Wednesday, January 14, 2026
HomeUncategorizedबलिया सांसद खेल प्रतियोगिता में वर्तमान सांसद की अनदेखी, पूर्व सांसद को...

बलिया सांसद खेल प्रतियोगिता में वर्तमान सांसद की अनदेखी, पूर्व सांसद को बुलाने पर विवाद तेज

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)

जिले में आयोजित सांसद खेल प्रतियोगिता उस समय विवादों में घिर गई जब लोकसभा के वर्तमान सांसद रमाशंकर राजभर “विद्यार्थी” को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। इसके विपरीत आयोजकों द्वारा पूर्व भाजपा सांसद को मंच पर बुलाकर कार्यक्रम का संचालन किया गया, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्वयं सांसद रमाशंकर राजभर ने इस घटनाक्रम पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे जिले के अधिकारियों की लापरवाही और प्रोटोकॉल के खुले उल्लंघन की संज्ञा दी है।सूत्रों के अनुसार, जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता सांसद के संरक्षण और उपस्थिति में आयोजित की जाती है। ऐसे में वर्तमान सांसद को आमंत्रित न किया जाना गंभीर प्रशासनिक चूक माना जा रहा है। सांसद ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, लेकिन अधिकारियों द्वारा जानबूझकर उन्हें कार्यक्रम से दूर रखा गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और नियम विरुद्ध है।सांसद रमाशंकर राजभर “विद्यार्थी” ने स्पष्ट कहा कि वे इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराएंगे तथा दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि का सम्मान लोकतंत्र में सर्वोपरि होता है और इस तरह की चूक न केवल सांसद के पद की अवहेलना है बल्कि जनता के प्रतिनिधित्व का भी अपमान है। सांसद ने इसे राजनीतिक पूर्वाग्रह और प्रशासनिक उदासीनता बताया तथा कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी ओर, यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग वर्तमान सांसद को न बुलाए जाने को प्रशासनिक गलती मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों ने दावा किया कि उन्हें भी यह जानकर आश्चर्य हुआ कि वर्तमान सांसद उपस्थित नहीं हैं, जबकि कार्यक्रम का नाम ही “सांसद खेल प्रतियोगिता” है।
उधर, आयोजन से जुड़े अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा गर्म हो चुका है और आने वाले दिनों में इसपर और तीखी प्रतिक्रियाओं की संभावना जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments