Saturday, May 2, 2026
Home Blog Page 55

Gorakhpur News: धर्मांतरण के प्रयास में 4 गिरफ्तार, महिला सहित आरोपी पुलिस हिरासत में

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र में धर्मांतरण कराने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

पुलिस अभियान के तहत कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में गुलरिहा पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

ये भी पढ़े- कौटिल्य परिषद की चिंतन बैठक में समाज उत्थान पर जोर, प्रतिभाओं का सम्मान

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में: अमित सिंह, विक्की कुमार, कन्हैया यादव , रीता देवी शामिल हैं।

इस कानून के तहत दर्ज हुआ केस

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुलरिहा में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई Uttar Pradesh Prohibition of Unlawful Religious Conversion Act की धारा 3/5 के तहत की गई है।

जांच जारी

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े – स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर फेडरेशन की मंडलीय बैठक संपन्न

स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर फेडरेशन की मंडलीय बैठक संपन्न

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर फेडरेशन (नई दिल्ली) के तत्वावधान में गोरखपुर स्थित मंडलीय कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने की, जिसमें गोरखपुर सहित आसपास के जिलों के स्मॉल और मीडियम न्यूजपेपर संचालकों, संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों एवं पत्रकारों ने भाग लिया।
बैठक में समाचार पत्रों से जुड़े विभिन्न कानूनी मुद्दों, प्रशासनिक चुनौतियों और संचालन से संबंधित समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए छोटे और मध्यम वर्ग के अखबारों के सामने आने वाली दिक्कतों को रखा। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामूहिक रूप से समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने कहा कि स्मॉल और मीडियम न्यूजपेपर लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं, लेकिन उन्हें कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संगठन के माध्यम से एकजुट होकर अपनी आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना जरूरी है। उन्होंने अधिक से अधिक समाचार पत्र संचालकों से फेडरेशन से जुड़ने की अपील की।
बैठक के उपरांत होली एवं ईद मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने भाग लेकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सेवई, गुजिया और चैत्र रामनवमी के अवसर पर फलाहारी प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही संगठन की रूपरेखा को और विस्तृत किया जाएगा तथा मंडल स्तर पर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिल सके।
इस अवसर पर संजय त्रिपाठी, डॉ. प्रेम नारायण भट्ट, उमेश मिश्रा, राशिद नूर, अरविंद वर्मा, मुर्तुजा हुसैन, जवाहरलाल निगम, हरेंद्र दुबे, नाशिम, इमरान, इकबाल सहित बड़ी संख्या में स्मॉल और मीडियम न्यूजपेपर के संचालक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

कौटिल्य परिषद की चिंतन बैठक में समाज उत्थान पर जोर, प्रतिभाओं का सम्मान

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। शहर के जर्नलिस्ट प्रेस क्लब सभागार में कौटिल्य परिषद द्वारा चिंतन बैठक एवं फलाहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ब्राह्मण समाज के वर्तमान हालात और उसके उत्थान को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण बिहारी दुबे ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार त्रिपाठी एवं राणा पाठक ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से आए वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज का एक बड़ा वर्ग हाशिए पर जा रहा है, जिसे मुख्यधारा में लाने के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान और सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी ने एक स्वर में समाज के हित में एकजुट होकर कार्य करने पर बल दिया। दलीय राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक हित में काम करने का सर्वसम्मति से संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 3800 किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी करने वाले ज्ञान पाण्डेय का सम्मान रहा। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें माला, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने इसे प्रेरणादायक बताया।
इसके साथ ही जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के नव-निर्वाचित अध्यक्ष ओंकार धर दुबे को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों—रत्नेश्वर शुक्ला, शेष नारायण पाण्डेय, राजेंद्र त्रिपाठी, विश्वजीत त्रिपाठी, शशांक त्रिपाठी, अभिमन्यु पाण्डेय, जितेन्द्र धर दुबे, शिव सम्पत पाण्डेय एवं पी.एन. भट्ट—को भी शाल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिवाजी शुक्ल, सत्य प्रकाश पाठक, कृतिनिधि पाण्डेय, रत्नेश पाठक, परमात्मा धर दुबे, संतोष मिश्रा, सोनू शुक्ला, रंग बिहारी पाण्डेय सहित कौटिल्य परिषद के अनेक सदस्य एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने ब्राह्मण समाज की एकता, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा सामाजिक समरसता और विकास को आगे बढ़ाने की बात कही।

