Monday, June 22, 2026
Home Blog Page 275

मजार ध्वस्तीकरण पर सियासी घमासान, प्रशासन पर चयनात्मक कार्रवाई और दबाव के आरोप


देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।गोरखपुर रोड ओवरब्रिज से सटी मजार पर की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई अब एक बड़े राजनीतिक और सामाजिक विवाद का रूप ले चुकी है। समान शिक्षा आंदोलन, उत्तर प्रदेश के सहसंयोजक चतुरानन ओझा और ईस्टर्न साइंटिस्ट जर्नल के संपादक अचल पुलस्तेय ने इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन और सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे “चयनात्मक, पक्षपातपूर्ण और राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई” करार दिया है।
अपने संयुक्त बयान में नेताओं ने कहा कि जिस तेजी और कठोरता के साथ मजार को ध्वस्त किया गया, वह सामान्य अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया नहीं लगती। उनका आरोप है कि यह कदम एक सुनियोजित राजनीतिक एजेंडे के तहत उठाया गया, जिसमें प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग हुआ। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर समाज में सांप्रदायिक विमर्श खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें – ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से पहले बदला मजार कमेटी का रुख, अध्यक्ष ने माना अवैध कब्जा

चतुरानन ओझा ने कहा कि सूफी परंपरा से जुड़ी मजारें केवल किसी एक समुदाय की आस्था का केंद्र नहीं होतीं, बल्कि यह साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होती हैं। यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं। ऐसे स्थल को बिना सामाजिक संवाद और संवेदनशीलता के ध्वस्त करना प्रशासन की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
विरोध करने वालों ने यह भी आरोप लगाया कि मजार जिस क्षेत्र में स्थित थी, वह लंबे समय से विकास और प्रशासनिक ध्यान से वंचित रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था के कारण ही उस स्थान को पहचान मिली थी। इसके विपरीत, शहर के कई प्रमुख इलाकों और चौराहों पर सड़क पर बने धार्मिक ढांचे यातायात में बाधा बने हुए हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसे उन्होंने स्पष्ट रूप से “चयनात्मक कार्रवाई” बताया।

ये भी पढ़ें – विरोध प्रदर्शनों से हिली खामेनेई सरकार, दुनिया की बढ़ी चिंता

बयान में यह भी कहा गया कि जिन मुद्दों पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को काम करना चाहिए—जैसे स्कूलों की बदहाली, अस्पतालों की दुर्दशा और रोजगार की कमी—उन पर ध्यान देने के बजाय धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर राजनीतिक संदेश दिया जा रहा है। इसे जनता के मूल सवालों से ध्यान भटकाने की रणनीति बताया गया।
समान शिक्षा आंदोलन ने मांग की है कि मजार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी व संवैधानिक समीक्षा कराई जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही, तो इसे केवल एक ढांचे का नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला माना जाएगा।

भीषण ठंड के चलते कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में अवकाश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अत्यधिक ठंड और शीतलहर को देखते हुए छात्रहित में बड़ा निर्णय लिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी वर्तमान मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित समस्त मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, राजकीय एवं अन्य समस्त बोर्ड से संबद्ध कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 12 जनवरी 2026 से 13 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित विद्यालय उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है।

ये भी पढ़ें https://rkpnewsup.com/the-mazar-committee-changed-its-stance-before-the-demolition-and-the-chairman-admitted-illegal-occupation/

प्रशासन का यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि भीषण ठंड के कारण किसी प्रकार की असुविधा या स्वास्थ्य जोखिम से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से पहले बदला मजार कमेटी का रुख, अध्यक्ष ने माना अवैध कब्जा

एसडीएम सदर के समक्ष यू-टर्न, वर्षों से वैध बताई जा रही मजार अचानक कैसे हुई अवैध?

