Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 686

ऑनलाइन गेम की लत ने छीनी मासूम की जान:

लखनऊ में 13 साल के छात्र ने 14 लाख हारने के बाद की आत्महत्या

लखनऊ।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धनुवासाढ़ गांव में महज़ 13 साल के एक छात्र ने ऑनलाइन गेम में 14 लाख रुपये हारने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने अभिभावकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नज़र रखना कितना ज़रूरी है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान यश कुमार (13 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार यादव के रूप में हुई है। यश छठी कक्षा का छात्र था। उसने पढ़ाई के बहाने पिता के मोबाइल और बैंक खाते का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गेम खेलना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे यह लत इतनी बढ़ गई कि उसने पिता के खाते से कुल 14 लाख रुपये खर्च कर दिए।

सोमवार को जब पिता सुरेश कुमार बैंक से पैसे निकालने पहुंचे तो उन्हें खाते में बैलेंस शून्य बताया गया। बैंक प्रबंधक से बातचीत के बाद सारा सच सामने आया। घर लौटकर पिता ने परिवार को यह जानकारी दी। उसी समय घर पर मौजूद यश ने घबराहट में पढ़ाई का बहाना बनाया और छत पर बने कमरे में चला गया।

कैसे हुआ हादसा?
थोड़ी देर बाद जब यश की बहन गुनगुन कमरे में गई तो उसने अपने भाई को फंदे से लटका हुआ पाया। शोर मचाने पर परिवार के लोग पहुंचे और यश को उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई
मोहनलालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ऑनलाइन गेम की लत और रुपये गंवाने के डर ने बच्चे को यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

मामले से उठे सवाल
यह घटना अभिभावकों के लिए एक चेतावनी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बेहद ज़रूरी है। समय रहते संवाद और नियंत्रण न हो तो गेमिंग की यह लत जानलेवा साबित हो सकती है।

सादुल्लानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर जलभराव, मरीजों और राहगीरों को हो रही परेशानी

सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)।
झमाझम बारिश के बाद सादुल्लानगर के रेहरा बाजार रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और थाना परिसर जाने वाले मार्ग पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। तेज बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से मरीजों, फरियादियों, राहगीरों सहित छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को पानी में से आना जाना पड़ता हैं। वहीं थाना पहुंचने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगो ने आरोप लगाया कि नाली और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर साल बारिश में यही स्थिति बन जाती है।अहरौला निवासी रवि कुमार, गामा भारती ने बताया कि उक्त जलभराव वाले रास्ते को पार कर अहरौला से दर्जनों नौनिहाल पी एम श्री कम्पोजिट विद्यालय सादुल्लानगर आते जाते हैं जिससे उन्हें समस्याओ का सामना करना पड़ता है।मोहम्मद आसिफ, गुलाम हुसैन, तहारत रजा,मान सिंह चौहान, प्रमोद, राजेश आदि
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद का सेतु बना सीएम योगी का मंच

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित जनता दरबार (जनता दर्शन) प्रदेश की आम जनता के लिए आशा और विश्वास का बड़ा मंच बन गया है। इस अनूठी पहल के जरिए प्रदेशवासी अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकते हैं।

सीएम योगी स्वयं जनता की बात सुनते हैं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी देते हैं। इससे न केवल समाधान की प्रक्रिया तेज होती है बल्कि जनता को यह भरोसा भी मिलता है कि उनकी आवाज सीधे सरकार तक पहुंच रही है।

जनता दरबार की प्रमुख विशेषताएँ

  1. सूचना प्राप्त करें – जनता दरबार की तारीख, समय और स्थान की जानकारी सीएम कार्यालय अथवा स्थानीय प्रशासन से ली जा सकती है।
  2. पूर्व-आवेदन दर्ज करें – शिकायत या सुझाव लिखित रूप में तैयार करना आवश्यक है। आवेदन स्पष्ट और संक्षिप्त भाषा में होना चाहिए।
  3. जरूरी दस्तावेज साथ रखें – पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन), समस्या से जुड़े प्रमाण, कागजात, आदेश, बिल आदि।
  4. रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया – दरबार स्थल पर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर नाम और विवरण दर्ज करना होता है। इसके बाद टोकन नंबर जारी होता है।
  5. मुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात – टोकन के आधार पर बारी-बारी से लोग अपनी शिकायतें रखते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यक्तिगत रूप से संवाद कर अधिकारियों को निर्देश देते हैं।

