Saturday, May 2, 2026
Home Blog Page 67

गैस कालाबाजारी रोकने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने और कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 8423675896 जारी किया गया है।

कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल बनाए गए हैं, जबकि उपजिलाधिकारी विजय यादव प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इसकी निगरानी करेंगे। प्रशासन ने सभी तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित कर गैस एजेंसियों की जांच और औचक छापेमारी के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं से अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की गई है।

परधानी कै चुनाव फिर से नियरान है

सीट सामान्य भई जब से
दस-पंद्रह सोच भई है सयानी
भौजिक पांव गहे महतारी
तुंही अब लाज बचाओ भवानी
केहुक है रुपया परदेसिक
केहुक जेवर भैंस बिकानी
जीति जो जाब बोलेरो लयाइब
ऐस तिजोरी भई परधानी।

बाभन-ठाकुर ड्योढ़ी चमारेक
कूकुर जैसन पूंछि हलावैं
गांवन जे तरसैं गुड़ खातिर
राबड़ी काटन का मुंह बावैं
माथेप चंदन है जेकरे अब
दारुक दांव लिहा घतिआवैं
कोढ़ी कलन्दर एक बचै नहिं
पावैं तो जीभिस चाटि पटावैं।

नेउतत देवि व देउतन का बढ़ि
भोर भए घुड़दौड़ लगावैं
जोर सिफारिस औ’ नकुना
रगरैं चढ़ि वोटर का फुसलावैं
आंखि गड़ाए मोबाइल मां
पहुड़े मुल नींदि से रारि मचावैं
जौन कमी रहिगै पुरियावत
जोरत गांठत राति बितावैं।

एक मुक्तक
रोग गाइ कै हंसि खेलाइ कै
किहिन छल-कपट अस बेइमानी
कौनौ मेर जीति जौ पाइन
सुअर बार भा आंखिक पानी
भै मरदानी बात जनानी
लैट्रिन खाए पियैं नरदहा
बैठ बोलेरो मा घूमैं अब
केहकै नाना केहकै नानी।

कवि विद्रोही, गोंडा

केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत की जनसभा आज

0

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा कि 15 मार्च को शहर के शुगर मिल ग्राउंड में 11 बजे जनसभा का आयोजन किया गया है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह मुख्यवक्ता होंगे।
यह बातें उन्होंने रविवार को जिला पंचायत परिसर स्थित कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, दल के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री त्रिलोक त्यागी, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, भाटपारानी विधायक सभा कुंवर व तमकुही राज विधायक डॉ. असीम राय मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कौशल विकास पर जोर है। केंद्रीय मंत्री व दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह प्रधानमंत्री के कौशल विकास मिशन को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एनडीए को मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम में देवरिया व कुशीनगर के एनडीए समर्थक कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने जनसभा को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पहुंचने की अपील की। इस दौरान क्षेत्रीय महासचिव संगठन विपिन श्रीवास्तव व जिलाध्यक्ष रमाशंकर चौहान मौजूद रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में 37405 मामलों का निस्तारण, 3.54 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण वसूली

