्वारा आरएनएस मेमोरियल एकेडमी की स्थापना की। यह विद्यालय पिछड़े क्षेत्र के गरीब बच्चों को नाम मात्र के शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहा है।
    सन् 1981 में 83 वर्ष की आयु में वे ब्रह्मलीन हो गए। किंतु उनका जीवनदर्शन, त्याग, सेवा और शिक्षा की ज्योति आज भी उनके परिवार और संस्थानों के माध्यम से प्रज्वलित है।

महिलाओं को 1076 हेल्पलाइन एवं नियमों की दी गई जानकारी

सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

स्थानीय थाना परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में महिला आरक्षी गरिमा शुक्ला एवं होमगार्ड सुमन देवी ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1076 की कार्यप्रणाली, महत्व और इससे जुड़े नियमों के बारे में विस्तार से बताया।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच 1076 पर कॉल कर सकती हैं। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहती है और तुरंत शिकायत दर्ज कर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजती है।

महिलाओं को यह भी जानकारी दी गई कि—

कॉल करने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
फर्जी कॉल करने पर विधिक कार्रवाई का प्रावधान है।
शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान की प्रक्रिया की जाती है।
पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक विभाग मिलकर पीड़ित महिला की मदद सुनिश्चित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं से अपील की गई कि वे इस सेवा की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुँचाएँ, ताकि जरूरत पड़ने पर हर महिला सुरक्षित और निडर होकर इसका लाभ उठा सके।

परीक्षा नियंत्रक की पाठशाला में शिक्षकों ने सीखे परिवर्तन के समावेशी गुण

शैक्षिक उन्नयन एवं मूल्य आधारित शिक्षा पर बल दें शिक्षक :- डॉ. संयम भारद्वाज

विद्यार्थियों को स्कूलों में ठीक से पढ़ायें, ताकि वे कहीं और जाने को विवश न हों :- डॉ. अनिल जैन

शिक्षक, शिक्षा और शिक्षार्थी राष्ट्र निर्माण के मूल आधार :- डॉ. एस. चनप्पा

गोरखपुर स्कूल एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘मंथन-25’ क्षेत्रीय शिक्षा सम्मेलन

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा) गोरखपुर स्कूल एसोसिएशन द्वारा “स्कूली शिक्षा की पुनर्कल्पना – भविष्य के लिए तैयार भारत की नींव को मजबूत करना” विषय पर केंद्रित ‘मंथन-25’ क्षेत्रीय शिक्षा सम्मेलन का भव्य आयोजन रेलवे सभागार, गोरखपुर में सम्पन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

गोरखपुर स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजयन त्रिपाठी ने प्रशस्तिपत्र वाचन कर अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि के रूप में सीबीएसई, दिल्ली के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने अपने वक्तव्य में वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में मूल्य आधारित, समावेशी एवं तकनीकी रूप से समृद्ध शिक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों, प्राचार्यों एवं निदेशकों से संवाद करते हुए परीक्षा संचालन, डेटा प्रबंधन, विद्यालयी व्यवस्था और संचार से जुड़ी कठिनाइयों पर व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीबीएसई प्रयागराज क्षेत्र के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अनिल जैन ने कहा कि विद्यालयों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को कक्षा में इतनी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दें कि उन्हें कहीं और भटकना न पड़े। साथ ही उन्होंने सीबीएसई की कार्यप्रणाली से सभी को अवगत कराया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में गोरखपुर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा ने कहा कि शिक्षक, शिक्षा और शिक्षार्थी किसी भी राष्ट्र की प्रगति के मूल आधार हैं।

सम्मेलन में शिक्षा नीति, मूल्यनिष्ठ शिक्षा, समावेशी शिक्षण एवं तकनीकी एकीकरण जैसे विषयों पर सीबीएसई विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया गया। इसमें शामिल शिक्षकों, प्राचार्यों, निदेशकों एवं शिक्षा प्रशासकों को नई दृष्टि प्राप्त हुई। पूर्वांचल में पहली बार आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में सैकड़ों शिक्षाविदों, प्राचार्यों और शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन स्कूल्स एसोसिएशन गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ. संजयन त्रिपाठी एवं महामंत्री माधवेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

अपने उद्बोधन में डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि “मंथन-25 शिक्षा क्षेत्र में विचारशीलता, नवाचार और सामूहिक प्रयासों की अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य भारत को वैश्विक शैक्षणिक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।”

