लखनऊ/गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा) पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में एक अहम प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गोरखपुर में बन रहे ‘विरासत गलियारा’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे “भाजपाई लूट तंत्र” की संज्ञा देते हुए कहा कि “गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है।”

अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “यदि गोरखपुर वालों ने अपने मुंह खोल दिए, तो वहां विरासत गलियारा नहीं, हिरासत गलियारा बनाना पड़ेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ नाम बदलने और योजनाओं के नाम पर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।

उन्होंने गोरखपुर में सपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित अभद्रता को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब सपा कार्यकर्ता पीड़ित दुकानदारों से मिलने पहुंचे, तो भाजपा समर्थक बुलडोजर लेकर उन्हें रोकने आ गए। साथ ही, पुलिस-प्रशासन ने भी भाजपा का ही पक्ष लिया और लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा सरकार विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है, असली विकास तो समाजवादी सरकार में हुआ था। अब भाजपा विरासत के नाम पर जमीन कब्जा कर, आम जनता को परेशान कर रही है।”

उन्होंने यह भी कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की ये कोशिशें ज्यादा दिन नहीं चलेंगी। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

प्रमुख बिंदु:

विरासत गलियारा पर भाजपा को अखिलेश का तीखा प्रहार

गोरखपुर को बताया ‘गोरखधंधा’ का केंद्र

सपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता और रोकने का आरोप

पुलिस-प्रशासन पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप

“हिरासत गलियारा” जैसे शब्दों के प्रयोग से विपक्षी तेवर तीखे

यह बयान ऐसे समय आया है जब गोरखपुर में विरासत गलियारा को लेकर स्थानीय स्तर पर भी हलचल है, और भाजपा सरकार इसे विकास का प्रतीक बता रही है। वहीं, सपा इसे जनविरोधी और धांधली से जुड़ी योजना बता रही है।