Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 334

कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल

उप निरीक्षकों के तबादले, कई थानों के प्रभारी बदले

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने जनहित में उप निरीक्षकों के तबादले करते हुए कई थानों के प्रभार में बदलाव किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जारी इस प्रशासनिक आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अधिकारियों को उनके नाम के सम्मुख अंकित नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला आदेश के अनुसार थानाध्यक्ष तरकुलवा और थानाध्यक्ष भटनी के बीच प्रभार परिवर्तन किया गया है। इसके तहत उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार राय को थानाध्यक्ष रामपुर कारखाना से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष भाटपाररानी बनाया गया है, जबकि उप निरीक्षक अभिषेक कुमार राय को भाटपाररानी से रामपुर कारखाना भेजा गया है। वहीं उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह को भी थानाध्यक्ष भाटपाररानी से रामपुर कारखाना स्थानांतरित किया गया है।

ये भी पढ़ें – देवरिया में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 126 वाहनों का ई-चालान, 4 वाहन सीज

इसके अतिरिक्त प्रशासनिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह को पीआरओ, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एसएसआई तरकुलवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप निरीक्षक बलराम सिंह को चौकी प्रभारी हेतिमपुर (थाना महुआडीह) से हटाकर पीआरओ, पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजा गया है। उनकी जगह उप निरीक्षक अजीत कुमार यादव को पुलिस लाइन से चौकी प्रभारी हेतिमपुर नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को पुलिस लाइन से चौकी प्रभारी भागलपुर (थाना मईल) तथा उप निरीक्षक रवि कुमार राय को चौकी प्रभारी बैतालपुर (थाना गौरीबाजार) बनाया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनहित में उप निरीक्षकों के तबादले पूरी तरह प्रशासनिक आवश्यकता, क्षेत्रीय संतुलन और बेहतर पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। इन बदलावों से अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

देवरिया में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 126 वाहनों का ई-चालान, 4 वाहन सीज

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस देवरिया ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में 27 दिसंबर 2025 को यातायात पुलिस द्वारा शहर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
यातायात प्रभारी देवरिया श्री गुलाब सिंह के नेतृत्व में मालवीय रोड और शाही कटरा जैसे व्यस्त इलाकों में विशेष रूप से कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और टेंपो चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। वहीं, शाही कटरा क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए चालान और सीज की प्रक्रिया अपनाई गई।
इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस देवरिया द्वारा कुल 126 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते सीज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
यातायात नियमों के पालन पर जोर
इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यह संदेश देना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण
अवैध पार्किंग और सड़क पर सवारी भरने जैसी गतिविधियां दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती हैं, जिन पर नियंत्रण आवश्यक है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस देवरिया ने साफ किया कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस पहल से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

रामग्राम पर्यटन परियोजना व स्तूप का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश

महाराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन महत्व की राम ग्राम पर्यटन परियोजना को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने चौक स्थित निर्माणाधीन रामग्राम पर्यटन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन और पर्यटकों को समय पर इसका लाभ मिल सके। उन्होंने दो टूक कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना परिसर में स्थित सरोवर का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षभर सरोवर में जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रबंधकीय उपाय तत्काल किए जाएं, जिससे परियोजना की सुंदरता और उपयोगिता बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में मौजूद वृक्षों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए उनकी सुरक्षा, नियमित देखभाल और समुचित सुंदरीकरण के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संतुलन के साथ स्थल की प्राकृतिक छटा भी बरकरार रह सके। उन्होंने शौचालय निर्माण के डिजाइन में भी बदलाव के निर्देश दिए। उन्होंने महिला और पुरुष शौचालयों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि रामग्राम परियोजना में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटकों के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों को भी आकर्षित करने की पूरी क्षमता है, इसलिए इसे हर दृष्टि से बेहतर और सुविधाजनक बनाया जाए।
इससे पूर्व परियोजना प्रबंधक ने जानकारी दी कि रामग्राम पर्यटन परियोजना की कुल लागत लगभग 8.5 करोड़ रुपये है और अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। परियोजना की दूसरी किश्त अभी प्राप्त होना शेष है, जबकि उपभोग प्रमाण पत्र शासन को प्रेषित किया जा चुका है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सोहगीबरवा स्थित ऐतिहासिक रामग्राम स्तूप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्तूप के आस-पास संचालित पर्यटन गतिविधियों, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, सूचना पट्ट और अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया और इन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रामग्राम का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व अंतर्राष्ट्रीय स्तर का है, ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी, परियोजना प्रबंधक यूपीपीसीएल ए.पी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

