संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज देवेन्द्र नाथ गोस्वामी ने आगामी 13 दिसम्बर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में जनपद के विभिन्न थानों एवं तहसीलों में तैनात पराविधिक स्वयं सेवकों के साथ बैठक आहूत की।
अपर जिला जज एवं सचिव ने कहा कि 13 दिसम्बर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए आमजन में व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी है। उन्होंने सभी पराविधिक स्वयं सेवकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र एवं नियुक्ति स्थल पर अधिक से अधिक लोगों को पंपलेट वितरित करें, स्टीकर चस्पा करें तथा सुलह योग्य वादों को चिन्हित कर वादकारियों को न्यायालय में उपस्थित होने हेतु प्रेरित करें।
बैठक के उपरांत कार्यालय लिपिक राम भवन चौधरी द्वारा सभी पराविधिक स्वयं सेवकों को पंपलेट व स्टीकर उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर अरविंद राय, सुरेश चंद्र, जितेन्द्र यादव, बलदेव, प्रियंका, संध्या सोनी, गंगाराम गुप्ता, विनय सहित अन्य स्वयं सेवक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पराविधिक स्वयं सेवकगण करें लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार: अपर जिला जज
डीएम ने की धान खरीद की समीक्षा
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में धान खरीद की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीद का लक्ष्य 40,000 मीट्रिक टन निर्धारित है, जिसके सापेक्ष 1 दिसम्बर 2025 तक 1,989.035 मीट्रिक टन धान की खरीद 438 किसानों से की जा चुकी है। जबकि वर्ष 2024-25 में इसी अवधि तक 7,643.622 मीट्रिक टन धान की खरीद 1,382 किसानों से हुई थी। जिले में संचालित 36 क्रय केन्द्रों का मिलों से सम्बद्धीकरण पूरा हो चुका है। खाद्य विभाग के 20 क्रय केन्द्रों का 46 अनुबन्धित मिलरों से लिंक किया गया है।
जिले में 3,716 किसानों ने धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराया है, जिसमें से 2,135 किसानों का सत्यापन हो चुका है, जबकि 1,372 किसानों का सत्यापन लंबित है।
जिलाधिकारी ने सभी क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्धारित समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टोकन रजिस्टर में किसान का नाम, मोबाइल नंबर, अनुमानित धान मात्रा, पंजीकरण संख्या एवं संभावित खरीद तिथि स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
सभी क्रय केन्द्र प्रभारियों को प्रतिदिन 10 मीट्रिक टन से अधिक धान खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पीसीएफ, पीसीयू और भारतीय खाद्य निगम के केन्द्र प्रभारियों द्वारा कम खरीद किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए खरीद में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने यह भी निर्देशित किया कि क्रय किए गए धान को शीघ्र राइस मिलर्स को प्रेषित किया जाए। पंजीकृत किसानों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल वास्तविक किसानों से ही खरीद की जाए और फर्जी खरीद की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश सिंह, ईडीएम राकेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक एवं सभी क्रय एजेंसियों के केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।
“समाज और जिंदगी की असली ताक़त दुःख-सुख बांटने और एकता में – इबरार अहमद
रांची (राष्ट्र की परम्परा)lकाँके के भिट्ठा, कोंगे व जयपूर स्थित मक़तबे मस्जिदे हेरा भिट्ठा, मक़तबे इस्लामिया कोंगे व मदरसा गुलशने रज़ा जयपूर का माहौल आज कुछ अलग था ठंड तो वही थी, लेकिन बच्चों के चेहरों पर गर्माहट, खुशी और चमक थी। वजह थी मौलाना आज़ाद ह्यूमेन इनिशिएटिव (माही) द्वारा चलाया जा रहा अभियान
The Cold is Bold, An initiative by MAHI”, जिसके तहत भिट्ठा के 40, कोंगे के 23 व जयपूर के 40 बच्चों को स्वेटर उपहार में दिए गए।
यह अभियान हर साल भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की याद में 11 से 18 नवंबर तक आयोजित किया जाता है, लेकिन इस बार बढ़ती ठंड और ज़रूरतमंद बच्चों की स्थिति को देखते हुए इसे पूरे नवंबर महीने तक बढ़ा दिया गया और दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक पुनः विस्तार दिया गया।
माही यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रहा है कि “किसी बच्चे की पढ़ाई स्वेटर, जूते या यूनिफॉर्म की कमी की वजह से न रुके।”