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशन में 14 मार्च 2026 को द्वितीय शनिवार के अवसर पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 37405 मामलों का निस्तारण किया गया। बैंक एवं फाइनेंस कम्पनियों द्वारा 735 मामलों में 35499503 रुपये की ऋण वसूली की गई। न्यायालयों में 3971 मामलों का निस्तारण करते हुए 230625 रुपये का अर्थदण्ड वसूल किया गया तथा 16090000 रुपये का मोटर दुर्घटना प्रतिकर दिलाया गया। इसके अतिरिक्त समस्त प्रशासनिक विभागों में 32699 मामलों का निस्तारण किया गया।
जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह की कोर्ट में 3 मामलों का निस्तारण करते हुए 50500 रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नासिर अहमद की कोर्ट में 11 पारिवारिक मामलों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी-द्वितीय की कोर्ट में 47 मामलों का निस्तारण कर 16090000 रुपये का प्रतिकर दिलाया गया।
अपर जिला जज-प्रथम गजेन्द्र की कोर्ट में 332 मामलों का निस्तारण किया गया। स्पेशल जज एससी-एसटी देवेन्द्र नाथ गोस्वामी की कोर्ट में 2 मामलों का निस्तारण करते हुए 1500 रुपये का अर्थदण्ड वसूल किया गया। स्पेशल जज पॉक्सो एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार-पंचम की कोर्ट में 2 मामलों का निस्तारण किया गया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी की कोर्ट में 1411 मामलों का निस्तारण करते हुए 83480 रुपये का अर्थदण्ड वसूल किया गया। सिविल जज सीनियर डिवीजन संजय राज पाण्डेय की कोर्ट में 343 मामलों का निस्तारण करते हुए 5086034 रुपये का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किया गया तथा 10320 रुपये का अर्थदण्ड वसूल किया गया।
इसके अलावा ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, ग्राम न्यायालय मेंहदावल तथा अन्य न्यायालयों में भी कई मामलों का निस्तारण कर अर्थदण्ड वसूला गया। स्थायी लोक अदालत में भी आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह सहित न्यायालय कर्मी, बैंककर्मी, अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक एवं वादकारी उपस्थित रहे।

पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआर पीजी कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, व्यवस्थापन और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि या नकल से संबंधित प्रयासों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
जनपद में परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

राष्ट्रीय युवा महोत्सव में गोरखपुर विश्वविद्यालय को तीन पदक

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है। भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा आयोजित 39वें अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, चेन्नई (तमिलनाडु) में 10 मार्च से 14 मार्च 2026 तक हुआ। इस महोत्सव में देशभर के 120 विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में भाग लिया।
महोत्सव में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की 10 सदस्यीय टीम ने दो प्रमुख विधाओं और सांस्कृतिक यात्रा (कल्चरल प्रोसेशन) में प्रतिभाग करते हुए तीन पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय ने रंगोली विधा में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि माइम (मूक अभिनय) प्रतियोगिता में चतुर्थ स्थान हासिल किया। इसके अलावा कल्चरल प्रोसेशन में भी टीम ने सशक्त प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
टीम मैनेजर के रूप में डॉ. हर्षवर्धन सिंह और अभिषेक श्रीवास्तव ने टीम का नेतृत्व किया। रंगोली प्रतियोगिता में रोहित प्रजापति ने अपनी कलात्मकता का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं माइम प्रतियोगिता में लाभांश गुप्ता, तनीषा यादव, पृथ्वी गुप्ता, सिद्धि निराला, आंचल शुक्ला, आशीर्वाद श्रीवास्तव और हिंदकेसरी यादव ने “जल संरक्षण” विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे निर्णायकों और दर्शकों ने सराहा।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में असीम प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता है, जिसे उचित मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी सिद्ध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों को पूरे वर्ष आयोजित किया जाना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिले।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे ने बताया कि आगामी सत्र से विश्वविद्यालय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न विभागों में वर्ष भर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निदेशक “तरंग” प्रो. ऊषा सिंह ने भी सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में विद्यार्थी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

मधुबन में एक नया थाना और तीन पुलिस चौकी बनाने की कवायद तेज

भूमी आवंटन की प्रकिया ने पकड़ी गति, सीओ अंजनी कुमार पाण्डेय की पहल से जगी उम्मीद

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा ) जनपद के मधुबन में एक नवीन थाना एवं तीन पुलिस चौकियों के निर्माण की कवायद तेज हो गयी है। अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण एवं पुलिस सुधारों के क्रम में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र के निर्देश के बाद स्थानीय तहसील प्रशासन क्षेत्र में एक नवीन थाना एवं तीन पुलिस चौकियों सहित एक पुलिस सहायता बूथ बनाए जाने के क्रम में तहसील प्रशासन भूमि आवंटन किए जाने की कवायद को तेज कर दिया है।