डीएम ने लगाई ग्राम चौपाल, योजनाओं की दी जानकारी, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत मिठौरा विकासखंड की ग्राम पंचायत परसा राजा में जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जहां जिलाधिकारी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने वीबी–जी राम जी योजना को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर वीबी–जी राम जी योजना लागू की जा रही है, जिसके तहत ग्रामीणों को न्यूनतम 125 दिन का रोजगार मिलेगा, जबकि मनरेगा में 100 दिन का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका सृजित करना है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना पर भी विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इसके तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिलता है। उन्होंने कहा कि जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
ग्रीन चौपाल की चर्चा करते हुए वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और मानव–वन्य जीव संघर्ष के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जो ग्रामीण पौधरोपण करना चाहते हैं, उन्हें वन विभाग द्वारा निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना में उपभोक्ताओं को 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान मिलता है, जिससे न केवल बिजली बिल में कमी आती है, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्यस्थल पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों से भी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
चौपाल में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उन्होंने रुबीना का गोदभराई संस्कार कराया तथा नवजात खुशी और अक्षय का अन्नप्राशन भी किया। इस दौरान 219 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, 16 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 47 लोगों का सीएम युवा योजना में आवेदन कराया गया और पांच बच्चों का टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी ने भी संबोधित किया।जबकि संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया।
इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार सहित अनेक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने हेतु व्यापक प्रोत्साहन

कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की सौर ऊर्जा नीति–2022 के प्रमुख प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस नीति के माध्यम से स्वच्छ, सस्ती एवं टिकाऊ ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए जनपद में औद्योगिक विकास को नई दिशा दी जाएगी।उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने बताया कि उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति–2022 का मुख्य उद्देश्य जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करना, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाना तथा वर्ष 2026–27 तक 22,000 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य प्राप्त करना है।नीति के अंतर्गत प्रमुख प्रोत्साहन के सम्बंध में उन्होंने बताया कि- सौर ऊर्जा संयंत्र/सोलर पार्क की स्थापना हेतु प्रयुक्त भूमि पर स्टाम्प शुल्क में 100 प्रतिशत छूट। विद्युत शुल्क में 10 वर्षों तक 100 प्रतिशत छूट। आगामी पाँच वर्षों में प्रदेश के प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से 30,000 युवाओं को सौर मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।रु. 2.50 करोड़ प्रति मेगावाट की दर से सब्सिडी के साथ 4 घंटे की बैटरी भंडारण प्रणाली युक्त ग्रिड स्केल सौर परियोजनाओं को प्रोत्साहन।निजी आवासीय क्षेत्रों में रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना हेतु रु. 15,000 प्रति किलोवाट से लेकर अधिकतम रु. 30,000 प्रति किलोवाट तक सब्सिडी।तीसरे पक्ष को बिजली की बिक्री अथवा कैप्टिव उपयोग के मामलों में व्हीलिंग/ट्रांसमिशन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट। सौर ऊर्जा की खरीद पर अंतरराज्यीय ट्रांसमिशन प्रणाली के लिए क्रॉस सब्सिडी अधिभार एवं ट्रांसमिशन शुल्क में 100 प्रतिशत छूट। निजी क्षेत्र द्वारा सौर पार्कों के विकास हेतु प्रदेश सरकार द्वारा उपयुक्त सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।आवेदन प्रक्रिया पूंजीगत सब्सिडी हेतु इच्छुक निवेशक निवेश मित्र पोर्टल https://niveshmitra.up.nic.in/register.aspxपर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, कुशीनगर से मोबाइल नंबर 9151803928 पर संपर्क किया जा सकता है।उन्होंनेजनपद के उद्यमियों, निवेशकों एवं आमजन से अपील की है कि वे उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति–2022 का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए स्वच्छ ऊर्जा को अपनाएं और जनपद के आर्थिक विकास में सहभागी बने।

अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा होगी और मजबूत

विशेष सुरक्षा बल के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर विभिन्न विकल्पों पर मंथन

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, कुशीनगर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं आधुनिक बनाए जाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में एयरपोर्ट पर तैनात विशेष सुरक्षा बल के जवानों हेतु आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।विशेष सुरक्षा बल द्वारा शस्त्रागार, बैरक, कार्यालय, भोजनालय, शौचालय एवं स्नानागार आदि के निर्माण के लिए लगभग 03 एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी कसया से प्राप्त आख्या के आधार पर संभावित स्थलों का विस्तृत परीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया है।प्रथम विकल्प के तहत तहसील कसया के ग्राम नकहनी में एयरपोर्ट के पश्चिमी सिरे से सटी लगभग 10.02 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। यह भूमि आवासीय उपयोग के लिए उपयुक्त है तथा सुरक्षा बलों की त्वरित तैनाती एवं शीघ्र उपलब्धता की दृष्टि से अत्यंत अनुकूल मानी जा रही है।द्वितीय विकल्प के रूप में तहसील कसया के ग्राम महुआडीह लौंगरापुर स्थित बंजर श्रेणी की भूमि को चिन्हित किया गया है, जो एयरपोर्ट से लगभग 05 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। परीक्षण के उपरांत इस भूमि के पुनर्ग्रहण की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है।तृतीय विकल्प के अंतर्गत तहसील कसया में नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज एवं वर्तमान में रिक्त भूमि के कुछ गाटों को चिन्हित किया गया है, जो एयरपोर्ट से लगभग 1.2 से 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। भूमि उपयुक्त पाए जाने पर शासन स्तर से हस्तांतरण की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।इसके अतिरिक्त, यदि एयरपोर्ट की 05 किलोमीटर परिधि में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो आपसी सहमति अथवा विधिक अधिग्रहण प्रक्रिया के माध्यम से निजी भूमि क्रय किए जाने के विकल्प पर भी विचार किया गया है, जिसके लिए आवश्यक बजट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विकल्पों का समग्र मूल्यांकन करते हुए सर्वाधिक उपयुक्त विकल्प के चयन हेतु संबंधित विभाग को आख्या प्रेषित कर दी गई है, जिसके आधार पर अग्रेतर कार्यवाही की जाएगी।
यह पहल न केवल कुशीनगर अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जनपद की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक छवि को भी सुदृढ़ करेगी।

मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी विजेता: पुष्पा चतुर्वेदी

ब्लूमिंग बड्स स्कूल में दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला मुख्यालय स्थित ब्लूमिंग बड्स स्कूल के विशाल प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। समापन सत्र का उद्घाटन विद्यालय की प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी (बालक/बालिका वर्ग), रिले रेस, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, रस्साकसी, खो-खो सहित कई खेलों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में बच्चों और दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सभी प्रतिस्पर्धाओं का आनंद लिया।
कबड्डी बालक वर्ग में ब्लूमिंग बड्स स्कूल मेन ब्रांच ने गीडा ब्रांच को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में इंडस्ट्रियल एरिया ब्रांच ने मेन ब्रांच को हराकर बाजी मारी। लंबी कूद बालिका वर्ग में इंडस्ट्रियल एरिया की श्रेया ने 3.41 मीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में मेन ब्रांच के सौरव और अनुराग ने क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मेन ब्रांच की टीम विजयी रही। टग ऑफ वार के फाइनल में बालक वर्ग में मेन ब्रांच और बालिका वर्ग में इंडस्ट्रियल एरिया ब्रांच की टीम ने जीत दर्ज की। 400 मीटर दौड़ और रिले रेस में मेन ब्रांच के खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जबकि इंडस्ट्रियल एरिया ब्रांच के खिलाड़ियों को कुल चार स्वर्ण पदक प्राप्त हुए। समग्र रूप से सर्वाधिक पदक मेन ब्रांच के खिलाड़ियों ने जीते।
समापन अवसर पर प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। जो भी खिलाड़ी मैदान में उतरा, वह पहले से ही विजेता है। खेलों में बहाया गया पसीना जीवन की चुनौतियों से जूझने की ताकत देता है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी निदेशक दिनेश चंद्र पांडेय ने सभी आगंतुकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों एवं मीडिया कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चैनल मैनेजर रितेश त्रिपाठी, प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी, प्रधानाचार्या वसुंधरा मिश्रा, प्रधानाचार्य विनय कुमार शुक्ला, उप प्रधानाचार्य अनूप विश्वकर्मा, नागेंद्र सिंह, रिया मेहता, खेल प्रशिक्षक नीलम निर्मल, अभिषेक, मनीषा पांडेय, शैलेंद्र मिश्रा डॉ. मीना सिंह, विवेकानंद शुक्ला, सीता मल्ल, ध्रुव मौर्य, इंद्रेश यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

यूपी सरकार की उपलब्धियों को लेकर ब्लॉक स्तर पर विकास प्रदर्शनी का आयोजन

नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, यूपी सरकार की योजनाओं से रूबरू हुए ग्रामीण


कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)।उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतिगत उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक परिसर में एक भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख शेषनाथ यादव ने फीता काटकर किया। आयोजन सूचना विभाग, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को चित्रात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में प्राप्त हो सके। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया।

ये भी पढ़ें – जैविक खेती और श्री अन्न पर केंद्रित रहा किसान मेला, वैज्ञानिकों ने दी अहम सलाह

ब्लॉक प्रमुख शेषनाथ यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रही हैं। महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाएं सामाजिक और आर्थिक मजबूती का आधार बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ती है और योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होती है।

ये भी पढ़ें – कड़ाके की ठंड में पटवा समाज युवा संगठन बना सहारा, गरीब बच्चों को कंबल व गर्म वस्त्र वितरित

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामाधार राजभर, ग्राम प्रधान राजेश सिंह, विजय यादव, बाल गोविंद सैनी, योगेंद्र, सीडीपीओ श्रीमती सुभद्रा श्रीवास्तव, मीना देवी, एडीओ पंचायत नेबुआ नौरंगिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व आमजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने योजनाओं की जानकारी में गहरी रुचि दिखाई।

मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर दौरे पर एनसीसी एकेडमी व विरासत गलियारे का करेंगे निरीक्षण

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर के दौरे पर होंगे । वह दोपहर करीब तीन बजे गोरखपुर पहुंचेंगे और सीधे खोराबार क्षेत्र स्थित तालकंदला जाएंगे, जहां निर्माणाधीन एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) एकेडमी का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तय समय-सीमा की समीक्षा करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
एनसीसी एकेडमी के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री टीपी नगर स्थित रैन बसेरा परिसर पहुंचेंगे, जहां शीतलहर को देखते हुए असहायों और जरूरतमंदों को कंबल वितरित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पांडेयहाता से लेकर धर्मशाला बाजार तक निर्माणाधीन विरासत गलियारे का निरीक्षण करेंगे और कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे। इस दौरान शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात सुविधा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर भी समीक्षा किए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजकरन नय्यर ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और मंचीय व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा और यातायात के लिए समुचित प्लान तैयार किया गया है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं स्थानीय पार्षद ने कहा कि विरासत गलियारे का निर्माण शहर की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करेगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना की।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा कार्यक्रम के दौरान सहयोग प्रदान करें।

