
नालियों में भरा गंदा पानी और जमा कूड़े से पनप रही गंदगी शिकायतों के बावजूद ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौन
शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)गढ़िया रंगीन प्राथमिक विद्यालय गढ़िया रंगीन (प्रथम) के बाहर पिछले करीब एक साल से खुला पड़ा टैंक बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। टैंक में लगातार नालियों का गंदा पानी भर रहा है। विद्यालय के मुख्य गेट के सामने बनी नालियां भी गंदगी और कीचड़ से बजबजा रही हैं। आसपास कूड़ा जमा होने से संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान और ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा। करीब एक साल बीत जाने के बाद भी न तो टैंक को सुरक्षित कराया गया और न ही नालियों की सफाई कराई गई। लगातार जलभराव और गंदगी के चलते विद्यालय की इमारत पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। विद्यालय के बाहर ज्यादा कचरा जमा होने की वजह से लगातार बदबू बनी रहती है बच्चों का विद्यालय में बैठना हो रहा है मुश्किल गुरपाल यादव, राहुल कुमार, अंकित, सर्वजीत, फकीरे और शंभू समेत ग्रामीणों ने विद्यालय के बाहर एकत्र होकर जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने तत्काल टैंक को सुरक्षित कराने, नालियों की सफाई और कूड़ा हटवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब भी कार्रवाई नहीं हुई तो उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आखिर प्रशासन और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे?