बता दे की वर्ष 2019 से मधुबन क्षेत्र के विस्तारित रूप को देखते हुए अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी दुबारी को उच्चीकृत कर थाना बनाए जाने की मांग की जा रही थी। तथा सिपाह इब्राहिमाबाद , दरगाह तथा तिनहरी को चौकी बनाए जाने के साथ ही संवेदनशील स्थान नंदौर को पुलिस सहायता केंद्र बनाए जाने की मांग तेजी से उठती रही है। बावजूद इसके सकारात्मक पहल न किए जाने के चलते आज तक जनहित का यह मांग मूर्त रूप नहीं ले सका था। सीओ मधुबन अंजनी कुमार पाण्डेय ने एक बार फिर उपरोक्त दुबारी को थाना और उल्लिखित स्थानों पर चौकी निर्माण के लिए पत्राचार किया है। जिसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने तहसील प्रशासन को भूमि चिन्हित कर आवंटन की कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया है।

इस संबंध सीओ अंजनी कुमार पाण्डेय ने बताया कि उपरोक्त थाना व चौकी बनाए जाने के लिए पत्र प्रेषित किया गया है। जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के क्रम में यदि सकारात्मक कार्रवाई की गई तो एक सप्ताह के अंदर सभी स्थानों के लिए भूमि आवंटित कर दी जाएगी। थाना और चौकी निर्माण होने के चलते अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगेगा ।

तहसील सिकंदरपुर में आयकर विभाग का छापा, 40 लाख से अधिक की 35 रजिस्ट्रियों के कागजात जब्त

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

सिकंदरपुर तहसील में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। टीम के तहसील परिसर में पहुंचते ही कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा रजिस्ट्री कराने आए लोगों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने सीधे उप निबंधक कार्यालय में पहुंचकर रजिस्ट्री से जुड़े अभिलेखों और फाइलों की जांच शुरू कर दी। घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला और संदिग्ध रजिस्ट्रियों से जुड़े कागजात अपने कब्जे में ले लिए।आयकर विभाग की टीम ने करीब 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 35 रजिस्ट्रियों से संबंधित कागजात जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि इन रजिस्ट्रियों में आयकर नियमों के अनुसार आवश्यक पैन कार्ड का विवरण दर्ज नहीं किया गया था। नियमों के मुताबिक निर्धारित राशि से अधिक मूल्य की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में पैन कार्ड देना अनिवार्य होता है। इसी आधार पर विभाग को संदेह हुआ और टीम ने संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच करते हुए उन्हें जब्त कर लिया।छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने तहसील कार्यालय में रखे रजिस्टर, फाइलें और अन्य अभिलेखों की भी बारीकी से जांच की। बताया जाता है कि तहसील में प्रतिदिन करीब 10 से 15 रजिस्ट्रियां होती हैं, जिनमें जमीन और मकान की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज शामिल रहते हैं। जांच के दौरान टीम ने इन्हीं में से कुछ रजिस्ट्रियों को चिन्हित करते हुए उनसे संबंधित कागजात अपने साथ ले लिए। इस दौरान तहसील परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और लोग इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे।इस संबंध में उप निबंधक दीव नारायण पाण्डेय ने बताया कि आयकर विभाग की टीम द्वारा नियमित जांच के तहत कुछ दस्तावेजों की पड़ताल की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार एक निश्चित राशि से अधिक की संपत्ति की रजिस्ट्री में पैन कार्ड का उल्लेख करना अनिवार्य होता है। यदि किसी रजिस्ट्री में यह विवरण नहीं पाया जाता है तो संबंधित मामले की जांच की जाती है और आवश्यक कार्रवाई की जाती है।सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम वाराणसी से सिकंदरपुर पहुंची थी और उन्होंने कई घंटों तक तहसील कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। जांच पूरी होने के बाद टीम जरूरी कागजात अपने साथ लेकर वापस लौट गई।इस कार्रवाई के बाद पूरे दिन तहसील परिसर में चर्चा का माहौल बना रहा। अधिवक्ताओं और आम लोगों के बीच छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी इस मामले में अधिक जानकारी देने से बच रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि जब्त किए गए कागजातों की जांच के बाद आगे और भी कार्रवाई हो सकती है।

सब इंस्पेक्टर परीक्षा को लेकर घोसी सर्किल के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबं

मऊ (राष्ट्र की परम्परा) सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जनपद के घोसी सर्किल क्षेत्र में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों के प्रवेश द्वार, कक्ष व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

वहीं घोसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह भी लगातार परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दे रहे हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है और पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए हुए है जिससे अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा सकुशल संपन्न हो सके।

डीएम-एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए कड़े निर्देश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा– 2026 को सकुशल, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने शिव जपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना पहुंच कर परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचिता के साथ सम्पन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।
परीक्षार्थियों की उपस्थिति के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली परीक्षा केंद्रों पर 240 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 85 अनुपस्थित और 155 उपस्थित रहे। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना केंद्र पर 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 71 अनुपस्थित तथा 169 परीक्षार्थी उपस्थित पाए गए।
जनपद में बनाए गए कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 4560 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1423 अनुपस्थित तथा 3137 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक केंद्र पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।

ब्राह्मण महासभा ने कथा वाचक कृष्णचंद्र उपाध्याय को किया सम्मानित

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
शुक्रवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय नारायण त्रिपाठी प्रिंस के नेतृत्व में,वृन्दावन से पधारे भागवत कथा के प्रकाण्ड विद्वान् कृष्ण चंद उपाध्याय (ठाकुर जी) को देवढी में चल रही दिव्य भागवत कथा में, पहुंच कर पूज्य महाराज को अंग वस्त्र एवं अन्य सामग्री दिया गया साथ ही विश्व की सबसे छोटी भगवद्गीता प्रदान किया गया। सम्मानित होकर ठाकुर महराज ने जयनारायण त्रिपाठी को आशीर्वाद दिए।
महाराज ने अपने हाथो से प्रसाद वितरण किये,त्रिपाठी ने कहाँ कि ठाकुर महराज जैसे विद्वान् से मुलाक़ात से मन आध्यात्मिक हो गया। मुलाक़ात के श्रेणी मे अवधेश मालवीय,अरनव त्रिपाठी, जिगर मालवीय,युवा जोश फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष अर्जुन दुबे,अमित पांडेय संस्थापक अध्यक्ष युवा जोश फाउंडेशन,श्रीहा त्रिपाठी, स्मिता त्रिपाठी,वंदना त्रिपाठी, लोकसभा सलेमपूर के पूर्व प्रत्याशी श्रीनारायण मिश्र सहित कई लोग उपस्थित रहे।

मारपीट मे एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से एक घायल

अभियोग पंजीकृत

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
शुक्रवार की रात ठेला हटाने को लेकर दो पड़ोसी की आपस में जमकर लड़ाई हो गयी, जिसमें एक पक्ष से विशाल गुप्त 25, पुत्र अशोक गुप्ता, वचनी देवी 40 पत्नी अशोक गुप्ता, दूसरे पक्ष से संगीता देवी पत्नी छोटे लाल घायल हो गए।
घायल अवस्था में परिजनों ने सभी घायल लोगो को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया जहां पर डॉक्टर ने इलाज किया।
थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड पटेल नगर निवासी छोटेलाल गुप्ता ने सीसीटीवी कैमरा अपने घर से हटाने की बात कही, जिस पर पड़ोसियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध मे पुछे जाने पर थाना अध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

साइबर ठगी के शिकार 14 लोगों को बड़ी राहत, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 9.95 लाख रुपये वापस

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना महराजगंज ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए 14 साइबर ठगी पीड़ितों को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ठगी के शिकार लोगों के कुल 9 लाख 95 हजार 500 रुपये उनके खातों में वापस कराए गए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन और नोडल अधिकारी साइबर क्राइम एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में की गई। क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम अनुरुद्ध कुमार और प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सजनू यादव के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने मामले का त्वरित निस्तारण करते हुए पीड़ितों की रकम वापस कराई।

पुलिस के अनुसार साइबर ठगों ने पीड़ितों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी लिंक भेजकर क्लिक करवाया, जिसके बाद उनका पर्सनल डाटा हैक कर ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया गया। कुछ मामलों में बैंकिंग और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भी फ्रॉड किया गया था।