नगर आयुक्त ने की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक

विभागीय समन्वय पर जोर

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
नगर आयुक्त की अध्यक्षता में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विभागीय समन्वय हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जलकल, विद्युत विभाग, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, सेतु निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महानगर में जल निकासी, नाला निर्माण, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना रहा।
बैठक में भछ सिंह चौराहा से आदित्यपुरी तिराहा होते हुए गोरधोइया नाला तक जल निकासी की गंभीर समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अभियंता नगर निगम को निर्देशित किया गया कि सर्वे कराकर समुचित परियोजना तैयार कर शासन को प्रेषित करें। इस दौरान यह भी सामने आया कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा बिना अनापत्ति लिए नाला निर्माण कराया गया है, जिसका क्रॉस सेक्शन कैचमेंट एरिया के अनुरूप नहीं है। इस पर नगर निगम को संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
खिचड़ी मेले को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं पैडलेगंज से नौसड़ रोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य का संयुक्त निरीक्षण कराने तथा बुद्धा गेट के पास लगभग 100 मीटर लंबाई में नाला निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
करीमनगर, फर्टिलाइजर रोड स्थित स्पोर्ट्स सिटी क्षेत्र में नाला निर्माण के लेवल को लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, सी एंड डी और नगर निगम के अभियंताओं को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
बैठक में यह भी चिंता जताई गई कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे कई नालों का बेड लेवल आसपास की कॉलोनियों के जल निकासी नालों से ऊंचा है, जिससे भविष्य में गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इस पर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए गए।
विरासत गलियारा में निर्माणाधीन नालों में मानक के अनुरूप कार्य न होने और सिपेज की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण खंड को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में सूरजकुंड, सिधारीपुर तथा हड़हवा फाटक–जाफरा कॉलोनी क्षेत्र में नाला कनेक्शन और लेवल संबंधी समस्याओं को तत्काल दूर करने के आदेश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्ण किया जा चुका है, वहां की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को नगर निगम को विधिवत हैंडओवर किया जाए। इसके अलावा राजघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल के समीप सड़क निर्माण के लिए सेतु निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अंत में लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि भविष्य में जहां भी नाला निर्माण किया जाए, वहां सफाई की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक 3 मीटर फिक्स स्लैब के बाद 2 मीटर खुले स्लैब का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नालों की नियमित सफाई संभव हो सके।
बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विभागीय समन्वय के अभाव में होने वाली समस्याओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें, जिससे शहरवासियों को जलभराव और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

शीतलहर से बेहाल महराजगंज, गांव-गांव कंबल वितरण की उठी पुरजोर मांग

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद महराजगंज में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिरते तापमान के बीच सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण अंचलों में रहने वाले असहाय, गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और बेसहारा लोगों को झेलनी पड़ रही है। रात और सुबह के समय शीतलहर इतनी तीव्र हो गई है कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। हालात को देखते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों से प्रशासन से कंबल वितरण की मांग तेज हो गई है।
सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार के ग्राम प्रधान व समाजसेवी विवेक प्रताप सिंह उर्फ निक्कू सिंह ने बताया कि ठंड का प्रकोप दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। बागापार के साथ-साथ परासखाड़, बेलवा काजी, विजयपुर, बड़हरा राजा, कटहरा समेत आसपास की कई ग्राम पंचायतों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोग ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त साधन नहीं जुटा पा रहे हैं।
वहीं मिठौरा ब्लॉक के ग्राम प्रधान दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र में आने वाले बसंतपुर राजा, परसा राजा, नदुआं बाजार, रेंहाव, बेलभरियां, बरवा राजा, चैनपुर, दरहटा, गौनरियां राजा सहित कई गांवों में बुजुर्ग और बीमार लोगों की हालत और भी खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण वृद्धों को जोड़ों के दर्द, सर्दी-खांसी और सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था जरूर की गई है, लेकिन वह जरूरत के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले मजदूर, दिहाड़ी कामगार, वृद्ध और गंभीर रूप से बीमार लोग ठंड से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। रात के समय ठंड असहनीय हो जाती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ गया है। ऐसे में समय रहते राहत सामग्री नहीं पहुंची तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह और दिनेश चंद्र मिश्र सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि शीतलहर को देखते हुए गांव-गांव सर्वे कर वास्तविक जरूरतमंदों की सूची तैयार की जाए और सभी चिन्हित असहायों को तत्काल कंबल व अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि गरीब और बेसहारा लोगों को ठंड से राहत मिल सके।