जहरखुरानी कर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में जहरखुरानी कर लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के तहत कैंट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट का सामान, 1150 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार थाना कैंट में पंजीकृत मु0अ0सं0 133/2026 धारा 123, 140(1), 309(4), 309(6) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त अर्जुन यादव पुत्र राजेंद्र यादव निवासी देवरा तुर्क चारा (सहाय का पूरा), थाना महराजगंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

घटना के संबंध में बताया गया कि 21 मार्च को पीड़ित दुबई से गोरखपुर पहुंचा था और घर जाने के लिए एक चारपहिया वाहन में बैठा, जिसमें पहले से कुछ लोग सवार थे। रास्ते में वाहन चला रहे आरोपी ने पीड़ित को पानी पिलाया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पानी पीते ही पीड़ित बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर उसके पास से करीब 3000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया तथा उसे रास्ते में वाहन से नीचे फेंककर फरार हो गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से जहरखुरानी की घटनाओं को अंजाम देता था। वह स्वयं कार चालक के रूप में काम करता था, जबकि उसके साथी रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों को टारगेट करते थे। ये लोग यात्रियों से गंतव्य पूछकर खुद को उसी दिशा में जाने वाला बताकर उन्हें अपने वाहन में बैठा लेते थे और फिर रास्ते में नशीला पदार्थ देकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट का कुछ सामान, 1150 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनजान लोगों के साथ सफर करने और उनके द्वारा दिए गए खाने-पीने की वस्तुओं से सतर्क रहें। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

Deoria News: आगरा में चमके देवरिया के 3 ‘रक्तवीर’, प्रदेश सेवारत्न 2026 अवॉर्ड से सम्मानित

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा हेतु देवभूमि देवरिया के तीन रक्तवीरों को 22 मार्च 2026 को संकल्प मानव सेवा संस्था द्वारा सातवें स्थापना दिवस पर आगरा में प्रदेश सेवारत्न 2026 अवॉर्ड से सम्मानित किया गया । राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेबीरानी मौर्या पूर्व राज्यपाल उत्तराखंड एवं कैबिनेट मंत्री (उ0प्र0 सरकार), विशिष्ट अतिथि रमाकांत उपाध्याय सदस्य, गौसेवा आयोग (उत्तर प्रदेश सरकार), भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीप्रकाश राजपूत, संस्था के अध्यक्ष उमेंद्र राजपूत एवं डॉ0 आलोक अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने निफा जिलाध्यक्ष एवं स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी “यूथ ब्रिगेड” के संस्थापक सन्तोष मद्धेशिया वैश्य, देवरिया पुलिस रक्तदान समूह के संस्थापक सौरभ त्रिपाठी एवं डॉ0 अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसाइटी बैतालपुर के प्रबंधक रजनीश पटेल को स्मृतिचिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया ।

ये भी पढ़े – हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव, छात्रों ने प्रस्तुत की सांस्कृतिक झलकियां

उल्लेखनीय है कि यह तीनों रक्तवीर निफा देवरिया एवं स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी “यूथ ब्रिगेड” के महत्वपूर्ण अंग के रूप में अपने योगदान से जिले में रक्तदान मुहिम की अलख जगा रहे हैं ।

रक्त की कमी और नशे की वजह से किसी की जान ना जाए इसी उद्देश्य के साथ तीनों रक्तवीर “नशा नहीं रक्तदान करें” मुहिम के साथ संयुक्त रूप से मिलकर 862 यूनिट रक्तदान कराकर हजारों लोगों का जीवन बचा चुके हैं ।
तीनों रक्तवीर स्वयं रक्तदान करने के साथ ही अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित कर जिले में रक्तक्रांति लाने का संकल्प ले चुके हैं । तीनों रक्तवीरों ने यह सम्मान जिले के साथ साथ यूथ ब्रिगेड के प्रत्येक रक्तदाता को समर्पित किया है ।

इन रक्तवीरों को रक्तदान सहित अन्य सामाजिक योगदान हेतु पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर भी सम्मानित किया जा चुका है ।
आज जिले के यह रक्तवीर हजारों युवाओं के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं ।

ये भी पढ़े – IIT Patna Research: कुशीनगर के शैलेष यादव का कमाल, अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हुआ शोध

राजकुमार चौहान हत्याकांड का बड़ा खुलासा, 5 और आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के चिलुआताल क्षेत्र में भाजपा नेता व प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह हत्या गहरी रंजिश, सुनियोजित साजिश और आपराधिक गठजोड़ का परिणाम है।

