संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में इस्कॉन के तत्वावधान में श्रीराधा श्याम सुंदर मंदिर के भव्य निर्माण की घोषणा के साथ शनिवार को पूरा जिला भक्ति और उत्साह में डूबा नजर आया। खलीलाबाद के समय माता मंदिर चौराहे से बैंक चौराहे तक वृंदावन और गोरखपुर से आए श्रद्धालुओं, स्थानीय व्यापारियों और नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल की मौजूदगी में भव्य पैदल पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा के बाद खलीलाबाद स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित बैठक में इस्कॉन प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था भारत सहित विदेशों में भी कई भव्य मंदिरों का निर्माण करा चुकी है। इसी क्रम में अब संत कबीर नगर जिले में राधा श्याम सुंदर मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
बताया गया कि खलीलाबाद क्षेत्र के मलोरना में मंदिर निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है, जिसे स्थानीय व्यवसायी राजेश गुप्ता ने दान किया है। मंदिर निर्माण के लिए बृजकिशोर गुप्ता ने ₹2 लाख की प्रथम दान राशि देने की घोषणा की। मंदिर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि मंदिर निर्माण से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने व्यापारियों और श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की।
पदयात्रा और बैठक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।
भक्ति के रंग में रंगा जिला, श्रीराधा श्याम सुंदर मंदिर निर्माण को लेकर इस्कॉन की भव्य पदयात्रा
टैली प्रशिक्षण से रोजगारोन्मुख हो रहे विद्यार्थी
बिछुआ/मप्र(राष्ट्र की परम्परा)। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में उच्च शिक्षा विभाग की योजना क्रमांक 7581 के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद कैरिअर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं इनोवेशन एंड इन्कुबेशन सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 25 दिवसीय टैली प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर जारी है। यह प्रशिक्षण प्राचार्य डॉ. आर.पी. यादव के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, जिसमें वर्तमान में 90 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
प्रशिक्षण जीत कंप्यूटर एजुकेशन बिछुआ की प्रशिक्षिका पूनम कड़वे द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बेसिक क्लासेस, थ्योरी, कंपनी निर्माण, लेजर निर्माण, वाउचर निर्माण तथा रिसीप्ट एंट्री जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा चुकी हैं, जिससे वे लेखांकन के व्यावहारिक पक्ष को समझ पा रहे हैं।
स्वामी विवेकानंद कैरिअर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. फरहत मंसूरी ने विद्यार्थियों से लक्ष्य केंद्रित होकर प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं रोजगार के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
प्रशिक्षण के संचालन में अजीत सिंह गौतम, आकाश अहके, डॉ. नोखेलाल साहू, मनीष पटेल, मनोज जैन सहित महाविद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कंप्यूटर दक्ष बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है, ताकि वे शिक्षा पूर्ण करने के उपरांत अपने भविष्य को एक स्पष्ट दिशा दे सकें।
घने कोहरे के कारण काछीकला फोरलेन पर कई वाहनों की टक्कर
मऊ ( राष्ट्र की परम्परा ) जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के काछी कला फोरलेन पर शनिवार की तड़के सुबह घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से आगे जा रहे एक ट्रेलर में पीछे से कई वाहनों ने टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काछीकला हाइवे पर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से ट्रेलर संख्या BR 28 GB 6857, पिकअप वाहन UP 61 CT 0524 तथा पिकअप UP 12 BT 6613 आपस में टकरा गए। अचानक हुई इस दुर्घटना से कुछ देर के लिए हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित रहा।
हादसे में एक व्यक्ति को चोटें आईं, जिसे तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी कोपागंज पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में शामिल अन्य सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि घना कोहरा हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। वहीं प्रशासन ने चालकों से कोहरे के मौसम में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस: सीडीओ ने भूमि और जनकल्याण शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया
बेल्थरा रोड/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)l तहसील परिसर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने प्रभारी जिलाधिकारी के रूप में भाग लिया और क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
सबसे अधिक शिकायतें राजस्व एवं भूमि विवाद जैसे कब्जा, सीमांकन, बटवारा और चकमार्ग अवरोध से संबंधित पाई गईं। इस पर सीडीओ ने राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर निष्पक्ष जांच का निर्देश दिया और कहा कि जमीन विवादों का समाधान पारदर्शिता व प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जन-सुनवाई के दौरान अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही कार्यालयों में नियमित जन-सुनवाई की व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया।
कार्यक्रम में कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया गया। राजस्व, विद्युत विभाग, नगर पंचायत, पुलिस और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई कर कई फरियादियों को राहत दी। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों की शिकायतों पर भी तत्काल पैमाइश और कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस के सफल आयोजन ने ग्रामीणों में भरोसा जगाया कि उनकी समस्याएँ सुनी जा रही हैं और उन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