जनता की राय

जनता दरबार में शामिल होने वाले लोगों का कहना है कि यह मंच उन्हें बिना किसी माध्यम के सरकार से सीधे संवाद का अवसर देता है। यहां पारदर्शिता और भरोसा सबसे बड़ी ताकत है।

महत्व और प्रभाव

यह मंच आमजन को सशक्त बनाता है।शासन की पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करता है।पहली बार उत्तर प्रदेश में किसी मुख्यमंत्री द्वारा इस तरह का नियमित मंच स्थापित किया गया है।आवश्यक सावधानियाँआवेदन संक्षिप्त और स्पष्ट भाषा में लिखें।समस्या से जुड़े पूरे दस्तावेज और प्रमाण साथ रखें।भीड़ अधिक होने की स्थिति में धैर्य और अनुशासन बनाए रखें।सुनिश्चित करें कि आवेदन संबंधित विभाग से जुड़ा हुआ हो।

जनता दरबार ने उत्तर प्रदेश में शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और भी अधिक मजबूत किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल लोगों की उम्मीदों को नया आधार दे रही है।

दुर्गा पूजा से पहले बिहार सरकार ने सात डीएसपी का किया तबादला

शांति व्यवस्था और सुरक्षा पुख्ता करने पर जोर

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)दुर्गा पूजा से पहले बिहार सरकार ने सूबे में बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक सात डीएसपी का स्थानांतरण कर उनकी नई तैनाती की गई है। सरकार का कहना है कि आगामी पर्व-त्योहार और चुनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

कहां हुआ तबादला अररिया मुख्यालय डीएसपी फखरे आलम को ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है।नवादा ट्रैफिक डीएसपी ऋषभ शिव रंजन को पटना के विशेष सुरक्षा दल (Special Security Group) में भेजा गया है। पटना सीआईडी डीएसपी आकाश किशोर और एससीआरबी डीएसपी शत्रुघ्न कुमार मंडल का भी स्थानांतरण विशेष सुरक्षा दल में किया गया है।सचिवालय सुरक्षा डीएसपी मनोज कुमार सिंह को अररिया मुख्यालय डीएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है अररिया ट्रैफिक डीएसपी दीवान एकराम खान को कटिहार के बीसैप-7 (B-SAP) में तैनात किया गया है। पटना बीसैप-1 डीएसपी राजेश रंजन को सचिवालय सुरक्षा का कार्यभार दिया गया है।

सरकार की प्राथमिकता: पर्व और चुनाव में शांति
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, चुनावी प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए इन तबादलों को अहम माना जा रहा है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार और चुनावी मौसम में संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाए और यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए।

निलेश नानचे मुंबई कांग्रेस स्लम सेल के अध्यक्ष नियुक्त,

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। चेंबूर के जाने माने कांग्रेस नेता व समाजसेवक निलेश नानचे को मुंबई कांग्रेस स्लम सेल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। निलेश नानचे की यह नियुक्ति मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद वर्षा गायकवाड़ के आशीर्वाद से हुई है। नानचे की इस पद पर हुई नियुक्ति से झोपड़पट्टियों के निवासियों में आशा की एक किरण जागी है।
बता दें कि निलेश नानचे के पिता वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे हैं। यही वजह है कि नानचे छात्र जीवन से ही कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए झोपड़पट्टियों में एस आर ए योजना को क्रियान्वित कराने के लिए सदैव ही प्रयत्नशील रहते हैं। निलेश नानचे को मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने नियुक्ति पत्र सौंपकर पद भार ग्रहण कराया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक अमीन पटेल, मुंबई कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता और स्लम सेल विभाग के पूर्व अध्यक्ष सुरेशचंद्र राजहंस, महासचिव तुषार गायकवाड़, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष कचरू यादव, कांग्रेस नेता निजामुद्दीन राइन, शंकर खड़तारे, राजेश इंगले , सुभाष चंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। स्लम सेल के अध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति पर नीलेश नानचे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता होगी झोपड़पट्टियों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को हल कराना। इसके अलावा झोपड़पट्टियों में एस आर ए योजना को गति दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण करने का मिला आश्वासन

