Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 718

देवरिया में अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद, दो गिरफ्तार

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले के दो अलग-अलग इलाकों से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

पहला मामला थाना रामपुर कारखाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव के समीप गंडक नदी के किनारे जंगल का है। यहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का गोरखधंधा चल रहा था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ा। मौके से पटाखा बनाने की सामग्री के साथ-साथ सरकारी प्राथमिक विद्यालयों की नई किताबें (सत्र 2024-25) कई बोरों में बरामद हुईं। आशंका जताई जा रही है कि इन किताबों का इस्तेमाल पटाखा बनाने में किया जा रहा था।

दूसरी कार्रवाई थाना महुआडीह पुलिस ने बेरमहिया पुल के पास की। यहां चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक पिकअप (UP 57 BT 3194) से 09 बोरी पटाखे बरामद किए और मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि अभियुक्तों, पिकअप वाहन और 09 बोरियों को कब्जे में लेकर थाने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और ग्रामीणों की सजगता से संभव हो पाई है, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।

“जहाँ शहनाई बजनी थी, वहाँ सन्नाटा पसरा – बेटी की मौत के बाद तेरहवीं के लिए बेचने पड़े शादी के बर्तन”

प्रतीकात्मक फोटो

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
जिंदगी कितनी बेरहम हो सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण नगर के टीचर कॉलोनी में सामने आया। यहाँ एक युवती, जिसकी शादी नवंबर माह में होनी थी, ने मानसिक तनाव और अवसाद में आकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जिस घर में चंद दिनों बाद शहनाई गूंजनी थी, वहाँ अब मातम पसरा है।

परिवार ने बेटी की शादी के लिए महीनों से तैयारी कर रखी थी। बर्तन से लेकर अन्य सामान तक खरीद लिया गया था। लेकिन किस्मत ने ऐसा क्रूर मजाक किया कि वही बर्तन अब शादी में नहीं, बल्कि तेरहवीं के लिए बेचने पड़े। परिजनों के सपने चकनाचूर हो गए और खुशियों का हर रंग मातम की काली चादर में ढक गया।

जानकारी के अनुसार, युवती की एक तस्वीर अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। समाज और लोकलाज के दबाव से वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई। पीड़ा और अपमान को दिल में दबाए, उसने अपनी बात किसी से साझा नहीं की और चुपचाप मौत को गले लगा लिया।

परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। मृतका दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसकी शादी को लेकर घर में रौनक थी। रिश्तेदारों के आने-जाने की तैयारी चल रही थी। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया।

इस मामले में सलेमपुर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के परिवार का कहना है कि जिस बेटी के लिए सपनों का संसार सजाया जा रहा था, अब उसी की तेरहवीं के लिए शादी के बर्तन बेचने की विवशता जीवनभर सालती रहेगी।

यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरा संदेश है कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया की गैर-जिम्मेदारी और लोकलाज का दबाव कभी-कभी किसी की जिंदगी छीन लेता है।

परीक्षार्थियों को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा :

एन.एम. यादव असिस्टेंट कमांडेंट आरपीएफ

 मऊ  (राष्ट्र  की परम्परा) पेट की परीक्षा को देखते हुए रविवार को मऊ जंक्शन पर आरपीएफ, जीआरपी एवं शहर कोतवाली पुलिस रेलवे स्टेशन पर मुस्तैद रही । मऊ जंक्शन से आने जाने वाले परीक्षार्थियों को ट्रेन में चढ़ने उतरने की दिक्कत ना हो इसलिए हर बोगी के पास आरपीएफ, जीआरपी सहित शहर कोतवाली पुलिस के जवानों को लगाया गया था और पहले ट्रेन से यात्रियों को उतारने के बाद ही परीक्षार्थियों को चढ़ाने की अनुमति दी गई. आरपीएफ प्रभारी ए के सिंह, जीआरपी प्रभारी राज किशोर सिंह एवं शहर कोतवाल अनिल सिंह सहित पुलिस की मुस्तैदी से आज परीक्षार्थी सहित रेल यात्रा करने यात्री सुगमता से मऊ जंक्शन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए । शाम 5 बजे की परीक्षा के बाद मऊ वाराणसी पैसेंजर में परीक्षार्थियों को शकुलता पूर्वक बैठाया गया । वहीं उसके बाद वाराणसी से गोरखपुर जा रही 15007 कृषक एक्सप्रेस में भारी भीड़ देखते हुए पुलिस ने सभी परीक्षार्थियों को एक-एक कर डिब्बे में जगह दिलवाया और उन्हें अपने गंतव्य तक सकुशल पहुचाने का कार्य किया । पुलिस के इस कार्य कुशलता को देखते हुए लोगों ने आरपीएफ जीआरपी सहित शहर कोतवाली की भूरि भूरि प्रशंसा की ।