आभार ज्ञापन कोषाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. सृंजय मिश्र, अजय शाही, डॉ. प्रांजल यस. त्रिपाठी, राहुल चतुर्वेदी, जितेन्द्र श्रीवास्तव, इन्द्रजीत ओझा, संतोष त्रिपाठी, मणींद्र माधव त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, अजीत दीक्षित आदि की भूमिका सराहनीय रही।

ब्रज की होली और राग-रस ने बाँधा समा, संपन्न हुआ ब्रज लोकगीत उत्सव

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से एकलव्य चेरिटेबल एवं एजुकेशनल ट्रस्ट, मगहर के तत्त्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ब्रज लोकगीत उत्सव का समापन सांस्कृतिक उल्लास के बीच हुआ।
कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र की लोकधुनों और गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल कलाकार रिया व विशाखा ने “बांसुरी बन के…” और “कान्हा तुझको मजा चखाऊं” गीत प्रस्तुत कर तालियाँ बटोरीं। वहीं अंशू, आंचल, विशाखा, रिया, अनुष्का, अंजनी, अर्पिता, अन्वी, रमा व दिव्यांशी ने ब्रज की होली का मंचन कर उत्सव को रंगीन बना दिया।
लोक कलाकारों में सूर्यभान, अब्दुल कलाम, रुआब अली, मोहम्मद खलील, मेहंदी हसन व तबरक हुसैन समेत अन्य कलाकारों ने भी ब्रज गीतों से वातावरण को लोकधर्मी बना दिया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सुधांशु अणु नाभ मिश्रा ने कहा कि ब्रज की लोकपरंपरा भारत की सांस्कृतिक आत्मा है। लोकगीत समाज को जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी विरासत का बोध कराते हैं।
आयोजक एवं मुख्य ट्रस्टी गौरव निषाद ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य लोककला को संरक्षण व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि संस्कृति मंत्रालय का सहयोग ग्रामीण कलाकारों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम का संचालन अत्रेश श्रीवास्तव ने किया। दो दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों और सांस्कृतिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही। दर्शकों ने ऐसे आयोजनों को संस्कृति संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
ब्रज लोकगीत उत्सव ने साबित किया कि लोकसंगीत मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज व संस्कृति को जोड़ने का साधन है।

नज्जू गैंग का आतंक एक बार फिर कटरी क्षेत्र में

26 वर्षीय सावेंद्र का अपहरण, दूसरा भाई उदय राज किसी तरह छूट कर भागा

कलान/शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कटरी क्षेत्र में दशकों पुराने नज्जू-कल्लू गैंग का भूत फिर लौट आया है। नज्जू के बेटे और उसके साथियों ने 26 वर्षीय युवक सावेंद्र (पुत्र सुरेश, ग्राम परौर मंझा निवासी) का अपहरण कर लिया, जबकि उसका भाई उदय राज किसी तरह छूटकर गांव पहुंच गया। पुलिस ने रविवार की सुबह नदी पार कटरी के जंगली इलाके से सावेंद्र को बरामद कर लिया लेकिन तब तक गैंग के सदस्यों ने उसे रात भर बुरी तरह पीटा।
यह घटना पुरानी भैंस चोरी की रंजिश और 6 सितंबर को हुई एक महिला से छेड़छाड़ की घटना से उपजी बताई जा रही है। इलाके के ग्रामीण दहशत में हैं और पुराने गैंग के सक्रिय होने की आशंका से बाजार बंद होने की नौबत आ गई।
कटरी क्षेत्र के दर्जनों गांवों—जैसे परौर, मंझा, मदनापुर और महोनिया में कभी कल्लू और नज्जू गैंग का अखंड राज चलता था। 1990 के दशक में ये डाकू अपहरण, लूटपाट और हत्याओं के जरिए इलाके को दहशत में रखते थे। इनकी बिना इजाजत के कोई भी गांव में प्रवेश नहीं कर सकता था पुलिस मुठभेड़ में कल्लू की मौत (1999 में दरोगा राजेश पाठक की हत्या के बाद) के बाद गैंग के अन्य सदस्यों का भी अंत हो गया। नज्जू को उम्रकैद की सजा मिली, लेकिन जेल से रिहा होने के बाद (2023 में) वह शांत जीवन जीने का दावा करते हुए गांव परौर में मकान बनवाने लगा।
हालांकि, नज्जू के बेटे ने पिता के कदमों पर चलते हुए अपना खुद का गिरोह खड़ा कर लिया। यह गिरोह जिसमें अजय पाल फौजी, धर्मवीर, नन्हे पाल (पुत्र ख्याली) और अन्य शामिल हैं। विरोध करने वालों को पीट-पीटकर या धमकाकर चुप करा दिया जाता था। पिछले वर्ष (2024 में) नज्जू के पुत्र के खिलाफ सावेंद्र और जितेंद्र ने भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस रंजिश ने आग में घी डाल दिया। सावेंद्र का परिवार बताता है उस मुकदमे के बाद से ही गैंग वाले हमें निशाना बनाने लगे थे। हमने कई बार थाने में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