11 सौ कर्मचारियों का शेलरी न मिलने से त्योहार होगा फीका

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ जनपद इकाई कुशीनगर के पदाधिकारियों द्वारा संघ के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में, नवागत मुख्य चिकित्साधिकारी कुशीनगर डा0 चंद्र प्रकाश को पुष्प गुच्छ भेंट कर व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। और उन्हें कर्मचारी की समस्याओं व त्योहारी माह में सेलरी अब तक न मिलने से अल्प वेतनभोगी कर्मचारियों की पीड़ा से अवगत कराया गया । जिलाध्यक्ष सतेन्द्र पाण्डेय ने 11 सौ संविदा कर्मचारियों का त्यौहार फीका न हो सितंबर माह की सेलरी शीघ्र आहरित करने हेतु ज्ञापन दिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डा० चंद्र प्रकाश ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्या का समाधान होगा साथ ही जनपद का रैंकिंग सुधारने के लिए कर्मचारी संगठन से आह्वाहन किया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी / जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर एस एन त्रिपाठी ने कर्मचारियों के कार्यो की सराहना कर उत्साह बढ़ाया। स्वागत प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से संघ के मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव (लडडू),कोर कमेटी के जिलाध्यक्ष डा० वेद प्रकाश तिवारी,जिला उपाध्यक्ष डा० मधुसूदन मिश्र,जिला उपाध्क्ष डा० संजय कुमार सिंह,संघ के प्रदेश संरक्षक अमित पाण्डेय,महामंत्री राजू यादव, जिला कोषाध्यक्ष विशाल जायसवाल,मंत्री विवेक यादव,संगठन मंत्री संतोष यादव, किरन यादव,अनूप गोंड आदि ने स्वागत किया । इस अवसर पर जिला संयुक्त चिकित्सालय एवं सीएचसी/पीएचसी के दर्जनक संविदा कर्मचारी एवं आशा संगिनी,आशा बहने उपस्थित रही ।

युवा कांग्रेसियों ने वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत किया मतदाता सूची का सत्यापन

मतदाता सूची लेकर घर घर भ्रमण कर किया मतदाता की ली जानकारी

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष गोविंद मिश्र के नेतृत्व में क्षेत्र के दर्जनों गांवों में घर घर जाकर मतदाता सूची के साथ परिवार के लोगों से मिलकर जांच किया।इस दौरान जिलाध्यक्ष गोविन्द मिश्र ने कहा कि गांवों में जाने पर पता चल रहा है कि कई जगह मृतकों के साथ ही एक ही व्यक्ति का नाम दो जगह है। कई मतदाता विगत कई वर्षों से बाहर रह रहे हैं। इस तरह के मतदाता सूची से आगामी चुनाव प्रभावित हो सकता है। हमारे नेता राहुल गांधी इसी अभियान को लेकर पूरे देश के लोगों को जागरूक कर रहे हैं। भाजपा सरकार को युवा वर्ग की कोई चिन्ता नही है नौजवान पढ़ाई पूरी कर सड़कों पर रोजगार के लिए मारा मारा फिर रहा है।जिला उपाध्यक्ष सत्यम पांडेय ने कहा कि अब तक जो त्रुटि मतदाता सूची में थी उसको सही कराने व आमजन को उसके लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सचेत कर वोट चोरी नही होनें देगे कांग्रेस कार्यकर्ता इसके लिए पूरे जनपद में कार्यकर्ताओं ने अभियान चलाया है। कार्यक्रम के दौरान अंकुर भारती,हर्षित सिंह, नवनीत पांडेय, रोहित मिश्र, रत्नेश शुक्ल,सिकन्दर यादव, परमेश्वर पटेल,मोनू मद्देशिया, पिंटू पटेल, प्रभाकर पटेल,विराट यादव, अरविन्द शर्मा ,कार्तिकेय मिश्र ,मोहित पांडेय आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।