वहीं इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अपनी कमान मिल लेने वाले आफ के असिस्टेंट कमांडेंट एन यादव ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आफ सीआरपीएफ और शहर को ताली पुलिस को यहां लगाया गया है किसी भी परीक्षार्थी को यात्रा में और चढ़ने उतरने में परेशानी ना हो इसलिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है किसी भी प्रकार की कोई भी अनहोनी अभी तक नहीं हुई है सभी परीक्षार्थियों को जब तक उनके गंतव्य तक पहुंचा नहीं दिया जाएगा तब तक जीआरपी आरपीएफ की पुलिस मऊ रेलवे स्टेशन पर लगी रहेगी

पंचायत चुनाव को लेकर एआईएमआईएम सक्रिय, संगठन विस्तार पर जोर

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने पंचायत चुनाव को लेकर रविवार को ग्राम औरंगाबाद मोड़ स्थित एक मैरेज हाल में आवश्यक बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशरफ अली अंसारी ने की, जिसमें पचास से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में संगठन विस्तार पर बल देते हुए कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। सेराज खान को विधानसभा प्रमुख सचिव, आमिर खान को ब्लॉक अध्यक्ष, जफर आलम को अहिरौली पंचायत अध्यक्ष, गुलामनबी को लार ब्लॉक अध्यक्ष, इरशाद अहमद को ब्लॉक सचिव तथा अली असगर को प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा एक महिला सदस्य को भी संगठन से जोड़ा गया।

जिलाध्यक्ष अशरफ अली अंसारी ने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव में जनपद की सातों विधानसभा में प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और नए सदस्यों को जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हैं।

इस मौके पर जहांगीर, डब्लू, शीलू समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी टीचर्स ऑफ बिहार का विशेष आयोजन

एक्सक्लूसिव क्विज प्रतियोगिता एवं काव्यांजलि (काव्य गोष्ठी) आयोजित की गई

पटना(राष्ट्र की परम्परा )
शिक्षक दिवस के अवसर पर टीचर्स ऑफ बिहार ने एक भव्य एवं सार्थक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस विशेष आयोजन में “शिक्षक दिवस एक्सक्लूसिव क्विज प्रतियोगिता” तथा “काव्यांजलि (कविता संध्या)” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शिक्षक दिवस से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं काव्यांजलि में शिक्षकों ने कविताओं के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व और समाज में शिक्षक की भूमिका को अभिव्यक्त किया।
टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा जगत में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना और शिक्षकों की गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना रहा।
टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम से न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलती है।
शिक्षक दिवस एक्सक्लूसिव क्विज प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मृत्युंजय कुमार एवं काव्यांजलि के सफल आयोजन में रामकिशोर पाठक का सराहनीय योगदान रहा।
दोनों कार्यक्रम में शामिल 8000 से अधिक प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वत किया की भविष्य में भी इसी तरह के शैक्षिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।