गौरव कुशवाहा

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)देवरिया के गोरखपुर रोड स्थित कुर्ना नाला के पास अब्दुल गनी शाह मजार प्रकरण में बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। ध्वस्तीकरण आदेश के बिल्कुल पहले मजार कमेटी का रुख अचानक बदल गया। रविवार को मजार कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद राशिद खान (निवासी भटनी दादन) ने एसडीएम सदर के समक्ष पेश होकर मजार परिसर में हुए अतिक्रमण को अवैध स्वीकार कर लिया और उसे स्वेच्छा से हटाने की पेशकश की।
यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है, जब एसडीएम सदर न्यायालय से ध्वस्तीकरण आदेश की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी और प्रशासनिक स्तर पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी अंतिम चरण में थी। वर्षों तक जिस मजार को वैध, परंपरागत और धार्मिक आस्था से जुड़ा स्थल बताया जाता रहा, उसी को अचानक अवैध मान लेना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

ये भी पढ़ें – देवरिया में कानून का पालन: कोर्ट के फैसले के बाद ध्वस्तीकरण

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह अतिक्रमण अवैध था तो वर्षों तक इसे वैध बताकर क्यों बचाया गया? और यदि यह वैध था, तो न्यायालय के आदेश से ठीक पहले मजार कमेटी को अपना रुख बदलने की आवश्यकता क्यों महसूस हुई? प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जिस भूमि पर मजार और उससे जुड़े निर्माण मौजूद थे, वह पहले ही सार्वजनिक उपयोग की बंजर भूमि घोषित की जा चुकी थी। इसके बावजूद वहां दुकानों, निर्माण कार्यों और धार्मिक गतिविधियों का संचालन वर्षों तक होता रहा।
इस पूरे प्रकरण में यह भी सामने आया है कि राजस्व अभिलेखों को लेकर विवाद बना रहा और कार्रवाई से जुड़ी फाइलें समय-समय पर ठंडे बस्ते में जाती रहीं। अब जब अदालत के आदेश के बाद सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही थी, तभी मजार कमेटी अध्यक्ष द्वारा अवैध कब्जा स्वीकार करने का बयान सामने आया। प्रशासनिक हलकों में इसे संभावित दंडात्मक कार्रवाई से बचने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें – श्री अन्न प्रदर्शनी और कंबल वितरण के साथ मनाया जाएगा समरसता सहभोज

जानकारों का कहना है कि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की पेशकश का उद्देश्य यह दिखाना हो सकता है कि कब्जाधारी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं, जिससे उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई सीमित रह सके। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश के अनुसार ही होगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
इस यू-टर्न ने न केवल मजार प्रकरण को और गंभीर बना दिया है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि वर्षों पुराने अवैध अतिक्रमण पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और इसके लिए जिम्मेदार तंत्र पर जवाबदेही कब तय होगी।

आगरा में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत सभी बूथों पर पढ़ी गई मतदाता सूची

आगरा, (राष्ट्र की परम्परा)l जनपद 2में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त मतदेय स्थलों पर निर्वाचक नामावलियों (ड्राफ्ट रोल) का सार्वजनिक पठन किया गया। अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री यमुनाधर चौहान ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जा चुका है।
आज 11 जनवरी 2026 को सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान पात्र नागरिकों से फार्म-6 (नया नाम जोड़ने), फार्म-6ए, फार्म-7 (नाम विलोपन) एवं फार्म-8 (संशोधन) निःशुल्क प्राप्त किए गए। साथ ही ग्राम सभाओं एवं वार्ड समितियों की बैठकों में भी मतदाता सूची पठन का आयोजन किया गया।
उप जिलाधिकारी, अपर नगर मजिस्ट्रेट, ईआरओ/एईआरओ एवं सुपरवाइजरों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि जिन मतदाताओं की फोटो अस्पष्ट है या उपलब्ध नहीं है, उनकी नवीन एवं स्पष्ट फोटो अनिवार्य रूप से अपलोड कराई जाए। इस कार्य में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) से समन्वय स्थापित कर फोटो अपलोड का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें https://rkpnewsup.com/maghars-fairgrounds-lit-up-with-shops-and-rides-as-the-khichdi-fair-preparations-started/

