Monday, June 29, 2026
Home Blog Page 433

डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न

मतदाता गणना पत्र का 61.54% डिजिटाइजेशन पूरा, सहयोग को कहा आवश्यक

आगरा, (राष्ट्र की परम्परा)
कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने बताया कि जनपद में 61.54 प्रतिशत गणना पत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है। गणना पत्र संकलन हेतु बीएलओ व सुपरवाइजर लगातार घर-घर संपर्क कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी कारणवश मतदाताओं का बीएलओ या सुपरवाइजर से संपर्क नहीं हो पाता है, तो मतदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम तथा कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां मतदाता अपना गणना पत्र भरकर जमा कर सकते हैं।

बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत बीएलओ व सुपरवाइजर द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर सक्रियता से संपर्क कर रहे हैं।

हालाँकि जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नामित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सभी दलों से अनुरोध किया कि उनके बीएलए बीएलओ एवं सुपरवाइजर के साथ समन्वय स्थापित कर गणना पत्र संकलन में सक्रिय भूमिका निभाएँ, जिससे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।

डीएम ने निर्देश दिया कि बीएलओ और सुपरवाइजर प्रत्येक बूथ पर शिफ्टेड, स्थाई रूप से स्थानांतरित, मृतक, डुप्लीकेट तथा अनुपस्थित मतदाताओं की सूची तैयार कर राजनीतिक दलों के बीएलए के साथ साझा करें, ताकि गणना पत्र सत्यापन कार्य अधिक सटीकता के साथ हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों के बीएलए की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, भाजपा से महेश शर्मा एवं सहदेव शर्मा, समाजवादी पार्टी से चौधरी वाजिद निसार एवं मो. शरीक, तथा बहुजन समाज पार्टी से संदीप मुखरैया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ज्ञान कुंज अकादमी में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी: छात्रों की प्रतिभा ने जीता अतिथियों का दिल

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बंशी बाज़ार स्थित ज्ञान कुंज अकादमी में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारपूर्ण मॉडल और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों से मुख्य अतिथियों सहित सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सिकन्दरपुर सुनील कुमार और क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना ने वातावरण को ज्ञानमय बना दिया। मुख्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय प्रबंधक डॉ. देवेंद्र नाथ सिंह और प्रधानाचार्या सुधा पांडेय ने अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर किया।

अतिथियों ने प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के विज्ञान मॉडल का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक सोच, तकनीकी समझ तथा प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार और शोध की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

ये भी पढ़ें – खाद्य सुरक्षा विभाग ने की भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और मक्खन बरामद

विद्यालय प्रबंधक डॉ. सिंह ने बताया कि वर्तमान युग विज्ञान एवं तकनीक का है और विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। प्रधानाचार्या सुधा पांडेय ने कहा कि प्रदर्शनी की सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
उपप्रधानाचार्या शीला सिंह ने भी सभी छात्रों को शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में विज्ञान वर्ग के ग्रुप लीडर अमजद अली, काउंसिल सदस्य अक्षता गुप्ता (हेड गर्ल), हिमांशु (हेड बॉय), सिमरन खातून, नवरीन सुभानी, वैभवी मिश्रा, समग्र मिश्रा आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन साइंस क्लब सेक्रेटरी आकृति यादव ने किया।

पूरी प्रदर्शनी विज्ञान वर्ग के शिक्षकों—लक्ष्मण चौहान, प्रियंका त्रिपाठी, विनय यादव, श्याम सुंदर, सुनील गुप्ता, आनंद पांडे, धीरज, मेहताब, सागर तथा वरिष्ठ शिक्षक जे.पी. तिवारी, दीपक तिवारी, आर.पी. सिंह के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

ये भी पढ़ें – देवरिया में बड़ी कार्रवाई 180 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

देवरिया में बड़ी कार्रवाई 180 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “आपरेशन प्रहार” के तहत थाना श्रीरामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 180 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मौके से एक दोपहिया मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल शराब की तस्करी में किया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी श्री अंशुमान श्रीवास्तव एवं थानाध्यक्ष श्रीरामपुर डॉ. महेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही की गई।थाना श्रीरामपुर पुलिस द्वारा देर रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बनकटा जगदीश पेट्रोल पंप के पास से एक मोटरसाइकिल द्वारा अवैध देशी शराब बिहार ले जाई जा रही है।

सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल संख्या BR 29AB 7050 को रोककर जांच की।तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर लदे तीन प्लास्टिक के बोरे बरामद किए गए, जिनमें कुल 20 पेटी अवैध देशी शराब (ब्रांड – बन्टी बब्ली टेट्रा पैक) पाई गई। प्रत्येक पेटी में 45 पाउच थे और प्रत्येक पाउच की मात्रा 200 एमएल थी। इस प्रकार कुल 180 लीटर देशी शराब बरामद की गई।मौके से गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निलेश सिंह उर्फ विधि सिंह, पुत्र कन्हैया सिंह, निवासी पिपरी, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में की गई है।

ये भी पढ़ें – खाद न मिलने से किसानों का फूटा गुस्सा, महराजगंज चौक पर सड़क जाम

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना श्रीरामपुर में मु0अ0सं0 – 220/2025, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।अनुमानित कीमत बरामद की गई देशी शराब की कीमत लगभग 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये आँकी गई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम, उप निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरिकेश गुप्ता, हेड कांस्टेबल कैलाश पटेल पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब, नशा तस्करी और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नही जाएगा।

ये भी पढ़ें – खाद्य सुरक्षा विभाग ने की भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और मक्खन बरामद

खाद न मिलने से किसानों का फूटा गुस्सा, महराजगंज चौक पर सड़क जाम

सहकारी समिति दरहटा पर फिर गंभीर आरोप, एडीओ (सहकारिता) की जांच पर उठे सवाल

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र में खाद संकट गहराता जा रहा है। मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति दरहटा की लापरवाही से त्रस्त किसानों का धैर्य आखिरकार टूट गया। लंबे समय से खाद के लिए भटक रहे किसान सड़कों पर उतर आए और महराजगंज चौक पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे घंटों तक यातायात बाधित रहा।
किसानों ने आरोप लगाया कि समिति के कर्मचारी कई महीनों से उन्हें खाद के लिए दौड़ाते रहे, पर आज तो हालात और भी बिगड़ गए। सुबह 11:20 बजे तक समिति पर एक भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। किसान रामनयन, गीता, रमाशंकर और सुरेंद्र ने बताया कि समय पर खाद न मिलने से उन्हें बहुत नुकसान हैं,और नुकसान बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। किसानों ने कहा कि समिति में मनमानी, भ्रष्टाचार और लापरवाही का बोलबाला है। हमारी समस्या सुनने वाला कोई नहीं।अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी समिति सचिव पर अनियमितता के आरोप लगे थे, जिस पर जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे। सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आशिष कुमार सिंह द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में सचिव को क्लीन चिट मिली थी। लेकिन किसानों ने अब इस जांच की पारदर्शिता पर भी सवाल उठा दिए हैं, जिससे पूरा मामला फिर गरमा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चौक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि खाद वितरण में हो रही गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। किसानों के इस उग्र आंदोलन ने एक बार फिर सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली और खाद वितरण व्यवस्था पर बड़े प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने की भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और मक्खन बरामद

हजारीबाग/रांची (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोहम्मद मंजर हुसैन की टीम ने, चुरचू के पूर्णापानी क्षेत्र में अवैध तरीके से संचालित एक खाद्य निर्माण परिसर पर औचक छापेमारी की। छापेमारी में भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और मक्खन बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया यह पूरा परिसर बिना किसी लाइसेंस और मानक के खाद्य पदार्थ बना रहा था। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिसर को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया।

चार्टर्ड एकाउंटेंट व पारिवारिक सदस्यों के रांची, मुंबई और सूरत के कुल 15 ठिकानों पर छापा

रांची (राष्ट्र की परम्परा)। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रांची के चर्चित चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) नरेश केजरीवाल के ठिकानों पर छापा मारा है. ईडी ने इस CA के ठिकानों पर PMLA के बदले Foreign Exchange Management Act (FEMA) के तहत रेड मारी है. झारखंड में ईडी द्वारा FEMA के तहत की जाने वाली यह पहली छापेमारी है।
ईडी ने मंगलवार की सुबह करीब छह बजे नरेश केजरीवाल व उनके पारिवारिक सदस्यों के रांची, मुंबई और सूरत के कुल 15 ठिकानों पर छापा मारा है, ईडी ने रांची में केजरीवाल के चर्च कंप्लेक्स स्थित कार्यालय सहित आवासीय ठिकानों को छापामारी के दायरे में शामिल किया है।