देवरिया में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 126 वाहनों का ई-चालान, 4 वाहन सीज

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस देवरिया ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में 27 दिसंबर 2025 को यातायात पुलिस द्वारा शहर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
यातायात प्रभारी देवरिया श्री गुलाब सिंह के नेतृत्व में मालवीय रोड और शाही कटरा जैसे व्यस्त इलाकों में विशेष रूप से कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और टेंपो चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। वहीं, शाही कटरा क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए चालान और सीज की प्रक्रिया अपनाई गई।
इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस देवरिया द्वारा कुल 126 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते सीज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
यातायात नियमों के पालन पर जोर
इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यह संदेश देना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण
अवैध पार्किंग और सड़क पर सवारी भरने जैसी गतिविधियां दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती हैं, जिन पर नियंत्रण आवश्यक है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस देवरिया ने साफ किया कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस पहल से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

कड़ाके की ठंड से जनजीवन ठप, फसलों पर भी संकट, अलाव के सहारे जूझते लोग

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट और ठंडी हवाओं के कारण आमजन का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह-शाम सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि मजबूरी में बाहर निकलने वाले लोग ठंड से बचने के लिए लकड़ी जलाकर अलाव तापते दिखे।
चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में लोग खुद लकड़ी इकट्ठा कर अलाव जलाते नजर आए। ठंड का सबसे अधिक असर दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, ठेला-पटरी व्यवसायियों और जरूरतमंदों पर पड़ रहा है। कई लोग खुले में रात गुजारने को मजबूर हैं।
घने कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रही, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भी ठंड से जूझना पड़ा।
फसलों पर भी ठंड का असर: कड़ाके की ठंड और पाला पड़ने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ठंड के चलते गेहूं, सरसों, मटर, आलू और सब्जी की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि तापमान इसी तरह गिरता रहा तो फसलों की बढ़वार रुक सकती है और उत्पादन पर असर पड़ेगा। कई किसान फसलों को बचाने के लिए सिंचाई और अन्य उपायों में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से ठंड से बचाव के साथ-साथ किसानों के लिए भी जरूरी सलाह और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। बढ़ती ठंड ने जनजीवन के साथ कृषि व्यवस्था पर भी गंभीर असर डालना शुरू कर दिया है।

मिथुन राशिफल 2026: धैर्य, कौशल और अवसरों का वर्ष करियर, व्यवसाय, शिक्षा और धन का विस्तृत वार्षिक भविष्यफल

पंडित सत्य प्रकाश पाण्डेय द्वारा मिथुन राशि के जातकों के लिए 2026 कैसा रहेगा rkpnews के माध्यम से

वर्ष 2026 मिथुन राशि (का, की, कु, घ, ड, छ, के, को, ह) के जातकों के लिए सीख, परिश्रम और स्थायी सफलता का संदेश लेकर आ रहा है। यह वर्ष अचानक छलांग से अधिक क्रमिक प्रगति का है। जो लोग धैर्य रखते हुए अपने कौशल को निखारेंगे, उन्हें वर्ष के उत्तरार्ध में ठोस परिणाम मिलेंगे। जनवरी से मई तक मेहनत और पहचान, तथा मई के बाद धन आगमन, पारिवारिक सहयोग और बचत के अवसर बनेंगे।
ग्रहों की दृष्टि से देखें तो बृहस्पति, शनि, बुध और राहु-केतु का प्रभाव वर्ष भर अलग-अलग चरणों में दिखाई देगा। सही निर्णय, अनुशासन और संवाद-कौशल मिथुन जातकों के लिए 2026 की सबसे बड़ी ताकत रहेगी।