कार्यक्रम के दौरान मदरसा के बच्चे, शिक्षक और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे और सबकी निगाहें उन छोटे-छोटे हाथों पर थीं जो स्वेटर लेकर बार–बार अपने दोस्तों को दिखा रहे थे जैसे कोई ख़जाना मिला हो।
इस मौके पर प्रमुख रूप से भिट्ठा के सदर अब्दुल आजाद, सेक्रेटरी सरफराज अख्तर, समाजसेवी मासूम, शाहिद आलम, वसीम, हाफिज मुश्ताक अहमद, मुअज़्ज़िन सऊद, कोंगे पंचायत के सदर हाफिज ज़ियाउल हक़, सेक्रेटरी जमील अंसारी, हाफिज़ मुजीबुल्लाह, रेजाउल अंसारी, जयपूर के जसमुद्दीन हसनैन, सेक्रेटरी अबुज़र ख़ान, खजांची अमान खान, इमरोज़ खान, माही के संयोजक इबरार अहमद, उपाध्यक्ष ख़ालिद सैफुल्लाह, हाजी नवाब, अंजुमन के कार्यकारिणी शाहिद अख्तर टुकलू, नदीम अख्तर, आदि शामिल थे।
इस मौके पर माही के संयोजक इबरार अहमद ने कहा आज इन मासूम बच्चों की मुस्कान देखकर यह एहसास और भी मजबूत हो जाता है कि समाज की असली ताक़त उसी वक़्त दिखती है जब हम किसी के दुःख-सुख में बिना किसी पहचान, जाति या मज़हब के साथ रहते हैं।
मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने कहा था“ किसी भी राष्ट्र की तरक्की उसकी आने वाली पीढ़ियों की शिक्षा पर निर्भर करती है।”
यही सोच लेकर माही ने यह संकल्प लिया है कि “कपड़ा हो या किताब किसी भी कमी की वजह से कोई बच्चा अपनी शिक्षा से दूर न हो।
बरवां खुर्द पर टूटा दुःखों का पहाड़, कर्नाटक में करंट लगने से दो की मौत
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द गांव के दो युवकों की कर्नाटक के मंगलौर में काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया है। मृतकों की पहचान विवेक साहनी 21 वर्ष पुत्र चौथी साहनी और विशाल साहनी 22 वर्ष पुत्र संतोष साहनी के रूप में हुई है। दोनों लगभग पांच वर्षों से मंगलौर में पेंटिंग का काम कर रहे थे।
प्राप्त समाचार के अनुसार, कुछ दिनों पहले ही विवेक और विशाल अपने घर बरवां खुर्द से काम पर लौटे थे। सोमवार को पेंटिंग कार्य के दौरान अचानक करंट की चपेट में आने पर दोनों वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं सोमवार देर रात कर्नाटक पुलिस ने फोन कर परिजनों को हादसे की सूचना दी और आगे की औपचारिकताओं के लिए मंगलौर बुलाया। अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से दोनों परिवारों में मातम पसर गया है। मंगलवार सुबह ही परिजन कर्नाटक के लिए रवाना हो गए। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने युवकों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है, और सरकार से परिवार को उचित सहायता दिये जाने की मांग की है।
अंबेडकर प्रतिमा खंडित, पुरैना खंडी चौरा थाना घुघली जिला महराजगंज में तनाव, पुलिस ने नई मूर्ति स्थापित कर कराया माहौल शांत
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा गांव में सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा। गांव में लगी इस प्रतिष्ठित प्रतिमा से छेड़-छाड़ की घटना ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया, जिसकी जानकारी सुबह करीब 10 बजे मिली। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार देते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत रहने की अपील की।
घुघली थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से नई अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कर दी गई है, और गांव का माहौल अब पूरी तरह शांत है। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कान्हा गोशाला का डीएम ने किया निरीक्षण, गोवंश संरक्षण की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को कान्हा गोशाला चिउरहां का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला में मौजूद गोवंशो की संख्या, भोजन–चारे, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गोशाला में कुल 106 गोवंश हैं, जिनमें 77 नंदी और 29 गायें शामिल हैं। चारे के भंडारण की स्थिति में गोशाला में 80 कुन्टल भूसा,20 कुन्टल चुनी, 12 कुन्टल चोकर,1.5 कुन्टल गुड़, 08 कुन्टल कपिला पशु आहार, और 40 किलो नमक उपलब्ध है। हरा चारा न होने पर ईओ ने बताया कि जई की बोआई की जा चुकी है, जिससे एक सप्ताह में हरा चारा उपलब्ध होने लगेगा। जिलाधिकारी ने इस बीच गोवंशो के लिए हरे चारे की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने गोवंशो के लिए खुले बाड़े की व्यवस्था हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हौसला प्रसाद ने बताया कि गोशाला के सभी गोवंशो का टीकाकरण पूरा हो चुका है।इस पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से जारी रखने का निर्देश दिया।
