
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पशुपालकों एवं गोशाला संचालकों को मिला सम्मान, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर पशुपालन और गोसंरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले पशुपालकों एवं गोशाला संचालकों को सम्मानित किया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी डॉ. ऋषिकेश दर्शन, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सिद्धार्थनगर तथा उप दुग्धशाला विकास अधिकारी महराजगंज की मौजूदगी में सम्मान समारोह संपन्न हुआ।कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए लक्ष्मीपुर खास निवासी पशुपालक बाबूलाल गुप्ता को गाय की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं, गोवंश संरक्षण एवं गोशालाओं के बेहतर संचालन में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले संचालकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वालों में बृहद गो संरक्षण केंद्र मधुकरपुर महदेंवा के संचालक राम निवास गौतम (जीवन शक्ति प्रगति जी फाउंडेशन), बृहद गोआश्रय स्थल अहमदपुर उर्फ हड़हवा के संचालक चंद्र प्रकाश गुप्ता, कान्हा उपवन के संचालक यशवंत राव, गोआश्रय स्थल चकदह के संचालक बंदेश्वर सिंह तथा गोसदन मधवलिया की संचालक संस्था नेचर क्लाइमेट फाउंडेशन शामिल रहे। इसके अलावा अन्य पशुपालकों को भी पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने पशुपालकों को शासन द्वारा संचालित नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पशुपालक गोवंश का संवर्धन एवं संरक्षण करने के साथ ही पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बना सकते हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर पशुपालक अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।उप दुग्धशाला विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वदेशी नस्ल की गाय पालने वाले पात्र पशुपालकों को गाय की दुग्ध उत्पादन क्षमता के आधार पर 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके लिए गाय का ब्यांत 45 दिन से कम समय पूर्व होना आवश्यक है। उन्होंने पात्र पशुपालकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।समारोह में पशुपालकों, गोशाला संचालकों एवं प्रबंधकों के साथ पशुपालन विभाग के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