रांची: न्यायाधीश का मोबाइल चोरी, बैंक खाते से 2.88 लाख रुपये उड़ा ले गए साइबर अपराधी

रांची (राष्ट्र की परम्परा)। राजधानी रांची में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खूंटी जिले में पदस्थापित एक न्यायाधीश के मोबाइल की चोरी के तुरंत बाद उनके बैंक खाते से 2 लाख 88 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से निकाल लिए गए। घटना रांची के सेक्टर-2 बाजार की है, जहां न्यायाधीश सब्जी खरीदने पहुंचे थे।

सब्जी चुनते समय अज्ञात चोर उनका मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। मोबाइल चोरी होने के कुछ समय बाद ही अपराधियों ने दो बार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 2.88 लाख रुपये उनके खाते से गायब कर दिए। संदिग्ध गतिविधि का संदेश मिलने पर न्यायाधीश को मामले की जानकारी हुई।

उन्होंने तत्काल जगन्नाथपुर थाना, रांची में मामले की शिकायत दर्ज कराई। न्यायाधीश का आवास सेल सिटी क्षेत्र में स्थित है। पुलिस मोबाइल चोरी और साइबर फ्रॉड दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।
पुलिस टीम बाजार की सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल कर रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

इस घटना ने रांची में मोबाइल चोरी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

रुपयों के विवाद में दोस्त बनें कातिल – गोरखपुर युवक की गला रेतकर हत्या, महराजगंज नहर के किनारे सिर-धड़ फेंका

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज हत्या में बदल गया। तिवारीपुर थाना क्षेत्र से 26 नवंबर को लापता हुए 20 वर्षीय युवक की हत्या उसके ही दोस्तों ने कर दी और पकड़े जाने के डर से शव के टुकड़े कर महराजगंज जिले में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
महराजगंज नहर किनारे सिर मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस ने जब सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछ-ताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया।

पूछ-ताछ में आरोपित दोस्तों ने कबूल किया कि रुपये के लेनदेन को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में उन्होंने युवक को अगवा किया और रास्ते में कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। गोरखपुर में शव मिलने पर पकड़े जाने की आशंका से उन्होंने शव को कार में रखकर करीब 40 किलोमीटर दूर महराजगंज ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर भिटौली क्षेत्र की देवरिया शाखा नहर की पटरी से सिर बरामद हुआ, जबकि लगभग 10 किलोमीटर दूर श्यामदेउरवा क्षेत्र से धड़ बरामद किया गया।

ये भी पढ़ें – नगर क्षेत्र में बीएलओ प्रिंस तिवारी प्रथम स्थान पर, एसडीएम ने किया सम्मानित

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पुलिस का दावा है कि बरामद शव उसी युवक का है जिसकी गुमशुदगी दर्ज है, लेकिन पहचान के लिए बुलाए गए परिजनों ने शव को अपना बताने से इंकार कर दिया है। इस बीच पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे में हत्या, अपहरण, साक्ष्य मिटाने और षड्यंत्र की धाराएं बढ़ा दी हैं।

एसएसपी राज करन नय्यर ने बताया कि महराजगंज में बरामद सिर और धड़ की कड़ी तिवारीपुर में दर्ज गुमशुदगी से जुड़ती दिख रही है। दो संदिग्धों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें – नहर के पास बोरी में मिला 10 वर्षीय बालक का शव, क्षेत्र में सनसनी—फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

नगर क्षेत्र में बीएलओ प्रिंस तिवारी प्रथम स्थान पर, एसडीएम ने किया सम्मानित

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर क्षेत्र में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को 100 प्रतिशत पूरा करने के लिए नंदना वार्ड के बीएलओ प्रिंस तिवारी (जय नारायण त्रिपाठी) को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, समर्पण और समयबद्धता को देखते हुए एसडीएम बरहज ने उन्हें साल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के दौरान विपिन द्विवेदी ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रिंस त्रिपाठी न सिर्फ एक आदर्श शिक्षक हैं, बल्कि एक कुशल बीएलओ और उत्कृष्ट व्यक्तित्व के धनी भी हैं। उनकी यह उपलब्धि पूरे तहसील परिवार के लिए गर्व का विषय है।

ये भी पढ़ें – नहर के पास बोरी में मिला 10 वर्षीय बालक का शव, क्षेत्र में सनसनी—फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