देवरिया पुलिस का नाकाबंदी अभियान, 144 वाहन चालान

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में देवरिया पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत 54 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 1232 व्यक्तियों और 721 वाहनों की जांच की गई। नियमों का पालन न करने वाले 144 वाहनों का 1,47,300 रुपये का ई-चालान किया गया।
अभियान का उद्देश्य संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच, चोरी की गाड़ियों की बरामदगी, अवैध गतिविधियों पर रोकथाम और अंतर्राज्यीय अपराधियों की निगरानी रहा।

आगरा में 22 नवनियुक्त अनुदेशकों को मिले नियुक्ति पत्र

आगरा, (राष्ट्र की परम्परा)
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अंतर्गत चयनित जनपद आगरा के 22 नवनियुक्त अनुदेशकों को रविवार को विकास भवन सभागार में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय व विशिष्ट अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर लोक भवन लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। नवनियुक्त अनुदेशकों ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए, संयुक्त निदेशक व्यावसायिक शिक्षा संजय सगर, नोडल प्रधानाचार्य मान सिंह भारती सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन

आगरा।(राष्ट्र की परम्परा)प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने रविवार को यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उनके साथ जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार सहित प्रशासनिक व नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री उपाध्याय ने जीवनी मण्डी चौराहा से कृष्णा नगर तक निरीक्षण किया और बाढ़ प्रबंधन हेतु क्षेत्र को चार जोन में विभाजित कर स्थानीय प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी। विजय नगर कॉलोनी स्थित शादी घर, शेल्टर हाउस, अग्रसेन कॉलेज व किराना धर्मशाला को राहत शिविर बनाने का सुझाव दिया।
जीवनी मण्डी में आयोजित जन चौपाल में उन्होंने जनता की समस्याएँ सुनीं और अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सर्वजन समागम में विनीता को मिला 12 लाख रूपए का चेक, एफआरसीटी ने रचा इतिहास

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। फास्ट रिलीफ चैरिटेबल टीम जनपद महराजगंज के द्वारा सर्वजन समागम कार्यक्रम नगर के एक लॉन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, विशिष्ट अतिथि संस्थापक महेन्द्र वर्मा, सह संस्थापक चंद्रशेखर सिंह, चरन सिंह कंवर, जनार्दन यादव, प्रदेश अध्यक्ष रानी सिंह कुशवाहा एवं कार्यक्रम संयोजक विजय पांडेय रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन देवेश पांडेय ने किया।
विगत जुलाई माह में एफआरसीटी पनियरा ब्लॉक के सदस्य पन्नेलाल यादव का निधन हो गया था। प्रदेश के समस्त जिलों से 25 हजार सदस्यों ने पन्नेलाल की पत्नी विनीता के बैंक खाता में पचास-पचास रुपए भेजकर बारह लाख उनतीस हजार सात सौ अट्ठाइस रुपए का आर्थिक सहयोग किया।
बेटी विवाह शगुन योजना के अंतर्गत विगत मार्च माह में एफआरसीटी द्वारा महराजगंज के घुघली ब्लॉक के करमहीं गांव के निवासी सुरेश चंद्र सहित जिले के 7 बेटियों के विवाह में 6 लाख का सहयोग किया गया। इस तरह एफआरसीटी टीम ने कुल 34 बेटियों के माता-पिता के बैंक खाते में लगभग 20 लाख रुपए का आर्थिक सहयोग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जय मंगल कन्नौजिया ने जरूरतमंद को सहयोग करने की भावना से खुद एफआरसीटी का सदस्य बने। संस्थापक महेन्द्र वर्मा ने कहा कि बेटी विवाह में 1 लाख रुपए से 5 लाख रुपए तक का आर्थिक सहयोग हो जाता है।प्रदेश अध्यक्ष रानी सिंह कुशवाहा ने कहा कि एफआरसीटी सर्वजन का सर्वजन के लिए सर्वजन के द्वारा बनाया गया टीम है जिसमें अब तक प्रदेश के समस्त जिलों से 40 हजार सदस्य हो गए हैं। जनपद महराजगंज में एफआरसीटी के सात हजार सदस्य हैं।
सह संस्थापक आशु कालियर ने कहा कि 18 से 60 वर्ष उम्र तक का कोई भी व्यक्ति वेबसाइड पर रजिस्ट्रेशन कर सदस्य बन सकता है।
जिलाध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी ने सर्वजन समागम आयोजन में लगे समस्त आयोजक टीम को एवं समस्त आगंतुकों को आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष रविन्द्र नाथ मिश्रा, प्रदेश वरिष्ठ सदस्य शिव सरन सिंह, प्रदेश सचिव मो.अयूब अंसारी, प्रदेश प्रवक्ता प्रणव द्विवेदी, प्रदेश संगठन मंत्री अरुण सिंह कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश कुशवाहा, प्रदेश संयुक्त मंत्री यशवंत यादव, प्रदेश कोर टीम से लवकुश वर्मा, नीरज श्रीवास्तव, पप्पू पासवान, देवेंद्र सहानी, जिला टीम से अनिल वर्मा, सुनील वर्मा, मो. आजाद, शिवेन्द्र कुमार सहित तमाम सक्रिय सदस्य उपस्थित रहें।