अब शेरों वाली कुर्सी पर बैठेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए केदारनाथ की पवित्र देवदार की लकड़ी से निर्मित एक विशेष शेरों वाली कुर्सी उत्तराखंड से लाई गई है। यह कुर्सी अपनी विशिष्ट बनावट, धार्मिक प्रतीकात्मकता और सख्त प्रशासनिक छवि के अनुरूप डिजाइन के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह विशेष कुर्सी केदारनाथ के देवदार की लकड़ी से तैयार की गई है। कुर्सी पर शेरों की आकर्षक नक्काशी की गई है, जो योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व और दृढ़ प्रशासनिक शैली का प्रतीक मानी जा रही है। कुर्सी का डिजाइन उत्तराखंड के प्राचीन मंदिरों की स्थापत्य शैली से प्रेरित है और इसे भगवा रंग में तैयार किया गया है।
देवदार की लकड़ी से बनी इस कुर्सी की एक खास विशेषता यह भी है कि इससे प्राकृतिक सुगंध निकलती है, जिससे जहां भी यह रखी जाएगी वहां वातावरण सुगंधित रहेगा।
बताया जा रहा है कि यह कुर्सी उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री (कर्नल रिटायर्ड) अजय कोठियाल की ओर से उपहार स्वरूप दी गई है। मकर संक्रांति के अवसर पर 15 जनवरी को गोरखपुर पहुंचकर यह कुर्सी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी गई।
डीएम की अध्यक्षता में तहसील पडरौना में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन
54 मामलों में से 06 का मौके पर निस्तारण, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत
कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)तहसील पडरौना सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी श्री तंवर ने एक-एक कर सभी प्रार्थनापत्रों की सुनवाई करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थनापत्रों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित प्रार्थनापत्रों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस से जुड़े मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 54 मामले प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 31, पुलिस विभाग के 12, विकास विभाग के 08 तथा अन्य विभागों के 03 प्रकरण शामिल रहे। मौके पर ही राजस्व विभाग के 06 मामलों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 48 मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम जनमानस को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा हस्ताक्षर कर हस्ताक्षर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान संदेश दिया गया—“कुशीनगर ने ठाना है, बाल विवाह मुक्त जनपद बनाना है।”कार्यक्रम में परियोजना निदेशक पीयूष, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्र प्रकाश, बीएस राम जियावन मौर्य, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषभ पुंडीर सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीएम की अध्यक्षता में धनघटा तहसील में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, 88 फरियादियों की सुनवाई
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में धनघटा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया, जबकि भूमि विवाद एवं अन्य जटिल मामलों में शिकायतकर्ता एवं दोनों पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धनघटा तहसील में कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया गया। 2 मामलों में स्थलीय निरीक्षण हेतु टीम भेजी गई, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा की गई। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने की। यहां कुल 24 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा 4 मामलों में स्थलीय निरीक्षण हेतु टीम भेजी गई। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
खलीलाबाद तहसील में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी एवं उप जिलाधिकारी अरुण कुमार द्वारा फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। यहां कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण कराया गया तथा 5 मामलों में स्थलीय निरीक्षण हेतु टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
तीनों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 88 फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई हुई, जिनमें से 18 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया गया तथा 11 मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।
विवेचकों का ओआर, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l जनपद देवरिया में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय ने थाना तरकुलवा का निरीक्षण करते हुए वहां नियुक्त समस्त विवेचकों का ओआर (अर्दली रूम) किया। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा करते हुए विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ओआर के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने प्रत्येक विवेचक से उनके पास लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और निष्पक्षता के साथ किया जाना चाहिए, यही पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की जांच साक्ष्यों, तथ्यों और विधिक प्रावधानों के अनुरूप की जाए। विवेचना के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने, पीड़ित पक्ष से समुचित संवाद स्थापित करने तथा अभियोजन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता ही न्यायिक प्रक्रिया की मजबूत नींव होती है।