एसएसपी के अनुसार, 17 मार्च की सुबह करीब 6:15 बजे अज्ञात हमलावरों द्वारा राजकुमार चौहान पर हमला किए जाने की सूचना मिली थी। उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर पर थाना चिलुआताल में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति घटना से पहले मौके की ओर जाते हुए दिखाई दिए। उनकी पहचान राज चौहान उर्फ निरहू और विपिन यादव के रूप में हुई, जिन्हें पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

आगे की विवेचना में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और कॉल रिकॉर्डिंग से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। मुख्य आरोपी राज उर्फ निरहू की सबसे अधिक बातचीत दीपक गौड़ से पाई गई। 12 और 14 मार्च की बातचीत में हत्या की साजिश के संकेत मिले। वहीं लालजी यादव उर्फ गट्टू द्वारा आरोपी को आर्थिक और मानसिक सहयोग देने की पुष्टि हुई।

जांच में यह भी सामने आया कि 14 मार्च को भी हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन उस दिन मौका नहीं मिल पाया। इसके बाद लगातार योजना बनाकर 17 मार्च को वारदात को अंजाम दिया गया।

एसएसपी के मुताबिक, शेषनाथ यादव और उसके परिवार की भी इस साजिश में अहम भूमिका रही। वर्ष 2023 में उनके परिवार के एक सदस्य पर गोली चलने की घटना और होली के समय हुए विवाद के चलते वे मृतक से रंजिश रखते थे। इसी के चलते शेषनाथ, उसके पुत्र अंकित और देवव्रत समेत अन्य आरोपियों ने मिलकर दीपक गौड़ और लालजी यादव के साथ साजिश रची।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि आपसी रंजिश के चलते राजकुमार चौहान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई और राज चौहान उर्फ निरहू के माध्यम से हत्या कराई गई। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने की भी साजिश रची गई। हत्या के दौरान पहने गए खून से सने कपड़ों को एक टीपर वाहन में छिपाकर बाद में जला दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर साक्ष्य छिपाने में प्रयुक्त टीपर वाहन (संख्या UP 53 LT 9553) को सीज कर लिया है। साथ ही जले हुए कपड़ों की राख और कई मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनमें साजिश से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि अब तक इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एक बाल अपचारी को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव, छात्रों ने प्रस्तुत की सांस्कृतिक झलकियां

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सौरभ मालवीय द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान कक्षा 8 के छात्रों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान प्रोजेक्ट का मुख्य अतिथि एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने निरीक्षण किया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि भारत सदियों से शिक्षा का केंद्र रहा है और यहां अनेक महापुरुषों ने शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने नगर की जर्जर रेलवे सड़क का भी उल्लेख किया और कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा रानी लक्ष्मीबाई एवं ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि सौरभ मालवीय ने अपने संबोधन में भारतीय शिक्षा और संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूरे देश में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों की बड़ी संख्या है, जहां छात्रों को संस्कारयुक्त शिक्षा दी जाती है। उन्होंने विद्यालय परिवार, प्रधानाचार्य बिंदेश्वर गिरी, प्रबंधक गोपाल जायसवाल एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के कार्यों की सराहना की तथा समाज के विकास में मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन रोली दीक्षित ने किया। इस अवसर पर कृपानारायण सिंह, सचिन सिंह, प्रमोद मिश्रा, नवाब हुसैन, जितेंद्र भारत, पंकज शर्मा, जगदीश यादव, श्रीप्रकाश पाल, पारस नाथ, दिवाकर राम त्रिपाठी, रामेश्वर यादव, फायनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

27-28 मार्च को होगी ऑरईटी, एडमिट कार्ड जारी

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)l दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा (RET-2025) 27 और 28 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। 22 मार्च से अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पहले दिन ही लगभग 35 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड प्राप्त कर लिए।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा के अनुसार अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक पोर्टल dduguadmission.in से डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी तकनीकी समस्या के लिए पोर्टल पर सहायता सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

परीक्षा कार्यक्रम
27 मार्च 2026 प्रथम पाली (सुबह 09:00 से 10:30 बजे): राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, मनोविज्ञान, गणित, पर्यावरण विज्ञान, अंग्रेजी, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, वनस्पति विज्ञान, हिंदी
द्वितीय पाली (दोपहर 03:00 से 04:30 बजे): शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, दर्शनशास्त्र, रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन, विधि, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी

28 मार्च 2026 प्रथम पाली (सुबह 09:00 से 10:30 बजे): प्राणि विज्ञान, भूगोल, कंप्यूटर साइंस तथा कृषि संकाय के सभी विषय
द्वितीय पाली (दोपहर 03:00 से 04:30 बजे): प्राचीन इतिहास, बायोटेक्नोलॉजी, व्यवसाय प्रशासन, दृश्य कला, संस्कृत, रसायन विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, गृह विज्ञान, फार्मेसी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा समय से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