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे 6 फरवरी 2026 तक अपने निकटतम मतदान केंद्र पर फार्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेज—आयु प्रमाण, निवास प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो एवं परिवार के सदस्य के ईपीआईसी की प्रति—संलग्न कर सकते हैं। मृत या स्थाई रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के लिए फार्म-7 तथा संशोधन हेतु फार्म-8 जमा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाएगा।

श्री अन्न प्रदर्शनी और कंबल वितरण के साथ मनाया जाएगा समरसता सहभोज

पकहां गढ़ चतुर्भुज मंदिर में 14 जनवरी को सामाजिक समरसता सहभोज, 1500 गरीबों को मिलेंगे कंबल: सूर्य प्रताप शाही

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पकहां गढ़ स्थित प्राचीन श्री भगवान चतुर्भुज मंदिर परिसर में 14 जनवरी को परंपरागत सामाजिक समरसता सहभोज का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन वर्षों से सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक रहा है, जिसमें जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर लोग एक साथ भोजन करते हैं।
कृषि मंत्री ने रविवार को राघव नगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा श्री अन्न (मिलेट्स) की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सहभोज में श्री अन्न से तैयार कुछ पारंपरिक और पौष्टिक खाद्य पदार्थ भी शामिल किए जाएंगे, जिससे लोगों को मोटे अनाज के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया जा सके।

ये भी पढ़ें – World War 3: क्या तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ रही दुनिया? जानिए कौन होगा किसके पाले में और भारत का क्या रहेगा रुख

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जायद फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और जागरूक करने के लिए कृषि पाठशाला सहित विभिन्न कार्यक्रमों पर 31 करोड़ 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले जहां प्रदेश में केवल सवा लाख हेक्टेयर में जायद की खेती होती थी, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह आंकड़ा बढ़कर 11 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि बसंत ऋतु में अंत:फसली कार्यक्रम चलाया जाएगा और गन्ने की खेती में मिश्रित खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ सके। इसके लिए किसानों को उर्द और मूंग के बीज का निःशुल्क मिनी किट उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का लक्ष्य खेती की लागत को कम कर किसानों की आय बढ़ाना है, इसी क्रम में 45 गन्ना उत्पादक जिलों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है।

ये भी पढ़ें – ग्रामीण विकास को नई गति देगी जी राम जी योजना-प्रभारी मंत्री

ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर गरीब और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य भी लगातार जारी है। 6 दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस तथा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर कंबल वितरण किया गया। इसी क्रम में सामाजिक समरसता सहभोज के दिन 1500 गरीबों को कंबल वितरित किए जाएंगे।
यह आयोजन न केवल सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है, बल्कि किसानों और आमजन को कृषि नवाचारों से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम बनेगा।

ग्रामीण विकास को नई गति देगी जी राम जी योजना-प्रभारी मंत्री

जी राम जी योजना से मजदूरों को मिलेगा 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार, देवरिया में बोले प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह


देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जी राम जी योजना ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री एवं देवरिया जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस योजना के तहत अब मजदूरों को सवा सौ दिन यानी 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा। रविवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने योजना की विशेषताओं और बदलावों की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जी राम जी योजना की अहम भूमिका होगी। केंद्र सरकार ने इस योजना में कई ऐतिहासिक सुधार किए हैं, जिनमें रोजगार की अवधि बढ़ाने के साथ-साथ समय पर मजदूरी भुगतान और देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान भी शामिल है। यदि किसी कारणवश मजदूर को काम नहीं मिलता है, तो उसे बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें – उपद्रव के मामले में 14 गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी घायल