बरहज: महिला महाविद्यालय में ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ पर संगोष्ठी का आयोजन

देवरिया/बरहज (राष्ट्र की परम्परा)। बाबा राघव दास भगवान महिला महाविद्यालय, बरहज में मंगलवार को “एक राष्ट्र एक चुनाव” विषय पर संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक शिवम् कुमार निषाद ने किया। संगोष्ठी की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल रही, जबकि विशिष्ट अतिथि कवि रामेश्वर प्रसाद यादव थे। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष निशिकांत दीक्षित और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सिराज अहमद ने अपने विचार रखे।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/local-body-elections-should-be-held-by-31-january-2026/

मुख्य वक्ताओं ने रखे विचार

मुख्य वक्ता निशिकांत दीक्षित ने कहा कि – “एक देश, एक चुनाव अभियान देश के लिए बेहद जरूरी है। हर वर्ष अलग-अलग चुनावों से जनता को बार-बार आचार संहिता की स्थिति का सामना करना पड़ता है, जिससे विकास योजनाओं के लाभ समय पर जनता तक नहीं पहुंच पाते।”

नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि निरंतर चुनावी प्रक्रिया नीति-निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में बाधा डालती है। उन्होंने कहा – “समकालिक चुनाव से देश में आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता आएगी, निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा और विकास को गति मिलेगी।”

विशिष्ट अतिथि रामेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से भारी चुनावी खर्च पर अंकुश लगेगा और बचत को शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर में लगाया जा सकेगा।

आयोजक का वक्तव्य

आयोजक शिवम् निषाद ने कहा कि – “एक राष्ट्र एक चुनाव सिर्फ चुनावी सुधार नहीं बल्कि यह मॉडल भारत के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक ढांचे में सुधार लाकर एक शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा।”

कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ जिसे अमृता सिंह और निक्की दुबे ने प्रस्तुत किया। स्वागत गीत साक्षी पाण्डेय ने गाया। संचालन डॉ. रजनीश दीक्षित ने किया। इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश तिवारी, राधेश्याम तिवारी, प्रतिभा पाण्डेय, विधि त्रिपाठी, सोली शुक्ला, आनंद निषाद, रतन वर्मा, धीरज निषाद समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देवरिया में यातायात पुलिस का अभियान, 89 वाहनों का चालान, 4 सीज

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए देवरिया यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह व टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की गहन चेकिंग की।इस दौरान कुल 62 ई-रिक्शा वाहनों पर दाहिनी ओर रस्सी बंधवाने के साथ ही वाहन स्वामी का नाम, पता, थाना क्षेत्र और मोबाइल नंबर अंकित कराया गया। बस स्टैंड पर सड़क किनारे खड़ी होकर सवारी भरने वाली अनुबंधित बसों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के वाहनों को सीज किया गया।इसी क्रम में नो हेलमेट–नो फ्यूल अभियान के तहत शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट आए दोपहिया वाहन चालकों को ईंधन नहीं दिया गया। उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। पेट्रोल पंप संचालकों को भी इस नियम का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में कुल 89 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया।यातायात विभाग का कहना है कि इस तरह की कार्यवाही से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

सादुल्लानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर जलभराव, मरीजों और राहगीरों को हो रही परेशानी

सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)।झमाझम बारिश के बाद सादुल्लानगर के रेहरा बाजार रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और थाना परिसर जाने वाले मार्ग पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। तेज बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से मरीजों, फरियादियों, राहगीरों सहित छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को पानी में से आना जाना पड़ता हैं। वहीं थाना पहुंचने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगो ने आरोप लगाया कि नाली और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर साल बारिश में यही स्थिति बन जाती है।अहरौला निवासी रवि कुमार, गामा भारती ने बताया कि उक्त जलभराव वाले रास्ते को पार कर अहरौला से दर्जनों नौनिहाल पी एम श्री कम्पोजिट विद्यालय सादुल्लानगर आते जाते हैं जिससे उन्हें समस्याओ का सामना करना पड़ता है।मोहम्मद आसिफ, गुलाम हुसैन, तहारत रजा,मान सिंह चौहान, प्रमोद, राजेश आदि ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