छेड़छाड़ से अपहरण तक,घटनाक्रम की पूरी कहानी

6 सितंबर 2025 की शाम को नज्जू के बेटे के करीबी साथी अजय पाल फौजी ने परौर गांव की एक विवाहित महिला के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला ने तुरंत घर जाकर पति और ससुर को बताया। इस पर अजय पाल, धर्मवीर, नन्हे पाल और 10-12 गुर्गों ने महिला के ससुर को घेर लिया। उन्होंने खुले तौर पर धमकी दी, शिकायत की तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। डरी हुई महिला ने रात में ही स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अजय पाल फौजी के खिलाफ (महिला से छेड़छाड़) के तहत मुकदमा दर्ज हो गया।
जब जसवीर तहरीर देने थाने गया तो उसके साथ सावेंद्र भी था, लेकिन मुकदमा दर्ज होते ही गैंग ने ताबड़तोड़ बदला लेना शुरू कर दिया। उसी शाम को अजय पाल फौजी, धर्मवीर और नन्हे पाल ने महिला के ससुर को गांव के बाहर घसीटकर जमकर पीटा। ससुर को सिर पर गंभीर चोटें आईं, लेकिन परिवार के डर से अभी तक इस पिटाई का अलग से मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
महिला के ससुर की पिटाई के बाद ही गैंग सावेंद्र और उसके भाई उदय राज को पकड़ने पहुंचा। दोनों भाई खेत में काम कर रहे थे । उदय राज ने बताया, “वे चिल्ला रहे थे कि सावेंद्र ने गैंग के खिलाफ गवाही दी है, इसलिए उसे सबक सिखाना है। मैं किसी तरह हाथ छुड़ा कर गांव की ओर भागा, लेकिन सावेंद्र को वे घसीटते हुए ले गए।” सावेंद्र को बंधक बनाकर नदी पार कटरी के घने जंगल में ले जाया गया वही जगह जहां कभी पुराने गैंग के अड्डे हुआ करते थे।
गैंग ने उदय राज के ही मोबाइल फोन से परिवार के अन्य सदस्यों अवधेश शुक्ला, जसवीर और राजीव गुर्जर को फोन किया। धमकी थी साफ “सावेंद्र को छुड़ाना है तो थाने से मुकदमा वापस कराओ, वरना नदी में डुबो देंगे।” उदय राज ने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद अपहरण की खबर थाने पहुंची लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने देरी से कार्रवाई की। “रात भर सावेंद्र के रोने की आवाजें जंगल से आ रही थीं,” एक स्थानीय किसान ने नाम न छापने की शर्त पर बताया।

पुलिस कार्रवाई और जिला बदर का सवाल

अपहरण की सूचना मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। एसओ ने तुरंत एक टीम गठित की,आज सुबह कटरी के जंगल में छापेमारी शुरू हुई। गैंग के सदस्य सावेंद्र को छोड़कर भाग निकले, लेकिन सावेंद्र को बरामद कर लिया गया। वह बेहोशी की हालत में था और प्राथमिक उपचार के बाद डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल शाहजहांपुर ले जाया गया।
पुलिस ने अजय पाल फौजी, धर्मवीर, नन्हे पाल सहित नामजद अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी शाहजहांपुर ने कहा, “गैंग के सभी सदस्यों को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नज्जू गैंग के पुनरागमन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” लेकिन ग्रामीण नाराज हैं। गैंग का प्रमुख संरक्षक नन्हे पाल जिला बदर घोषित है, फिर भी वह खुलेआम परौर गांव में अपने घर पर रहता है। “यदि पुलिस ने जिला बदर को पकड़ लिया होता, तो इनके हौसले बुलंद न होते।