दयाशंकर सिंह ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले 100 दिन रोजगार की गारंटी तो थी, लेकिन वास्तविकता में मजदूरों को औसतन केवल 54 दिन ही काम मिल पाता था। इसके अलावा मजदूरी भुगतान में भी काफी देरी होती थी, जिससे श्रमिकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब नई व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि योजना के अंतर्गत मजदूरों को कृषि कार्यों में 60 दिन तक रोजगार मिलेगा, जिससे कुल मिलाकर 185 दिन तक आय के अवसर सृजित होंगे। इससे किसानों को भी समय पर श्रमिक उपलब्ध होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जी राम जी योजना केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से गांवों के समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। योजना के तहत ग्रामीण सड़कों का निर्माण, खेल के मैदान, पंचायत भवन, जल संरक्षण और अन्य स्थायी विकास कार्य कराए जाएंगे, जो पहले संभव नहीं हो पाते थे।
उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल गांधीजी का नाम लेती रही, जबकि भाजपा सरकार महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है। जी राम जी योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार बनेगी।

उपद्रव के मामले में 14 गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी घायल

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)जनपद देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में उपद्रव और पथराव की घटना में पुलिस ने 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।घटना 10 जनवरी की है, जब टेढ़ा स्थान स्थित अंबेडकर मूर्ति के पास फुटबॉल मैच देखने के दौरान पंडा टोली और टेढ़ा स्थान (हरिजन बस्ती) के लोगों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर भी उपद्रवियों ने भीड़ को उकसाया और पुलिस पर भी पथराव किया। इस दौरान एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।मामले में उपनिरीक्षक कृष्णकांत की तहरीर पर थाना रुद्रपुर में मु.अ.सं. 015/2026 धारा 191(2), 191(3), 121(1), 121(2), 132, 352, 125, 110 बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने 11 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर अंबेडकर मूर्ति तिराहे के पास से 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना रुद्रपुर के उपनिरीक्षक एवं पुलिस बल के कई सदस्य शामिल रहे।

सोशल मीडिया पर कैबिनेट मंत्री ए के शर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश

कोपागंज थाने में दी भाजपा कार्यकर्ताओं ने तहरीर

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक, अमर्यादित और तथ्यहीन टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जनपद के कोपागंज थाने में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बीते कई दिनों से कुछ असामाजिक तत्व फर्जी व नव निर्मित सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के विरुद्ध लगातार अनर्गल और मानहानिकारक टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे मंत्री की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
भाजपा नेताओं ने आशंका जताई कि इस तरह का दुष्प्रचार क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। विशेष रूप से फेसबुक पर “नव निर्मित आईडी मऊ की लोक आवाज़” के नाम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने का उल्लेख तहरीर में किया गया है।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित फर्जी आईडी के संचालकों तथा ऐसे कृत्यों में संलिप्त अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, साइबर कानून एवं भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इस दौरान पूर्व मंडल उपाध्यक्ष राजीव पांडे, विनय कुमार, त्रिलोकी सिंह, राम विलास, अनिल राजभर, रामचरित्र, राजेश, गोपाल, संजीव कुमार गुप्ता सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नायब तहसीलदार ने किया मदरसे का निरीक्षण, बीएलओ को दिया निर्देश

मऊ (राष्ट्र की परम्परा) जनपद के नगर पंचायत कोपागंज स्थित मदरसा जामे उलूम पर रविवार की दोपहर नायब तहसीलदार अमरनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसआईआर संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत तैनात बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नायब तहसीलदार ने बताया कि रविवार की शाम पांच बजे तक उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मतदान बूथ पर संबंधित बीएलओ ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र उपलब्ध हैं। सभी उत्तर प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने मतदान बूथ पर जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर बीएलओ को सौंप दें, जिससे अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल किया जा सके।
नायब तहसीलदार ने यह भी बताया कि जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे फॉर्म-8 भरकर बीएलओ को दें, ताकि त्रुटियों का समय रहते सुधार किया जा सके। इस अवसर पर संबंधित कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