ये भी पढ़ें – मेष राशिफल 2026: शनि की साढ़ेसाती में संघर्ष से सफलता तक का संपूर्ण वार्षिक भविष्यफल

ग्रह गोचर का समग्र प्रभाव (2026)
बृहस्पति: ज्ञान, विस्तार और अवसर देगा; करियर व शिक्षा में सहायक।
शनि: परिश्रम, अनुशासन और जिम्मेदारी बढ़ाएगा; धीमी पर स्थायी प्रगति।
बुध (राशि स्वामी): संचार, व्यापार, लेखन, मीडिया, आईटी में लाभ।
राहु-केतु: अचानक बदलाव, नई तकनीक, विदेश/ऑनलाइन अवसर; भ्रम से बचाव जरूरी।
मासिक करियर व जीवन विश्लेषण
जनवरी 2026
वर्ष की शुरुआत आत्ममंथन और योजना से होगी। कार्यक्षेत्र में वरिष्ठों की नजर आप पर रहेगी। नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
शुभ: नेटवर्किंग, इंटरव्यू।
अशुभ: जल्दबाजी।

ये भी पढ़ें – वृष राशिफल 2026: ग्रहों की चाल से बदलेगा भाग्य, जानिए करियर, धन, शिक्षा, राजनीति और जीवन के हर क्षेत्र का विस्तृत भविष्यफल