पीड़ितों द्वारा पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद साइबर थाना टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों की मदद से ठगी की गई धनराशि को सुरक्षित कराकर वापस कराया गया।

ये भी पढ़े – तहसील सिकंदरपुर में आयकर विभाग का छापा, 40 लाख से अधिक की 35 रजिस्ट्रियों के कागजात जब्त

जिन पीड़ितों को राहत मिली उनमें करीना अग्रहरी (लेदवा), आलोक वर्मा (कोतवाली), साविया आमदा उर्फ झुलनीपुर (निचलौल), काजल गुप्ता (मिठौरा-सिंदुरिया), दामोदर वर्मा (भिटौली बाजार), धुरई प्रसाद (सिंदुरिया), आविदा (हरटोड़हिया-घुघली), हदीसुन निशा (रघुनाथपुर-सिंदुरिया), रफीक अहमद (पुरन्दरपुर), प्रदुमन (महराजगंज), सविता पांडेय (कोठीभार), हेड कांस्टेबल आशुतोष कुमार सिंह (महराजगंज), साजिया खातून (कोतवाली) तथा सरफुद्दीन (चौक) शामिल हैं।

अपनी रकम वापस मिलने पर सभी पीड़ितों ने खुशी जताते हुए पुलिस अधीक्षक और साइबर थाना टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत सतर्क रहें। साथ ही किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव, निरीक्षक जयराम यादव, उपनिरीक्षक अमित यादव, मुख्य आरक्षी ग्रेड-ए प्रफुल्ल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल कामेश्वर दूबे, कांस्टेबल विशाल प्रजापति, लालबहादुर यादव तथा अर्जुन पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़े – महराजगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, जागरूकता वाहन रवाना — रुद्राक्ष पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महराजगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, जागरूकता वाहन रवाना — रुद्राक्ष पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य और गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने फीता काटकर किया। उनके आगमन पर न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने लोक अदालत के प्रति आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का त्वरित और सरल समाधान कराने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने न्यायालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़े – सामाजिक बुराइयों पर काबू पाने के लिए जागरूकता, शिक्षा और सामूहिक प्रयास जरूरी

इस मौके पर जिलाधिकारी महराजगंज, पुलिस अधीक्षक महराजगंज, जिला न्यायाधीश, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारीगण और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबे समय से लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण संभव होता है, जिससे न्यायालयों पर मामलों का बोझ कम होता है और आम जनता को सुलभ, त्वरित और निःशुल्क न्याय प्राप्त होता है।

अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत की इस पहल से जिले में न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी तथा लोगों का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।

ये भी पढ़े – मनरेगा कर्मियों के बकाया मानदेय भुगतान पर सख्ती, 25 से 30 मार्च तक एमआईएस फीडिंग पूरी करने के निर्देश

ख़ुद अच्छे बनो सब अच्छे दिखेंगे

डा० कर्नल आदिशंकर मिश्र
‘आदित्य’

शतरंज के खिलाड़ी हों या प्यादे,
अच्छे लोग सदा ही सस्ते होते हैं,
बस मीठा बोल बना लो अपना,
यद्यपि वह लोग अनमोल होते हैं।

शायद इसीलिए हम लोग उनकी
कीमत बिलकुल नहीं समझते हैं,
लेकिन यह भी सत्य है एक सरल
व्यक्ति के साथ हम छल करते हैं।

यही छल बल हमारी बर्बादी के
सभी बन्द द्वार भी खोल देते हैं,
कितनी अच्छी शतरंज खेलते हों,
छल के सामने सब कुछ खो देते हैं।

मेरा मानना है जो अच्छा लगता है,
उसे तो अधिक गौर से नहीं देखो,
जो बुरा लगता है उसे भी मत देखो,
ख़ुद अच्छे बनो सब अच्छे दिखेंगे।

उठ गया छोड़कर रात कि खुमारी,
चाह मिटी, अब नही कोई बीमारी,
कहते हैं आदित्य जब मन हुआ चंगा,
तभी दिख जाती हैं कठौती में गंगा।