भाजपा सरकार में दलितों का हुआ उत्पीड़न- विजय रावत

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)।पीडीए की चल रही यात्रा के तीसरे दिन रविवार को कुशहा गाँव पहुंची। सपा नेता विजय रावत ने कहा की भाजपा की सरकार जनता को गुमराह कर रही हैं और महंगाई की जननी हैं इस सरकार में सबसे ज़्यादा दलितो और पिछड़ों का उत्पीड़न हुआ है इस भाजपा सरकार में एक ओर जहां महंगाई बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से जनता परेशान हैं वहीं भाजपा सरकार व उसके जनप्रतिनिधि जनता को मुर्ख बनाने का काम कर रहे हैं। भाजपा सरकार सविधान को भी ख़त्म करने का काम कर रही हैं। इसलिए सभी से अनुरोध है की आने वाले विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने का काम करें और सविधान को बचाएं। इस दौरान श्रीराम चौहान, बृजेन्द्र प्रजापती, रामप्रीत गोंड, रविन्द्रपाल प्रसाद, रामधनी चौहान इत्यादि लोगों को साल व माला पहनाकर कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्य रूप दिनेश यादव, हरेन्द्र यादव, रविंद्र यादव, अनिल कुमार, भोला प्रजापति, विशम्भर विश्वकर्मा, प्रदीप कनौजीया, विजयमल प्रसाद, चन्द्रभानु चौहान आदि लोग उपस्थित रहे।

पीरूमदारा में सड़क हादसा, संभल के उपजिलाधिकारी व उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल

रामनगर /नैनीताल (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। शनिवार देर रात रामनगर क्षेत्र के पीरूमदारा में हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तैनात उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विकास चंद्रा और उनकी पत्नी डॉ. दीक्षा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी कार राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग 12 बजे चंद्रा अपनी निजी कार से पत्नी संग सफर कर रहे थे। जैसे ही वाहन पीरूमदारा क्षेत्र में पहुँचा, कार सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटी। हादसे के समय कार चंद्रा स्वयं चला रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने बताया कि हादसे के पीछे डिवाइडर का दोषपूर्ण निर्माण, रिफलेक्टिव संकेतों की कमी और रात में अपर्याप्त रोशनी बड़ी वजह रही। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस हादसे की जांच कराई जाएगी और सड़क सुरक्षा से जुड़ी खामियों को दूर किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में सड़क पर रिफलेक्टिव संकेतकों की कमी और अपर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए।

जब कांग्रेस मजबूत होती है तब जनता को मिलती है राहत – मंसूरी

बरहज में कांग्रेस की मासिक बैठक

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा ) रविवार को स्थानीय कांग्रेस कार्यालय लाजपत भवन पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक ब्लाक अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन मंसूरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को न्याय पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए चर्चा की गयी।बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं विधानसभा प्रभारी मार्कण्डेय मिश्र ने कहा कि कांग्रेस आज जनता की उम्मीद है। कांग्रेस की तरफ आज जनता आशा भरी निगाहों से देख रही है। ऐसे दौर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की चुनौतियां बढ़ जाती हैं इसलिए संगठन को हर स्तर पर मजबूत बनाकर पंचायत चुनावों में कांग्रेस के उम्मीदवार उतारेंऔर मेहनत कर उन्हें जिताने का प्रयास करें।।बैठक को सम्बोधित करते हुए ब्लाक अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन मंसूरी ने कहा कि जब -जब कांग्रेस कमजोर होती है तब -तब गैर कांग्रेसी सरकारें तरह -तरह के मनमाने टैक्स लगाकर जनता को लूटने का काम करती हैं और जब कांग्रेस मजबूत होती है तब भाजपा जैसी सरकार कांग्रेस के डर से मजबूरी में जनता को राहत देने का काम करती है। मोदी सरकार द्वारा जीएसटी में दी गयी राहत इसका ज्वलंत उदाहरण है लेकिन जनता मोदी सरकार के इस चालाकी को समझ रही है। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला महासचिव राकेश तिवारी ने कहा कि देवरिया जनपद में बारिश कम होने से सूखा की स्थिति पैदा हो गयी है और दूर्भाग्यपूर्ण है कि खाद के लिए भी किसान परेशान हो रहे हैं इसलिए देवरिया जनपद को सूखाग्रस्त घोषित किया जाना चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके।बैठक को मुख्य रूप से भोला तिवारी,नगर अध्यक्ष जितेन्द्र जायसवाल, विजय नेता,डा अमरेश सिंह,विरेन्द्र तिवारी, एडवोकेट अमरेश यादव, मनीष पाल,अखिलानंद तिवारी, राकेश श्रीवास्तव, नरेन्द्र कुमार सिंह,प्रदीप पटेल, दीपक कुमार मल्ल,नील कान्त शुक्ल, श्रवण कुमार,धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय,धीरज यादव आदि ने संबोधित किया।

