
ग्रामीण बैंक के सीएसपी से चोरी हुए 1.18 लाख रुपये शत-प्रतिशत बरामद, घर में कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी थी रकम
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के महुआडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी धनराशि 1 लाख 18 हजार रुपये भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मकसूद अली (19 वर्ष) पुत्र आलम अली, निवासी ग्राम इजरही, थाना महुआडीह, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की रात ग्राम सेखौना स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सीएसपी (गोदाम चौराहा) में एक व्यक्ति पीछे की तरफ से छत के रास्ते दाखिल हुआ। इसके बाद उसने अंदर लगे दरवाजे और कैश काउंटर का लॉक तोड़कर वहां रखे करीब 1 लाख 18 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर महुआडीह थाने में मुकदमा अपराध संख्या 253/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में महुआडीह पुलिस ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 8 नवंबर को इजरही माफी मोड़ के पास से आरोपी मकसूद अली को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ और निशानदेही के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर के ऊपरी कमरे में चारपाई पर रखे कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी गई चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली। बरामद धनराशि में 500 रुपये के 235 नोट, 100 रुपये के तीन नोट और 200 रुपये का एक नोट शामिल है।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित यादव, कांस्टेबल सूरज सिंह कुशवाहा, सुभाष यादव, रामप्रदीप बिन्द, शिवांगी यादव और सुप्रभात सिंह शामिल रहे।