तहसीलदार अरुण कुमार और नायब तहसीलदार रवीन्द्र मौर्य ने भी प्रिंस तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणा स्रोत है।

नगर क्षेत्र में बीएलओ प्रिंस तिवारी की इस सफलता ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता को नई दिशा प्रदान की है।

ये भी पढ़ें – जीवन-साफल्य के लिए सत्संग अनिवार्य: अद्वैत शिवशक्ति परमधाम में गीता-ज्ञानयज्ञ जारी

नहर के पास बोरी में मिला 10 वर्षीय बालक का शव, क्षेत्र में सनसनी—फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। फेफना थाना क्षेत्र के आमडारी गांव में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव से कुछ दूरी पर नहर किनारे एक बोरी में 10 वर्षीय बच्चे का शव मिलने की जानकारी फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान यशवंत वर्मा (10) निवासी आमडारी के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि यशवंत सोमवार शाम घर के पास आयोजित एक जन्मदिन समारोह में गया था, जहां भोजन करने के बाद वह अचानक लापता हो गया। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। निराश होकर परिजन देर रात ही थाने पहुंचे और गुमशुदगी की तहरीर दर्ज कराई।

मंगलवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर नहर के पास एक संदिग्ध बोरी दिखने पर ग्रामीणों ने उसे खोला तो अंदर बच्चे का शव देखकर सभी सन्न रह गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एएसपी कृपाशंकर, क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह और थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत होता है, और हर पहलू पर गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पुलिस से जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है।

जीवन-साफल्य के लिए सत्संग अनिवार्य: अद्वैत शिवशक्ति परमधाम में गीता-ज्ञानयज्ञ जारी

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। अद्वैत शिवशक्ति परमधाम परिसर, इहाँ बिहरा में ब्रह्मलीन संत-सद्गुरु पूज्य स्वामी ईश्वरदास ब्रह्मचारी ‘मौनी बाबा’ की प्रेरणा से संचालित परम्परागत गीता-ज्ञानयज्ञ और वैदिक यज्ञ इन दिनों पूरे श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ जारी है। सोमवार के सान्ध्य सत्र में ज्ञान, साधना और उपासना का अद्भुत संगम देखने को मिला।

यज्ञ के दौरान श्री गोरखदास जी महाराज ने श्रीमद्भगवद्गीता के मंत्रों द्वारा आहुति देते हुए गीता-माहात्म्य पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने अर्जुन के मन में उत्पन्न संशय, उसके कारण और उसके समाधान की गीता में वर्णित दिव्य पद्धति का सरल और सारगर्भित विवेचन किया। उन्होंने कहा कि गीता केवल धर्मग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला का दिव्य मार्गदर्शन है, जो मनुष्य को भ्रम, भय और कर्तव्य-विमुखता से उबारकर सही दिशा दिखाती है।

ये भी पढ़ें – तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकराकर पलटी, दो युवक बाल–बाल बचे; ग्रामीणों की मदद से बचाई गई जान

इसके पूर्व मध्य प्रदेश के सिहोर से पधारे संत वृजविहारीदास जी महाराज ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राम का चरित भारतीय संस्कृति की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि कथा का उद्देश्य भीड़ नहीं, बल्कि मन की शुद्धि और आचरण की पवित्रता है। यदि श्रोता एकाग्रचित्त हों, तो कथा स्वयं जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है।

सत्संग के महत्त्व पर उन्होंने कहा कि सत्संग मनुष्य के भीतर गुणात्मक बदलाव, अहंकार का क्षय और ईश्वर के प्रति भावनात्मक निकटता स्थापित करता है। इसलिए हर व्यक्ति को चाहे जितनी भी व्यस्तता क्यों न हो, कथा-सत्संग के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए।

ये भी पढ़ें – देवरिया में तड़के “मार्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान, पुलिस ने 19 स्थानों पर की सघन जांच; 393 लोगों व 215 वाहनों की हुई चेकिंग

सत्र का समापन भक्तों द्वारा पुष्प अर्पण और शांति मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। पूरे दिन परिसर में भक्ति, दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का उल्लासपूर्ण माहौल बना रहा।

तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकराकर पलटी, दो युवक बाल–बाल बचे; ग्रामीणों की मदद से बचाई गई जान