गांधी जयंती की तैयारियों के संबंध में जिला अधिकारी की बैठक संपन्न‎

‎शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 02 अक्टूबर,2025 को गांधी जयंती मनाए जाने की तैयारी के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कार्यक्रम की रूपरेखा के विषय में सभी को अवगत कराया। डीएम ने जनपद में गांधी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन ही ईमानदारी,निष्ठा तथा समर्पण का मिसाल है और हमें अपने दैनिक जीवन में इसका पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी तथा उपस्थित नागरिक स्वयं इस राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने साफ सफाई की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए, उन्होंने मलिन बस्तियों में साफ सफाई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं सम्मानित नागरिक गण मौजूद रहे।

मिट्टी में दबी नवजात को बचाया

एसपी ने अस्पताल पहुँचकर लिया हालचाल

शाहजहाँपुर (राष्ट्र की परम्परा)। थाना जैतीपुर क्षेत्र के गोहापुर पुल से भुढ़िया जाने वाले मार्ग पर 14 सितंबर की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। नदी किनारे पेड़ों के पास मिट्टी में दबी हुई एक नवजात बालिका मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बच्ची को सकुशल मिट्टी से बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल शाहजहाँपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी देखभाल कर रही है।आज, 16 सितंबर को पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और अपर पुलिस अधीक्षक नगर जिला अस्पताल पहुँचे। अधिकारियों ने बच्ची की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। शिशु के उपचार और आगे की देखभाल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि नवजात की सुरक्षा और पालन-पोषण सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त देखरेख में बच्ची को हर संभव सहयोग और संरक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही, बाल कल्याण समिति (CWC) और महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय स्थापित कर शिशु को सुरक्षित भविष्य देने की कार्यवाही की जा रही है।

पटना और मुंबई को दहलाने की साजिश का खुलासा, धमकीबाज अश्विनी पुलिस रिमांड पर

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) अभी विगत दिनों पटना को दहलाने की मेल करने वाला खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। 34 जगहों पर 4 क्विंटल RDX लगाने और गांधी मैदान थाना के अंडरग्राउंड में धमाका करने की धमकी देने वाले आरोपी अश्विनी कुमार को पटना पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। यही नहीं, यही शख्स मुंबई में भी फिरोज बनकर गणेश पूजा पंडाल को उड़ाने की धमकी दे चुका है, जिससे वहां भी हड़कंप मच गया था।

नोएडा से गिरफ्तार अश्विनी को पहले मुंबई ले जाया गया और आर्थर रोड जेल भेजा गया था। अब पटना पुलिस उसकी चार दिन की रिमांड पर पूछताछ कर रही है। पटना टाउन डीएसपी कामख्या नारायण सिंह ने बताया कि 4 सितंबर को गांधी मैदान थाना के सरकारी नंबर पर सैकड़ों कॉल और धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज आए थे। संदेश में लिखा था—“पटना के 23 जगहों पर RDX लगाया है, गांधी मैदान थाना के अंडरग्राउंड में बम फिट है, दम है तो बचा लो।” आरोपी ने इंद्रपुरी इलाके में दो बच्चों की हत्या की जिम्मेदारी लेने की भी बात मैसेज में लिखी थी।

पुलिस की टेक्निकल टीम ने कॉल डिटेल्स खंगाले तो पता चला कि यही मोबाइल नंबर मुंबई में धमकी के लिए इस्तेमाल हुआ था। वहां भी आरोपी ने खुद को फिरोज बताकर गणेश पंडाल को उड़ाने की धमकी दी थी। मोबाइल की जब्ती और जांच के बाद धमकीबाज की पहचान पटना निवासी अश्विनी कुमार के रूप में हुई।

बिहार पुलिस का कहना है कि अश्विनी के खिलाफ गांधी मैदान थाना में धोखाधड़ी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वह अक्सर अपनी पहचान बदलकर अलग-अलग नामों से वारदात करता है। पटना पुलिस को शक है कि इन धमकियों के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।