निजामपुर गौटिया पुल पर बढ़ा खतरा जिला प्रशासन सतर्क

एप्रोच रोड टूटकर पानी में बह गई

शाहजहाँपुर (राष्ट्र की परम्परा)
बाढ़ की चपेट में आये निजामपुर गौटिया पुल का सड़क से कटान शुरू हो गया है। पुल पर किसी तरह का हादसा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने एहतियातन पुल पर बैरिकेड्स लगवा दिए हैं। एडीएम एफआर ने हालात की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर को अवगत कराया और तत्काल पीडब्ल्यूडी की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पुल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग से यातायात संचालित कराया जाएगा।

गणेश विसर्जन जुलूस में करंट से एक युवक की मौत, डूबने से चार की गई जान, 13 लापता

मुंबई/पुणे (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)गणेशोत्सव के समापन पर रविवार को महाराष्ट्र के कई जिलों में दुखद घटनाएँ सामने आईं। मुंबई में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बिजली के झटके से 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पाँच लोग घायल हो गए। वहीं पुणे जिले के चाकन क्षेत्र में विसर्जन के दौरान चार लोग डूब गए और 13 अन्य लापता बताए जा रहे हैं।

मुंबई की घटना साकीनाका के खैरानी रोड पर रविवार सुबह लगभग 10.45 बजे यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान एक लटकता हुआ बिजली का तार गणपति की मूर्ति से टकरा गया। इस दौरान पास खड़े छह श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुँचाया गया। नगर निगम संचालित सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराए गए बिनु सुकुमारन कुमारन (36) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अन्य पाँच घायलों—सुभांशु कामत (20), तुषार गुप्ता (20), धर्मराज गुप्ता (49), करण कनौजिया (14) और अनुष गुप्ता (6)—का पैरामाउंट अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है।

पुणे जिले में डूबने की घटनाएँ पुणे जिले के चाकन क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु मूर्तियों के साथ विभिन्न जलाशयों में विसर्जन के लिए उतरे थे, इस दौरान पानी के तेज बहाव और गहराई के कारण हादसे हुए। गोताखोरों और आपदा प्रबंधन दल की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

पुलिस और प्रशासन की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विसर्जन के समय सावधानी बरतें, गहरे पानी में न उतरें और बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने घटनाओं की जाँच शुरू कर दी है।

आईआरसीटीसी का बड़ा ऐलान: मात्र ₹24,100 में 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष तोहफ़ा दिया है। नवंबर 2025 में तीर्थयात्रियों को सात पवित्र ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने के लिए “भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन पैकेज” की घोषणा की गई है। यह यात्रा 18 नवंबर से योग नगरी ऋषिकेश से शुरू होगी और 12 दिनों तक चलेगी।

पैकेज की मुख्य विशेषताएँ
अवधि: 11 रातें / 12 दिन
शुरुआत: 18 नवंबर 2025, योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से
समापन: 29 नवंबर 2025
बोर्डिंग विकल्प: हरिद्वार, लखनऊ, कानपुर और अन्य प्रमुख स्टेशन
कुल क्षमता: 767 यात्री
किफ़ायती दरें: इकोनॉमी (स्लीपर) – ₹24,100 प्रति व्यक्ति स्टैंडर्ड (3एसी) – ₹40,890 प्रति व्यक्ति कम्फर्ट (2एसी) – ₹54,390 प्रति व्यक्ति
कौन-कौन से ज्योतिर्लिंग होंगे शामिल?
इस आध्यात्मिक यात्रा में श्रद्धालु इन सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे:ओंकारेश्वर,महाकालेश्वर,नागेश्वर,सोमना,
त्यंबकेश्वर,भीमाशंकर,घृष्णेश्वर
इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर और बेट द्वारका जैसे अन्य पवित्र स्थलों की भी यात्रा कराई जाएगी। पैकेज में क्या-क्या शामिल है? विशेष टूरिस्ट ट्रेन से यात्रा होटल/धर्मशाला में ठहराव और वॉश-एंड-चेंज सुविधा सभी भोजन (केवल शाकाहारी) – सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना ,गाइडेड टूर और पेशेवर टूर एस्कॉर्ट्स,यात्रा बीमा,टूर मैनेजर की पूरी यात्रा में मौजूदगी,पैकेज में क्या शामिल नहीं है? स्मारक/मंदिर प्रवेश शुल्क, नौका विहार जैसी अतिरिक्त गतिविधियाँ,टिप्स, निजी खर्च (जैसे कपड़े धोना, मिनरल वाटर, वाइन आदि)
ऐसी सेवाएँ जो पैकेज में स्पष्ट रूप से उल्लिखित नहीं हैं
बुकिंग प्रक्रिया
यह पैकेज आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत आउटलेट्स के माध्यम से बुक किया जा सकता है। भारत गौरव योजना के अंतर्गत यात्रियों को 33% तक की छूट भी मिलेगी।
ज़रूरी नियम
यात्रा के दौरान बोर्डिंग समय पर यात्रियों के पास पहचान पत्र और कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है।