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। भागलपुर–पिंडी मार्ग पर सोमवार रात लगभग 10:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंदौली से बिहार के चकिया के लिए मिर्ची लादकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप (UP 67 BT 6016) अनियंत्रित होकर तीन मोहानी के पास सड़क किनारे पेड़ से टकराकर गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें भरी मिर्ची सड़क पर बिखर गई।

हादसे में चालक संतलाल और साथी अभिषेक केबिन की छत दबने से अंदर फंस गए। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पिकअप का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के साहसिक प्रयास के बाद भागलपुर पुलिस चौकी व मईल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

ये भी पढ़ें – देवरिया में तड़के “मार्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान, पुलिस ने 19 स्थानों पर की सघन जांच; 393 लोगों व 215 वाहनों की हुई चेकिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन काफी तेज रफ्तार में था, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। यह हादसा शीतला माता मंदिर से करीब 500 मीटर आगे स्थित गहरे गड्ढे के पास हुआ।

फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।

ये भी पढ़ें – जब स्मृतियाँ मौन हो गईं, पर विरासत अमर रह गई – 2 दिसंबर के महान दिवंगत व्यक्तित्व

देवरिया में तड़के “मार्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान, पुलिस ने 19 स्थानों पर की सघन जांच; 393 लोगों व 215 वाहनों की हुई चेकिंग

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से देवरिया पुलिस ने मंगलवार तड़के एक विशेष “मार्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर यह अभियान सुबह 05:00 बजे से 08:00 बजे तक पूरे जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित हुआ।

अभियान के दौरान थाना प्रभारी और थानाध्यक्ष खुद मैदान में उतरकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से सीधे संवाद करते नजर आए। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं, सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए और उन्हें सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस-जनता के बीच विश्वास और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।

पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की। नियम विरुद्ध तीन सवारी वाले वाहनों पर चालान किया गया, वहीं मोडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों को जब्त कर कार्यवाही की गई। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी सख्ती बरती गई।

इसके साथ ही अवैध असलहा, नशीले पदार्थों की तस्करी और चोरी की गाड़ियों के मामलों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर तलाशी और पूछताछ की गई। हालांकि किसी बड़ी वारदात का खुलासा नहीं हुआ, लेकिन अभियान के चलते असामाजिक तत्वों में खासी बेचैनी देखी गई।

ये भी पढ़ें – सभ्य समाज की पहचान—जिम्मेदारी! पर अब यह गुण तेजी से गायब, उठ रहे गंभीर सवाल

देवरिया पुलिस ने कुल 19 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 393 व्यक्तियों और 215 वाहनों की जांच की गई। अभियान से आमजन ने राहत महसूस की और पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की। कई मॉर्निंग वॉकरों ने कहा कि ऐसे अभियान अपराधियों में भय पैदा करते हैं और लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाते हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के जनहितकारी अभियान भविष्य में और भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था कायम रह सके।

देवरिया पुलिस की यह पहल दिखाती है कि वह अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता के सहयोग से जिले को सुरक्षित रखने के प्रति लगातार प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें – असमानता बढ़ी, समाधान की रफ्तार धीमी: विकास मॉडल पर उठ रहे गंभीर सवाल

जब स्मृतियाँ मौन हो गईं, पर विरासत अमर रह गई – 2 दिसंबर के महान दिवंगत व्यक्तित्व

इतिहास के पन्नों में 2 दिसंबर की तारीख उन महान हस्तियों को समर्पित है, जिन्होंने अपने कार्य, प्रतिभा और संघर्ष से समाज, राजनीति, सिनेमा और शिक्षा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी। आइए जानते हैं 2 दिसंबर को हुए निधन के उन प्रमुख व्यक्तित्वों के बारे में, जिनकी यादें आज भी जीवंत हैं।

  1. देवेन वर्मा (निधन: 2 दिसंबर 2014) – मुस्कान देने वाला सितारा

देवेन वर्मा का जन्म 23 अक्टूबर 1937 को पुणे, महाराष्ट्र में हुआ था। शिक्षा उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से प्राप्त की। हिंदी सिनेमा में वे एक ऐसे हास्य अभिनेता के रूप में प्रसिद्ध हुए, जिन्होंने हर पीढ़ी को हंसाया। ‘अंगूर’, ‘चोरी मेरा काम’, ‘दिल’, ‘गोलमाल’ जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाएं आज भी दर्शकों के दिलों में जीवित हैं। अभिनय के साथ-साथ वे एक सफल फिल्म निर्माता भी रहे। उनका योगदान भारतीय मनोरंजन जगत के लिए अमूल्य रहा।

