नाबालिग भतीजे को गोली मारने वाला चाचा गिरफ्तार, अवैध पिस्टल व कारतूस बरामद
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चितबड़ागांव पुलिस ने नाबालिग भतीजे को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी चाचा को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में चितबड़ागांव थाना पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही थी।
मामले के अनुसार 23 अप्रैल को पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी संजय सिंह ने अपने ही नाबालिग भतीजे वैभव सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
24 अप्रैल को उपनिरीक्षक अतुल कुमार गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ ग्राम सुजायत सहाड़ी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पास पहुंचकर दबिश दी। यहां से आरोपी संजय सिंह (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
