🌺 जीवन की सच्चाई और इंसान की पहचान 🌺
सत्य, सद्भाव और कृतघ्नता पर विचारोत्तेजक दोहे

✍️ रचनाकार: डॉ. सत्यवान सौरभ
पीएचडी (राजनीति विज्ञान), कवि एवं सामाजिक विचारक
नेकी करके भूल जा, यही संतों का ज्ञान।
दुर्जन गिनता उम्र भर, छोटे भी अहसान॥
काँच चमकता खूब है, हीरा रहे उदास।
परख नहीं जब जगत को, व्यर्थ चमक की आस॥
मुख पर मीठी बात है, भीतर भरा विकार।
ऐसे लोगों से सदा, रखना उचित विचार॥
सत्य बोलने पर यहाँ, मिलते ताने रोज।
झूठ सजाकर बेचते, ओछे अपना ओज॥
औकात नहीं कर्म की, फिर भी है अभिमान।
खाली पात्र बजे अधिक, यही जगत पहचान॥
वृक्ष फलदार झुक रहा, पत्थर मारें लोग।
छाया देकर भी उसे, सहना पड़ता रोग॥
कृतघ्नों के साथ में, व्यर्थ गया सद्भाव।
पत्थर पर जल धार से, कैसे उपजे भाव॥
समय करेगा फैसला, कौन हुआ बेकार।
सत्य कभी झुकता नहीं, झूठ रहे दिन चार॥
🌿 कविता का संदेश
नेकी कीजिए, लेकिन बदले की अपेक्षा मत रखिए।
इंसान की असली पहचान उसकी चमक-दमक, मीठी बातों या अहंकार से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और व्यवहार से होती है। सत्य की राह कठिन जरूर है, लेकिन समय के साथ इंसान के कर्म ही उसकी वास्तविक पहचान बनते हैं।
— डॉ. सत्यवान सौरभ
(पीएचडी — राजनीति विज्ञान | कवि एवं सामाजिक विचारक)