सपा की मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, एसआईआर पर हुई चर्चा

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मासिक बैठक में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और एसआईआर पर विस्तार से चर्चा की। देवरिया जनपद के बरहज क्षेत्र स्थित डाक बंगला परिसर में आयोजित बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर यादव, राम प्रकार यादव, जय प्रकाश सिंह, अनिल गोस्वामी, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, वीरेंद्र गुप्ता, बेचूलाल चौधरी, गोपी यादव, राजन मिश्रा, रवि यादव, वीर बहादुर सिंह सैथवार और अभिषेक गोंड सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएं।
अर्जुन सिंह ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी और मजबूती के साथ जनता के बीच खड़ी होगी तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।

कमर्शियल एलपीजी आवंटन 50% तक बढ़ा, व्यापारिक वर्ग को राहत

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)l भारत सरकार ने कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए आवंटन को 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, औद्योगिक इकाइयों और अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को गैस की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा लिया गया यह निर्णय बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इसके तहत अतिरिक्त 20 प्रतिशत एलपीजी आवंटन उन क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा, जहां इसकी खपत और आवश्यकता अधिक है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल, औद्योगिक कैंटीन, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और डेयरी इकाइयों को इस बढ़े हुए आवंटन का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा सरकारी सब्सिडी वाले कैंटीन, सामुदायिक रसोई तथा प्रवासी मजदूरों के लिए उपयोग में आने वाले 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर भी इस प्राथमिकता सूची में शामिल किए गए हैं।

इस निर्णय से वाणिज्यिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ छोटे व्यवसायियों और खाद्य सेवा से जुड़े लोगों को राहत मिलेगी। अब उन्हें गैस की कमी का सामना कम करना पड़ेगा और उनका काम सुचारू रूप से चलता रहेगा।

उन्होंने बताया कि पूर्व में सीमित उपलब्धता के कारण होटल और ढाबा संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था, जिससे उनके व्यवसाय पर असर पड़ता था। नए निर्णय से ऐसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

प्रशासन स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बढ़ा हुआ आवंटन सही उपभोक्ताओं तक पहुंचे और किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न हो। इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। आमजन से भी अपील की गई है कि किसी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत त्वरित कार्रवाई 24 घंटे में गुमशुदा महिला बरामद

शाहजहांपुर( राष्ट्र की परम्परा)l जैतीपुर संचालित “मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना जैतीपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा महिला को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है, जिसके तहत पुलिस लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बझेड़ा भगवानपुर निवासी मुकेश कुमार ने 21 मार्च 2026 को अपनी पत्नी निशा देवी के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना थाना जैतीपुर में दर्ज कराई थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक इतेश तोमर को सौंपी गई।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला की तलाश की और उसे सुरक्षित बरामद कर परिवार के सुपुर्द कर दिया।
इस कार्रवाई से पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय मिला है, जिससे आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले पैसे

बलिया(राष्ट्र की परम्परा) थाना गड़वार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को बड़ी राहत मिली है। पुलिस के प्रयास से धोखाधड़ी कर निकाली गई धनराशि को होल्ड कराकर न्यायालय के आदेश के क्रम में पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया।थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बब्बन कुमार के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 18 नवम्बर को साइबर फ्रॉड के माध्यम से 50 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली गई थी। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और थाना गड़वार में भी प्रार्थना पत्र दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गड़वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते को ट्रैक कर धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने पर 22 मार्च को ठगी गई 50 हजार रुपये की पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।अपनी धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने बलिया पुलिस और थाना गड़वार पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया तथा पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल हाफिज, उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल भीम कुमार, आरक्षी विवेक कुमार यादव, आरक्षी अजीत कुमार तथा आरक्षी लवकुश गुप्ता की अहम भूमिका रही।

स्वच्छता पखवाड़ा में गूंजा स्वच्छ गंगा-स्वस्थ जीवन का संदेश, श्याम काट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत 16 से 31 मार्च तक संचालित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत श्याम काट में रविवार को व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा किया गया, जिसमें ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान मिशन प्रकृति संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को गंगा सहित क्षेत्र की अन्य नदियों, तालाबों और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दिलाया। वक्ताओं ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है, जिसकी स्वच्छता और निरंतर प्रवाह बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर श्रमदान के माध्यम से नदियों और तालाबों के किनारों की सफाई की गई। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए साफ-सफाई के कार्य में योगदान दिया। साथ ही स्वच्छता को लेकर आयोजित प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। बच्चों और युवाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे पूरे गांव में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक माहौल बना रहा।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक गंगा को पूर्ण रूप से निर्मल और अविरल बनाना संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाएं और जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाएं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वशिष्ठ, ग्राम सचिव पिंगला चौधरी, पंचायत सहायक सुषमा यादव, रोजगार सेवक राम सकल यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके अलावा राजेंद्र मद्धेशिया, लालजी, रामलाल, रामनयन, उर्मिला, सुधा, इसरावती, पुष्पा सहित अन्य ग्रामीणों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