ये भी पढ़ें –जब इतिहास की तारीखें भविष्य के रास्ते तय करती हैं

  1. प्रीति गांगुली (निधन: 2 दिसंबर 2012) – सशक्त सहायक अभिनेत्री

प्रीति गांगुली का जन्म दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल में हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा कलकत्ता से प्राप्त की। हिंदी सिनेमा में उन्होंने हास्य और चरित्र भूमिकाओं के माध्यम से अलग पहचान बनाई। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘खांदेरी’, ‘आनंद’ और ‘कटी पतंग’ शामिल हैं। अपने आत्मविश्वास और अभिनय क्षमता से उन्होंने यह साबित किया कि सहायक भूमिकाएं भी कहानी की आत्मा बन सकती हैं।

  1. मर्री चेन्ना रेड्डी (निधन: 2 दिसंबर 1996) – सियासत के समर्पित सेवक

मर्री चेन्ना रेड्डी का जन्म आंध्र प्रदेश के माहबूबनगर जिले में हुआ था। उन्होंने विज्ञान में शिक्षा प्राप्त की और डॉक्टर भी बने। राजनीति में आकर वे प्रांतीय कांग्रेस कमेटी के महामंत्री तथा 30 वर्षों तक पीसीसी वर्किंग कमेटी के सदस्य रहे। उनका योगदान सामाजिक न्याय, किसानों और आमजन के अधिकारों की रक्षा में उल्लेखनीय रहा। वे राजनीति में सेवा के प्रतीक बने।

ये भी पढ़ें –“वे महान नाम जिन्होंने जन्म लेकर समाज बदल दिया”

  1. क्लिमेंट वोरोशिलोव (निधन: 2 दिसंबर 1969) – सोवियत ताकत का प्रतीक

क्लिमेंट वोरोशिलोव का जन्म रूस के लुहान्स्क ओब्लास्ट में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने स्थानीय स्तर पर प्राप्त की। सोवियत संघ के राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने देश को सामरिक और राजनीतिक रूप से मजबूती दी। वे स्टालिन के करीबी सहयोगी और प्रसिद्ध सैन्य नेता भी रहे। उनके कार्यकाल में सोवियत सेना के आधुनिकीकरण में बड़ा योगदान रहा।

  1. गुरुदास बनर्जी (निधन: 2 दिसंबर 1918) – शिक्षा का दीप स्तंभ

गुरुदास बनर्जी का जन्म बंगाल के हुगली जिले में हुआ था। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से कानून और दर्शन में उच्च शिक्षा प्राप्त की। वे भारत के महान शिक्षाशास्त्री और कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध प्रोफेसर रहे। शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने और भारतीय युवाओं को बौद्धिक दिशा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। वे ज्ञान, संस्कार और अनुशासन के प्रतीक थे।

ये भी पढ़ें –जहां वीरता ने भक्ति से हाथ मिलाया: हनुमान जी का दिव्य प्रवेश

इतिहास की गहराइयों में छुपे सबक

2 दिसंबर को हुए निधन केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उन महान जीवन यात्राओं की याद है, जिन्होंने समाज को दिशा, मनोरंजन और बौद्धिक ऊर्जा प्रदान की। इन विभूतियों की सोच और संघर्ष आज भी प्रेरणा देते हैं कि मृत्यु देह की होती है, कर्म की नहीं।

जानिए आपका शुभ अंक क्या कहता है

ज्योतिष शास्त्र की तरह अंक ज्योतिष भी जीवन, स्वभाव और भविष्य की दिशा दिखाने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम है। जिस प्रकार हर नाम की एक राशि होती है, उसी प्रकार हर व्यक्ति के जीवन में उसका मूलांक (Birth Number) एक विशेष महत्व रखता है।

अपना मूलांक जानने के लिए अपनी जन्म तिथि को इकाई अंक तक जोड़ें।
उदाहरण: यदि आपकी जन्म तिथि 8, 17 या 29 है तो आपका मूलांक 8 होगा।

आईए जानते हैं 2 दिसंबर 2025 का अंकज्योतिष राशिफल, जिसे विशेष रूप से पंडित सुधीर तिवारी ने सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली शब्दों में तैयार किया है।