डबल इंजन की सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल, जिला अस्पताल ओयल की लापरवाही से गई महिला की जान

वायरल वीडियो की पुष्टि rkpnews नहीं करता

लखीमपुर खीरी(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जिला अस्पताल ओयल में इलाज के अभाव में एक महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल हुई महिला को परिजन एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत के बावजूद महिला को घंटों तक डॉक्टरों ने नहीं देखा। अस्पताल परिसर में महिला तड़पती रही, लेकिन चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह से नदारद रही। इलाज न मिलने के कारण आखिरकार महिला ने दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही आए दिन सामने आ रही है, लेकिन शासन-प्रशासन इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रहा। वहीं, महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मरीज को ऐसी दर्दनाक स्थिति से न गुजरना पड़े।

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय को एनआईआरएफ रैंकिंग में स्थान

कुलाधिपति ने दी बधाई, पहली बार दो श्रेणियों में ऐतिहासिक उपलब्धि

लखनऊ/गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने पहली बार एनआईआरएफ (नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क) 2025 में स्थान पाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन को बधाई दी।
राजभवन, लखनऊ में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के 14 विश्वविद्यालय शामिल हुए, जिन्हें विभिन्न श्रेणियों में रैंकिंग प्राप्त हुई। गोरखपुर विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय श्रेणी में 151–200 बैंड तथा राज्य विश्वविद्यालय श्रेणी में 51–100 बैंड में स्थान मिला है।
कार्यक्रम में कुलपतियों ने अपने-अपने संस्थानों की पहलों को साझा किया। इस दौरान प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों को आकर्षित करने, स्कोपस अनुक्रमित पत्रिकाओं में प्रकाशन हेतु शोध पुरस्कार, शोध परियोजनाओं के लिए सहयोगी वातावरण, सामाजिक एवं एलुमनाई जुड़ाव, पेटेंट दाखिल करने की पहल तथा ओएनओएस से जुड़कर शोध गुणवत्ता बढ़ाने जैसे कदम उठाए हैं। इन प्रयासों से विश्वविद्यालय को यह सम्मान मिला। उन्होंने भविष्य में रैंकिंग को और ऊँचाई तक पहुँचाने की रणनीति का भी उल्लेख किया।
कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सभी विश्वविद्यालयों की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि ऐसी पहलें अन्य संस्थानों को भी प्रेरित करेंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अगले वर्ष और अधिक विश्वविद्यालय एनआईआरएफ रैंकिंग में शामिल होंगे।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल में कुलपति प्रो. पूनम टंडन के साथ प्रो. अजय सिंह, प्रो. दिनेश यादव, प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव और डॉ. रामवंत गुप्ता शामिल रहे।

मथुरा में शर्मसार करने वाली घटना : साधु के वेश में छिपे अधेड़ की गिरफ्तारी, कुकृत्य का वीडियो वायरल