सागौन चोरी करने वाले 03 शातिर चोर अरेस्ट, संत कबीर आश्रम मगहर के पास दबोचे गए

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में सागौन के पेड़ों की कटाई कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी संत कबीर आश्रम मगहर के पास की गई। आरोपियों के कब्जे से चोरी की सागौन लकड़ी, एक पिकअप बोलेरो और एक जाइलो कार बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण मोहन, धनश्याम प्रजापति और जितेंद्र पासवान के रूप में हुई है, जो देवरिया और गोरखपुर जनपद के निवासी हैं।
एडिशनल एसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 19 मार्च 2026 को वादी द्वारा सूचना दी गई थी कि उनके खेत और पास के खेत से कुल तीन सागौन के पेड़ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काटकर चोरी कर लिए गए हैं। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले क्षेत्र की रेकी कर पेड़ों को चिन्हित किया और 10/11 मार्च की रात में पिकअप वाहन से पहुंचकर पेड़ों को काटकर लकड़ी तैयार की। इसके बाद लकड़ी को वाहन में लादकर देवरिया की ओर ले जाकर सड़क किनारे छिपा दिया गया था।
पुलिस टीम ने 21 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर संतकबीर आश्रम मगहर के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पिकअप बोलेरो, जाइलो कार, 12 बोटा सागौन की लकड़ी, एक आरा (फेटा) और एक रस्सा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।
इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

डीडीयू की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि: डॉ. अम्बरीश श्रीवास्तव करेंगे हाइड्रोजन स्टोरेज पर आधारित विशेष अंक का संपादन

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव के मुख्य संपादन में हाइड्रोजन ऊर्जा के भविष्य को समर्पित एक महत्वपूर्ण शोध संग्रह “हार्नेसिंग सुपरएटॉमिक क्लस्टर्स फॉर एन्हैंस्ड हाइड्रोजन स्टोरेज सॉल्यूशंस” का प्रकाशन होने जा रहा है। यह विशेष शोध विषय स्विट्जरलैंड के प्रतिष्ठित जर्नल्स ‘फ्रंटियर्स इन केमिस्ट्री’ और ‘फ्रंटियर्स इन फिजिक्स’ में प्रकाशित होगा, जो स्वच्छ ऊर्जा और नैनो-मटेरियल्स के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगा।
इस वैश्विक शोध परियोजना का नेतृत्व डॉ. अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव कर रहे हैं, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों का सहयोग प्राप्त है। संपादक मंडल में प्रो. गेन्नेडी एल. गुत्सेव (फ्लोरिडा एग्रीकल्चर एवं मैकेनिकल यूनिवर्सिटी, अमेरिका), प्रो. वेई-मिंग सुन (फ़ुज़ियान नॉर्मल यूनिवर्सिटी, चीन), प्रो. प्रतीम कुमार चट्टराज (बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा, भारत) और डॉ. फिलिप वेल्कोविच (विनचा इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर साइंसेज, बेलग्रेड विश्वविद्यालय, सर्बिया) शामिल हैं।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट का उद्देश्य ‘सुपरएटम्स’ की क्षमताओं को सामने लाना है, जो हाइड्रोजन को सुरक्षित और उच्च घनत्व में संग्रहित करने के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। इस शोध संग्रह में दुनिया भर के उत्कृष्ट शोध कार्यों को शामिल किया जाएगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीडीयू के वैज्ञानिकों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व करना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों के साथ यह सहयोग वैश्विक समस्याओं के समाधान में विश्वविद्यालय की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
यह शोध संग्रह हाइड्रोजन को भविष्य के स्वच्छ ईंधन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसमें सुपरएटॉमिक क्लस्टर्स, विशेष रूप से बोरॉन आधारित संरचनाओं के माध्यम से हाइड्रोजन के सुरक्षित भंडारण की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, कंप्यूटेशनल फिजिक्स और क्वांटम केमिस्ट्री के माध्यम से नए उन्नत पदार्थों की खोज को भी बढ़ावा मिलेगा।