ये भी पढ़ें –सभ्य समाज की पहचान—जिम्मेदारी! पर अब यह गुण तेजी से गायब, उठ रहे गंभीर सवाल

🔢 मूलांक 1 (1,10,19,28)

आज का दिन आत्मविश्वास और नेतृत्व से भरा रहेगा। आप जिस भी कार्य में हाथ डालेंगे, उसमें सफलता मिलने के प्रबल योग हैं। ऑफिस या व्यापार में आपकी राय को महत्व मिलेगा। परिवार के भीतर भी आपका प्रभाव बढ़ेगा। प्रेम संबंधों में सकारात्मक बदलाव आएगा। धैर्य बनाए रखें, परिणाम आपके पक्ष में रहेंगे।

🔢 मूलांक 2 (2,11,20,29)

आज आप थोड़े भावुक और संवेदनशील रह सकते हैं। किसी पुराने रिश्ते की याद दिन को खास बना सकती है। कार्यक्षेत्र में चीजें धीरे चलेंगी, लेकिन अंत में सफलता जरूर मिलेगी। बुजुर्गों की सलाह आपके लिए लाभकारी साबित होगी। स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहें, पर्याप्त नींद लें।

ये भी पढ़ें –असमानता बढ़ी, समाधान की रफ्तार धीमी: विकास मॉडल पर उठ रहे गंभीर सवाल

🔢 मूलांक 3 (3,12,21,30)

आज उत्साह आपके साथ रहेगा। रुके हुए काम दोबारा गति पकड़ेंगे। कोई नई योजना बन सकती है जो भविष्य में बड़ा लाभ देगी। प्रेम जीवन में भी स्पष्ट संवाद रिश्तों को मजबूत करेगा। आर्थिक मामलों में शुभ संकेत मिलेंगे।

🔢 मूलांक 4 (4,13,22,31)

आज धैर्य की परीक्षा हो सकती है। कुछ कार्यों में देरी आपको परेशान कर सकती है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। दोपहर के बाद स्थितियाँ बेहतर होंगी। पैसों के लेन-देन में सावधानी रखें। शाम का समय परिवार के साथ बिताएं, मन हल्का रहेगा।

🔢 मूलांक 5 (5,14,23)

आज का दिन बदलाव और नए अनुभवों से जुड़ा रहेगा। कोई नई मुलाकात या यात्रा जीवन में नई दिशा दे सकती है। आपकी बातों से लोग प्रभावित होंगे। खर्च पर थोड़ा नियंत्रण रखें। मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे।

🔢 मूलांक 6 (6,15,24)

प्रेम और रिश्तों के लिए आज का दिन बेहद उत्तम है। पार्टनर के साथ समय विशेष रहेगा। कला और रचनात्मकता से जुड़े लोगों को सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। यदि मन में कोई उलझन है तो खुलकर बात करें, हल निकल आएगा।

🔢 मूलांक 7 (7,16,25)

आज का दिन आत्मचिंतन का है। आप अपने भीतर झाँकने का प्रयास करेंगे। काम में ध्यान जरूरी होगा वरना गलती हो सकती है। प्रेम संबंधों में संवाद बनाए रखें। शाम का समय मानसिक शांति देगा। अपने अंतर्मन की आवाज सुनें।

🔢 मूलांक 8 (8,17,26)

मेहनत का फल आज साफ दिखाई देगा। लंबे समय से अटका काम पूरा होने के योग हैं। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। गुस्से और जिद से बचें। परिवार को आपकी आवश्यकता हो सकती है। सोच-समझकर लिया गया फैसला आगे चलकर वरदान साबित होगा।

🔢 मूलांक 9 (9,18,27)

आज ऊर्जा और जोश से भरे रहेंगे। किसी नए कार्य की शुरुआत के लिए उचित समय है। प्रेम जीवन रोमांच से भरा रहेगा। प्रतिस्पर्धा में जीत मिलेगी। बस गुस्से से दूर रहें। बड़ों का आशीर्वाद आपके लिए शुभ रहेगा।

⚠️ डिस्क्लेमर

यह अंक ज्योतिष राष्ट्र की परंपरा या किसी धर्म/संस्था द्वारा प्रमाणित नहीं है। यह सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं और व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित है। कृपया अपनी जन्मकुंडली किसी अनुभवी ज्योतिषाचार्य/विशेषज्ञ से अवश्य दिखाएं।