बैठक के दौरान पुराने एवं संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही यह चेतावनी दी गई कि विवेचनाओं में लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित विवेचक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण न केवल न्याय प्रक्रिया को गति देता है, बल्कि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को भी सुदृढ़ करता है। इस प्रकार की समीक्षा बैठकें पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और परिणामोन्मुखी बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार ले जाई जा रही 224 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)जनपद देवरिया में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत भटनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भटनी पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 26 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 224 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 87 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 17 जनवरी की रात्रि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चांदपार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास से अभियुक्त को धर दबोचा।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रंजन कुमार पुत्र रामचन्द्र राय, निवासी चोरमा, थाना पकड़ी दयाल, जिला पूर्वी चम्पारण (बिहार) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से ऑफिसर्स च्वाइस, आफ्टर डार्क ब्लू एवं माउंटेन ब्रांड की कुल 1248 शीशी/पाउच (प्रत्येक 180 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद की गई।पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना भटनी में मु0अ0सं0-12/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा की पुण्यतिथि पर मानव सेवा का संकल्प
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)l भारतीय सेना में शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा की पुण्यतिथि गोरखपुर में श्रद्धा, सम्मान और मानव सेवा के संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके द्वितीय पुत्र सत्यजीत कुमार (सौरभ शर्मा) अपनी पत्नी नीतू शर्मा, बच्चे अन्वी शर्मा व प्रांशी, भाभी रंजना शर्मा, भतीजी यशिका शर्मा, अध्या शर्मा एवं आराध्य शर्मा सहित अन्य परिजन अनाथ आश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बच्चों की सेवा की।
कार्यक्रम के दौरान अनाथ आश्रम में रह रहे बच्चों को भोजन सामग्री, खाने-पीने का सामान वितरित किया गया तथा ठंड को देखते हुए कंबलों का वितरण भी किया गया। शहीद के परिजनों ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और स्नेह व आत्मीयता प्रदान की। इस दौरान शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
बताया गया कि शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा वर्ष 2008 में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। भारतीय सेना में रहते हुए उन्होंने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का परिचय दिया। उनका बलिदान आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
परिवारजनों ने बताया कि बीते 18 वर्षों से उनकी पुण्यतिथि इसी प्रकार जरूरतमंदों की सेवा करते हुए मनाई जाती है। परिवार का मानना है कि शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि समाज के कमजोर, गरीब और असहाय वर्ग की सहायता करने में ही निहित है। इसी सोच के साथ हर वर्ष अनाथ बच्चों, गरीबों और जरूरतमंदों के बीच सहायता सामग्री वितरित की जाती है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को देशसेवा के साथ-साथ मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। शहीद सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा की पुण्यतिथि पर किया गया यह सेवा कार्य उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में याद किया गया।
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद की तहसील सदर में शुक्रवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों को गंभीर मानते हुए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश उप जिलाधिकारी को दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक न होकर स्थलीय निरीक्षण, शिकायतकर्ता से संवाद और पूर्ण संतुष्टि के साथ किया जाना चाहिए।
104 शिकायतें हुईं दर्ज, 8 का तत्काल समाधान संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 104 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थीं, जिनमें विद्युत, पेंशन, राशन कार्ड, भूमि विवाद, चकरोड अतिक्रमण, नाली निर्माण, अवैध कब्जा आदि प्रमुख रहे।
ये भी पढ़ें – गोरखपुर विश्वविद्यालय में 19 जनवरी से सेमेस्टर परीक्षाएं, तीन पालियों में होगी परीक्षा
विभागवार शिकायतों का विवरण प्राप्त शिकायतों में 36 राजस्व विभाग, 18 पुलिस विभाग, 14 नगर निगम, 08 विद्युत विभाग, 08 विकास खंड, 04 आगरा विकास प्राधिकरण, 03 समाज कल्याण विभाग, 01 वन विभाग एवं 12 अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को फोन अथवा व्यक्तिगत रूप से जानकारी दी जाए तथा निस्तारण आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर सचिन राजपूत, तहसीलदार मांधाता प्रताप सिंह, उपायुक्त मनरेगा रामायन यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गौंड, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें – निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति जनपद से बाहर न जाएं: जिला निर्वाचन अधिकारी
गोरखपुर विश्वविद्यालय में 19 जनवरी से सेमेस्टर परीक्षाएं, तीन पालियों में होगी परीक्षा
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत स्नातक एवं स्नातकोत्तर सेमेस्टर प्रणाली की बैक पेपर परीक्षाएं 19 जनवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। परीक्षाएं 31 जनवरी 2026 तक तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली प्रातः 9.00 बजे से 10.30 बजे तक, द्वितीय पाली 11.30 बजे से 1.00 बजे तक तथा तृतीय पाली दोपहर 2.00 बजे से 3.30 बजे तक संपन्न होगी।
ये भी पढ़ें – निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति जनपद से बाहर न जाएं: जिला निर्वाचन अधिकारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को निर्देशित किया है कि वे मुख्य द्वार पर बने साइकिल स्टैंड में अपने वाहन पार्क कर परीक्षा केंद्र (वाणिज्य भवन) तक जाएं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक सामान, बैग, मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी आदि को साथ ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति जनपद से बाहर न जाएं: जिला निर्वाचन अधिकारी
मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद मऊ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण मिश्र ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य से जुड़े कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के जनपद से बाहर नहीं जाएंगे।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य प्रगति पर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य वर्तमान में चल रहा है। इस दौरान नोटिस वितरण, दावे और आपत्तियों की प्राप्ति, सुनवाई तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
अवकाश के दिनों में भी करना होगा कार्य
निर्वाचन तैयारियों को समयबद्ध और सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए जनपद के सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी—
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सहित अन्य कर्मियों को निर्धारित अवधि में मुख्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि अवकाश के दिनों में भी पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें – सोम मुंडा हत्या कांड के विरोध में झारखंड बंद, रांची की सड़कों पर उतरे आदिवासी संगठन
बिना अनुमति बाहर जाने पर होगी कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय से बाहर जाना आवश्यक हो, तो उन्हें पूर्व में लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का यह निर्देश मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जारी किया गया है।
सोम मुंडा हत्या कांड के विरोध में झारखंड बंद, रांची की सड़कों पर उतरे आदिवासी संगठन
रांची (राष्ट्र की परम्परा)। खूंटी निवासी पड़हा राजा सोम मुंडा की हत्या के विरोध में शनिवार को विभिन्न आदिवासी संगठनों ने झारखंड बंद का आह्वान किया। बंद के आह्वान को लेकर राजधानी रांची में आदिवासी संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया।
अल्बर्ट एक्का चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन
रांची के चडरी सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की।
ये भी पढ़ें – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर का विधायक ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
आदिवासियों पर हमले को लेकर जताई चिंता
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य में लगातार आदिवासियों पर हमले हो रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने खूंटी के पड़हा राजा सोम मुंडा की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।
दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
आदिवासी संगठनों ने प्रशासन से मांग की कि सोम मुंडा हत्या कांड में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
झारखंड बंद के चलते रांची समेत कई इलाकों में जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें – छाता गांव में मंदिर में बड़ी चोरी, ताले तोड़कर मां दुर्गा के गहने और दानपात्र ले गए चोर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर का विधायक ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकंदरपुर के क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिज़वी ने शनिवार को अपने सहयोगियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरपुर का औचक निरीक्षण किया। विधायक के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों में हलचल देखने को मिली।
भवन की रंगाई-पुताई का किया निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत विधायक ने अस्पताल भवन और परिसर की रंगाई-पुताई से की। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई और सजावट पर संतोष जताया, लेकिन बाउंड्री वॉल की अधूरी रंगाई पर नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने इसे ठेकेदार की गंभीर लापरवाही बताया। इस पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिग्विजय कुमार ने जानकारी दी कि उन्हें इस संबंध में पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।
मरीजों की सुविधा पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक डॉक्टर के कक्ष के बाहर नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि मरीजों को सही जानकारी मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने अधीक्षक कक्ष में रखी गई पुरानी टेबल को बदलने के भी निर्देश दिए।
इमरजेंसी गेट तत्काल खोलने के आदेश
विधायक ने अस्पताल के पीछे स्थित इमरजेंसी गेट को तुरंत खोलने का निर्देश दिया, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीएचसी को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुविधाओं का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा।
डॉक्टरों की उपस्थिति और व्यवस्था पर सख्ती
विधायक ने चिकित्सकों की उपस्थिति और सेवा प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी डॉक्टर अपने निर्धारित चेंबर में बैठकर ही मरीजों को देखें। उन्होंने कहा कि पहले डॉक्टर बाहर बैठकर मरीजों को देखते थे, जिससे व्यवस्था प्रभावित होती थी, लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत सभी चिकित्सक अपने कक्ष में ही उपचार करेंगे।
जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्राथमिकता
विधायक ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करने की नसीहत दी और कहा कि छोटी लापरवाही भी मरीजों की जान पर भारी पड़ सकती है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. दिग्विजय कुमार, डॉ. ब्यास कुमार, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. बबुनी आर्य, राजेश आर्य, अबू ताल्हा, डॉ. संदीप गौतम, रूबी कुमारी सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ तथा मदन राय, खुर्शीद आलम, अनंत मिश्रा, मनोज यादव, विषम यादव, सुमंत मिश्र सहित स्थानीय नेता मौजूद रहे।
