मालगोदाम के पास से पकड़ा गया वांछित अभियुक्त, निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। कोतवाली थाना क्षेत्र में वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को वाहन साइड करने की बात को लेकर रितेश चौहान और उनके मित्र नितेश चौहान का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे, रॉड और चाकू से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 0834/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 109(1) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 नवंबर को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। वहीं, घटना में शामिल वांछित अभियुक्त रन्जू यादव (41) पुत्र स्वर्गीय रामबचन यादव, निवासी रामनाथ, देवरिया पश्चिमी को मालगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू बरामद किया है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रविन्द्र नाथ चौबे, हेड कांस्टेबल राहुल यादव और कांस्टेबल पंकज शुक्ला शामिल रहे।