प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति ने जारी किया नियुक्ति पत्र, शुभचिंतकों ने दी बधाई

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासभा फोरम उत्तर प्रदेश ने देवरिया निवासी नमन कुमार प्रजापति को जिला अध्यक्ष (शिक्षा प्रकोष्ठ) की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति की ओर से 21 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से उनका मनोनयन किया गया।
नियुक्ति पत्र में नमन कुमार प्रजापति को संगठन की सदस्यता तथा राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला कार्यकारिणी के अंतर्गत जिला अध्यक्ष (शिक्षा प्रकोष्ठ) के पद पर मनोनीत किए जाने की जानकारी दी गई है। संगठन ने उनके समाज के प्रति समर्पित सेवाभाव और भावनाओं को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
मनोनयन के साथ उनसे समाज को शिक्षित करने, मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, कला, संस्कृति, दान, खेल और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में समाज की सहभागिता बढ़ाने तथा सामाजिक उत्थान एवं विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर नमन प्रजापति ने प्रदेश संगठन एवं जिला संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके मनोनयन पर शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।