मथुरा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। धार्मिक नगरी मथुरा से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। वृषभान कुंड क्षेत्र में साधु के वेश में रह रहा 58 वर्षीय किशनचंद नामक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक मादा कुत्ते (फीमेल डॉग) के साथ अप्राकृतिक कुकृत्य किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल से बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी किशनचंद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 377 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

वहीं, इस घटना ने धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुँचाई है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में रोष का माहौल है। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे कुकृत्य करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का घृणित अपराध करने की हिम्मत न जुटा सके।

महराजगंज में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की हुंकार – नियमितीकरण व वेतन वृद्धि पर बनी रणनीति

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिला मुख्यालय पर आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी सुरक्षा संगठन की मासिक बैठक जोरदार तरीके से संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार के साथ ही कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।

संगठन के जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गठित आउटसोर्सिंग निगम स्वागत योग्य कदम है। इससे कर्मचारियों को पारदर्शी व्यवस्था और अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने भरोसा जताया कि निगम के गठन से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा और उन्हें स्थायित्व का रास्ता मिलेगा।

बैठक में तय हुआ कि संगठन को और सशक्त करने के लिए नई रणनीति अपनाई जाएगी, ताकि कर्मचारियों की आवाज शासन-प्रशासन तक और प्रभावी ढंग से पहुंच सके। इस मौके पर उपस्थित कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं दीं।

बैठक में पप्पू तिवारी, अमित कुमार, प्रदीप, संजय यादव, कमलेश यादव, आदर्श खरवार, राहुल अग्रहरि, राहुल कन्नौजिया, संजय भारती, रोहित कन्नौजिया, संतोष प्रजापति, संतोष गुप्ता, दिग्विजय गुप्ता, दीपक मिश्रा, सर्वेश राय, बदरे आलम, सदरे आलम, यशवंत, हरेंद्र गुप्ता, बिहारी और संजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो टॉप-10 अपराधी दबोचे गए, जेठुली कांड का इनामी भी शामिल

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)राजधानी पटना के पूर्वी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों में जेठुली कांड का मुख्य आरोपी एवं 50 हजार रुपये का इनामी रितेश कुमार उर्फ लप्पू राय तथा गौरीचक थाना क्षेत्र का शातिर बदमाश शैलेन्द्र यादव उर्फ कारू शामिल है।

इनामी अपराधी रितेश पर कई गंभीर मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार रितेश कुमार उर्फ लप्पू राय पर हत्या, रंगदारी और लूट जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। जेठुली कांड का वह मुख्य आरोपी रहा है, जिसके बाद से ही वह पुलिस की नजरों से फरार था। अपराध की दुनिया में उसकी सक्रियता और इलाके में फैले भय को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

गौरीचक का कुख्यात शैलेन्द्र उर्फ कारू भी चढ़ा हत्थे
इसी क्रम में गौरीचक थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी शैलेन्द्र यादव उर्फ कारू को भी पुलिस ने दबोच लिया। कारू पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इलाके में राहत, पुलिस की सक्रियता पर जताया भरोसा
इन दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। ग्रामीण इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हो।

एसएसपी ने दी जानकारी
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। इनके नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आने वाले दिनों में और भी कई बड़े अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई, जिले के 18 अनुदेशकों को मिला नियुक्ति पत्र

निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से चयनित अनुदेशकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। लखनऊ स्थित लोक भवन ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1510 अनुदेशकों में से 407 को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने आयोग की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना करते हुए सभी नव चयनित अनुदेशकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया। यहां आयोजित समारोह में विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान तथा जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जनपद के 20 चयनित अनुदेशकों में से 18 को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने नव चयनित अनुदेशकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनसे निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामकरन सिंह आईटीआई मेहदावल के नोडल प्रधानाचार्य उदय नारायण, आईटीआई खलीलाबाद के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार, आईटीआई हैंसर के प्रधानाचार्य राम उग्रह, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, ईडीएम राकेश सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी व नव चयनित अनुदेशक उपस्थित रहे।