ड्राफ्ट मतदाता सूची पठन कार्य का जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद कुशीनगर में शनिवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची पठन कार्य का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की उपस्थिति में विभिन्न मतदान केंद्रों पर पठन कार्य संपन्न कराया गया।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 333 कसया अंतर्गत बालबाड़ी जूनियर हाई स्कूल, कसया स्थित बूथ संख्या 32, 33, 34, 35, 36, 40, 41, 42, 43 एवं 44 तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पडरौना अंतर्गत भिसवा सरकारी स्थित बूथ संख्या 280 एवं 281 पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा जनसामान्य एवं बूथ लेवल एजेंटों के समक्ष ड्राफ्ट मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाताओं को अपने नाम, विवरण एवं अन्य प्रविष्टियों की जांच करने का अवसर प्रदान किया गया।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौके पर उपस्थित नागरिकों एवं बूथ लेवल एजेंटों से संवाद स्थापित कर मतदाता सूची में नामों की त्रुटि, वर्तनी संबंधी अशुद्धि, फोटो की गुणवत्ता, पता अथवा आयु से संबंधित प्रविष्टियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं विधि सम्मत ढंग से सुनिश्चित किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित हो।उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर अपने मताधिकार को सुदृढ़ करें।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा सहित संबंधित तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सिकंदरपुर में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना पर दिया गया बल

सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सकल हिन्दू आयोजन समिति के तत्वावधान में रसड़ा जिले के सिकंदरपुर नगर में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन राधिका उत्सव वाटिका, मोहल्ला मिल्की सिकंदरपुर में पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ हुआ। शुभारम्भ मुख्य वक्ता संजय जी,मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री कृष्ण दास ब्रहमचारी जी महाराज, विशिष्ट अतिथि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की संचालिका बहन ने किया। सम्मेलन में धर्म, संस्कृति, राष्ट्रवाद एवं समाज संगठन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक जागरूकता उत्पन्न करना तथा संगठित हिन्दू समाज की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।मुख्य वक्ता प्रान्त कुटुंब प्रबोधन प्रमुख श्रीमान संजय जी ने अपने संबोधन में कहा कि धर्म और संस्कृति का संरक्षण ही राष्ट्र की आत्मा को सुरक्षित रखता है। उन्होंने समाज को संगठित होकर सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सह जिला संघचालक लालबचन जी, जिला सेवा प्रमुख नायब जी, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख विवेकानंद, नगर संघचालक दिनेश जी, शाखा कार्यवाह गुलाब जी, नगर कार्यवाह अविनाश मिश्रा, मुख्य शिक्षक संजय सोनी, नगर पालक मानिकचंद्र, नगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख अंकेश विश्वकर्मा, अभाविप नगर सह मंत्री अभिषेक सोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सम्मेलन में विनय जायसवाल, राकेश बरनवाल, दिलीप जायसवाल, डॉ. उमेश चन्द्र, रिंकी जायसवाल, संतोष सोनी, मोनू सोनी, मोहनीश जायसवाल, प्रयाग चौहान, गणेश सोनी, दुर्गा दास, प्रतीक राय, बड़ेबाबू, आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में समग्र हिन्दू समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ विवेक चौबे ने किया

कोपागंज में एलवन स्टार क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल, मऊ एलवन ने मारी बाजी

मऊ (राष्ट्र की परम्परा) जनपद के कोपागंज ब्लाक के काछीकला में एलवन स्टार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला न्यू रॉयल कोपागंज और मऊ एलवन क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। रोमांचक फाइनल मैच में मऊ एलवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यू रॉयल कोपागंज को छह विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन कोपागंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद रियाज़ ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। मैच के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
मैच का विवरण देते हुए बताया गया कि पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू रॉयल कोपागंज की टीम छह ओवर में 67 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मऊ एलवन की टीम ने चार ओवर तीन गेंद में चार विकेट खोकर 68 रन बनाते हुए मुकाबला छह विकेट से जीत लिया। मऊ एलवन के मोहम्मद आमिर ने 28 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस मौके पर अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद रियाज़ ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। ऐसे टूर्नामेंटों से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में मुहम्मद आसिम, मुहम्मद दानिश, मुहम्मद बशम, मुहम्मद शैदा, हनीस हबीब, नेता इरफान अजीज और अफजल सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