सर्दी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने गोवंशो की सुरक्षा के लिए ठंड से बचाव की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश संरक्षण और संवर्द्धन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं गोवंशो को गुड़–चना खिलाया और व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया।
इस दौरान जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ आलोक कुमार, तथा नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहें।
एडीए की अटलपुरम टाउनशिप योजना का लॉटरी ड्रॉ सम्पन्न
मंडल आयुक्त ने किया शुभारंभ, 283 भूखंड हुए आवंटित — सफल आवेदकों के खिले चेहरे
आगरा(राष्ट्र की परम्परा)। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की अटलपुरम टाउनशिप फेस-1, सेक्टर-2 एवं 3 के भूखंड आवंटन हेतु लॉटरी ड्रॉ का शुभारंभ आज मंडल आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सूरसदन प्रेक्षागृह में किया। लॉटरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मा० जनपद न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) दिनेश कुमार भी मौजूद रहे। लॉटरी ड्रॉ आवेदकों की उपस्थिति में सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ और इसका लाइव प्रसारण एडीए के यूट्यूब चैनल पर किया गया।
अटलपुरम टाउनशिप के M.I.G.-3, H.I.G. और सुपर H.I.G. श्रेणी के भूखंडों के लिए 29 सितंबर से 7 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उपलब्ध कुल भूखंडों के सापेक्ष ADA को 783 आवेदन प्राप्त हुए। परीक्षण के बाद M.I.G.-3 में 482, H.I.G. में 247 और सुपर H.I.G. में 30 आवेदक पात्र पाए गए।
लॉटरी ड्रॉ के दौरान ऑल सेंट्स स्कूल के बच्चों द्वारा पर्चियां निकालकर भूखंडों का आवंटन किया गया।
लॉटरी में विभिन्न श्रेणियों में निम्न भूखंड आवंटित हुए—
M.I.G.-3 : 91 में से 83 भूखंड
H.I.G. : 201 में से 126 भूखंड
सुपर H.I.G. : 82 में से 29 भूखंड
कुल 238 भूखंड सफल आवेदकों को आवंटित किए गए, जिससे प्राधिकरण को लगभग ₹130 करोड़ की आय होने का अनुमान है।
मंडल आयुक्त ने सफल आवेदकों को बधाई देते हुए कहा कि एडीए का उद्देश्य विभिन्न वर्गों के लोगों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराना है और यह योजना उस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ADA टीम के प्रयासों की सराहना की और बताया कि आगामी दिनों में जनहित में नई योजनाएँ भी लाई जाएँगी।
ADA उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली ने सफल आवेदकों को धन्यवाद देते हुए बताया कि असफल आवेदकों की पंजीकरण धनराशि 5 कार्य दिवसों के भीतर वापस कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अटलपुरम टाउनशिप फेस-2 की पंजीकरण प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 22 दिसंबर 2025 है। असफल आवेदक फेस-2 के भूखंडों हेतु पुनः आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे और लॉटरी ड्रॉ पूरा होने पर सफल उम्मीदवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
निःशुल्क ओ-लेवल व सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण 4 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्या ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट backwardwelfare.up.gov.in एवं obccomputertraining.upsdc.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से 20 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह योजना पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को आधुनिक तकनीकी दक्षता प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिससे उनके रोजगार के नए मार्ग खुलेंगे। प्रशिक्षण हेतु पात्रता मानदंडों में ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए वार्षिक आय सीमा अधिकतम एक लाख रुपये निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) होना आवश्यक है। अधिकतम आयु 35 वर्ष रखी गई है। आवेदक बेरोजगार हो तथा किसी शैक्षणिक संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो। साथ ही अभ्यर्थी का जनपद आगरा का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की प्रिंट कॉपी सहित सभी शिक्षण एवं आवश्यक अभिलेखों को संलग्न कर उसकी हार्ड कॉपी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय—भवन संख्या 760, सेक्टर-14 आवास विकास कॉलोनी (नियर करकुंज चौराहा), सिकंदरा—में 4 दिसंबर 2025, शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने योग्य युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण योजना का अधिकतम लाभ उठाएँ, जिससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित
डीएम ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र, शॉल, ब्रीफकेस और मोमेंटो
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (ए뉴मरेशन फॉर्म) का वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन का शत-प्रतिशत कार्य समय से पहले पूरा किए जाने पर उन्हें यह सम्मान दिया गया।
सम्मानित बीएलओ में आरती सिंह (एत्मादपुर), रूप किशोर रावत (आगरा कैंट), प्रिया कुमारी (आगरा दक्षिण), गौरी शर्मा (आगरा उत्तर), अर्चना ठाकुर (आगरा ग्रामीण), इन्दू (फतेहपुर सीकरी), अनन कुमार अग्रवाल (खैरागढ़), राजकुमार (फतेहाबाद) और नृपति सिंह (बाह) शामिल हैं। सभी को प्रशस्ति पत्र, ब्रीफकेस, शॉल और मोमेंटो प्रदान किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी बीएलओ ने गणना पत्र के वितरण, संकलन और बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन का कार्य अत्यंत लगन, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ पूरा किया है। उन्होंने इसे जनपद की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान शत-प्रतिशत कार्य समय पर पूरा करने वाले सभी बीएलओ को इसी प्रकार सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ और सुपरवाइजर के साथ सहयोग करते हुए गणना प्रपत्र की प्रविष्टियां सही-सही भरें तथा निर्धारित समय पर वापस करें। यदि मतदाता स्वयं उपलब्ध न हों, तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य फॉर्म भरकर बीएलओ को सौंप सकता है। हस्ताक्षरित फॉर्म के आधार पर नाम आगामी ड्राफ्ट मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र संकलन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
देवरिया में 5 दिसंबर को होगा सामूहिक विवाह, 600 जोड़ें बनेंगे जीवनसाथी
देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद देवरिया में आगामी 5 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) को भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि यह कार्यक्रम केन्द्रीय विद्यालय/राजकीय आईटीआई परिसर, देवरिया में आयोजित होगा, जिसमें लगभग 600 जोड़ो का विवाह संपन्न कराने की तैयारी की गई है।
अधिकारी ने बताया कि यह योजना समाज के सभी वर्गों के लिए संचालित है। प्रत्येक जोड़े पर ₹1,00,000 का व्यय प्रावधान है। इसमें से ₹60,000 की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजी जाएगी। वहीं ₹25,000 की धनराशि गृहस्थी सामग्री, वस्त्र एवं आभूषण उपलब्ध कराने में व्यय होगी। इसके अलावा ₹15,000 आयोजन संबंधी खर्च जैसे भोजन, टेंट एवं अन्य वैवाहिक व्यवस्थाओं के लिए निर्धारित है।
जिला प्रशासन द्वारा सफल आयोजन हेतु तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में अत्यंत प्रभावी है।
गोरखपुर–फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन नामावली का आलेख्य प्रकाशित
देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत गोरखपुर–फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली के De-Novo पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जैनेंद्र सिंह ने बताया कि अर्हता तिथि 1 नवम्बर 2025 के आधार पर तैयार की गई निर्वाचक नामावली का आलेख्य आज 2 दिसंबर 2025 को जनपद के सभी विकास खंड कार्यालयों में स्थापित मतदेय/पदाभिहित स्थलों पर प्रकाशित कर दिया गया है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 12 के अनुसार 2 से 16 दिसंबर 2025 तक नामावली के संबंध में दावे एवं आपत्तियाँ आमंत्रित की जाएँगी। संबंधित अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में अपने दावे/आपत्तियाँ प्रस्तुत कर सकेंगे। नामावली का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली जनपद के सभी संबंधित मतदेय स्थलों, तहसील कार्यालयों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय देवरिया में निरीक्षण हेतु निःशुल्क उपलब्ध है। प्रशासन ने योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने नाम एवं विवरण की जाँच अवश्य कर लें।