यह पैकेज श्रद्धालुओं को भक्ति, आराम और सांस्कृतिक विरासत का एक अनोखा अनुभव देने वाला है। मात्र ₹24,100 में सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का यह सुनहरा अवसर श्रद्धालुओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

परीक्षा में लापरवाही: अभ्यर्थी प्रश्नपत्र लेकर समय से पहले बाहर, दो निरीक्षक व छात्र पर मुकदमा

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (PET) में शनिवार को गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना क्षेत्र स्थित अशोक इंटरमीडिएट कॉलेज, डुमरी परीक्षा केंद्र में दूसरी पाली के दौरान एक अभ्यर्थी को प्रश्नपत्र के साथ समय से पहले बाहर जाने दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थी प्रवीण कुमार यादव ने परीक्षा समाप्त होने से लगभग आधा घंटा पहले तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। कक्ष निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह और सुरेंद्र प्रसाद ने बिना जांच-पड़ताल के उसे बाहर जाने की अनुमति दे दी। इस दौरान वह प्रश्नपत्र भी साथ ले गया।

घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र व्यवस्थापक ने तत्काल उच्चाधिकारियों और पुलिस को अवगत कराया। शिकायत पर पुलिस ने अभ्यर्थी समेत दोनों कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रदेश स्तरीय इस परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल हुए। ऐसे में इस घटना ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने मामले की गहन जांच और भविष्य में कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

शुभ्रांशु दीक्षित भाजपा उत्तर मध्य मुंबई जिला के महामंत्री नियुक्त

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा) घाटकोपर पश्चिम के असल्फा गांव के जाने-माने समाजसेवक और लोकप्रिय युवा नेता शुभ्रांशु दीक्षित को भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर मध्य मुंबई जिला का महामंत्री नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई, जिसके बाद उत्तर भारतीय समाज और कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई।
मृदुभाषी, मिलनसार और ईमानदार छवि वाले शुभ्रांशु दीक्षित की युवाओं में खास पकड़ है। वह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और चांदीवली विधानसभा समेत विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता उल्लेखनीय रही है। समय-समय पर वे मुफ़्त चिकित्सा शिविर, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरण जैसी पहल करते रहे हैं। समाजसेवा के इन कार्यों और संगठनात्मक मजबूती के चलते ही पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
उनकी नियुक्ति के बाद से ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों से शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है। उत्तर भारतीय समाज के लोगों ने इसे अपनी सशक्त भागीदारी का प्रतीक बताया है।

नायर अस्पताल और मुंबई एयरपोर्ट को बम धमकी, पुलिस अलर्ट पर

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। शनिवार देर रात मुंबई में अफरा-तफरी का माहौल उस समय बन गया जब नायर अस्पताल और मुंबई एयरपोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। रात लगभग 11 बजे नायर अस्पताल के डीन की आधिकारिक आईडी पर धमकी भरा मेल पहुँचा।

मेल मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक मरीजों और परिजनों में दहशत का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुँचे और पूरे अस्पताल परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालाँकि जाँच में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई।

इसी तरह मुंबई एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया और अलर्ट बढ़ा दिया। लेकिन वहाँ भी कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।

पुलिस अब इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर सेल को मामले की जाँच सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह धमकी कुछ ही दिनों बाद आई है जब अश्विनी कुमार नाम के एक व्यक्ति ने मुंबई शहर को उड़ाने की धमकी दी थी। उस मेल में दावा किया गया था कि शहरभर में कई वाहनों में बम लगाए गए हैं।

धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को पाकिस्तान स्थित जिहादी संगठन का सदस्य बता रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि 14 आतंकवादी शहर में घुसपैठ कर चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क बने रहने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियाँ मामले की गंभीरता से जाँच कर रही हैं।