उपद्रव के मामले में 14 गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी घायल

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)जनपद देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में उपद्रव और पथराव की घटना में पुलिस ने 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।घटना 10 जनवरी की है, जब टेढ़ा स्थान स्थित अंबेडकर मूर्ति के पास फुटबॉल मैच देखने के दौरान पंडा टोली और टेढ़ा स्थान (हरिजन बस्ती) के लोगों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर भी उपद्रवियों ने भीड़ को उकसाया और पुलिस पर भी पथराव किया। इस दौरान एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।मामले में उपनिरीक्षक कृष्णकांत की तहरीर पर थाना रुद्रपुर में मु.अ.सं. 015/2026 धारा 191(2), 191(3), 121(1), 121(2), 132, 352, 125, 110 बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने 11 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर अंबेडकर मूर्ति तिराहे के पास से 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना रुद्रपुर के उपनिरीक्षक एवं पुलिस बल के कई सदस्य शामिल रहे।

प्रथम खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स–2026 के लिए प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित

कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)छत्तीसगढ़ राज्य में आयोजित होने वाले प्रथम खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स–2026 में प्रतिभाग के लिए उत्तर प्रदेश स्तर पर चयन/ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार ने जनपद कुशीनगर के अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ियों को जानकारी दी है।उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय चयन/ट्रायल विभिन्न खेलों के लिए 13 जनवरी, 2026 को निर्धारित स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। तीरंदाजी का चयन ट्रायल सोनभद्र में आयोजित होगा, जबकि एथलेटिक्स एवं कुश्ती का चयन मिर्जापुर में किया जाएगा। वहीं फुटबॉल, हॉकी, तैराकी एवं भारोत्तोलन खेलों के चयन/ट्रायल वाराणसी में संपन्न होंगे।जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ी निर्धारित तिथि एवं स्थान पर अपने साथ अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र (राज्य के सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत) की प्रति अनिवार्य रूप से लेकर उपस्थित हों।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करने हेतु खेल विभाग द्वारा किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अन्य व्यय देय नहीं होगा

359 बूथों पर मतदाता सूची का वाचन, नए नाम जोड़ने हेतु फार्म भरने में जुटे ग्रामीण

सिकंदरपुर/बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

भारत निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर रविवार को 359 विधानसभा के अंतर्गत सभी 359 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया गया। सुबह से ही विभिन्न बूथों पर ग्रामीणों की उपस्थिति देखने को मिली, जहां लोगों ने अपने-अपने नाम मतदाता सूची में जांचे। जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं पाया गया या उनमें किसी प्रकार की त्रुटि थी, उन्हें सुधार हेतु संबंधित फार्म उपलब्ध कराए गए।नए मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु फार्म 6, संशोधन के लिए फार्म 8 तथा नाम विलोपन के लिए फार्म 7 भराए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने विशेष रुचि दिखाते हुए अपने परिवार के सदस्यों के नाम सही तरीके से सूची में दर्ज कराने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म भरना शुरू कर दिया। बूथ लेवल अधिकारियों ने मतदाताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।पूरे अभियान की निगरानी उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुनील कुमार द्वारा की गई। साथ ही सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी — नायब तहसीलदार सी.पी. यादव, दुर्गेश कुमार, खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार, श्रवण कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह एवं अनूप कुमार सहित कुल 16 अधिकारी भ्रमणशील रहे और अलग-अलग बूथों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित हो तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।निर्वाचन आयोग की यह पहल आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची को अद्यतन व त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।