चार दिन की रिमांड बुधवार को खत्म होगी और तब तक की पूछताछ से ही साफ होगा कि अश्विनी की असली मंशा क्या थी—सिर्फ दहशत फैलाना या किसी बड़े नेटवर्क की गहरी प्लानिंग का हिस्सा बनना। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई सनसनीखेज खुलासे सामने आ सकते हैं।

धूमधाम से मनाया गया मंडल अध्यक्ष विष्णु प्रताप गुप्ता का जन्मदिन समारोह

सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)।भारतीय जनता पार्टी सादुल्लानगर मंडल अध्यक्ष विष्णु प्रताप गुप्ता का जन्मदिन ग्रीन फील्ड मैरिज हॉल, मनकापुर रोड सादुल्लानगर में बीती रात को बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकार जगत की तमाम हस्तियां, समाजसेवी तथा पार्टी सभी कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विष्णु प्रताप गुप्ता ने अपने जन्मदिन को विशेष बनाने के लिए सभी के योगदान को याद करते हुए कहा कि “मेरे इस खास दिन को यादगार बनाने में सभी भाइयो का बहुत बड़ा सहयोग रहा है। मैं उनके प्रति हृदय से आभारी हूँ।” कार्यक्रम में केक काटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे समारोह में उत्साह और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर रमेश चंद्र तिवारी,बहरैची प्रसाद गुप्ता,राधेश्याम गुप्ता,जिला मंत्री भाजयुमो सुमित सिंह,मंडल अध्यक्ष भाजयुमो श्याम जी वर्मा,सुभसपा प्रदेश अध्यक्ष विकास तिवारी,भगवान पूजन पटेल,दीपचंद जायसवाल,जग प्रसाद गुप्ता,रमेश चौहान,अनूप शुक्ला,तौकीर हुसैन,मुकीम सिद्दीकी,शाहिद हुसैन,आशीष गुप्ता,रमेश शर्मा,अशोक पाल,विकास श्रीवास्तव साहित क्षेत्र के सैकड़ो लोग उपस्थित रहें।

बांसी नदी पुनरोद्धार के लिए कार्ययोजना तैयार, मेला से पूर्व होगी सफाई

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी की उपस्थिति में बांसी नदी के पुनरोद्धार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिकारियों के साथ बांसी नदी से सटे ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे।बैठक में जानकारी दी गई कि नदी की कुल 114 किमी लंबाई को सेक्टरों में विभाजित कर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें 0 से 60 किमी तक का क्षेत्र सिंचाई खंड-2 तथा 60 से 114 किमी तक का क्षेत्र बाढ़ खंड के अंतर्गत आता है। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान नदी का ड्रोन से लिया गया वीडियो भी देखा।डीएम ने निर्देश दिया कि बांसी मेला से पूर्व सफाई का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने इसे सामाजिक अभियान का रूप देने की बात कहते हुए सभी ग्राम प्रधानों से श्रमदान के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने की अपील की।बैठक में बताया गया कि नदी जीर्णोद्धार हेतु 6 करोड़ 22 लाख रुपये का डीपीआर शासन को भेजा जाएगा। वहीं, टाइड फंड के अंतर्गत प्राप्त 2 करोड़ रुपये में से 1.5 करोड़ बांसी नदी और 50 लाख हिरण्यवती नदी के लिए खर्च किए जाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जलकुंभी की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के उपाय किए जाएंगे।डीएम ने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी के तहत कार्ययोजना अनुसार तय समयसीमा में काम शुरू करें। एक सप्ताह, 15 दिन और एक माह में पूर्ण होने वाले कार्यों का अलग-अलग उल्लेख करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नदी किनारे सरकारी भूमि पर तालाब एवं केले की खेती प्रशासन की देखरेख में कराने तथा प्रदूषण विभाग को भी समिति में शामिल करने का आदेश दिया गया।उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है, जब तक कार्य पूर्ण नहीं होता तब तक ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन के सहयोग से इसे सामाजिक अभियान के रूप में लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा राकेश, खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।