जर्जर सड़क और जल निकासी की समस्या से मिलेगी निजात, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पालिका परिषद महराजगंज के गांधी नगर वार्ड में लंबे समय से बदहाल सड़क और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। वर्षों से जर्जर मार्ग और नाली की समस्या के चलते आवागमन में परेशानी झेल रहे स्थानीय नागरिकों को अब जल्द ही बेहतर सुविधा मिलने जा रही है। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने राजकुमार यादव के घर से रामगीत के मकान तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
सड़क की बदहाली और समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से वार्डवासियों को आए दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बारिश के दिनों में जल- भराव की समस्या से आवागमन प्रभावित होता था। स्थानीय नागरिकों की इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सड़क और नाली निर्माण की पहल की है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद न केवल मार्ग की स्थिति बेहतर होगी, बल्कि जल निकासी की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही उनकी प्राथमिकता और जन-सेवा का मूल उद्देश्य है। नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर के विकास की असली कसौटी तभी पूरी होगी, जब प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिले और उन्हें रोजमर्रा की समस्याओं से छुटकारा मिले।
इस अवसर पर कार्यक्रम में 318 सदर विधानसभा के भावी प्रत्याशी निर्मेष मंगल, प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, अवर अभियंता देवेंद्र कुमार, कैशियर कृष्ण मणि पटेल, जलकल लिपिक अखिलेश पांडेय, सफाई लिपिक उमाशंकर, राजस्व निरीक्षक आशीष यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर इंद्रेश कुमार, विजय मौर्य, सुजीत यादव, लालबहादुर, इंद्रासन, जगमोहन राय, अजय गौतम, धर्मेंद्र कन्नौजिया और संदीप सहानी सहित अन्य लोग मौजूद रहें।