फरवरी 2026
मेहनत का असर दिखने लगेगा। टीमवर्क से लाभ। प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रयास बढ़ाएं।
शुभ: संवाद, प्रस्तुति।
अशुभ: वाणी में कठोरता।
मार्च 2026
करियर में पहचान का समय। प्रमोशन/नया प्रोजेक्ट संभव। व्यापार में नए क्लाइंट।
शुभ: मार्केटिंग, सेल्स।
अशुभ: खर्च पर नियंत्रण रखें।
अप्रैल 2026
निर्णायक माह। स्थानांतरण या भूमिका परिवर्तन के योग।
शुभ: दीर्घकालीन निवेश की योजना।
अशुभ: स्वास्थ्य उपेक्षा।
मई 2026
धन आगमन के संकेत। परिवार का सहयोग मिलेगा। बचत और संपत्ति से जुड़े फैसले अनुकूल।
शुभ: बोनस/लाभ।
अशुभ: कर्ज बढ़ाना।
जून 2026
कार्यभार बढ़ेगा पर परिणाम भी मिलेंगे। प्रशासनिक/सरकारी कार्यों में प्रगति।
शुभ: अनुशासन।
अशुभ: तनाव।
जुलाई 2026
विदेश/ऑनलाइन प्रोजेक्ट से लाभ। तकनीक से जुड़े लोगों के लिए अच्छा समय।
शुभ: आईटी, डिजिटल।
अशुभ: गोपनीयता में ढील।
अगस्त 2026
मध्य वर्ष में समीक्षा जरूरी। शिक्षा में फोकस बढ़ेगा।
शुभ: अध्ययन, शोध।
अशुभ: आलस्य।
सितंबर 2026
व्यापार विस्तार के योग। साझेदारी में सावधानी रखें।
शुभ: रणनीति।
अशुभ: अविश्वास।
अक्टूबर 2026
त्योहारी माह में आय के नए स्रोत। रचनात्मक क्षेत्रों में पहचान।
शुभ: कला, संगीत।
अशुभ: भावुक निर्णय।
नवंबर 2026
पुराने प्रयास फल देंगे। राजनीतिक/सामाजिक क्षेत्र में प्रभाव बढ़ेगा।
शुभ: जनसंपर्क।
अशुभ: विवाद।
दिसंबर 2026
वर्ष का समापन संतोषजनक। दीर्घकालीन स्थिरता के संकेत।
शुभ: भविष्य की योजना।
अशुभ: अति-आत्मविश्वास।
कार्यक्षेत्र/व्यवसाय
2026 में नौकरीपेशा मिथुन जातकों के लिए पहचान और स्थिरता का वर्ष है। प्रबंधन, मीडिया, लेखन, आईटी, शिक्षा, सेल्स-मार्केटिंग में उन्नति। व्यवसायियों को मई के बाद विस्तार व लाभ। साझेदारी में स्पष्ट अनुबंध रखें।
शिक्षा
छात्रों के लिए वर्ष अनुकूल। प्रतियोगी परीक्षाओं में मार्च-अप्रैल और अगस्त-सितंबर विशेष लाभकारी। एकाग्रता बढ़ाने पर सफलता।
कला, संगीत व रचनात्मक क्षेत्र
बुध और बृहस्पति का सहयोग रचनात्मकता को पंख देगा। अक्टूबर-नवंबर में मंच/प्रकाशन/सम्मान के योग।
राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र
जनसंपर्क और भाषण से प्रभाव बढ़ेगा। नवंबर में पद-प्रतिष्ठा। विवाद से बचें।
प्रशासनिक/सरकारी क्षेत्र
अनुशासन और नियमपालन से लाभ। स्थानांतरण के योग अप्रैल-जून।
आर्थिक स्थिति
आय के नए स्रोत, बचत में वृद्धि। अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण जरूरी। दीर्घकालीन निवेश लाभकारी।
ग्रहों के अशुभ प्रभाव से बचाव के उपाय
बुध मजबूत करें: बुधवार हरे वस्त्र, हरी मूंग का दान।
शनि शांति: शनिवार तिल/सरसों का दान, सेवा।
राहु-केतु: ध्यान, मंत्र जप, सत्यनिष्ठा।
सामान्य: वाणी में संयम, नियमित दिनचर्या।
पूजा-उपासना
देवी सरस्वती और भगवान गणेश की पूजा श्रेयस्कर। बुधवार को गणेश अथर्वशीर्ष।
शुभ संकेत
शुभ रंग: हरा, हल्का पीला
शुभ अंक: 5, 3
आज का दिन (सामान्य संकेत): संवाद से लाभ, धैर्य रखें
निष्कर्ष
मिथुन राशि के लिए 2026 परिश्रम से स्थायी सफलता का वर्ष है। धैर्य, कौशल-विकास और सही समय पर निर्णय आपको आगे ले जाएंगे।
नोट: यह ज्योतिषीय विश्लेषण सामान्य गणनाओं पर आधारित है। राष्ट्र की परम्परा इस ज्योतिष को प्रमाणित नहीं करता। कृपया अपनी जन्मकुंडली किसी विशेषज्ञ से अवश्य दिखाएं।

मुठभेड़ के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से खुलेंगे कई राज

थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मां के मुकुट के अवशेष बरामद

गोपालगंज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)बिहार के गोपालगंज जनपद स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान मां दुर्गा के मुकुट के कटे हुए अवशेष भी बरामद किए गए हैं, जिससे जांच को निर्णायक दिशा मिली है।

ये भी पढ़ें – दिल्ली पुलिस ऑपरेशन आघात 3.0: अपराधियों पर कहर, हथियार, वाहन और मोबाइल बरामद

जानकारी के अनुसार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी इस्माइल आलम रिकी टोला क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही SIT टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

ये भी पढ़ें – आगरा में किसानों को राहत: यूरिया उर्वरक की सुचारू आपूर्ति जारी, डीएम ने की संयमित उपयोग की अपील

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से मां दुर्गा के मुकुट के क्षतिग्रस्त हिस्से, वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन सहित अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने न केवल चोरी की साजिश स्वीकार की, बल्कि अपने पूरे गिरोह, चोरी की योजना और अन्य आभूषणों के ठिकानों का भी खुलासा किया है।

ये भी पढ़ें – चचेरे भाई पर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात की दवा खिलाने से युवती की मौत

सदर SDPO ने बताया कि आरोपी के बयान के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।